महाभारत — खण्ड १ — पृष्ठ 201–210

महाभारत — खण्ड १ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 201–210

पृष्ठ 201

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 201 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

वे सब तीर्थोंमें स्नान करते हुए घूमते थे । उन महातेजस्वी मुनिने कठोर व्रतोंकी ऐसी दीक्षा लेकर यात्रा प्रारम्भ की थी, जो अजितेन्द्रिय पुरुषोंके लिये अत्यन्त दुःसाध्य थी ॥ १३ ॥

वायुभक्षो निराहारः शुष्यन्ननिमिषो मुनिः ।

इतस्ततः परिचरन् दीप्तपावकसप्रभः ॥ १४ ॥

अटमानः कदाचित् स्वान् स ददर्श पितामहान् ।

लम्बमानान् महागर्ते पादैरूर्ध्वेरवाङ्मुखान् ॥ १५ ॥

वे कभी वायु पीकर रहते और कभी भोजनका सर्वथा त्याग करके अपने शरीरको सुखाते रहते थे । उन महर्षिने निद्रापर भी विजय प्राप्त कर ली थी, इसलिये उनकी पलक नहीं लगती थी । इधर- उधर विचरण करते हुए वे प्रज्वलित अग्निके समान तेजस्वी जान पड़ते थे । घूमते- घूमते किसी समय उन्होंने अपने पितामहोंको देखा जो ऊपरको पैर और नीचेको सिर किये एक विशाल गड्ढेमें लटक रहे थे ॥ १४-१५ ॥

तानब्रवीत् स दृष्ट्वैव जरत्कारुः पितामहान् ।

के भवन्तोऽवलम्बन्ते गर्ते ह्यस्मिन्नधोमुखाः ॥ १६ ॥

उन्हें देखते ही जरत्कारुने उनसे पूछा- ' आपलोग कौन हैं, जो इस गड्ढेमें नीचेको मुख किये लटक रहे हैं ॥ १६ ॥

वीरणस्तम्बके लग्नाः सर्वतः परिभक्षिते ।

मूषकेन निगूढेन गर्तेऽस्मिन् नित्यवासिना ॥ १७ ॥

' आप जिस वीरणस्तम्ब (खस नामक तिनकोंके समूह ) को पकड़कर लटक रहे हैं, उसे इस गड्ढेमें गुप्तरूपसे नित्य निवास करनेवाले चूहेने सब ओरसे प्रायः खा लिया है ' ॥ १७ ॥ ±

पितर ऊचुः

यायावरा नाम वयमृषयः संशितव्रताः ।

संतानप्रक्षयाद् ब्रह्मन्नधो गच्छाम मेदिनीम् ॥ १८ ॥

पितर बोले — ब्रह्मन्! हमलोग कठोर व्रतका पालन करनेवाले यायावर नामक मुनि हैं । अपनी संतान- परम्पराका नाश होनेसे हम नीचे – पृथ्वीपर गिरना चाहते हैं ॥ १८ ॥

अस्माकं संततिस्त्वेको जरत्कारुरिति स्मृतः ।

मन्दभाग्योऽल्पभाग्यानां तप एव समास्थितः ॥ १ ९ ॥

हमारी एक संतति बच गयी है, जिसका नाम है जरत्कारु । हम भाग्यहीनोंकी वह अभागी संतान केवल तपस्यामें ही संलग्न है ॥ १ ९ ॥

पृष्ठ 202

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 202 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

