06.Mahabharata Volume 6 — पृष्ठ 2381–2390

महाभारत — खण्ड ६ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 2381–2390

पृष्ठ 2381

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2381 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

भूरिश्रवाके पिता सोमदत्त भी अपने पिताके साथ ही उस महासमरमें वीरगतिको प्राप्त हुए थे ॥ ४३-४४ ॥

श्रीमतोऽस्य महाबुद्धेः संग्रामेष्वपलायिनः ।

पुत्रस्य ते पुत्रशतं निहतं यद् रणाजिरे ॥ ४५ ॥

तस्य भार्याशतमिदं दुःखशोकसमाहतम् ।

पुनः पुनर्वर्धयानं शोकं राज्ञो ममैव च ॥ ४६ ॥

तेनारम्भेण महता मामुपास्ते महामुने । ‘ आपके पुत्र, संग्राममें कभी पीठ न दिखानेवाले, परम बुद्धिमान् जो ये श्रीमान् महाराज हैं, इनके जो सौ पुत्र समरांगणमें मारे गये थे, उनकी ये सौ स्त्रियाँ बैठी हैं । ये मेरी बहुएँ दुःख और शोकके आघात सहन करती हुई मेरे और महाराजके भी शोकको बारंबार बढ़ा रही हैं ।महामुने! ये सब - की --सबस शोकके महान् आवेगसे रोती हुई मुझे ही घेरकर बैठी रहती हैं ॥ ४५-४६३ ॥ ये च शूरा महात्मानः श्वशुरा मे महारथाः ॥ ४७ ॥

सोमदत्तप्रभृतयः का नु तेषां गतिः प्रभो । ‘ प्रभो! जो मेरे महामनस्वी श्वशुर शूरवीर महारथी सोमदत्त आदि मारे गये हैं, उन्हें कौन - सी गति प्राप्त हुई है? ॥ ४७३ ॥

तव प्रसादाद् भगवन् विशोकोऽयं महीपतिः ॥ ४८ ॥

यथा स्याद् भविता चाहं कुन्ती चेयं वधूस्तव । - ‘ भगवन्! आपके प्रसादसे ये महाराज, मैं और आपकी बहू कुन्ती – ये सब- के - सब जैसे भी शोकरहित हो जायँ, ऐसी कृपा कीजिये ॥ ४८३ ॥

इत्युक्तवत्यां गान्धार्यां कुन्ती व्रतकृशानना ॥ ४ ९ ॥ प्रच्छन्नजातं पुत्रं तं सस्मारादित्यसंनिभम् । जब गान्धारीने इस प्रकार कहा, तब व्रतसे दुर्बल मुखवाली कुन्तीने गुप्तरूपसे उत्पन्न हुए अपने सूर्यतुल्य तेजस्वी पुत्र कर्णका स्मरण किया ॥ ४ ९ ॥ तामृषिर्वरदो व्यासो दूरश्रवणदर्शनः ॥ ५० ॥

अपश्यद् दुःखितां देवीं मातरं सव्यसाचिनः । दूरतककी देखने -सुनने और समझनेवाले वरदायक ऋषि व्यासने अर्जुनकी माता कुन्तीदेवीको दुःखमें डूबी हुई देखा ॥ ५० ॥

तामुवाच ततो व्यासो यत् ते कार्यं विवक्षितम् ॥ ५१ ॥

तद् ब्रूहि त्वं महाभागे यत् ते मनसि वर्तते । तब भगवान् व्यासने उनसे कहा - ' महाभागे! तुम्हें किसी कार्यके लिये यदि कुछ कहनेकी इच्छा हो, तुम्हारे मनमें यदि कोई बात उठी हो तो उसे कहो ॥ ५१३ ॥

पृष्ठ 2382

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2382 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

