05.Mahabharata Volume 5 — पृष्ठ 1681–1690

महाभारत — खण्ड ५ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 1681–1690

पृष्ठ 1681

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1681 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

कभी - कभी वे विहंगम उड़कर पाँच- पाँच दिनतक बाहर ही रह जाते और छठे दिन वहाँ लौटते थे, तबतक भी जाजलि मुनि हिले - डुले नहीं ॥ ३५ ॥

क्रमेण च पुनः सर्वे दिवसान् सुबहूनथ ।

नोपावर्तन्त शकुना जातप्राणाः स्म ते यदा ॥ ३६ ॥

फिर क्रमशः वे सब पक्षी बहुत दिनोंके लिये जाने और आने लगे, अब वे हृष्ट- पुष्टऔर बलवान् हो गये थे । अतः बाहर निकल जानेपर जल्दी नहीं लौटते थे ॥

कदाचिन्मासमात्रेण समुत्पत्य विहङ्गमाः ।

नैवागच्छंस्ततो राजन् प्रातिष्ठत स जाजलिः ॥ ३७ ॥

राजन्! एक समय वे आकाशचारी पक्षी उड़ जानेके बाद एक मासतक लौटकर नहीं आये, तब जाजलि मुनि वहाँसे अन्यत्र चल दिये ॥ ३७ ॥

ततस्तेषु प्रलीनेषु जाजलिर्जातविस्मयः ।

सिद्धोऽस्मीति मतिं चक्रे ततस्तं मान आविशत् ॥ ३८ ॥

उन पक्षियोंके अदृश्य हो जानेपर जाजलिको बड़ा विस्मय हुआ, वे मन ही मन यह मानने लगे कि मैं सिद्ध हो गया, फिर तो उनके भीतर अहंकार आ गया ॥ ३८ ॥

स तथा निर्गतान् दृष्ट्वा शकुन्तान् नियतव्रतः ।

सम्भावितात्मा सम्भाव्य भृशं प्रीतमनाऽभवत् ॥ ३ ९ ॥

नियमपूर्वक व्रतका पालन करनेवाले वे सम्भावितात्मा महर्षि उन पक्षियोंको इस प्रकार गया हुआ देख अपनी सिद्धिकी सम्भावना करके मन- ही- मन बड़े प्रसन्न हुए ॥ ३ ९ ॥

स नद्यां समुपस्पृश्य तर्पयित्वा हुताशनम् ।

उदयन्तमथादित्यमुपातिष्ठन्महातपाः ॥ ४० ॥

फिर नदीके तटपर जाकर उन महातपस्वी मुनिने स्नान किया और संध्या - तर्पणके पश्चात् अग्निहोत्रके द्वारा अग्निदेवको तृप्त करके उगते हुए सूर्यका उपस्थान किया ॥ ४० ॥

सम्भाव्य चटकान् मूर्ध्नि जाजलिर्जपतां वरः ।

आस्फोटयत् तथाऽऽकाशे धर्मः प्राप्तो मयेति वै ॥ ४१ ॥

जप करनेवालोंमें श्रेष्ठ जाजलि अपने मस्तकपर चिड़ियोंके पैदा होने और बढ़ने आदिकी बातें याद करके अपनेको महान् धर्मात्मा समझने लगे और आकाशमें मानो ताल ठोंकते हुए स्पष्ट वाणीमें बोले, मैंने धर्मको प्राप्त कर लिया ॥ ४१ ॥

अथान्तरिक्षे वागासीत् तां च शुश्राव जाजलिः ।

धर्मेण न समस्त्वं वै तुलाधारस्य जाजले ॥ ४२ ॥

वाराणस्यां महाप्राज्ञस्तुलाधारः प्रतिष्ठितः ।

सोऽप्येवं नार्हते वक्तुं यथा त्वं भाषसे द्विज ॥ ४३ ॥

पृष्ठ 1682

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1682 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

इतनेहीमें आकाशवाणी* हुई-' जाजले! तुम धर्ममें तुलाधारके समान नहीं हो, काशीपुरीमें महाज्ञानी तुलाधार वैश्य प्रतिष्ठित हैं । विप्रवर! वे तुलाधार भी ऐसी बात नहीं