न स पुत्राञ्जनयितुं दारान् मूढश्चिकीर्षति ।

तेन लम्बामहे गर्ते संतानस्य क्षयादिह ॥ २० ॥

अनाथास्तेन नाथेन यया दुष्कृतिनस्तथा कस्त्वं बन्धुरिवास्माकमनुशोचसि सत्तम ॥ २१ ॥

ज्ञातुमिच्छामहे ब्रह्मन् को भवानिह नः स्थितः ।

किमर्थं चैव नः शोच्याननुशोचसि सत्तम ॥ २२ ॥

वह मूढ़ पुत्र उत्पन्न करनेके लिये किसी स्त्री से विवाह करना नहीं चाहता है । अतः वंशपरम्पराका विनाश होनेसे हम यहाँ इस गड्ढेमें लटक रहे हैं । हमारी रक्षा करनेवाला वह वंशधर मौजूद है, तो भी पापकर्मी मनुष्योंकी भाँति हम अनाथ हो गये हैं । साधुशिरोमणे! तुम कौन हो जो हमारे बन्धु- बान्धवोंकी भाँति हमलोगोंकी इस दयनीय दशाके लिये शोक कर रहे हो? ब्रह्मन्! हम यह जानना चाहते हैं कि तुम कौन हो जो आत्मीयकी भाँति यहाँ हमारे पास खड़े हो? सत्पुरुषोंमें श्रेष्ठ! हम शोचनीय प्राणियोंके लिये तुम क्यों शोकमग्न होते हो ॥ २०–२२ ॥ जरत्कारुरुवाच

मम पूर्वे भवन्तो वै पितरः सपितामहाः ।

ब्रूत किं करवाण्यद्य जरत्कारुरहं स्वयम् ॥ २३ ॥

जरत्कारुने कहा — महात्माओ! आपलोग मेरे ही पितामह और पूर्वज पितृगण हैं । स्वयं मैं ही जरत्कारु हूँ । बताइये, आज आपकी क्या सेवा करूँ? ॥ २३ ॥

पितर ऊचुः

यतस्व यत्नवांस्तात संतानाय कुलस्य नः ।

आत्मनोऽर्थेऽस्मदर्थे च धर्म इत्येव वा विभो ॥ २४ ॥

पितर बोले — तात! तुम हमारे कुलकी संतान- परम्पराको बनाये रखनेके लिये निरन्तर यत्नशील रहकर विवाहके लिये प्रयत्न करो । प्रभो! तुम अपने लिये, हमारे लिये अथवा धर्मका पालन हो, इस उद्देश्यसे पुत्रकी उत्पत्तिके लिये यत्न करो ॥ २४ ॥

न हि धर्मफलैस्तात न तपोभिः सुसंचितैः ।

तां गतिं प्राप्नुवन्तीह पुत्रिणो यां व्रजन्ति वै ॥ २५ ॥

तात! पुत्रवाले मनुष्य इस लोकमें जिस उत्तम गतिको प्राप्त होते हैं, उसे अन्य लोग धर्मानुकूल फल देनेवाले भलीभाँति संचित किये हुए तपसे भी नहीं पाते ॥ २५ ॥

पृष्ठ 203

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 203 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तद् दारग्रहणे यत्नं संतत्यां च मनः कुरु ।

पुत्रकास्मन्नियोगात् त्वमेतन्नः परमं हितम् ॥ २६ ॥

अतः बेटा! तुम हमारी आज्ञासे विवाह करनेका प्रयत्न करो और संतानोत्पादनकी ओर ध्यान दो । यही हमारे लिये सर्वोत्तम हितकी बात होगी ॥ २६ ॥

जरत्कारुरुवाच

न दारान् वै करिष्येऽहं न धनं जीवितार्थतः ।

भवतां तु हितार्थाय करिष्ये दारसंग्रहम् ॥ २७ ॥

जरत्कारुने कहा — पितामहगण! मैंने अपने मनमें यह निश्चय कर लिया था कि मैं जीवनके सुख- भोगके लिये कभी न तो पत्नीका परिग्रह करूँगा और न धनका संग्रह ही; परंतु यदि ऐसा करनेसे आपलोगोंका हित होता है तो उसके लिये अवश्य विवाह कर लूँगा ॥ २७ ॥

समयेन च कर्ताहमनेन विधिपूर्वकम् ।

तथा यद्युपलप्स्यामि करिष्ये नान्यथा ह्यहम् ॥ २८ ॥

किंतु एक शर्तके साथ मुझे विधिपूर्वक विवाह करना है । यदि उस शर्तके अनुसार किसी कुमारी कन्याको पाऊँगा, तभी उससे विवाह करूँगा, अन्यथा विवाह करूँगा ही नहीं ॥ २८ ॥