श्वशुराय ततः कुन्ती प्रणम्य शिरसा तदा ॥ ५२ ॥

उवाच वाक्यं सव्रीडा विवृण्वाना पुरातनम् ॥ ५३ ॥

तब कुन्तीने मस्तक झुकाकर श्वशुरको प्रणाम किया और लज्जित हो प्राचीन गुप्त रहस्यको प्रकट करते हुए कहा ॥ ५२-५३ ॥ इति श्रीमहाभारते आश्रमवासिके पर्वणि पुत्रदर्शनपर्वणि धृतराष्ट्रादिकृतप्रार्थने एकोनत्रिंशोऽध्यायः ॥ २ ९ ॥ इस प्रकार श्रीमहाभारत आश्रमवासिकपर्वके अन्तर्गत पुत्रदर्शनपर्वमें धृतराष्ट्र आदिकी की हुईप्रार्थनाविषयक उन्तीसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ २ ९ ॥ Fard

पृष्ठ 2383

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2383 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

त्रिंशोऽध्यायः कुन्तीका कर्णके जन्मका गुप्त रहस्य बताना और व्यासजीका उन्हें सान्त्वना देना कुन्त्युवाच

भगवन् श्वशुरो मेऽसि दैवतस्यापि दैवतम् ।

स मे देवातिदेवस्त्वं शृणु सत्यां गिरं मम ॥ १ ॥

कुन्ती बोली- भगवन्! आप मेरे श्वशुर हैं, मेरे देवताके भी देवता हैं; अतः मेरे लिये देवताओंसे भी बढ़कर हैं ( आज मैं आपके सामने अपने जीवनका एक गुप्त रहस्य प्रकट करती हूँ) । मेरी यह सच्ची बात सुनिये ॥ १ ॥

तपस्वी कोपनो विप्रो दुर्वासा नाम मे पितुः ।

भिक्षामुपागतो भोक्तुं तमहं पर्यंतोषयम् ॥ २ ॥

एक समयकी बात है, परम क्रोधी तपस्वी ब्राह्मण दुर्वासा मेरे पिताके यहाँ भिक्षाके लिये आये थे । मैंने उन्हें अपने द्वारा की गयी सेवाओंसे संतुष्ट कर लिया ॥

शौचेन त्वागसस्त्यागैः शुद्धेन मनसा तथा ।

कोपस्थानेष्वपि महत्स्त्वकुप्यन्न कदाचन ॥ ३ ॥

मैं शौचाचारका पालन करती, अपराधसे बची रहती और शुद्ध हृदयसे उनकी आराधना करती थी । क्रोधके बड़े - से- बड़े कारण उपस्थित होनेपर भी मैंने कभी उनपर क्रोध नहीं किया ॥ ३ ॥

स प्रीतो वरदो मेऽभूत् कृतकृत्यो महामुनिः ।

अवश्यं ते गृहीतव्यमिति मां सोऽब्रवीद् वचः ॥ ४ ॥

इससे वे वरदायक महामुनि मुझपर बहुत प्रसन्न हुए। जब उनका कार्य पूरा हो गया तब वे बोले — ' तुम्हें मेरा दिया हुआ वरदान अवश्य स्वीकार करना पड़ेगा' ॥ ४ ॥

ततः शापभयाद् विप्रमवोचं पुनरेव तम् ।

एवमस्त्विति च प्राह पुनरेव स मे द्विजः ॥ ५ ॥

उनकी बात सुनकर मैंने शापके भयसे पुनः उन ब्रह्मर्षिसे कहा - 'भगवन्! ऐसा ही हो । ' तब वे ब्राह्मणदेवता फिर मुझसे बोले- ॥ ५ ॥

धर्मस्य जननी भद्रे भवित्री त्वं शुभानने ।

वशे स्थास्यन्ति ते देवा यांस्त्वमावाहयिष्यसि ॥ ६ ॥

' भद्रे! तुम धर्मकी जननी होओगी । शुभानने! तुम जिन देवताओंका आवाहन करोगी, वे तुम्हारे वशमें हो जायँगे ' ॥ ६ ॥

पृष्ठ 2384

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2384 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

इत्युक्त्वान्तर्हितो विप्रस्ततोऽहं विस्मिताभवम् ।

न च सर्वास्ववस्थासु स्मृतिर्मे विप्रणश्यति ॥ ७ ॥

यों कहकर वे ब्रह्मर्षि अन्तर्धान हो गये । उस समय मैं वहाँ आश्चर्यसे चकित हो गयी । किसी भी अवस्थामें उनकी बात मुझे भूलती नहीं थी ॥ ७ ॥

