06.Mahabharata Volume 6 — पृष्ठ 1721–1730

महाभारत — खण्ड ६ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 1721–1730

पृष्ठ 1721

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1721 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

ततः परशुमादाय स तं बाहुसहस्रिणम् ।

चिच्छेद सहसा रामो बहुशाखमिव द्रुमम् ॥ ११ ॥

(ब्राह्मणने कहा— ) कमलके समान नेत्रोंवाली देवि! तदनन्तर राजा कार्तवीर्य बड़े क्रोधमें भरकर महर्षि जमदग्निके आश्रमपर परशुरामजीके पास जा पहुँचा और अपने भाई- बन्धुओंके साथ उनके प्रतिकूल बर्ताव करने लगा । उसने अपने अपराधोंसे महात्मा परशुरामजीको उद्विग्न कर दिया। फिर तो शत्रु सेनाको भस्म करनेवाला अमित तेजस्वी परशुरामजीका तेज प्रज्वलित हो उठा । उन्होंने अपना फरसा उठाया और हजार भुजाओंवाले उस राजाको अनेक शाखाओंसे युक्त वृक्षकी भाँति सहसा काट डाला ॥ ८— ११ ॥

तं हतं पतितं दृष्ट्वा समेताः सर्वबान्धवाः ।

असीनादाय शक्तीश्च भार्गवं पर्यधावयन् ॥ १२ ॥

उसे मरकर जमीनपर पड़ा देख उसके सभी बन्धु बान्धव एकत्र हो गये तथा हाथोंमें तलवार और शक्तियाँ लेकर परशुरामजीपर चारों ओरसे टूट पड़े ॥ १२ ॥

रामोऽपि धनुरादाय रथमारुह्य सत्वरः ।

विसृजन् शरवर्षाणि व्यधमत् पार्थिवं बलम् ॥ १३ ॥

इधर परशुरामजी भी धनुष लेकर तुरंत रथपर सवार हो गये और बाणोंकी वर्षा करते हुए राजाकी सेनाका संहार करने लगे ॥ १३ ॥

ततस्तु क्षत्रियाः केचिज्जामदग्न्यभयार्दिताः ।

विविशुर्गिरिदुर्गाणि मृगाः सिंहार्दिता इव ॥ १४ ॥

उस समय बहुत से क्षत्रिय परशुरामजीके भयसे पीड़ित हो सिंहके सताये हुए मृगोंकी भाँति पर्वतोंकी गुफाओंमें घुस गये ॥ १४ ॥

तेषां स्वविहितं कर्म तद्भयान्नानुतिष्ठताम् ।

प्रजा वृषलतां प्राप्ता ब्राह्मणानामदर्शनात् ॥ १५ ॥

उन्होंने उनके डरसे अपने क्षत्रियोचित कर्मोंका भी त्याग कर दिया । बहुत दिनोंतक ब्राह्मणोंका दर्शन न कर सकनेके कारण वे धीरे- धीरे अपने कर्म भूलकर शूद्र हो गये ॥ १५ ॥

एवं ते द्रविडाऽऽभीराः पुण्ड्राश्च शबरैः सह ।

वृषलत्वं परिगता व्युत्थानात् क्षत्रधर्मिणः ॥ १६ ॥

इस प्रकार द्रविड, आभीर, पुण्ड्र और शबरोंके सहवासमें रहकर वे क्षत्रिय होते हुए भी धर्म - त्यागके कारण शूद्रकी अवस्थामें पहुँच गये ॥ १६ ॥

ततश्च हतवीरासु क्षत्रियासु पुनः पुनः ।

द्विजैरुत्पादितं क्षत्रं जामदग्न्यो न्यकृन्तत ॥ १७ ॥

पृष्ठ 1722

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1722 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तत्पश्चात् क्षत्रियवीरोंके मारे जानेपर ब्राह्मणोंने उनकी स्त्रियोंसे नियोगकी विधिके अनुसार पुत्र उत्पन्न किये, किंतु उन्हें भी बड़े होनेपर परशुरामजीने फरसेसे काट डाला ॥ १७ ॥