सनाम्नी या भवित्री मे दित्सिता चैव बन्धुभिः ।

भैक्ष्यवत्तामहं कन्यामुपयंस्ये विधानतः ॥ २ ९ ॥

( वह शर्त यों है — ) जिस कन्याका नाम मेरे नामके ही समान हो, जिसे उसके भाई- बन्धु स्वयं मुझे देनेकी इच्छासे रखते हों और जो भिक्षाकी भाँति स्वयं प्राप्त हुई हो, उसी कन्याका मैं शास्त्रीय विधिके अनुसार पाणिग्रहण करूँगा ॥ २ ९ ॥

दरिद्राय हि मे भार्यां को दास्यति विशेषतः ।

प्रतिग्रहीष्ये भिक्षां तु यदि कश्चित् प्रदास्यति ॥ ३० ॥

विशेष बात तो यह है कि मैं दरिद्र हूँ, भला मुझे माँगनेपर भी कौन अपनी कन्या पत्नीरूपमें प्रदान करेगा? इसलिये मेरा विचार है कि यदि कोई भिक्षाके तौरपर अपनी कन्या देगा तो उसे ग्रहण करूँगा ॥ ३० ॥

एवं दारक्रियाहेतोः प्रयतिष्ये पितामहाः ।

अनेन विधिना शश्वन्न करिष्येऽहमन्यथा ॥ ३१ ॥

पितामहो! मैं इसी प्रकार, इसी विधिसे विवाहके लिये सदा प्रयत्न करता रहूँगा । इसके विपरीत कुछ नहीं करूँगा ॥ ३१ ॥

पृष्ठ 204

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 204 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तत्र चोत्पत्स्यते जन्तुर्भवतां तारणाय वै ।

शाश्वतं स्थानमासाद्य मोदन्तां पितरो मम ॥ ३२ ॥

इस प्रकार मिली हुई पत्नीके गर्भसे यदि कोई प्राणी जन्म लेगा तो वह आपलोगोंका उद्धार करेगा, अतः आप मेरे पितर अपने सनातन स्थानपर जाकर वहाँ प्रसन्नतापूर्वक रहें ॥ ३२ ॥

इति श्रीमहाभारते आदिपर्वणि आस्तीकपर्वणि जरत्कारुतत्पितृसंवादे त्रयोदशोऽध्यायः ॥ १३ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आदिपर्वके अन्तर्गत आस्तीकपर्वमें जरत्कारु तथा उनके पितरोंका संवाद नामक तेरहवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १३ ॥

१. यायावरका अर्थ है सदा विचरनेवाला मुनि । मुनिवृत्तिसे रहते हुए सदा इधर- उधर घूमते रहनेवाले गृहस्थ ब्राह्मणोंके एक समूहविशेषकी यायावर संज्ञा है । ये लोग एक गाँवमें एक रातसे अधिक नहीं ठहरते और पक्षमें एक बार अग्निहोत्र करते हैं । पक्षहोम सम्प्रदायकी प्रवृत्ति इन्हींसे हुई है । इनके विषयमें भारद्वाजका वचन इस प्रकार मिलता है— यायावरा नाम ब्राह्मणा आसंस्ते अर्धमासादग्निहोत्रमजुह्वन् । यायावरलोग घूमते - घूमते जहाँ संध्या हो जाती है वहीं ठहर जाते हैं । २. यहाँ भूलोक ही गड्ढा है । स्वर्गवासी पितरोंको जो नीचे गिरनेका भय लगा रहता है उसीको सूचित करनेके लिये यह कहा गया है कि उनके पैर ऊपर थे और सिर नीचे। काल ही चूहा है और वंशपरम्परा ही वीरणस्तम्ब ( खस नामक तिनकोंका समुदाय) है । उस वंशमें केवल जरत्कारु बच गये थे और अन्य सब पुरुष'कालके अधीन हो चुके थे । यही व्यक्त करनेके लिये चूहेके द्वारा तिनकोंके समुदायको सब ओरसे खाया हुआ बताया गया है । जरत्कारुके विवाह न करनेसे उस वंशका वह शेष अंश भी नष्ट होना चाहता था । इसीलिये पितर व्याकुल थे और जरत्कारुको इसका बोध करानेके लिये उन्होंने इस प्रकार दर्शन दिया था ।

पृष्ठ 205

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 205 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

