03.Mahabharata Volume 3 — पृष्ठ 561–570

महाभारत — खण्ड ३ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 561–570

पृष्ठ 561

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 561 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

निशम्य विनिवर्तिष्ये जयाय तव भारत ॥ ३७ ॥

भारत! मैं जाकर कौरवोंकी युद्धविषयक तैयारीकी बातें जान-सुनकर आपकी विजयके लिये पुनः यहाँ लौट आऊँगा ॥ ३७ ॥

सर्वथा युद्धमेवाहमाशंसामि परैः सह ।

निमित्तानि हि सर्वाणि तथा प्रादुर्भवन्ति मे ॥ ३८ ॥

मुझे तो शत्रुओंके साथ सर्वथा युद्ध होनेकी ही सम्भावना हो रही है; क्योंकि मेरे सामने ऐसे ही लक्षण ( शकुन ) प्रकट हो रहे हैं ॥ ३८ ॥

मृगाः शकुन्ताश्च वदन्ति घोरं

हस्त्यश्वमुख्येषु निशामुखेषु ।

घोराणि रूपाणि तथैव चाग्नि- र्वर्णान् बहून् पुष्यति घोररूपान् ॥ ३ ९ ॥

मृग ( पशु ) और पक्षी भयंकर शब्द कर रहे हैं । प्रदोषकालमें प्रमुख हाथियों और घोड़ोंके समुदायमें बड़ी भयानक आकृतियाँ प्रकट होती हैं । इसी प्रकार अग्निदेव भी नाना प्रकारके भयजनक वर्णों ( रंगों ) को धारण करते हैं ॥ ३ ९ ॥ मनुष्यलोकक्षयकृत् सुघोरो नो चेदनुप्राप्त इहान्तकः स्यात् । शस्त्राणि यन्त्रं कवचान् रथांश्च नागान् हयांश्च प्रतिपादयित्वा ॥ ४० ॥

योधाश्च सर्वे कृतनिश्चयास्ते भवन्तु हस्त्यश्वरथेषु यत्ताः । सांग्रामिकं ते यदुपार्जनीयं सर्वं समग्रं कुरु तन्नरेन्द्र ॥ ४१ ॥

यदि मनुष्यलोकका संहार करनेवाली अत्यन्त भयंकर मृत्यु इनको नहीं प्राप्त हुई होती, तो ऐसी बातें देखनेमें नहीं आतीं । अतः नरेन्द्र! आपके समस्त योद्धा युद्धके लिये दृढ़ निश्चय करके भाँति - भाँतिके शस्त्र, यन्त्र, कवच, रथ, हाथी और घोड़ोंको सुसज्जित कर लें तथा उन हाथियों, घोड़ों एवं रथोंपर सवार हो युद्ध करनेके निमित्त सदा तैयार रहें । इसके सिवा आपको युद्धोपयोगी जिन समस्त वस्तुओंका संग्रह करना है उन सबका भी आप संग्रह कर लीजिये ॥ ४०-४१ ॥ दुर्योधनो न ह्यलमद्य दातुं जीवंस्तवैतन्नृपते कथंचित् । यत् ते पुरस्तादभवत् समृद्धं द्यूतं पाण्डवमुख्य राज्यम् ॥ ४२ ॥

पृष्ठ 562

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 562 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

पाण्डवप्रवर! नरेश्वर! यह निश्चय मानिये, आपके पास पहले जो समृद्धिशाली राज्य-वैभव था और जिसे आपने जूएमें खो दिया था, वह सारा राज्य अब दुर्योधन अपने जीते-जी आपको कभी नहीं दे सकता ॥ ४२ ॥

इति श्रीमहाभारते उद्योगपर्वणि भगवद्यानपर्वणि कृष्णवाक्ये त्रिसप्ततितमोऽध्यायः ॥ ७३ ॥