कह सकते, जैसी तुम कह रहे हो । ' जाजलिने उस आकाशवाणीको सुना ॥ ४२-४३ ॥

सोऽमर्षवशमापन्नस्तुलाधारदिदृक्षया ।

पृथिवीमचरद् राजन् यत्र सायंगृहो मुनिः ॥ ४४ ॥

राजन्! इससे वे अमर्षके वशीभूत हो गये और वे तुलाधारको देखनेके लिये पृथ्वीपर विचरने लगे । जहाँ संध्या होती, वहीं वे मुनि टिक जाते थे ॥ ४४ ॥

कालेन महतागच्छत् स तु वाराणसीं पुरीम् ।

विक्रीणन्तं च पण्यानि तुलाधारं ददर्श सः ॥ ४५ ॥

इस प्रकार दीर्घकालके पश्चात् वे वाराणसी पुरीमें जा पहुँचे, वहाँ उन्होंने तुलाधारको सौदा बेचते देखा ॥

सोऽपि दृष्ट्वैव तं विप्रमायान्तं भाण्डजीवनः ।

समुत्थाय सुसंहृष्टः स्वागतेनाभ्यपूजयत् ॥ ४६ ॥

विविध पदार्थोंके क्रय- विक्रयसे जीवन- निर्वाह करनेवाले तुलाधार भी ब्राह्मणको आते देख तुरंत ही उठकर खड़े हो गये और बड़े हर्षके साथ आगे बढ़कर उन्होंने ब्राह्मणका स्वागत - सत्कार किया ॥ ४६ ॥

तुलाधारउवाच

आयानेवासि विदितो मम ब्रह्मन् न संशयः ।

ब्रवीमि यत् तु वचनं तच्छृणुष्व द्विजोत्तम ॥ ४७ ॥

तुलाधारने कहा— ब्रह्मन्! आप मेरे पास आ रहे हैं, यह बात मुझे पहले ही मालूम हो गयी थी, इसमें संशय नहीं है । द्विजश्रेष्ठ! अब जो कुछ मैं कहता हूँ, उसे ध्यान देकर सुनिये ॥ ४७ ॥

सागरानूपमाश्रित्य तपस्तप्तं त्वया महत् ।

न च धर्मस्य संज्ञां त्वं पुरा वेत्थ कथंचन ॥ ४८ ॥

आपने सागरके तटपर सजल प्रदेशमें रहकर बड़ी भारी तपस्या की है, परंतु पहले कभी किसी तरह आपको यह बोध नहीं हुआ था कि मैं बड़ा धर्मवान् हूँ ॥

ततः सिद्धस्य तपसा तव विप्र शकुन्तकाः ।

क्षिप्रं शिरस्यजायन्त ते च सम्भावितास्त्वया ॥ ४ ९ ॥

विप्रवर! जब आप तपस्यासे सिद्ध हो गये, तब पक्षियोंने शीघ्र ही आपके सिरपर अण्डे दिये और उनसे बच्चे पैदा हुए, आपने उन सबकी भलीभाँति रक्षा की ॥

जातपक्षा यदा ते च गताश्चारीमितस्ततः ।

मन्यमानस्ततो धर्मं चटकप्रभवं द्विज ॥ ५० ॥

पृष्ठ 1683

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1683 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

ब्रह्मन्! जब उनके पर निकल आये और वे चारा चुगनेके लिये उड़कर इधर- उधर चले गये, तब उन पक्षियोंके पालनजनित धर्मको आप बहुत बड़ा मानने लगे ॥ ५० ॥

खे वाचं त्वमथाश्रौषीर्मां प्रति द्विजसत्तम ।

अमर्षवशमापन्नस्ततः प्राप्तो भवानिह ।

करवाणि प्रियं किं ते तद् ब्रूहि द्विजसत्तम ॥ ५१ ॥

द्विजश्रेष्ठ! उसी समय मेरे विषयमें आकाशवाणी हुई, जिसे आपने सुना और सुनते ही अमर्षके वशीभूत होकर आप यहाँ मेरे पास चले आये । विप्रवर! बताइये, मैं आपका कौन-सा प्रिय कार्य करूँ? ॥ ५१ ॥

इति श्रीमहाभारते शान्तिपर्वणि मोक्षधर्मपर्वणि तुलाधारजाजलिसंवादे एकषष्ट्यधिकद्विशततमोऽध्यायः ॥ २६१ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत शान्तिपर्वके अन्तर्गत मोक्षधर्मपर्वमें तुलाधार-जाजलि- संवादविषयक दो सौ इकसठवाँ अध्याय पूराहुआ ॥ २६१ ॥