चतुर्दशोऽध्यायः जरत्कारुद्वारा वासुकिकी बहिनका पाणिग्रहण सौतिरुवाच

ततो निवेशाय तदा स विप्रः संशितव्रतः ।

महीं चचार दारार्थी न च दारानविन्दत ॥ १ ॥

उग्रश्रवाजी कहते हैं- तदनन्तर वे कठोर व्रतका पालन करनेवाले ब्राह्मण भार्याकी प्राप्तिके लिये इच्छुक होकर पृथ्वीपर सब ओर विचरने लगे; किंतु उन्हें पत्नीकी उपलब्धि नहीं हुई ॥ १ ॥

स कदाचिद् वनं गत्वा विप्रः पितृवचः स्मरन् ।

चुक्रोश कन्याभिक्षार्थी तिस्रो वाचः शनैरिव ॥ २ ॥

एक दिन किसी वनमें जाकर विप्रवर जरत्कारुने पितरोंके वचनका स्मरण करके कन्याकी भिक्षाके लिये तीन बार धीरे- धीरे पुकार लगायी- ' कोई भिक्षारूपमें कन्या दे जाय ' ॥ २ ॥

तं वासुकिः प्रत्यगृह्णादुद्यम्य भगिनीं तदा ।

न स तां प्रतिजग्राह न सनाम्नीति चिन्तयन् ॥ ३ ॥

इसी समय नागराज वासुकि अपनी बहिनको लेकर मुनिकी सेवामें उपस्थित हो गये और बोले, ‘ यह भिक्षा ग्रहण कीजिये । ' किंतु उन्होंने यह सोचकर कि शायद यह मेरे - जैसे नामवाली न हो, उसे तत्काल ग्रहण नहीं किया ॥ ३ ॥

सनाम्नीं चोद्यतां भार्यां गृह्णीयामिति तस्य हि ।

मनो निविष्टमभवज्जरत्कारोर्महात्मनः ॥ ४ ॥

उन महात्मा जरत्कारुका मन इस बातपर स्थिर हो गया था कि मेरे जैसे नामवाली कन्या यदि उपलब्ध हो तो उसीको पत्नीरूपमें ग्रहण करूँ ॥ ४ ॥

तमुवाच महाप्राज्ञो जरत्कारुर्महातपाः ।

किंनाम्नी भगिनीयं ते ब्रूहि सत्यं भुजंगम ॥ ५ ॥

ऐसा निश्चय करके परम बुद्धिमान् एवं महान् तपस्वी जरत्कारुने पूछा — ‘ नागराज! सच - सच बताओ, तुम्हारी इस बहिनका क्या नाम है? ' ॥ ५ ॥

वासुकिरुवाच जरत्कारो जरत्कारुः स्वसेयमनुजा मम ।

प्रतिगृह्णीष्व भार्यार्थे मया दत्तां सुमध्यमाम् ।

त्वदर्थं रक्षिता पूर्वं प्रतीच्छेमां द्विजोत्तम ॥ ६ ॥

पृष्ठ 206

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 206 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

वासुकिने कहा — जरत्कारो! यह मेरी छोटी बहिन जरत्कारु नामसे ही प्रसिद्ध है । इस सुन्दर कटिप्रदेशवाली कुमारीको पत्नी बनानेके लिये मैंने स्वयं आपकी सेवामें समर्पित किया है । इसे स्वीकार कीजिये । द्विजश्रेष्ठ! यह बहुत पहलेसे आपहीके लिये सुरक्षित रखी गयी है, अतः इसे ग्रहण करें ॥ ६ ॥

एवमुक्त्वा ततः प्रादाद् भार्यार्थे वरवर्णिनीम् ।

स च तां प्रतिजग्राह विधिदृष्टेन कर्मणा ॥ ७ ॥

ऐसा कहकर वासुकिने वह सुन्दरी कन्या मुनिको पत्नीरूपमें प्रदान की । मुनिने भी शास्त्रीय विधिके अनुसार उसका पाणिग्रहण किया ॥ ७ ॥