इसप्रकार श्रीमहाभारत उद्योगपर्वके अन्तर्गत भगवद्यानपर्वमें श्रीकृष्णवाक्यविषयक तिहत्तरवाँ अध्याय पूराहुआ ॥ ७३ ॥

पृष्ठ 563

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 563 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

चतुःसप्ततितमोऽध्यायः भीमसेनका शान्तिविषयक प्रस्ताव भीम उवाच

यथा यथैव शान्तिः स्यात् कुरूणां मधुसूदन ।

तथा तथैव भाषेथा मा स्म युद्धेन भीषयेः ॥। १ ॥

भीमसेन बोले- मधुसूदन! आप कौरवोंके बीचमें वैसी ही बातें कहें, जिससे हमलोगोंमें शान्ति स्थापित हो सके । युद्धकी बात सुनाकर उन्हें भयभीत न कीजियेगा ॥ १ ॥

अमर्षी जातसंरम्भः श्रेयोद्वेषी महामनाः ।

नोग्रं दुर्योधनो वाच्यः साम्नैवैनं समाचरेः ॥ २ ॥

दुर्योधन असहनशील, क्रोधमें भरा रहनेवाला, श्रेयका विरोधी और मनमें बड़े - बड़े हौसले रखनेवाला है । अतः उसके प्रति कठोर बात न कहियेगा, उसे सामनीतिके द्वारा ही समझानेका प्रयत्न कीजियेगा ॥ २ ॥

प्रकृत्या पापसत्त्वश्च तुल्यचेतास्तु दस्युभिः ।

ऐश्वर्यमदमत्तश्च कृतवैरश्च पाण्डवैः ॥ ३ ॥

दुर्योधन स्वभावसे ही पापात्मा है । उसके हृदयमें डाकुओंके समान क्रूरता भरी रहती है । वह ऐश्वर्यके मदसे उन्मत्त हो गया है और पाण्डवोंके साथ सदा वैर बाँधे रखता है ॥ ३ ॥

अदीर्घदर्शी निष्ठूरी क्षेप्ता क्रूरपराक्रमः ।

दीर्घमन्युरनेयश्च पापात्मा निकृतिप्रियः ॥ ४ ॥

वह अदूरदर्शी, निष्ठुर वचन बोलनेवाला, परनिन्दक, क्रूर पराक्रमी, दीर्घकालतक क्रोधको मनमें संचित रखनेवाला, शिक्षा देने या सन्मार्गपर ले जाया जानेकी योग्यतासे रहित, पापात्मा तथा शठतासे प्रेम रखनेवाला है ॥ ४ ॥

म्रियेतापि न भज्येत नैव जह्यात् स्वकं मतम् ।

तादृशेन शमः कृष्ण मन्ये परमदुष्करः ॥ ५ ॥

श्रीकृष्ण! वह मर जायगा, किंतु झुक न सकेगा । अपनी टेक नहीं छोड़ेगा । मैं समझता हूँ, ऐसे दुराग्रही मनुष्यके साथ संधि स्थापित करना अत्यन्त दुष्कर कार्य है ॥ ५ ॥

सुहृदामप्यवाचीनस्त्यक्तधर्मा प्रियानृतः ।

प्रतिहन्त्येव सुहृदां वाचश्चैव मनांसि च ॥ ६ ॥

दुर्योधन हितैषी सुहृदोंके भी विपरीत आचरण करनेवाला है । उसने धर्मको तो त्याग ही दिया है, झूठको भी प्रिय मानकर अपना लिया है । वह मित्रोंकी भी बातोंका खण्डन करता

पृष्ठ 564

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 564 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

है और उनके हृदयको चोट पहुँचाता है ॥ ६ ॥

स मन्युवशमापन्नः स्वभावं दुष्टमास्थितः ।

स्वभावात् पापमभ्येति तृणैश्छन्न इवोरगः ॥ ७ ॥

उसने क्रोधके वशीभूत होकर दुष्ट स्वभावका आश्रय ले रखा है । वह तिनकोंमें छिपे सर्पकी भाँति स्वभावतः दूसरोंकी हिंसा करता है ॥ ७ ॥