* इसी अध्यायमें पहले अदृश्य भूत- पिशाचोंके द्वारा उपर्युक्त वचन कहा गया है । यहाँ उसीको आकाशवाणी बतला रहे हैं ।

पृष्ठ 1684

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1684 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

द्विषष्ट्यधिकद्विशततमोऽध्यायः जाजलि और तुलाधारका धर्मके विषयमें संवाद भीष्म उवाच

इत्युक्तः स तदा तेन तुलाधारेण धीमता ।

प्रोवाच वचनं धीमान् जाजलिर्जपतां वरः ॥ १ ॥

भीष्मजी कहते हैं - राजन्! उस समय बुद्धिमान् तुलाधारके इस प्रकार कहनेपर जप करनेवालोंमें श्रेष्ठ मतिमान् जाजलिने यह बात कही ॥ १ ॥

जाजलिरुवाच

विक्रीणतः सर्वरसान् सर्वगन्धांश्च वाणिज ।

वनस्पतीनोषधीश्च तेषां मूलफलानि च ॥ २ ॥

जाजलि बोले — वैश्यपुत्र! तुम तो सब प्रकारके रस, गन्ध, वनस्पति, ओषधि, मूल और फल आदि बेचा करते हो ॥ २ ॥

अध्यगा नैष्ठिकीं बुद्धिं कुतस्त्वामिदमागतम् ।

एतदाचक्ष्व मे सर्वं निखिलेन महामते ॥ ३ ॥

महामते! तुम्हें यह धर्ममें निष्ठा रखनेवाली बुद्धि कहाँसे प्राप्त हुई? तुम्हें यह ज्ञान कैसे सुलभ हुआ? यह सब पूर्णरूपसे मुझे बताओ ॥ ३ ॥

भीष्म उवाच

एवमुक्तस्तुलाधारो ब्राह्मणेन यशस्विना ।

उवाच धर्मसूक्ष्माणि वैश्यो धर्मार्थतत्त्ववित् ॥ ४ ॥

भीष्मजी कहते हैं - राजन्! यशस्वी ब्राह्मण जाजलिके इस प्रकार पूछनेपर धर्म और अर्थके तत्त्वको जाननेवाले तुलाधार वैश्यने उन्हें धर्म- सम्बन्धी सूक्ष्म बातोंको इस तरह बताना आरम्भ किया ॥ ४ ॥

तुलाधार उवाच

वेदाहं जाजले धर्मं सरहस्यं सनातनम् ।

सर्वभूतहितं मैत्रं पुराणं यं जना विदुः ॥ ५ ॥

तुलाधार बोले-जाजले! जो समस्त प्राणियोंके लिये हितकारी और सबके प्रति मैत्रीभावकी स्थापना करनेवाला है, जिसे सब लोग पुरातन धर्मके रूपमें जानते हैं, गूढ़ रहस्योंसहित उस सनातन धर्मका मुझे ज्ञान है ॥ ५ ॥

अद्रोहेणैव भूतानामल्पद्रोहेण वा पुनः ।

पृष्ठ 1685

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1685 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

या वृत्तिः स परो धर्मस्तेन जीवामि जाजले ॥ ६ ॥

जिसमें किसी भी प्राणीके साथ द्रोह न करना पड़े अथवा कम- से - कम द्रोह करनेसे काम चल जाय, ऐसी जो जीवन-वृत्ति है, वही उत्तम धर्म है । जाजले! मैं उसीसे जीवन निर्वाह करता हूँ ॥ ६ ॥

परच्छिन्नैः काष्ठतृणैर्मयेदं शरणं कृतम् ।

अलक्तं पद्मकं तुङ्गं गन्धांश्चोच्चावचांस्तथा ॥ ७ ॥

मैंने दूसरोंके द्वारा काटे गये काठ और घास - फूससे यह घर तैयार किया है । अलक्तक ( वृक्षविशेषकी छाल ), पद्मक ( पद्माख ), तुंगकाष्ठ तथा चन्दनादि गन्धद्रव्य एवं अन्य छोटी-बड़ी वस्तुओंको मैं दूसरोंसे खरीदकर बेचता हूँ ॥ ७ ॥