एकविंशतिमेधान्ते रामं वागशरीरिणी ।

दिव्या प्रोवाच मधुरा सर्वलोकपरिश्रुता ॥ १८ ॥

इस प्रकार एक-एक करके जब इक्कीस बार क्षत्रियोंका संहार हो गया, तब परशुरामजीको दिव्य आकाशवाणीने मधुर स्वरमें सब लोगोंके सुनते हुए यह कहा - ॥ १८ ॥

राम राम निवर्तस्व कं गुणं तात पश्यसि ।

क्षत्रबन्धूनिमान् प्राणैर्विप्रयोज्य पुनः पुनः ॥ १ ९ ॥

' बेटा! परशुराम! इस हत्याके कामसे निवृत्त हो जाओ । परशुराम! भला बारंबार इन बेचारे क्षत्रियोंके प्राण लेनेमें तुम्हें कौन- सा लाभ दिखायी देता है? ' ॥ १ ९ ॥

तथैव तं महात्मानमृचीकप्रमुखास्तदा ।

पितामहा महाभाग निवर्तस्वेत्यथाब्रुवन् ॥ २० ॥

उस समय महात्मा परशुरामजीको उनके पितामह ऋचीक आदिने भी इसी प्रकार समझाते हुए कहा — ‘ महाभाग! यह काम छोड़ दो, क्षत्रियोंको न मारो ' ॥ २० ॥

पितुर्वधममृष्यंस्तु रामः प्रोवाच तानृषीन् ।

नार्हन्तीह भवन्तो मां निवारयितुमित्युत ॥ २१ ॥

पिताके वधको सहन न करते हुए परशुरामजीने उन ऋषियोंसे इस प्रकार कहा -' आपलोगोंको मुझे इस कामसे निवारण नहीं करना चाहिये ' ॥ २१ ॥

पितर ऊचुः

नार्हसे क्षत्रबन्धूंस्त्वं निहन्तुं जयतां वर ।

नेह युक्तं त्वया हन्तुं ब्राह्मणेन सता नृपान् ॥ २२ ॥

पितर बोले — विजय पानेवालोंमें श्रेष्ठ परशुराम! बेचारे क्षत्रियोंको मारना तुम्हारे योग्य नहीं है; क्योंकि तुम ब्राह्मण हो, अतः तुम्हारे हाथसे राजाओंका वध होना उचित नहीं ॥ २२ ॥

इति श्रीमहाभारते आश्वमेधिके पर्वणि अनुगीतापर्वणि ब्राह्मणगीतासु एकोनत्रिंशोऽध्यायः ॥ २ ९ ॥ इस प्रकार श्रीमहाभारत आश्वमेधिकपर्वके अन्तर्गत अनुगीतापर्वमें ब्राह्मणगीताविषयक उनतीसवाँअध्याय पूरा हुआ ॥ २९ ॥

Fard

पृष्ठ 1723

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1723 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

त्रिंशोऽध्यायः अलर्कके ध्यानयोगका उदाहरण देकर पितामहोंका परशुरामजीको समझाना और परशुरामजीका तपस्याके द्वारा सिद्धि प्राप्त करना पितर ऊचुः

अत्राप्युदाहरन्तीममितिहासं पुरातनम् ।

श्रुत्वा च तत् तथा कार्यं भवता द्विजसत्तम ॥ १ ॥

पितरोंने कहा —ब्राह्मणश्रेष्ठ! इसी विषयमें एक प्राचीन इतिहासका उदाहरण दिया जाता है, उसे सुनकर तुम्हें वैसा ही आचरण करना चाहिये ॥ १ ॥

अलर्को नाम राजर्षिरभवत् सुमहातपाः ।

धर्मज्ञः सत्यवादी च महात्मा सुदृढव्रतः ॥ २ ॥

पहलेकी बात है, अलर्क नामसे प्रसिद्ध एक राजर्षि थे, जो बड़े ही तपस्वी, धर्मज्ञ, सत्यवादी, महात्मा और दृढ़प्रतिज्ञ थे ॥ २ ॥