दुर्योधनो हि यत्सेनः सर्वथा विदितस्तव ।

यच्छीलो यत्स्वभावश्च यद्बलो यत्पराक्रमः ॥ ८ ॥

भगवन्! दुर्योधनकी सेना जैसी है, उसका शील और स्वभाव जैसा है, उसका बल और पराक्रम जिस प्रकारका है, वह सब कुछ आपको सब प्रकारसे ज्ञात है ॥ ८ ॥

पुरा प्रसन्नाः कुरवः सहपुत्रास्तथा वयम् ।

इन्द्रज्येष्ठा इवाभूम मोदमानाः सबान्धवाः ॥ ९ ॥

पूर्वकालमें पुत्र तथा बन्धु बान्धवोंसहित कौरव और हमलोग इन्द्र आदि देवताओंकी भाँति परस्पर मिलकर बड़ी प्रसन्नता और आनन्दके साथ रहते थे ॥

दुर्योधनस्य क्रोधेन भरता मधुसूदन ।

धक्ष्यन्ते शिशिरापाये वनानीव हुताशनैः ॥ १० ॥

परंतु मधुसूदन! जैसे शिशिरके अन्तमें (ग्रीष्मकाल आनेपर) वन दावानलसे जलने लगते हैं उसी प्रकार सम्पूर्ण भरतवंशी इस समय दुर्योधनकी क्रोधाग्निसे जलनेवाले हैं ॥ १० ॥

अष्टादशेमे राजानः प्रख्याता मधुसूदन ।

ये समुच्चिच्छिदुर्ज्ञातीन् सुहृदश्च सबान्धवान् ॥ ११ ॥

श्रीकृष्ण! आगे बताये जानेवाले ये अठारह विख्यात नरेश हैं, जिन्होंने बन्धु-बान्धवोंसहित कुटुम्बीजनों तथा हितैषी सुहृदोंका संहार कर डाला था ॥ ११ ॥

असुराणां समृद्धानां ज्वलतामिव तेजसा ।

पर्यायकाले धर्मस्य प्राप्ते कलिरजायत ॥ १२ ॥

हैहयानां मुदावर्तो नीपानां जनमेजयः ।

बहुलस्तालजंघानां कृमीणामुद्धतो वसुः ॥ १३ ॥

अजबिन्दुः सुवीराणां सुराष्ट्राणां रुषर्द्धिकः ।

अर्कजश्च बलीहानां चीनानां धौतमूलकः ॥ १४ ॥

हयग्रीवो विदेहानां वरयुश्च महौजसाम् ।

बाहुः सुन्दरवंशानां दीप्ताक्षाणां पुरूरवाः ॥ १५ ॥

सहजश्चेदिमत्स्यानां प्रवीराणां वृषध्वजः ।

धारणश्चन्द्रवत्सानां मुकुटानां विगाहनः ॥ १६ ॥

शमश्च नन्दिवेगानामित्येते कुलपांसनाः ।

पृष्ठ 565

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 565 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

युगान्ते कृष्ण सम्भूताः कुले कुपुरुषाधमाः ॥ १७ ॥

जैसे धर्मके विप्लवका समय उपस्थित होनेपर तेजसे प्रज्वलित होनेवाले समृद्धिशाली असुरोंमें भयंकर कलह उत्पन्न हुआ था, उसी प्रकार हैहयवंशमें मुदावर्त, नीपकुलमें जनमेजय, तालजंघोंके वंशमें बहुल, कृमिकुलमें उद्दण्ड वसु, सुवीरोंके वंशमें अजबिंदु, सुराष्ट्रकुलमें रुषर्द्धिक, बलीहवंशमें अर्कज, चीनोंके कुलमें धौतमूलक, विदेहवंशमें हयग्रीव, महौजा नामक क्षत्रियोंके कुलमें वरयु, सुन्दरवंशी क्षत्रियोंमें बाहु, दीप्ताक्षकुलमें पुरूरवा, चेदि और मत्स्यदेशमें सहज, प्रवीरवंशमें वृषध्वज, चन्द्रवत्सकुलमें धारण, मुकुटवंशमें विगाहन तथा नन्दिवेगकुलमें शम- ये सभी कुलांगार एवं नराधम क्षत्रिय युगान्तकाल आनेपर ऊपर बताये अनुसार भिन्न-भिन्न कुलोंमें प्रकट हुए थे ॥ १२–१७ ॥