रसांश्च तांस्तान् विप्रर्षे मद्यवर्ज्यान् बहूनहम् ।

क्रीत्वा वै प्रतिविक्रीणे परहस्तादमायया ॥ ८ ॥

विप्रर्षे! मेरे यहाँ मदिरा नहीं बेची जाती, उसे छोड़कर बहुत- से पीनेयोग्य रसोंको

दूसरोंसे खरीदकर बेचता हूँ । माल बेचनेमें छल- कपट एवं असत्यसे काम नहीं लेता ॥ ८ ॥

सर्वेषां यः सुहृन्नित्यं सर्वेषां च हिते रतः ।

कर्मणा मनसा वाचा स धर्मं वेद जाजले ॥ ९ ॥

जाजले! जो सब जीवोंका सुहृद् होता और मन, वाणी तथा क्रियाद्वारा सदा सबके हितमें लगा रहता है, वही वास्तवमें धर्मको जानता है ॥ ९ ॥

नानुरुद्धये निरुध्ये वा न द्वेष्मि न च कामये ।

समोऽहं सर्वभूतेषु पश्य मे जाजले व्रतम् ।

तुला मे सर्वभूतेषु समा तिष्ठति जाजले ॥ १० ॥

मैं न किसीसे अनुरोध करता हूँ न विरोध ही करता हूँ और न कहीं मेरा द्वेष है, न किसीसे कुछ कामना करता हूँ । समस्त प्राणियोंके प्रति मेरा समभाव है । जाजले! यही मेरा व्रत और नियम है, इसपर दृष्टिपात करो । मुने! मेरी तराजू सब मनुष्योंके लिये सम है— सबके लिये बराबर तौलती है ॥ १० ॥

नाहं परेषां कृत्यानि प्रशंसामि न गर्हये ।

आकाशस्येव विप्रेन्द्र पश्यँल्लोकस्य चित्रताम् ॥ ११ ॥

विप्रवर! मैं आकाशकी भाँति असंग रहकर जगत्के कार्योंकी विचित्रताको देखता हुआ दूसरोंके कार्योंकी न तो प्रशंसा करता हूँ और न निन्दा ही ॥ ११ ॥

इति मां त्वं विजानीहि सर्वलोकस्य जाजले ।

समं मतिमतां श्रेष्ठ समलोष्टाश्मकाञ्चनम् ॥ १२ ॥

बुद्धिमानोंमें श्रेष्ठ जाजले! इस प्रकार तुम मुझे सब लोगोंके प्रति समता रखनेवाला और मिट्टीके ढेले, पत्थर तथा सुवर्णको समान समझनेवाला जानो ॥ १२ ॥

यथान्धबधिरोन्मत्ता उच्छ्वासपरमाः सदा ।

पृष्ठ 1686

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1686 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

देवैरपिहितद्वाराः सोपमा पश्यतो मम ॥ १३ ॥

जैसे अन्धे, बहरे और उन्मत्त ( पागल ) मनुष्य, जिनके नेत्र, कान आदि द्वार देवताओंने सदाके लिये बंद कर दिये हैं, सदा केवल साँस लेते रहते हैं, मुझ द्रष्टा पुरुषकी भी वैसी ही उपमा है ( अर्थात् मैं देखकर भी नहीं देखता, सुनकर भी नहीं सुनता और विषयोंकी ओर मन नहीं ले जाता, केवल साक्षीरूपसे देखता हुआ श्वास-प्रश्वासमात्रकी क्रिया करता रहता हूँ) ॥ १३ ॥

यथा वृद्धातुरकृशा निःस्पृहा विषयान् प्रति ।

तथार्थकामभोगेषु ममापि विगता स्पृहा ॥ १४ ॥

जैसे वृद्ध, रोगी और दुर्बल मनुष्य विषयभोगोंकी स्पृहा नहीं रखते, उसी प्रकार मेरे मनसे भी धन और विषय - भोगोंकी इच्छा दूर हो गयी है ॥ १४ ॥

यदा चायं न बिभेति यदा चास्मान्न बिभ्यति ।

यदा नेच्छति न द्वेष्टि ब्रह्म सम्पद्यते तदा ॥ १५ ॥

जब यह पुरुष दूसरेसे भयभीत नहीं होता, जब दूसरे प्राणी भी इससे भयभीत नहीं होते तथा जब यह न तो किसीकी इच्छा रखता है और न किसीसे द्वेष ही करता है, तब ब्रह्मभावको प्राप्त हो जाता है ॥ १५ ॥