पृष्ठ 1724

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1724 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

ससागरान्तां धनुषा विनिर्जित्य महीमिमाम् ।

कृत्वा सुदुष्करं कर्म मनः सूक्ष्मे समादधे ॥ ३ ॥

उन्होंने अपने धनुषकी सहायतासे समुद्रपर्यन्त इस पृथ्वीको जीतकर अत्यन्त दुष्कर पराक्रम कर दिखाया था । इसके पश्चात् उनका मन सूक्ष्मतत्त्वकी खोजमें लगा ॥ ३ ॥

स्थितस्य वृक्षमूलेषु तस्य चिन्ता बभूव ह ।

उत्सृज्य सुमहत्कर्म सूक्ष्मं प्रति महामते ॥ ४ ॥

महामते! वे बड़े - बड़े कर्मोंका आरम्भ त्यागकर एक वृक्षके नीचे जा बैठे और सूक्ष्मतत्त्वकी खोजके लिये इस प्रकार चिन्ता करने लगे ॥ ४ ॥

अलर्क उवाच

मनसो मे बलं जातं मनो जित्वा ध्रुवो जयः ।

अन्यत्र बाणान् धास्यामि शत्रुभिः परिवारितः ॥ ५ ॥

अलर्क कहने लगे- मुझे मनसे ही बल प्राप्त हुआ है, अतः वही सबसे प्रबल है । मनको जीत लेनेपर ही मुझे स्थायी विजय प्राप्त हो सकती है । मैं इन्द्रियरूपी शत्रुओंसे घिरा हुआ हूँ, इसलिये बाहरके शत्रुओंपर हमला न करके इन भीतरी शत्रुओंको ही अपने बाणोंका निशाना बनाऊँगा ॥ ५ ॥

यदिदं चापलात् कर्म सर्वान् मर्त्यांश्चिकीर्षति ।

मनः प्रति सुतीक्ष्णाग्रानहं मोक्ष्यामि सायकान् ॥ ६ ॥

यह मन चंचलताके कारण सभी मनुष्योंसे तरह- तरहके कर्म कराता है, अतः अब मैं मनपर ही तीखे बाणोंका प्रहार करूँगा ॥ ६ ॥

मन उवाच

बाणास्तरिष्यन्ति मामलर्क कथंचन ।

तवैव मर्म भेत्स्यन्ति भिन्नमर्मा मरिष्यसि ॥ ७ ॥

अन्यान् बाणान् समीक्षस्व यैस्त्वं मां सूदयिष्यसि । मन बोला- अलर्क! तुम्हारे ये बाण मुझे किसी तरह नहीं बींध सकते । यदि इन्हें चलाओगे तो ये तुम्हारे ही मर्मस्थानोंको चीर डालेंगे और मर्मस्थानोंके चीरे जानेपर तुम्हारी ही मृत्यु होगी; अतः तुम अन्य प्रकारके बाणोंका विचार करो, जिनसे तुम मुझे मार सकोगे ॥ ७३ ॥

तच्छ्रुत्वा स विचिन्त्याथ ततो वचनमब्रवीत् ॥ ८ ॥

यह सुनकर अलर्कने थोड़ी देरतक विचार किया, इसके बाद वे ( नासिकाको लक्ष्य करके ) बोले ॥ ८ ॥

अलर्क उवाच

पृष्ठ 1725

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1725 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

आघ्राय सुबहून् गन्धांस्तानेव प्रतिगृध्यति ।

तस्माद् घ्राणं प्रति शरान् प्रतिमोक्ष्याम्यहं शितान् ॥ ९ ॥

अलर्कने कहा — मेरी यह नासिका अनेक प्रकारकी सुगन्धियोंका अनुभव करके भी फिर उन्हींकी इच्छा करती है, इसलिये इन तीखे बाणोंको मैं इस नासिकापर ही छोडूंगा ॥ ९ ॥