अप्ययं नः कुरूणां स्याद् युगान्ते कालसम्भृतः ।

दुर्योधनः कुलाङ्गारो जघन्यः पापपूरुषः ॥ १८ ॥

पूर्वोक्त ( अठारह ) राजाओंकी भाँति यह कुलांगार, नीच एवं पापपुरुष दुर्योधन भी इस द्वापरयुगके अन्तमें कालसे प्रेरित हो हमारे कुरुकुलके विनाशका कारण होकर उत्पन्न हुआ है ॥ १८ ॥

तस्मान्मृदु शनैर्ब्रया धर्मार्थसहितं हितम् ।

कामानुबन्धबहुलं नोग्रमुग्रपराक्रम ॥ १ ९ ॥

अतः भयंकर पराक्रमी श्रीकृष्ण! आप उससे जो कुछ भी कहें, कोमल एवं मधुर वाणीमें धीरे - धीरे कहें । आपका कथन धर्म एवं अर्थसे युक्त तथा हितकर हो । उसमें तनिक भी उग्रता न आने पावे । साथ ही इसका भी ध्यान रखें कि आपकी अधिकांश बातें उसकी रुचिके अनुकूल हों ॥ १ ९ ॥

अपि दुर्योधनं कृष्ण सर्वे वयमधश्चराः ।

नीचैर्भूत्वानुयास्यामो मा स्म नो भरतानशन् ॥ २० ॥

भगवन्! हम सब लोग नीचे पैदल चलकर अत्यन्त नम्र होकर दुर्योधनका अनुसरण करते रहेंगे; परंतु हमारे कारणसे भरतवंशियोंका नाश न हो ॥ २० ॥

अप्युदासीनवृत्तिः स्याद् यथा नः कुरुभिः सह ।

वासुदेव तथा कार्यं न कुरूननयः स्पृशेत् ॥ २१ ॥

वासुदेव! हमारा कौरवोंके साथ उदासीनभाव एवं तटस्थताका बर्ताव भी जैसे बना रहे, वैसा ही प्रयत्न आपको करना चाहिये । किसी प्रकार भी कौरवोंको अन्यायका स्पर्श नहीं होना चाहिये ॥ २१ ॥

वाच्यः पितामहो वृद्धो ये च कृष्ण सभासदः ।

भ्रातॄणामस्तु सौभ्रात्रं धार्तराष्ट्रः प्रशाम्यताम् ॥ २२ ॥

श्रीकृष्ण! आप वहाँ बूढ़े पितामह भीष्मजी तथा अन्य सभासदोंसे ऐसा करनेके लिये ही कहें, जिससे सब भाइयोंमें सौहार्द बना रहे और दुर्योधन भी शान्त हो जाय ॥ २२ ॥

पृष्ठ 566

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 566 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

अहमेतद् ब्रवीम्येवं राजा चैव प्रशंसति ।

अर्जुनो नैव युद्धार्थी भूयसी हि दयार्जुने ॥ २३ ॥

मैं इस प्रकार शान्ति- स्थापनके लिये कह रहा हूँ। राजा युधिष्ठिर भी शान्तिकी ही प्रशंसा करते हैं और अर्जुन भी युद्धके इच्छुक नहीं हैं; क्योंकि अर्जुनमें बहुत अधिक दया भरी हुई है ॥ २३ ॥