यदा न कुरुते भावं सर्वभूतेषु पापकम् ।

कर्मणा मनसा वाचा ब्रह्म सम्पद्यते तदा ॥ १६ ॥

जब समस्त प्राणियोंके प्रति मन, वाणी और क्रियाद्वारा भी बुरे भाव नहीं होते हैं तब मनुष्य ब्रह्मभावको प्राप्त होता है ॥ १६ ॥

न भूतो न भविष्योऽस्ति न च धर्मोऽस्ति कश्चन ।

योऽभयः सर्वभूतानां स प्राप्नोत्यभयं पदम् ॥ १७ ॥

जिसका भूत या भविष्यमें कोई कार्य नहीं है तथा जिसके लिये कोई धर्म करना शेष नहीं है, साथ ही सम्पूर्ण भूतोंको अभय प्रदान करता है, वही निर्भय पदको प्राप्त होता है ॥ १७ ॥

यस्मादुद्विजते लोकः सर्वो मृत्युमुखादिव ।

वाक् क्रूराद् दण्डपरुषात् स प्राप्नोति महद् भयम् ॥ १८ ॥

जैसे सब लोग मौतके मुखमें जानेसे डरते हैं, उसी प्रकार जिसके स्मरणमात्रसे सब लोग उद्विग्न हो उठते हैं तथा जो कटुवचन बोलनेवाला और दण्ड देनेमें कठोर है, ऐसे मनुष्यको महान् भयका सामना करना पड़ता है ॥

यथावद् वर्तमानानां वृद्धानां पुत्रपौत्रिणाम् ।

अनुवर्तामहे वृत्तमहिंस्राणां महात्मनाम् ॥ १ ९ ॥

जो वृद्ध हैं, पुत्र और पौत्रोंसे सम्पन्न हैं, शास्त्रके अनुसार यथोचित आचरण करते हैं और किसी भी जीवकी हिंसा नहीं करते हैं, उन्हीं महात्माओंके बर्तावका मैं भी अनुसरण

पृष्ठ 1687

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1687 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

करता हूँ ॥ १ ९ ॥

प्रणष्टः शाश्वतो धर्मस्त्वनाचारेण मोहितः ।

तेन वैद्यस्तपस्वी वा बलवान् वा विमुह्यते ॥ २० ॥

अनाचारसे सनातन धर्म मोहयुक्त होकर नष्ट हो जाता है । उसके द्वारा विद्वान्, तपस्वी तथा काम - क्रोधको जीतनेवाला बलवान् पुरुष भी मोहमें पड़ जाता है ॥

आचाराज्जाजले प्राज्ञः क्षिप्रं धर्ममवाप्नुयात् ।

एवं यः साधुभिर्दान्तश्चरेदद्रोहचेतसा ॥ २१ ॥

जाजले! जो जितेन्द्रिय पुरुष अपने चित्तमें दूसरोंके प्रति द्रोह न रखकर, इस प्रकार श्रेष्ठ पुरुषोंद्वारा पालित आचारको अपने आचरणमें लाता है, वह विद्वान् वेदबोधित सदाचारका पालन करनेसे शीघ्र ही धर्मके रहस्यको जान लेता है ॥ २१ ॥

नद्यां चेह यथा काष्ठमुह्यमानं यदृच्छया ।

यदृच्छयैव काष्ठेन सन्धिं गच्छेत केनचित् ॥ २२ ॥

तत्रापराणि दारूणि संसृज्यन्ते परस्परम् ।

तृणकाष्ठकरीषाणि कदाचिन्न समीक्षया ॥ २३ ॥

जैसे यहाँ नदीकी धारामें दैवेच्छासे बहता हुआ काठ अकस्मात् किसी दूसरे काठसे संयुक्त हो जाता है; फिर वहाँ दूसरे- दूसरे काष्ठ, तिनके, छोटी-छोटी लकड़ियाँ और सूखे गोबर भी आकर एक - दूसरे से जुड़ जाते हैं, परंतु इन सबका वह संयोग आकस्मिक ही होता है, समझ-बूझकर नहीं ( इसी प्रकार संसारके प्राणियोंके भी परस्पर संयोग-वियोग होते रहते हैं ) ॥