घ्राण उवाच

बाणास्तरिष्यन्ति मामलर्क कथंचन ।

तवैव मर्म भेत्स्यन्ति भिन्नमर्मा मरिष्यसि ॥ १० ॥

अन्यान् बाणान् समीक्षस्व यैस्त्वं मां सूदयिष्यसि । नासिका बोली – अलर्क! ये बाण मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते । इनसे तो तुम्हारे ही मर्म विदीर्ण होंगे और मर्मस्थानोंका भेदन हो जानेपर तुम्हीं मरोगे; अतः तुम दूसरे प्रकारके बाणोंका अनुसंधान करो, जिससे तुम मुझे मार सकोगे ॥ १०३ ॥

तच्छ्रुत्वा स विचिन्त्याथ ततो वचनमब्रवीत् ॥ ११ ॥

नासिकाका यह कथन सुनकर अलर्क कुछ देर विचार करनेके पश्चात् ( जिह्वाको लक्ष्य करके ) कहने लगे ॥ ११ ॥

अलर्क उवाच

इयं स्वादून् रसान् भुक्त्वा तानेव प्रतिगृध्यति ।

तस्माज्जिह्वां प्रति शरान् प्रतिमोक्ष्याम्यहं शितान् ॥ १२ ॥

अलर्कने कहा — यह रसना स्वादिष्ट रसोंका उपभोग करके फिर उन्हें ही पाना चाहती है । इसलिये अब इसीके ऊपर अपने तीखे सायकोंका प्रहार करूँगा ॥ १२ ॥

जिह्वोवाच

नेमे बाणास्तरिष्यन्ति मामलर्क कथंचन ।

तवैव मर्म भेत्स्यन्ति भिन्नमर्मा मरिष्यसि ॥ १३ ॥

अन्यान् बाणान् समीक्षस्व यैस्त्वं मां सूदयिष्यसि । जिह्वा बोली – अलर्क! ये बाण मुझे किसी प्रकार नहीं छेद सकते । ये तो तुम्हारे ही मर्मस्थानोंको बींधेंगे । मर्मस्थानोंके बिंध जानेपर तुम्हीं मरोगे । अतः दूसरे प्रकारके बाणोंका प्रबन्ध सोचो, जिनकी सहायतासे तुम मुझे मार सकोगे ॥ १३३ ॥

तच्छ्रुत्वा स विचिन्त्याथ ततो वचनमब्रवीत् ॥ १४ ॥

यह सुनकर अलर्क कुछ देरतक सोचते -विचारते रहे, फिर ( त्वचापर कुपित होकर) बोले ॥ १४ ॥

अलर्क उवाच

पृष्ठ 1726

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1726 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

स्पृष्ट्वा त्वग्विविधान् स्पर्शास्तानेव प्रतिगृध्यति ।

तस्मात् त्वचं पाटयिष्ये विविधैः कङ्कपत्रिभिः ॥ १५ ॥

अलर्कने कहा — यह त्वचा नाना प्रकारके स्पर्शोका अनुभव करके फिर उन्हींकी अभिलाषा किया करती है, अतः नाना प्रकारके बाणोंसे मारकर इस त्वचाको ही विदीर्ण कर डालूँगा ॥ १५ ॥

त्वगुवाच

बाणास्तरिष्यन्ति मामलर्क कथंचन ।

तवैव मर्म भेत्स्यन्ति भिन्नमर्मा मरिष्यसि ॥ १६ ॥

अन्यान् बाणान् समीक्षस्व यैस्त्वं मां सूदयिष्यसि । त्वचा बोली – अलर्क! ये बाण किसी प्रकार मुझे अपना निशाना नहीं बना सकते । ये तो तुम्हारा ही मर्म विदीर्ण करेंगे और मर्म विदीर्ण होनेपर तुम्हीं मौतके मुखमें पड़ोगे । मुझे मारनेके लिये तो दूसरी तरहके बाणोंकी व्यवस्था सोचो, जिनसे तुम मुझे मार सकोगे ॥ १६ ३ ॥ तच्छ्रुत्वा स विचिन्त्याथ ततो वचनमब्रवीत् ॥ १७ ॥

त्वचाकी बात सुनकर अलर्कने थोड़ी देरतक विचार किया, फिर ( श्रोत्रको सुनाते हुए) कहा— ॥ १७ ॥