इति श्रीमहाभारते उद्योगपर्वणि भगवद्यानपर्वणि भीमवाक्ये चतुःसप्ततितमोऽध्यायः ॥ ७४ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत उद्योगपर्वके अन्तर्गत भगवद्यानपर्वमें भीमवाक्यविषयक चौहत्तरवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ७४ ॥

पृष्ठ 567

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 567 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

पञ्चसप्ततितमोऽध्यायः श्रीकृष्णका भीमसेनको उत्तेजित करना वैशम्पायन उवाच

एतच्छ्रुत्वा महाबाहुः केशवः प्रहसन्निव ।

अभूतपूर्वं भीमस्य मार्दवोपहितं वचः ॥ १ ॥

गिरेरिव लघुत्वं तच्छीतत्वमिव पावके ।

मत्वा रामानुजः शौरिः शार्ङ्गधन्वा वृकोदरम् ॥ २ ॥

संतेजयंस्तदा वाग्भिर्मातरिश्वेव पावकम् ।

उवाच भीममासीनं कृपयाभिपरिप्लुतम् ॥ ३ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं- भीमसेनके मुखसे यह अभूतपूर्व मृदुतापूर्ण वचन सुनकर महाबाहु भगवान् श्रीकृष्ण हँसने से लगे । जैसे पर्वतमें लघुता आ जाय और अग्निमें शीतलता प्रकट हो जाय, उसी प्रकार उनमें यह नम्रताका प्रादुर्भाव हुआ था । यह सोचकर शार्ङ्गधनुष धारण करनेवाले रामानुज श्रीकृष्ण अपने पास बैठे हुए वृकोदर भीमसेनको, जो उस समय दयासे द्रवित हो रहे थे, अपने वचनोंद्वारा उसी प्रकार उत्तेजित करते हुए बोले, मानो वायु अग्निको उद्दीप्त कर रही हो ॥ १३ ॥

श्रीभगवानुवाच

त्वमन्यदा भीमसेन युद्धमेव प्रशंससि ।

वधाभिनन्दिनः क्रूरान् धार्तराष्ट्रान् मिमर्दिषुः ॥ ४ ॥

श्रीभगवान् बोले — भैया भीमसेन! आजके सिवा और दिन तो तुम हिंसासे ही प्रसन्न होनेवाले क्रूर धृतराष्ट्रपुत्रोंको मसल डालनेकी इच्छा मनमें लेकर सदा युद्धकी ही प्रशंसा किया करते थे ॥ ४ ॥

पृष्ठ 568

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 568 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

न च स्वपिषि जागर्षि न्युब्जः शेषे परंतप ।

घोरामशान्तां रुषतीं सदा वाचं प्रभाषसे ॥ ५ ॥

परंतप! ( इन्हीं विचारोंमें डूबे रहनेके कारण ) तुम रातमें सोते भी नहीं थे, जागते ही रहते थे । कभी सोना ही पड़ा, तो औंधे मुँह लेट जाते और सदा घोर, अशान्त तथा रोषभरी बातें ही तुम्हारे मुँहसे निकलती थीं ॥ ५ ॥

निःश्वसन्नग्निवत् तेन संतप्तः स्वेन मन्युना ।

अप्रशान्तमना भीम सधूम इव पावकः ॥ ६ ॥

भीम! तुम बारंबार लंबी साँस खींचते हुए अपने ही क्रोधसे उसी प्रकार संतप्त होते थे, जैसे आग अपने ही तेजसे तपी रहती है । धुएँसे व्याप्त हुई अग्निकी भाँति तुम्हारे नित्य-निरन्तर अशान्ति छायी रहती थी ॥ ६ ॥

एकान्ते निःश्वसञ्छेषे भारार्त इव दुर्बलः ।

अपि त्वां केचिदुन्मत्तं मन्यन्तेऽतद्विदो जनाः ॥ ७ ॥

भारी बोझसे पीड़ित दुर्बल मनुष्यकी भाँति तुम एकान्तमें बैठकर जोर- जोरसे साँस खींचते रहते थे । इसीलिये तुम्हें कुछ लोग, जो इस बातको नहीं जानते हैं, पागल मानते हैं ॥ ७ ॥