यस्मान्नोद्विजते भूतं जातु किंचित् कथंचन ।

अभयं सर्वभूतेभ्यः स प्राप्नोति सदा मुने ॥ २४ ॥

मुने! जिससे कोई भी प्राणी कभी किसी तरह भी उद्विग्न नहीं होता, वह सदा सम्पूर्ण भूतोंसे अभय प्राप्त कर लेता है ॥ २४ ॥

यस्मादुद्विजते विद्वन् सर्वलोको वृकादिव ।

क्रोशतस्तीरमासाद्य यथा सर्वे जलेचराः ॥ २५ ॥

स भयं सर्वभूतेभ्यः सम्प्राप्नोति महामते । महामते! विद्वन्! जैसे नदीके तीरपर आकर कोलाहल करनेवाले मनुष्यके डरसे सभी जलचर जन्तु भयके मारे छिप जाते हैं तथा जिस प्रकार भेड़ियेको देखकर सभी थर्रा उठते हैं, उसी प्रकार जिससे सब लोग डरते हैं, उसे भी सम्पूर्ण प्राणियोंसे भय प्राप्त होता है ॥ २५३ ॥

एवमेवायमाचारः प्रादुर्भूतो यतस्ततः ।

सहायवान् द्रव्यवान् यः सुभगोऽथपरस्तथा ॥ २६ ॥

पृष्ठ 1688

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1688 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

इस प्रकार यह अभयदानरूप आचार प्रकट हुआ है, जो सभी उपायोंसे साध्य है-जैसे बने वैसे इसका पालन करना चाहिये । जो इसे आचरणमें लाता है वह सहायवान्, द्रव्यवान्, सौभाग्यशाली तथा श्रेष्ठ समझा जाता है ॥ २६ ॥

ततस्तानेव कवयः शास्त्रेषु प्रवदन्त्युत ।

कीर्त्यर्थमल्पहृल्लेखाः पटवः कृत्स्ननिर्णयाः ॥ २७ ॥

अतः जो अभयदान देनेमें समर्थ होते हैं, उन्हींको विद्वान् पुरुष शास्त्रोंमें श्रेष्ठ बताते हैं । उनमेंसे जो बहिर्मुख होकर अपने हृदयमें क्षणभंगुर विषय - सुखोंकी इच्छा रखते हैं, वे तो कीर्ति और मान - बड़ाईके लिये ही अभयदानरूप व्रतका पालन करते हैं; परंतु जो पटु या प्रवीण पुरुष हैं, वे पूर्णस्वरूप परब्रह्मकी प्राप्तिके लिये ही इस व्रतका आश्रय लेते हैं ॥ २७ ॥

तपोभिर्यज्ञदानैश्च वाक्यैः प्रज्ञाश्रितैस्तथा ।

प्राप्नोत्यभयदानस्य यद् यत् फलमिहाश्नुते ॥ २८ ॥

तप, यज्ञ, दान और ज्ञान- सम्बन्धी उपदेशके द्वारा मनुष्य यहाँ जो - जो फल प्राप्त करता है, वह सब उसे केवल अभय दानसे मिल जाता है ॥ २८ ॥

लोके यः सर्वभूतेभ्यो ददात्यभयदक्षिणाम् ।

स सर्वयज्ञैरीजानः प्राप्नोत्यभयदक्षिणाम् ॥ २ ९ ॥

जो जगत्में सम्पूर्ण प्राणियोंको अभयकी दक्षिणा देता है, वह मानो समस्त यज्ञोंका अनुष्ठान कर लेता है तथा उसे भी सब ओरसे अभय दान प्राप्त हो जाता है ॥ २ ९ ॥ न भूतानामहिंसाया ज्यायान् धर्मोऽस्ति कश्चन ।

यस्मान्नोद्विजते भूतं जातु किंचित् कथंचन ।

सोऽभयं सर्वभूतेभ्यः सम्प्राप्नोति महामुने ॥ ३० ॥

प्राणियोंकी हिंसा न करनेसे जिस धर्मकी सिद्धि होती है, उससे बढ़कर महान् धर्म कोई नहीं है । महामुने! जिससे कभी कोई भी प्राणी किसी तरह उद्विग्न नहीं होता, वह भी सम्पूर्ण प्राणियोंसे अभय प्राप्त कर लेता है ॥ ३० ॥