अलर्क उवाच

श्रुत्वा तु विविधान् शब्दांस्तानेव प्रतिगृध्यति ।

तस्माच्छ्रोत्रं प्रति शरान् प्रतिमुञ्चाम्यहं शितान् ॥ १८ ॥

अलर्क बोले — यह श्रोत्र बारंबार नाना प्रकारके शब्दोंको सुनकर उन्हींकी अभिलाषा करता है, इसलिये मैं इन तीखे बाणोंको श्रोत्र - इन्द्रियके ऊपर चलाऊँगा ॥ १८ ॥

श्रोत्रमुवाच

नेमे बाणास्तरिष्यन्ति मामलर्क कथंचन ।

तवैव मर्म भेत्स्यन्ति ततो हास्यसि जीवितम् ॥ १ ९ ॥

अन्यान् बाणान् समीक्षस्व यैस्त्वं मां सूदयिष्यसि । श्रोत्रने कहा— अलर्क! ये बाण मुझे किसी प्रकार नहीं छेद सकते । ये तुम्हारे ही मर्मस्थानोंको विदीर्ण करेंगे । तब तुम जीवनसे हाथ धो बैठोगे । अतः तुम अन्य प्रकारके बाणोंकी खोज करो, जिनसे मुझे मार सकोगे ॥ १ ९ ३ ॥ तच्छ्रुत्वा स विचिन्त्याथ ततो वचनमब्रवीत् ॥ २० ॥

यह सुनकर अलर्कने कुछ सोच - विचारकर ( नेत्रको सुनाते हुए) कहा ॥ २० ॥

अलर्क उवाच

पृष्ठ 1727

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1727 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

दृष्ट्वा रूपाणि बहुशस्तानेव प्रतिगृध्यति ।

तस्माच्चक्षुर्हनिष्यामि निशितैः सायकैरहम् ॥ २१ ॥

अलर्क बोले- यह आँख भी अनेकों बार विभिन्न रूपोंका दर्शन करके पुनः उन्हींको देखना चाहती है । अतः मैं इसे अपने तीखे तीरोंसे मार डालूँगा ॥ २१ ॥

चक्षुरुवाच

नेमे बाणास्तरिष्यन्ति मामलर्क कथंचन ।

तवैव मर्म भेत्स्यन्ति भिन्नमर्मा मरिष्यसि ॥ २२ ॥

अन्यान् बाणान् समीक्षस्व यैस्त्वं मां सूदयिष्यसि । आँखने कहा— अलर्क! ये बाण मुझे किसी प्रकार नहीं छेद सकते । ये तुम्हारे ही मर्मस्थानोंको बींध डालेंगे और मर्म विदीर्ण हो जानेपर तुम्हें ही जीवनसे हाथ धोना पड़ेगा । अतः दूसरे प्रकारके सायकोंका प्रबन्ध सोचो, जिनकी सहायतासे तुम मुझे मार सकोगे ॥ २२ ॥

तच्छ्रुत्वा स विचिन्त्याथ ततो वचनमब्रवीत् ॥ २३ ॥

यह सुनकर अलर्कने कुछ देर विचार करनेके बाद ( बुद्धिको लक्ष्य करके ) यह बात कही ॥ २३ ॥

अलर्क उवाच

इयं निष्ठा बहुविधा प्रज्ञया त्वध्यवस्यति ।

तस्माद् बुद्धिं प्रति शरान् प्रतिमोक्ष्याम्यहं शितान् ॥ २४ ॥

अलर्कने कहा — यह बुद्धि अपनी ज्ञानशक्तिसे अनेक प्रकारका निश्चय करती है, अतः इस बुद्धिपर ही अपने तीक्ष्ण सायकोंका प्रहार करूँगा ॥ २४ ॥