इति श्रीमहाभारते आदिपर्वणि आस्तीकपर्वणि वासुकिस्वसृवरणे चतुर्दशोऽध्यायः ॥ १४ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आदिपर्वके अन्तर्गत आस्तीकपर्वमें वासुकिकी बहिनके वरणसे सम्बन्ध रखनेवाला चौदहवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १४ ॥

पृष्ठ 207

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 207 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

पञ्चदशोऽध्यायः आस्तीकका जन्म तथा मातृशापसे सर्पसत्रमें नष्ट होनेवाले नागवंशकी उनके द्वारा रक्षा सौतिरुवाच

मात्रा हि भुजगाः शप्ताः पूर्वं ब्रह्मविदां वर ।

जनमेजयस्य वो यज्ञे धक्ष्यत्यनिलसारथिः ॥ १ ॥

उग्रश्रवाजी कहते हैं— ब्रह्मवेत्ताओंमें श्रेष्ठ शौनक! पूर्वकालमें नागमाता कद्रूने सर्पोंको यह शाप दिया था कि तुम्हें जनमेजयके यज्ञमें अग्नि भस्म कर डालेगी ॥ १ ॥

तस्य शापस्य शान्त्यर्थं प्रददौ पन्नगोत्तमः ।

स्वसारमृषये तस्मै सुव्रताय महात्मने ॥ २ ॥

स च तां प्रतिजग्राह विधिदृष्टेन कर्मणा ।

आस्तीको नाम पुत्रश्च तस्यां जज्ञे महामनाः ॥ ३ ॥

उसी शापकी शान्तिके लिये नागप्रवर वासुकिने सदाचारका पालन करनेवाले महात्मा जरत्कारुको अपनी बहिन ब्याह दी थी । महामना जरत्कारुने शास्त्रीय विधिके अनुसार उस नागकन्याका पाणिग्रहण किया और उसके गर्भसे आस्तीक नामक पुत्रको जन्म दिया ॥ २-३ ॥

तपस्वी च महात्मा च वेदवेदाङ्गपारगः ।

समः सर्वस्य लोकस्य पितृमातृभयापहः ॥ ४ ॥

आस्तीक वेद - वेदांगोंके पारंगत विद्वान्, तपस्वी, महात्मा, सब लोगोंके प्रति समानभाव रखनेवाले तथा पितृकुल और मातृकुलके भयको दूर करनेवाले थे ॥ ४ ॥

अथ दीर्घस्य कालस्य पाण्डवेयो नराधिपः ।

आजहार महायज्ञं सर्पसत्रमिति श्रुतिः ॥ ५ ॥

तस्मिन् प्रवृत्ते सत्रे तु सर्पाणामन्तकाय वै ।

मोचयामास तान् नागानास्तीकः सुमहातपाः ॥ ६ ॥

तदनन्तर दीर्घकालके पश्चात् पाण्डववंशीय नरेश जनमेजयने सर्पसत्र नामक महान् यज्ञका आयोजन किया, ऐसा सुननेमें आता है । सर्पोंके संहारके लिये आरम्भ किये हुए उस सत्रमें आकर महातपस्वी आस्तीकने नागोंको मौतसे छुड़ाया ॥ ५-६ ॥

भ्रातॄंश्च मातुलांश्चैव तथैवान्यान् स पन्नगान् ।

पितॄंश्च तारयामास संतत्या तपसा तथा ॥ ७ ॥

पृष्ठ 208

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 208 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

उन्होंने मामा तथा ममेरे भाइयोंको एवं अन्यान्य सम्बन्धोंमें आनेवाले सब नागोंको संकटमुक्त किया । इसी प्रकार तपस्या तथा संतानोत्पादनद्वारा उन्होंने पितरोंका भी उद्धार किया ॥ ७ ॥