यस्मादुद्विजते लोकः सर्पाद् वेश्मगतादिव ।

न स धर्ममवाप्नोति इहलोके परत्र च ॥ ३१ ॥

घरके भीतर रहनेवाले सर्पके समान जिस पुरुषसे सब लोग भयभीत रहते हैं, वह इहलोक और परलोकमें भी कभी धर्मके फलको नहीं पाता ॥ ३१ ॥

सर्वभूतात्मभूतस्य सर्वभूतानि पश्यतः ।

देवाऽपि मार्गे मुह्यन्ति अपदस्य पदैषिणः ॥ ३२ ॥

जो समस्त प्राणियोंका आत्मा हो गया है और सम्पूर्ण भूतोंको अपनेसे अभिन्न देखता है, उसे किसी विशेष स्थानकी प्राप्ति नहीं होती । वह ब्रह्मस्वरूप हो जाता है । उसके

पृष्ठ 1689

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1689 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

पदचिह्नकी खोज करनेवाले देवता भी उस ज्ञानी पुरुषके मार्गके विषयमें मोहित हो जाते हैं —उसकी गतिका पता नहीं पाते हैं ॥ ३२ ॥

दानं भूताभयस्याहुः सर्वदानेभ्य उत्तमम् ।

ब्रवीमि ते सत्यमिदं श्रद्दधस्व च जाजले ॥ ३३ ॥

प्राणियोंको अभयदान देना सब दानोंसे उत्तम बताया गया है । जाजले! मैं तुमसे यह सच्ची बात कहता हूँ, तुम इसपर विश्वास करो ॥ ३३ ॥

स एव सुभगो भूत्वा पुनर्भवति दुर्भगः ।

व्यापत्तिं कर्मणां दृष्ट्वा जुगुप्सन्ति जनाः सदा ॥ ३४ ॥

जो स्वर्गादिकी कामना करके धर्मकार्य करते हैं, वे ही स्वर्गादि फलोंको पाकर सौभाग्यवान् कहलाते हैं, फिर वे ही पुण्यक्षीण होनेके पश्चात् जब स्वर्गसे नीचे गिरते हैं, तब दुर्भाग्यसे दूषित माने जाते हैं, इस प्रकार कर्मोंका विनाश देखकर विज्ञ पुरुष सदा ही सकाम कर्मोंकी निन्दा करते हैं ॥ ३४ ॥

अकारणो हि नैवास्ति धर्मः सूक्ष्मो हि जाजले ।

भूतभव्यार्थमेवेह धर्मप्रवचनं कृतम् ॥ ३५ ॥

जाजले! कोई भी धर्म निष्प्रयोजन या निष्फल नहीं है, उसका स्वरूप अत्यन्त सूक्ष्म है, स्वर्ग या ब्रह्मकी प्राप्तिके लिये ही यहाँ धर्मकी व्याख्या की गयी है ॥

सूक्ष्मत्वान्न स विज्ञातुं शक्यते बहुनिह्नवः ।

उपलभ्यान्तरा चान्यानाचारानवबुध्यते ॥ ३६ ॥

धर्मका स्वरूप अत्यन्त सूक्ष्म होनेके कारण वह सबकी समझमें नहीं आ सकता; क्योंकि उसके स्वरूपको छिपानेवाली बहुत -सी बातें हैं। बीच - बीचमें विभिन्न सत्पुरुषोंके आचारोंको देखकर मनुष्य वास्तविक धर्मका ज्ञान प्राप्त करता है ॥ ३६ ॥

ये च च्छिन्दन्ति वृषणान् ये च भिन्दन्ति नस्तकान् ।

वहन्ति महतो भारान् बध्नन्ति दमयन्ति च ॥ ३७ ॥

हत्वा सत्त्वानि खादन्ति तान् कथं न विगर्हसे ।

मानुषा मानुषानेव दासभावेन भुञ्जते ॥ ३८ ॥

जो लोग बैलोंको बधिया करके बाँधते - नाथते, उनसे भारी बोझ ठुलाते और उनका दमन करके उन्हें कामपर निकालते हैं, जो कितने ही जीवोंको मारकर खा जाते हैं, मनुष्य होकर मनुष्योंको दास बनाकर और उनके परिश्रमका फल आप भोगते हैं, उनकी तुम निन्दा क्यों नहीं करते हो? ॥ ३७-३८ ॥