बुद्धिरुवाच नेमे बाणास्तरिष्यन्ति मामलर्क कथंचन ।

तवैव मर्म भेत्स्यन्ति भिन्नमर्मा मरिष्यसि ।

अन्यान् बाणान् समीक्षस्व यैस्त्वं मां सूदयिष्यसि ॥ २५ ॥

बुद्धि बोली- अलर्क! ये बाण मेरा किसी प्रकार भी स्पर्श नहीं कर सकते । इनसे तुम्हारा ही मर्म विदीर्ण होगा और मर्म विदीर्ण होनेपर तुम्हीं मरोगे । जिनकी सहायतासे मुझे

मार सकोगे, वे बाण तो कोई और ही हैं । उनके विषयमें विचार करो ॥ २५ ॥

ब्राह्मणउवाच

ततोऽलर्कस्तपो घोरं तत्रैवास्थाय दुष्करम् ।

नाध्यगच्छत् परं शक्त्या बाणमेतेषु सप्तसु ॥ २६ ॥

पृष्ठ 1728

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1728 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

ब्राह्मणने कहा —देवि! तदनन्तर अलर्कने उसी पेड़के नीचे बैठकर घोर तपस्या की, किंतु उससे मन--बुद्धिसहित पाँचों इन्द्रियोंको मारनेयोग्य किसी उत्तम बाणका पता न चला ॥ २६ ॥

सुसमाहितचेतास्तु स ततोऽचिन्तयत् प्रभुः ।

स विचिन्त्य चिरं कालमलकों द्विजसत्तम ॥ २७ ॥

नाध्यगच्छत् परं श्रेयो योगान्मतिमतां वरः । तब वे सामर्थ्यशाली राजा एकाग्रचित्त होकर विचार करने लगे । विप्रवर! बहुत दिनोंतक निरन्तर सोचने - विचारनेके बाद बुद्धिमानोंमें श्रेष्ठ राजा अलर्कको योगसे बढ़कर दूसरा कोई कल्याणकारी साधन नहीं प्रतीत हुआ ॥ २७ ॥

स एकाग्रं मनः कृत्वा निश्चलो योगमास्थितः ॥ २८ ॥

इन्द्रियाणि जघानाशु बाणेनैकेन वीर्यवान् ।

योगेनात्मानमाविश्य सिद्धिं परमिकां गतः ॥ २ ९ ॥

वे मनको एकाग्र करके स्थिर आसनसे बैठ गये और ध्यानयोगका साधन करने लगे । इस ध्यानयोगरूप एक ही बाणसे मारकर उन बलशाली नरेशने समस्त इन्द्रियोंको सहसा परास्त कर दिया । वे ध्यानयोगके द्वारा आत्मामें प्रवेश करके परम सिद्धि ( मोक्ष ) -को प्राप्त हो गये ॥ २८-२९ ॥

विस्मितश्चापि राजर्षिरिमां गाथां जगाद ह ।

अहो कष्टं यदस्माभिः सर्वं बाह्यमनुष्ठितम् ॥ ३० ॥

भोगतृष्णासमायुक्तैः पूर्वं राज्यमुपासितम् ।

इति पश्चान्मया ज्ञातं योगान्नास्ति परं सुखम् ॥ ३१ ॥

इस सफलतासे राजर्षि अलर्कको बड़ा आश्चर्य हुआ और उन्होंने इस गाथाका गान किया — ‘ अहो! बड़े कष्टकी बात है कि अबतक मैं बाहरी कामोंमें ही लगा रहा और भोगोंकी तृष्णासे आबद्ध होकर राज्यकी ही उपासना करता रहा । ध्यानयोगसे बढ़कर दूसरा कोई उत्तम सुखका साधन नहीं है, यह बात तो मुझे बहुत पीछे मालूम हुई है ' ॥ ३०-३१ ॥

इति त्वमनुजानीहि राम मा क्षत्रियान् जहि ।

तपो घोरमुपातिष्ठ ततः श्रेयोऽभिपत्स्यसे ॥ ३२ ॥

( पितामहोंने कहा— ) बेटा परशुराम! इन सब बातोंको अच्छी तरह समझकर तुम क्षत्रियोंका नाश न करो । घोर तपस्यामें लग जाओ, उसीसे तुम्हें कल्याण प्राप्त होगा ॥ ३२ ॥