अथ हर्म्यतलस्थाहं रविमुद्यन्तमीक्षती ।

संस्मृत्य तदृषेर्वाक्यं स्पृहयन्ती दिवानिशम् ॥ ८ ॥

एक दिन जब मैं अपने महलकी छतपर खड़ी थी, उगते हुए सूर्यपर मेरी दृष्टि पड़ी ।

महर्षि दुर्वासाके वचनोंका स्मरण करके मैं दिन- रात सूर्यदेवको चाहने लगी ॥ ८ ॥

स्थिताऽहं बालभावेन तत्र दोषमबुद्ध्यती ।

अथ देवः सहस्रांशुर्मत्समीपगतोभवत् ॥ ९ ॥

उस समय मैं बाल - स्वभावसे युक्त थी । सूर्यदेवके आगमनसे किस दोषकी प्राप्ति होगी, इसे मैं नहीं समझ सकी । इधर मेरे आवाहन करते ही भगवान् सूर्य पास आकर खड़े हो गये ॥ ९ ॥

द्विधाकृत्वाऽऽत्मनो देहं भूमौ च गगनेऽपि च ।

तताप लोकानेकेन द्वितीयेनागमत् स माम् ॥ १० ॥

वे अपने दो शरीर बनाकर एकसे आकाशमें रहकर सम्पूर्ण विश्वको प्रकाशित करने लगे और दूसरेसे पृथ्वीपर मेरे पास आ गये ॥ १० ॥

स मामुवाच वेपन्तीं वरं मत्तो वृणीष्व ह ।

गम्यतामिति तं चाहं प्रणम्य शिरसावदम् ॥ ११ ॥

मैं उन्हें देखते ही काँपने लगी । वे बोले – ' देवि! मुझसे कोई वर माँगो । ' तब मैंने सिर झुकाकर उनके चरणोंमें प्रणाम किया और कहा - ' कृपया यहाँसे चले जाइये ' ॥ ११ ॥

स मामुवाच तिग्मांशुर्वृथाऽऽह्वानं न मे क्षमम् ।

धक्ष्यामि त्वां च विप्रं च येन दत्तो वरस्तव ॥ १२ ॥

तब उन प्रचण्डरश्मि सूर्यने मुझसे कहा- ' मेरा आवाहन व्यर्थ नहीं हो सकता । तुम कोई-न -कोई वर अवश्य माँग लो अन्यथा मैं तुमको और जिसने तुम्हें वर दिया है, उस ब्राह्मणको भी भस्म कर डालूँगा ' ॥ १२ ॥

तमहं रक्षती विप्रं शापादनपकारिणम् ।

पुत्रो मे त्वत्समो देव भवेदिति ततोऽब्रवम् ॥ १३ ॥

ततो मां तेजसाऽऽविश्य मोहयित्वा च भानुमान् ।

उवाच भविता पुत्रस्तवेत्यभ्यगमद् दिवम् ॥ १४ ॥

तब मैं उन निरपराध ब्राह्मणको शापसे बचाती हुई बोली- ' देव! मुझे आपके समान पुत्र प्राप्त हो । ' इतना कहते ही सूर्यदेव मुझे मोहित करके अपने तेजके द्वारा मेरे शरीरमें

पृष्ठ 2385

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2385 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

प्रविष्ट हो गये । तत्पश्चात् बोले- ' तुम्हें एक तेजस्वी पुत्र प्राप्त होगा। ' ऐसा कहकर वे आकाशमें चले गये ॥ १३-१४ ॥

ततोऽहमन्तर्भवने पितृर्वृत्तान्तरक्षिणी ।

गूढोत्पन्नं सुतं बालं जले कर्णमवासृजम् ॥ १५ ॥

तबसे मैं इस वृत्तान्तको पिताजीसे छिपाये रखनेके लिये महलके भीतर ही रहने लगी और जब गुप्तरूपसे बालक उत्पन्न हुआ तो उसे मैंने पानीमें बहा दिया । वही मेरा पुत्र कर्ण था ॥ १५ ॥

नूनं तस्यैव देवस्य प्रसादात् पुनरेव तु ।

कन्याहमभवं विप्र यथा प्राह स मामृषिः ॥ १६ ॥

विप्रवर! उसके जन्मके बाद पुनः उन्हीं भगवान् सूर्यकी कृपासे मैं कन्याभावको प्राप्त हो गयी । जैसा कि उन महर्षिने कहा था, वैसा ही हुआ ॥ १६ ॥