आरुज्य वृक्षान् निर्मूलान् गजः परिरुजन्निव ।

पृष्ठ 569

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 569 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

निघ्नन् पद्भिः क्षितिं भीम निष्टनन् परिधावसि ॥ ८ ॥

भीम! जैसे हाथी वृक्षोंको जड़- मूलसहित उखाड़कर उन्हें पैरोंकी ठोकरोंसे टूक- टूक कर डालता है, उसी प्रकार तुम भी पैरोंसे पृथ्वीपर आघात करते हुए जोर- जोरसे गर्जते और चारों ओर दौड़ते थे ॥ ८ ॥

नास्मिञ्जनेऽभिरमसे रहः क्षिपसि पाण्डव ।

नान्यं निशि दिवा चापि कदाचिदभिनन्दसि ॥ ९ ॥

पाण्डुनन्दन! तुम कभी इस जनसमुदायमें प्रसन्नताका अनुभव नहीं करते थे; सदा एकान्तमें ही बैठकर कालक्षेप करते थे । दिन हो या रात, तुम कभी किसी दूसरेका अभिनन्दन नहीं करते थे ॥ ९ ॥

अकस्मात् स्मयमानश्च रहस्यास्से रुदन्निव ।

जान्वोर्मूर्धानमाधाय चिरमास्से प्रमीलितः ॥ १० ॥

कभी सहसा हँस पड़ते और कभी एकान्त स्थानमें रोते हुए- से प्रतीत होते थे और कभी घुटनोंपर मस्तक रखकर दीर्घकालतक नेत्र बंद किये बैठे रहते थे ॥ १० ॥

भ्रुकुटिं च पुनः कुर्वन्नोष्ठौ च विदशन्निव ।

अभीक्ष्णं दृश्यसे भीम सर्वं तन्मन्युकारितम् ॥ ११ ॥

भीमसेन! मैंने बार- बार तुम्हें भौंहें टेढ़ी करके दोनों ओठोंको चबाते हुए - से देखा है । यह सब तुम्हारे क्रोधकी करतूत है ॥ ११ ॥

यथा पुरस्तात् सविता दृश्यते शुक्रमुच्चरन् ।

यथा च पश्चान्निर्मुक्तो ध्रुवं पर्येति रश्मिवान् ॥ १२ ॥

तथा सत्यं ब्रवीम्येतन्नास्ति तस्य व्यतिक्रमः ।

हन्ताहं गदयाभ्येत्य दुर्योधनममर्षणम् ॥ १३ ॥

इति स्म मध्ये भ्रातॄणां सत्येनालभसे गदाम् ।

तस्य ते प्रशमे बुद्धिर्धियतेऽद्य परंतप ॥ १४ ॥

तुम अपने भाइयोंके बीचमें सत्यकी शपथ खाकर बार- बार गदा छूते हुए यह कहते थे - ' जैसे सूर्यदेव पूर्वदिशामें उदित होते हुए अपने तेजोमण्डलको प्रकट करते दिखायी देते हैं और पश्चिमदिशामें वे ही अंशुमाली अस्ताचलको जाकर निश्चितरूपसे मेरुपर्वतकी परिक्रमा करते हैं, उनके इस नियममें कभी कोई अन्तर नहीं पड़ता; उसी प्रकार मैं यह सच कहता हूँ कि अमर्षशील दुर्योधनके पास जाकर अपनी गदासे उसके प्राण ले लूँगा । मेरे इस कथनमें कभी कोई अन्तर नहीं पड़ सकता । ' परंतप! ऐसी प्रतिज्ञा करनेवाले तुम - जैसे वीरशिरोमणिकी बुद्धि आज शान्ति- स्थापनमें लग रही है; ( यह आश्चर्यकी बात है! ) ॥ १२ -१४ ॥