इत्युक्तः स तपो घोरं जामदग्न्यः पितामहैः ।

आस्थितः सुमहाभागो ययौ सिद्धिं च दुर्गमाम् ॥ ३३ ॥

पृष्ठ 1729

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1729 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

अपने पितामहोंके इस प्रकार कहनेपर महान् सौभाग्यशाली जमदग्निनन्दन परशुरामजीने कठोर तपस्या की और इससे उन्हें परम दुर्लभ सिद्धि प्राप्त हुई ॥ ३३ ॥

इति श्रीमहाभारते आश्वमेधिके पर्वणि अनुगीतापर्वणि ब्राह्मणगीतासु त्रिंशोऽध्यायः ॥ ३० ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आश्वमेधिकपर्वके अन्तर्गत अनुगीतापर्वमें ब्राह्मणगीताविषयक तीसवाँअध्याय पूरा हुआ ॥ ३० ॥

पृष्ठ 1730

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1730 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

एकत्रिंशोऽध्यायः राजा अम्बरीषकी गायी हुई आध्यात्मिक स्वराज्यविषयक गाथा ब्राह्मणउवाच

यो वै रिपवो लोके नवधा गुणतः स्मृताः ।

प्रहर्षः प्रीतिरानन्दस्त्रयस्ते सात्त्विका गुणाः ॥ १ ॥

तृष्णा क्रोधोऽभिसंरम्भो राजसास्ते गुणाः स्मृताः ।

श्रमस्तन्द्रा च मोहश्च त्रयस्ते तामसा गुणाः ॥ २ ॥

ब्राह्मणने कहा- देवि! इस संसारमें सत्त्व, रज और तम—- ये तीन मेरे शत्रु हैं । ये - वृत्तियोंके भेदसे नौ प्रकारके माने गये हैं । हर्ष, प्रीति और आनन्द — ये तीन सात्त्विक गुण हैं; तृष्णा, क्रोध और द्वेषभाव- से तीन राजस गुण हैं और थकावट, तन्द्रा तथा मोह — ये तीन तामस गुण हैं ॥ १-२ ॥

एतान् निकृत्य धृतिमान् बाणसंघैरतन्द्रितः ।

जेतुं परानुत्सहते प्रशान्तात्मा जितेन्द्रियः ॥ ३ ॥

शान्तचित्त, जितेन्द्रिय, आलस्यहीन और धैर्यवान् पुरुष शम-दम आदि बाण- समूहोंके द्वारा इन पूर्वोक्त गुणोंका उच्छेद करके दूसरोंको जीतनेका उत्साह करते हैं ॥ ३ ॥

अत्र गाथाः कीर्तयन्ति पुराकल्पविदो जनाः ।

अम्बरीषेण या गीता राज्ञा पूर्वं प्रशाम्यता ॥ ४ ॥

इस विषयमें पूर्वकालकी बातोंके जानकार लोग एक गाथा सुनाया करते हैं । पहले कभी शान्तिपरायण महाराज अम्बरीषने इस गाथाका गान किया था ॥ ४ ॥

समुदीर्णेषु दोषेषु बाध्यमानेषु साधुषु ।

जग्राह तरसा राज्यमम्बरीषो महायशाः ॥ ५ ॥

कहते हैं — जब दोषोंका बल बढ़ा और अच्छे गुण दबने लगे, उस समय महायशस्वी महाराज अम्बरीषने बलपूर्वक राज्यकी बागडोर अपने हाथमें ली ॥ ५ ॥

स निगृह्यात्मनो दोषान् साधून् समभिपूज्य च ।

जगाम महतीं सिद्धिं गाथाश्चेमा जगाद ह ॥ ६ ॥

उन्होंने अपने दोषोंको दबाया और उत्तम गुणोंका आदर किया । इससे उन्हें बहुत बड़ी सिद्धि प्राप्त हुई और उन्होंने यह गाथा गायी- ॥ ६ ॥

भूयिष्ठं विजिता दोषा निहताः सर्वशत्रवः ।

एको दोषो वरिष्ठश्च वध्यः स न हतो मया ॥ ७ ॥