समया मूढया पुत्रो ज्ञायमानोऽप्युपेक्षितः ।

तन्मां दहति विप्रर्षे यथा सुविदितं तव ॥ १७ ॥

ब्रह्मर्षे! मुझ मूढ़ नारीने अपने पुत्रको पहचान लिया तो भी उसकी उपेक्षा कर दी । यह भूल मुझे शोकाग्निसे दग्ध करती रहती है । आपको तो यह बात अच्छी तरह ज्ञात ही है ॥ १७ ॥

यदि पापमपापं वा तवैतद् विवृतं मया ।

तन्मे दहन्तं भगवन् व्यपनेतुं त्वमर्हसि ॥ १८ ॥

भगवन्! मेरा यह कार्य पाप हो या पुण्य, मैंने इसे आपके सामने प्रकट कर दिया । आप मेरे उस दाहक शोकको दूर कर दें ॥ १८ ॥

यच्चास्य राज्ञो विदितं हृदिस्थं भवतोऽनघ ।

तं चायं लभतां काममद्यैव मुनिसत्तम ॥ १ ९ ॥

निष्पाप मुनिश्रेष्ठ! इन महाराजके हृदयमें जो बात है, वह भी आपको विदित ही है । ये अपने मनोरथको आज ही प्राप्त करें, ऐसी कृपा कीजिये ॥ १ ९ ॥

इत्युक्तः प्रत्युवाचेदं व्यासो वेदविदां वरः ।

साधु सर्वमिदं भाव्यमेवमेतद् यथाऽऽत्थ माम् ॥ २० ॥

कुन्तीके इस प्रकार कहनेपर वेदवेत्ताओंमें श्रेष्ठ महर्षि व्यासने कहा– ' बेटी! तुमने जो कुछ कहा है, वह सब ठीक है, ऐसी ही होनहार थी ॥ २० ॥

अपराधश्च ते नास्ति कन्याभावं गता ह्यसि ।

देवाश्चैश्वर्यवन्तो वै शरीराण्याविशन्ति वै ॥ २१ ॥

‘ इसमें तुम्हारा कोई अपराध नहीं है; क्योंकि उस समय तुम अभी कुमारी बालिका थी । देवतालोग अणिमा आदि ऐश्वर्योंसे सम्पन्न होते हैं; अतः दूसरेके शरीरोंमें प्रविष्ट हो जाते हैं ॥ २१ ॥

पृष्ठ 2386

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2386 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

सन्ति देवनिकायाश्च संकल्पाज्जनयन्ति ये ।

वाचा दृष्ट्या तथा स्पर्शात् संघर्षेणेति पञ्चधा ॥ २२ ॥

‘ बहुत - से ऐसे देवसमुदाय हैं, जो संकल्प, वचन, दृष्टि, स्पर्श तथा समागम — इन पाँचों प्रकारोंसे पुत्र उत्पन्न करते हैं ॥ २२ ॥

मनुष्यधर्मो दैवेन धर्मेण हि न दुष्यति ।

इति कुन्ति विजानीहि व्येतु ते मानसो ज्वरः ॥ २३ ॥

' कुन्ती! देवधर्मके द्वारा मनुष्यधर्म दूषित नहीं होता, इस बातको जान लो । अब तुम्हारी मानसिक चिन्ता दूर हो जानी चाहिये ॥ २३ ॥

सर्वं बलवतां पथ्यं सर्वं बलवतां शुचि ।

सर्वं बलवतां धर्मः सर्वं बलवतां स्वकम् ॥ २४ ॥

‘ बलवानोंका सब कुछ ठीक या लाभदायक है । बलवानोंका सारा कार्य पवित्र है ।

बलवानोंका सब कुछ धर्म है और बलवानोंके लिये सारी वस्तुएँ अपनी हैं ' ॥ २४ ॥

इति श्रीमहाभारते आश्रमवासिके पर्वणि पुत्रदर्शनपर्वणि व्यासकुन्तीसंवादे त्रिंशोऽध्यायः ॥ ३० ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आश्रमवासिकपर्वके अन्तर्गत पुत्रदर्शनपर्वमेंव्यास और कुन्तीका संवादविषयक तीसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ३० ॥