व्रतैश्च विविधैर्ब्रह्मन् स्वाध्यायैश्चानृणोऽभवत् ।

देवांश्च तर्पयामास यज्ञैर्विविधदक्षिणैः ॥ ८ ॥

ऋषींश्च ब्रह्मचर्येण संतत्या च पितामहान् ।

अपहृत्य गुरुं भारं पितॄणां संशितव्रतः ॥ ९ ॥

जरत्कारुर्गतः स्वर्गं सहितः स्वैः पितामहैः ।

आस्तीकं च सुतं प्राप्य धर्मं चानुत्तमं मुनिः ॥ १० ॥

जरत्कारुः सुमहता कालेन स्वर्गमेयिवान् ।

एतदाख्यानमास्तीकं यथावत् कथितं मया ।

प्रब्रूहि भृगुशार्दूल किमन्यत् कथयामि ते ॥ ११ ॥

ब्रह्मन्! भाँति- भाँतिके व्रतों और स्वाध्यायोंका अनुष्ठान करके वे सब प्रकारके ऋणोंसे उऋण हो गये । अनेक प्रकारकी दक्षिणावाले यज्ञोंका अनुष्ठान करके उन्होंने देवताओं, ब्रह्मचर्यव्रतके पालनसे ऋषियों और संतानकी उत्पत्तिद्वारा पितरोंको तृप्त किया। कठोर व्रतका पालन करनेवाले जरत्कारु मुनि पितरोंकी चिन्ताका भारी भार उतारकर अपने उन पितामहोंके साथ स्वर्गलोकको चले गये । आस्तीक- जैसे पुत्र तथा परम धर्मकी प्राप्ति करके मुनिवर जरत्कारुने दीर्घकालके पश्चात् स्वर्गलोककी यात्रा की । भृगुकुलशिरोमणे! इस प्रकार मैंने आस्तीकके उपाख्यानका यथावत् वर्णन किया है। बताइये, अब और क्या कहा जाय? ॥ ८–११ ॥ इति श्रीमहाभारते आदिपर्वणि आस्तीकपर्वणि सर्पाणां मातृशापप्रस्तावे पञ्चदशोऽध्यायः ॥ १५ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आदिपर्वके अन्तर्गत आस्तीकपर्वमें सर्पोंको मातृशाप प्राप्त होनेकी प्रस्तावनासे युक्त पंद्रहवाँ अध्याय पूराहुआ ॥ १५ ॥

पृष्ठ 209

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 209 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

षोडशोऽध्यायः कद्रू और विनताको कश्यपजीके वरदानसे अभीष्ट पुत्रोंकी प्राप्ति शौनक उवाच

सौते त्वं कथयस्वेमां विस्तरेण कथां पुनः ।

आस्तीकस्य कवेः साधोः शुश्रूषा परमा हि नः ॥ १ ॥

शौनकजी बोले – सूतनन्दन! आप ज्ञानी महात्मा आस्तीककी इस कथाको पुनः

विस्तारके साथ कहिये । हमें उसे सुननेके लिये बड़ी उत्कण्ठा है ॥ १ ॥

मधुरं कथ्यते सौम्य श्लक्ष्णाक्षरपदं त्वया ।

प्रीयामहे भृशं तात पितेवेदं प्रभाषसे ॥ २ ॥

सौम्य! आप बड़ी मधुर कथा कहते हैं । उसका एक-एक अक्षर और एक- एक पद कोमल है । तात! इसे सुनकर हमें बड़ी प्रसन्नता होती है । आप अपने पिता लोमहर्षणकी भाँति ही प्रवचन कर रहे हैं ॥ २ ॥

अस्मच्छुश्रूषणे नित्यं पिता हि निरतस्तव ।

आचष्टैतद् यथाख्यानं पिता ते त्वं तथा वद ॥ ३ ॥

आपके पिता सदा हमलोगोंकी सेवामें लगे रहते थे । उन्होंने इस उपाख्यानको जिस प्रकार कहा है, उसी रूपमें आप भी कहिये ॥ ३ ॥

सौतिरुवाच

आयुष्मन्निदमाख्यानमास्तीकं कथयामि ते ।

यथाश्रुतं कथयतः सकाशाद् वै पितुर्मया ॥ ४ ॥

उग्रश्रवाजीने कहा – आयुष्मन्! मैंने अपने कथावाचक पिताजीके मुखसे यह आस्तीककी कथा, जिस रूपमें सुनी है, उसी प्रकार आपसे कहता हूँ ॥ ४ ॥