वधबन्धनिरोधेन कारयन्ति दिवानिशम् ।

आत्मनश्चापि जानाति यद् दुःखं वधबन्धने ॥ ३ ९ ॥

जो लोग वध और बन्धनकी दशामें अपनेको कितना कष्ट होता है, इस बातको जानते हैं तो भी दूसरोंको वध, बन्धन और कैदके कष्टमें डालकर उनसे दिन - रात काम कराते हैं,

पृष्ठ 1690

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1690 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

उनकी निन्दा तुम क्यों नहीं करते हो? ॥ ३ ९ ॥

पञ्चेन्द्रियेषु भूतेषु सर्वं वसति दैवतम् ।

आदित्यश्चन्द्रमा वायुर्ब्रह्मा प्राणः क्रतुर्यमः ॥ ४० ॥

तानि जीवानि वक्रीय का मृतेषु विचारणा । पाँच इन्द्रियोंवाले समस्त प्राणियोंमें सूर्य, चन्द्र, वायु, ब्रह्मा, प्राण, यज्ञ और यमराज-इन सब देवताओंका निवास है, जो उन्हें जीते - जी बेचकर जीविका चलाते हैं, उन्हें अधर्मकी प्राप्ति होती है । फिर मृत जीवोंका विक्रय करनेवालोंके विषयमें तो कहा ही क्या जाय? ॥ अजोऽग्निर्वरुणो मेषः सूर्योऽश्वः पृथिवी विराट् ॥ ४१ ॥

धेनुर्वत्सश्च सोमो वै विक्रीयैतन्न सिध्यति । बकरा अग्निका, भेड़ वरुणका, घोड़ा सूर्यका और पृथ्वी विराट्का रूप है तथा गाय और बछड़े चन्द्रमाके स्वरूप हैं, इनको बेचनेसे कल्याणकी प्राप्ति नहीं होती ॥ ४१ ॥

का तैले का घृते ब्रह्मन् मधुन्यप्यौषधेषु वा ॥ ४२ ॥

अदंशमशके देशे सुखसंवर्धितान् पशून् ।

तांश्च मातुः प्रियाञ्जानन्नाक्रम्य बहुधा नराः ॥ ४३ ॥

बहुदंशाकुलान् देशान् नयन्ति बहुकर्दमान् ।

वाहसम्पीडिता धुर्याः सीदन्त्यविधिना परे ॥ ४४ ॥

किंतु ब्रह्मन्! तेल, घी, शहद और दवाओंकी बिक्री करनेमें क्या हानि है, बहुत - से मनुष्य तो दंश और मच्छरोंसे रहित देशमें उत्पन्न और सुखसे पले हुए पशुओंको यह जानते हुए भी कि ये अपनी माताओंको बहुत प्रिय हैं और इनके बिछुड़नेसे उन्हें बहुत कष्ट होगा, जबरदस्ती आक्रमण करके ऐसे देशोंमें ले जाते हैं जहाँ दंश, मच्छर और कीचड़की अधिकता होती है । कितने ही बोझ ढोनेवाले पशु भारी भारसे पीड़ित हो लोगोंद्वारा अनुचित रूपसे सताये जाते हैं ॥ ४२–४४ ॥

न मन्ये भ्रूणहत्यापि विशिष्टा तेन कर्मणा ।

कृषिं साध्विति मन्यन्ते सा च वृत्तिः सुदारुणा ॥ ४५ ॥

मैं समझता हूँ कि उस क्रूर कर्मसे बढ़कर भ्रूणहत्याका पाप भी नहीं है । कुछ लोग खेतीको अच्छा मानते हैं, परंतु वह वृत्ति भी अत्यन्त कठोर है ॥ ४५ ॥

भूमिं भूमिशयांश्चैव हन्ति काष्ठमयोमुखम् ।

तथैवानडुहो युक्तान् समवेक्षस्व जाजले ॥ ४६ ॥

जाजले! जिसके मुखपर फाल जुड़ा हुआ है, वह हल पृथ्वीको पीड़ा देता है और उसके भीतर रहनेवाले जीवोंका भी वध कर डालता है और उसमें जो बैल जोते जाते हैं, उनकी दुर्दशापर भी दृष्टिपात करो ॥ ४६ ॥

अघ्न्या इति गवां नाम क एता हन्तुमर्हति ।

महच्चकाराकुशलं वृषं गां वाऽऽलभेत् तु यः ॥ ४७ ॥