पृष्ठ 2387

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2387 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

एकत्रिंशोऽध्यायः व्यासजीके द्वारा धृतराष्ट्र आदिके पूर्वजन्मका परिचय तथा उनके कहनेसे सब लोगोंका गङ्गा- तटपर जाना व्यास उवाच

भद्रे द्रक्ष्यसि गान्धारि पुत्रान् भ्रातॄन् सखींस्तथा ।

वधूश्च पतिभिः सार्धं निशि सुप्तोत्थिता इव ॥ १ ॥

व्यासजीने कहा- भद्रे गान्धारि! आज रातमें तुम अपने पुत्रों, भाइयों और उनके मित्रोंको देखोगी । तुम्हारी वधुएँ तुम्हें पतियोंके साथ- साथ सोकर उठी हुई- सी दिखायी देंगी ॥ १ ॥

कर्णं द्रक्ष्यति कुन्ती च सौभद्रं चापि यादवी ।

द्रौपदी पञ्च पुत्रांश्च पितॄन् भ्रातॄंस्तथैव च ॥ २ ॥

कुन्ती कर्णको, सुभद्रा अभिमन्युको तथा द्रौपदी पाँचों पुत्रोंको, पिताको और भाइयोंको भी देखेगी ॥ २ ॥

पूर्वमेवैष हृदये व्यवसायोऽभवन्मम ।

यदास्मि चोदितो राज्ञा भवत्या पृथयैव च ॥ ३ ॥

जब राजा धृतराष्ट्रने, तुमने और कुन्तीने भी मुझे इसके लिये प्रेरित किया था, उससे पहले ही मेरे हृदयमें यह ( मृत व्यक्तियोंके दर्शन करानेका) निश्चय हो गया था ॥ ३ ॥

न ते शोच्या महात्मानः सर्व एव नरर्षभाः ।

क्षत्रधर्मपराः सन्तस्तथा हि निधनं गताः ॥ ४ ॥

तुम्हें क्षत्रिय धर्मपरायण होकर तदनुसार ही वीरगतिको प्राप्त हुए उन समस्त महामनस्वी, नरश्रेष्ठ वीरोंके लिये कदापि शोक नहीं करना चाहिये ॥ ४ ॥

भवितव्यमवश्यं तत् सुरकार्यमनिन्दिते ।

अवतेरुस्ततः सर्वे देवभागा महीतलम् ॥ ५ ॥

सती- साध्वी देवि! यह देवताओंका कार्य था और इसी रूपमें अवश्य होनेवाला था; इसलिये सभी देवताओंके अंश इस पृथ्वीपर अवतीर्ण हुए थे ॥ ५ ॥

गन्धर्वाप्सरसश्चैव पिशाचा गुह्यराक्षसाः ।

तथा पुण्यजनाश्चैव सिद्धा देवर्षयोऽपि च ॥ ६ ॥

देवाश्च दानवाश्चैव तथा देवर्षयोऽमलाः ।

त एते निधनं प्राप्ताः कुरुक्षेत्रे रणाजिरे ॥ ७ ॥

पृष्ठ 2388

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2388 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

गन्धर्व, अप्सरा, पिशाच, गुह्यक, राक्षस, पुण्यजन, सिद्ध देवर्षि, देवता, दानव तथा निर्मल देवर्षिगण — ये सभी यहाँ अवतार लेकर कुरुक्षेत्रके समरांगणमें वधको प्राप्त हुए हैं ॥ ६-७ ॥

गन्धर्वराजो यो धीमान् धृतराष्ट्र इति श्रुतः ।

स एव मानुषे लोके धृतराष्ट्रः पतिस्तव ॥ ८ ॥

गन्धर्वोंके लोकमें जो बुद्धिमान् गन्धर्वराज धृतराष्ट्रके नामसे विख्यात हैं, वे ही मनुष्यलोकमें तुम्हारे पति धृतराष्ट्रके रूपमें अवतीर्ण हुए हैं ॥ ८ ॥