पुरा देवयुगे ब्रह्मन् प्रजापतिसुते शुभे ।

आस्तां भगिन्यौ रूपेण समुपेतेऽद्भुतेऽनघ ॥ ५ ॥

ते भार्ये कश्यपस्यास्तां कद्रूश्च विनता च ह ।

प्रादात् ताभ्यां वरं प्रीतः प्रजापतिसमः पतिः ॥ ६ ॥

कश्यपो धर्मपत्नीभ्यां मुदा परमया युतः ।

वरातिसर्गं श्रुत्वैवं कश्यपादुत्तमं च ते ॥ ७ ॥

हर्षादप्रतिमां प्रीतिं प्रापतुः स्म वरस्त्रियौ ।

वव्रे कद्रूः सुतान् नागान् सहस्रं तुल्यवर्चसः ॥ ८ ॥

पृष्ठ 210

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 210 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

ब्रह्मन्! पहले सत्ययुगमें दक्ष प्रजापतिकी दो शुभलक्षणा कन्याएँ थीं - कद्रू और विनता । वे दोनों बहिनें रूप - सौन्दर्यसे सम्पन्न तथा अद्भुत थीं । अनघ! उन दोनोंका विवाह महर्षि कश्यपजीके साथ हुआ था । एक दिन प्रजापति ब्रह्माजीके समान शक्तिशाली पति महर्षि कश्यपने अत्यन्त हर्षमें भरकर अपनी उन दोनों धर्मपत्नियोंको प्रसन्नतापूर्वक वर देते हुए कहा — ' तुममेंसे जिसकी जो इच्छा हो वर माँग लो । ' इस प्रकार कश्यपजीसे उत्तम वरदान मिलनेकी बात सुनकर प्रसन्नताके कारण उन दोनों सुन्दरी स्त्रियोंको अनुपम आनन्द प्राप्त हुआ । कद्रूने समान तेजस्वी एक हजार नागोंको पुत्ररूपमें पानेका वर माँगा ॥ ५– ८ ॥

पुत्र विनता व कद्रूपुत्राधिकौ बले ।

तेजसा वपुषा चैव विक्रमेणाधिकौ च तौ ॥ ९ ॥

विनताने बल, तेज, शरीर तथा पराक्रममें कद्रूके पुत्रोंसे श्रेष्ठ केवल दो ही पुत्र माँगे ॥ ९ ॥

तस्यै भर्ता वरं प्रादादत्यर्थं पुत्रमीप्सितम् ।

एवमस्त्विति तं चाह कश्यपं विनता तदा ॥ १० ॥

विनताको पतिदेवने, अत्यन्त अभीष्ट दो पुत्रोंके होनेका वरदान दे दिया । उस समय विनताने कश्यपजीसे ‘ एवमस्तु ' कहकर उनके दिये हुए वरको शिरोधार्य किया ॥ १० ॥

यथावत् प्रार्थितं लब्ध्वा वरं तुष्टाभवत् तदा ।

कृतकृत्या तु विनता लब्ध्वा वीर्याधिकौ सुतौ ॥ ११ ॥

अपनी प्रार्थनाके अनुसार ठीक वर पाकर वह बहुत प्रसन्न हुई । कद्रूके पुत्रोंसे अधिक बलवान् और पराक्रमी- दो पुत्रोंके होनेका वर प्राप्त करके विनता अपनेको कृतकृत्य मानने लगी ॥ ११ ॥

कद्रूश्च लब्ध्वा पुत्राणां सहस्रं तुल्यवर्चसाम् ।

धार्यौ प्रयत्नतो गर्भावित्युक्त्वा स महातपाः ॥ १२ ॥

ते भार्येवरसंतुष्टे कश्यपो वनमाविशत् । समान तेजस्वी एक हजार पुत्र होनेका वर पाकर कद्रू भी अपना मनोरथ सिद्ध हुआ समझने लगी । वरदान पाकर संतुष्ट हुई अपनी उन धर्मपत्नियोंसे यह कहकर कि ' तुम दोनों यत्नपूर्वक अपने - अपने गर्भकी रक्षा करना' महातपस्वी कश्यपजी वनमें चले गये ॥ १२३ || सौतिरुवाच कालेन महता कद्रूरण्डानां दशतीर्दश ॥ १३ ॥

जनयामास विप्रेन्द्र द्वे चाण्डे विनता तदा ।