अहो युद्धाभिकाङ्क्षाणां युद्धकाल उपस्थिते ।

चेतांसि विप्रतीपानि यत् त्वां भीर्भीम विन्दति ॥ १५ ॥

पृष्ठ 570

महाभारत — खण्ड ३, पृष्ठ 570 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

अहो! युद्धका अवसर उपस्थित होनेपर पहलेसे युद्धकी अभिलाषा रखनेवाले लोगोंके विचार भी इतने बदल जाते हैं कि वे विपरीत सोचने लगते हैं । भीमसेन! जान पड़ता है, इसीलिये तुम्हें भी युद्धसे भय होने लगा है ॥ १५ ॥

अहो पार्थ निमित्तानि विपरीतानि पश्यसि ।

स्वप्नान्ते जागरान्ते च तस्मात् प्रशममिच्छसि ॥ १६ ॥

कुन्तीनन्दन! बड़े विस्मयकी बात है कि तुम्हें सोते और जागतेमें उलटे परिणामकी सूचना देनेवाले अपशकुन दिखायी देते हैं । इसीसे तुम शान्तिकी इच्छा प्रकट कर रहे हो ॥ १६ ॥

अहो नाशंससे किञ्चित् पुंस्त्वं क्लीब इवात्मनि ।

कश्मलेनाभिपन्नोऽसि तेन ते विकृतं मनः ॥ १७ ॥

अहो! कायर और नपुंसककी भाँति इस समय तुम अपनेमें कुछ भी पुरुषार्थ नहीं मानते । तुम्हारे ऊपर मोह छा गया है, जिससे तुम्हारी मानसिक दशा बिगड़ गयी है ॥

उद्वेपते ते हृदयं मनस्ते प्रतिसीदति ।

ऊरुस्तम्भगृहीतोऽसि तस्मात् प्रशममिच्छसि ॥ १८ ॥

जान पड़ता है कि तुम्हारा हृदय काँपता है, मन शिथिल होता जाता है, तुम्हारी जाँघें मानो अकड़ गयी हैं; इसीलिये तुम शान्ति चाहते हो ॥ १८ ॥

अनित्यं किल मर्त्यस्य पार्थ चित्तं चलाचलम् ।

वातवेगप्रचलिता अष्ठीला शाल्मलेरिव ॥ १ ९ ॥

पार्थ! कहते हैं कि मनुष्यका चित्त सदा एक निश्चयपर अटल नहीं रहता । वह हवाके वेगसे हिलती हुई सेंमलके फलकी गाँठके समान डाँवाडोल रहता है ॥ १ ९ ॥

तवैषा विकृता बुद्धिर्गवां वागिव मानुषी ।

मनांसि पाण्डुपुत्राणां मज्जयत्यप्लवानिव ॥ २० ॥

यदि गौएँ मनुष्योंकी बोली बोलें, तो वह जैसे बिगड़ी हुई होगी, उसी प्रकार तुम्हारी यह बुद्धि विकृत होकर अगाध समुद्रमें नावके बिना डूबनेवाले मनुष्योंकी भाँति पाण्डवोंके मनको चिन्तामग्न किये देती है ॥ २० ॥

इदं मे महदाश्चर्यं पर्वतस्येव सर्पणम् ।

यदीदृशं प्रभाषेथा भीमसेनासमं वचः ॥ २१ ॥

भीमसेन! तुम जो बात कह रहे हो, वह तुम्हारे योग्य कदापि नहीं है । जैसे पर्वतका चलना आश्चर्यकी बात है, उसी प्रकार तुम्हारे द्वारा किया हुआ यह शान्ति-प्रस्ताव मुझे महान् आश्चर्यमें डाल रहा है ॥ २१ ॥

स दृष्ट्वा स्वानि कर्माणि कुले जन्म च भारत ।

उत्तिष्ठस्व विषादं मा कृथा वीर स्थिरो भव ॥ २२ ॥