पाण्डुं मरुद्गणाद् विद्धि विशिष्टतममच्युतम् ।

धर्मस्यांशोऽभवत् क्षत्ता राजा चैव युधिष्ठिरः ॥ ९ ॥

अपनी महिमासे कभी च्युत न होनेवाले राजा पाण्डुको तुम मरुद्गणोंसे भी श्रेष्ठतम

समझो । विदुर धर्मके अंश थे । राजा युधिष्ठिर भी धर्मके ही अंश हैं ॥

कलिं दुर्योधनं विद्धि शकुनिं द्वापरं तथा ।

दुःशासनादीन् विद्धि त्वं राक्षसान् शुभदर्शने ॥ १० ॥

दुर्योधनको कलियुग समझो और शकुनिको द्वापर| शुभदर्शने! अपने दुःशासन आदि पुत्रोंको राक्षस जानो ॥

मरुद्गणाद् भीमसेनं बलवन्तमरिंदमम् ।

विद्धि त्वं तु नरमृषिमिमं पार्थं धनंजयम् ॥ ११ ॥

शत्रुओंका दमन करनेवाले बलवान् भीमसेनको मरुद्गणोंके अंशसे उत्पन्न मानो । इन कुन्तीपुत्र धनंजयको तुम पुरातन ऋषि ' नर ' समझो ॥ ११ ॥

नारायणं हृषीकेशमश्विनौ यमजौ तथा ।

यः स वैरार्थमुद्भूतः संघर्षजननस्तथा ।

तं कर्णं विद्धि कल्याणि भास्करं शुभदर्शने ॥ १२ ॥

यश्च पाण्डवदायादो हतः षड्भिर्महारथैः ।

स सोम इह सौभद्रो योगादेवाभवद् द्विधा ॥ १३ ॥

भगवान् श्रीकृष्ण नारायण ऋषिके अवतार हैं । नकुल और सहदेव दोनोंको अश्विनीकुमार समझो । कल्याणि! जो केवल वैर बढ़ानेके लिये उत्पन्न हुआ था और कौरव-पाण्डवोंमें संघर्ष पैदा करानेवाला था, उस कर्णको सूर्य समझो । जिस पाण्डवपुत्रको छः महारथियोंने मिलकर मारा था, उस सुभद्राकुमार अभिमन्युके रूपमें साक्षात् चन्द्रमा ही इस भूतलपर अवतीर्ण हुए थे । वे अपने योगबलसे दो रूपोंमें प्रकट हो गये थे (एक रूपसे चन्द्रलोकमें रहते थे और दूसरेसे भूतलपर) ॥ १२-१३ ॥

द्विधा कृत्वाऽऽत्मनो देहमादित्यं तपतां वरम् ।

लोकांश्च तापयानं वै विद्धि कर्णं च शोभने ॥ १४ ॥

पृष्ठ 2389

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2389 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

शोभने! तपनेवालोंमें श्रेष्ठ सूर्यदेव अपने शरीरके दो भाग करके एकसे सम्पूर्ण लोकोंको ताप देते रहे और दूसरे भागसे कर्णके रूपमें अवतीर्ण हुए । इस तरह कर्णको तुम सूर्यरूप जानो ॥ १४ ॥

द्रौपद्या सह सम्भूतं धृष्टद्युम्नं च पावकात् ।

अग्नेर्भागं शुभं विद्धि राक्षसं तु शिखण्डिनम् ॥ १५ ॥

तुम्हें यह भी ज्ञात होना चाहिये कि जो द्रौपदीके साथ अग्निसे प्रकट हुआ था, वह धृष्टद्युम्न अग्निका शुभ अंश था और शिखण्डीके रूपमें एक राक्षसने अवतार लिया था ॥ १५ ॥

द्रोणं बृहस्पतेर्भागं विद्धि द्रौणिं च रुद्रजम् ।

भीष्मं च विद्धि गाङ्गेयं वसुं मानुषतां गतम् ॥ १६ ॥

द्रोणाचार्यको बृहस्पतिका और अश्वत्थामाको रुद्रका अंश जानो । गंगापुत्र भीष्मको मनुष्ययोनिमें अवतीर्ण हुआ एक वसु समझो ॥ १६ ॥

एवमेते महाप्रज्ञे देवा मानुष्यमेत्य हि ।

ततः पुनर्गताः स्वर्गं कृते कर्मणि शोभने ॥ १७ ॥

महाप्रज्ञे! शोभने! इस प्रकार ये देवता कार्यवश मानव- शरीरमें जन्म ले अपना काम पूरा कर लेनेपर पुनः स्वर्गलोकको चले गये हैं ॥ १७ ॥

यच्च वै हृदि सर्वेषां दुःखमेतच्चिरं स्थितम् ।

तदद्य व्यपनेष्यामि परलोककृताद् भयात् ॥ १८ ॥

तुम सब लोगोंके हृदयमें इनके लिये पारलौकिक भयके कारण जो चिरकालसे दुःख भरा हुआ है, उसे आज दूर कर दूँगा ॥ १८ ॥

सर्वे भवन्तो गच्छन्तु नदीं भागीरथीं प्रति ।

तत्र द्रक्ष्यथ तान् सर्वान् ये हतास्तत्र संयुगे ॥ १ ९ ॥

इस समय तुम सब लोग गङ्गाजीके तटपर चलो । वहीं सबको समरांगणमें मारे गये अपने सभी सम्बन्धियोंके दर्शन होंगे ॥ १ ९ ॥ वैशम्पायन उवाच

इति व्यासस्य वचनं श्रुत्वा सर्वो जनस्तदा ।

महता सिंहनादेन गङ्गामभिमुखो ययौ ॥ २० ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - राजन्! महर्षि व्यासका यह वचन सुनकर सब लोग महान् सिंहनाद करते हुए प्रसन्नतापूर्वक गङ्गातटकी ओर चल दिये ॥ २० ॥

धृतराष्ट्रश्च सामात्यः प्रययौ सह पाण्डवैः ।

सहितो मुनिशार्दूलैर्गन्धर्वैश्च समागतैः ॥ २१ ॥

पृष्ठ 2390

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 2390 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

राजा धृतराष्ट्र अपने मन्त्रियों, पाण्डवों, मुनिवरों तथा वहाँ आये हुए गन्धर्वोंके साथ गङ्गाजीके समीप गये ॥ २१ ॥

ततो गङ्गां समासाद्य क्रमेण स जनार्णवः ।

निवासमकरोत् सर्वो यथाप्रीति यथासुखम् ॥ २२ ॥

क्रमशः वह सारा जनसमुद्र गङ्गातटपर जा पहुँचा और सब लोग अपनी- अपनी रुचि तथा सुख - सुविधाके अनुसार जहाँ- तहाँ ठहर गये ॥ २२ ॥

राजा च पाण्डवैः सार्धमिष्टे देशे सहानुगः ।

निवासमकरोद् धीमान् सस्त्रीवृद्धपुरःसरः ॥ २३ ॥

बुद्धिमान् राजा धृतराष्ट्र स्त्रियों और वृद्धोंको आगे करके पाण्डवों तथा सेवकोंके साथ वहाँ अभीष्ट स्थानमें ठहरे ॥ २३ ॥

जगाम तदहश्चापि तेषां वर्षशतं यथा ।

निशां प्रतीक्षमाणानां दिदृक्षूणां मृतान् नृपान् ॥ २४ ॥

मृत राजाओंको देखनेकी इच्छासे सभी लोग वहाँ रात होनेकी प्रतीक्षा करते रहे; अतः वह दिन उनके लिये सौ वर्षोंके समान जान पड़ा तो भी वह धीरे- धीरे बीत ही गया ॥ २४ ।

अथ पुण्यं गिरिवरमस्तमभ्यगमद् रविः ।

ततः कृताभिषेकास्ते नैशं कर्म समाचरन् ॥ २५ ॥

तदनन्तर सूर्यदेव परम पवित्र अस्ताचलको जा पहुँचे । उस समय सब लोग स्नान करके सायंकालोचित संध्यावन्दन आदि कर्म करने लगे ॥ २५ ॥

इति श्रीमहाभारते आश्रमवासिके पर्वणि पुत्रदर्शनपर्वणि गङ्गातीरगमने एकत्रिंशोऽध्यायः ॥ ३१ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आश्रमवासिकपर्वके अन्तर्गत पुत्रदर्शनपर्वमें सबका गङ्गातीरपर गमनविषयक इकतीसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ३१ ॥