02.Mahabharata Volume 2 — पृष्ठ 2421–2430

महाभारत — खण्ड २ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 2421–2430

पृष्ठ 2421

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2421 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

' जिन विषयोंमें दुविधा पड़ जाती है, उनमें सदा संदेह बना रहता है । किसी विषयको अन्य प्रकारसे सोचा जाता है, किंतु पता लगनेपर वह किसी और ही प्रकारका सिद्ध होता है ॥ ७ ॥

उत्तरं मार्गमाणानां मत्स्यानां च युयुत्सताम् ।

यदि बीभत्सुरायातस्तदा कस्यापराध्नुमः ॥ ८ ॥

‘ हमलोग मत्स्यदेशके उत्तरगोष्ठकी खोज करते हुए यहाँ आये और मत्स्यदेशीय सैनिकोंके साथ ही युद्ध करना चाहते थे । इस दशामें भी यदि अर्जुन हमसे युद्ध करने आया है, तो हम किसका अपराध कर रहे हैं? ॥

त्रिगर्तानां वयं हेतोर्मत्स्यान् योद्धुमिहागताः ।

मत्स्यानां विप्रकारांस्ते बहूनस्मानकीर्तयन् ॥ ९ ॥

‘ मत्स्यनिवासियोंके साथ भी जो हम यहाँ युद्धके लिये आये हैं, वह अपने स्वार्थको लेकर नहीं, त्रिगर्तोंकी सहायताके उद्देश्यसे हमारा यहाँ आगमन हुआ है । त्रिगर्तोंने हमारे सामने मत्स्यदेशीय सैनिकोंके बहुत- से अत्याचारोंका वर्णन किया था ॥ ९ ॥

तेषां भयाभिभूतानां तदस्माभिः प्रतिश्रुतम् ।

प्रथमं तैर्ग्रहीतव्यं मत्स्यानां गोधनं महत् ।

सप्तम्यामपराह्णे वै तथा तैस्तु समाहितम् ॥ १० ॥

' वे भयसे बहुत दबे हुए थे; इसलिये हमने उनकी सहायताके लिये प्रतिज्ञा की थी । हमारी उनकी बात यह हुई थी कि वे लोग सप्तमी तिथिको अपराह्नकालमें मत्स्यदेशके (दक्षिण) गोष्ठपर आक्रमण करके वहाँका महान् गोधन अपने अधिकारमें कर लें । ऐसा ही उन्होंने किया भी है ॥ १० ॥

अष्टम्यां पुनरस्माभिरादित्यस्योदयं प्रति ।

इमा गावो ग्रहीतव्या गते मत्स्ये गवां पदम् ॥ ११ ॥

' साथ ही यह भी तय हुआ था कि हमलोग अष्टमीको सूर्योदय होते -होते उत्तरगोष्ठकी इन गौओंको ग्रहण कर लें; क्योंकि उस समय मत्स्यराज गौओंके पदचिह्नोंका अनुसरण करते हुए त्रिगर्तोंके पीछे गये होंगे ॥ ११ ॥

ते वा गाश्चानयिष्यन्ति यदि वा स्युः पराजिताः ।

अस्मान् वा ह्युपसंधाय कुर्युर्मत्स्येन संगतम् ॥ १२ ॥

‘ वे त्रिगर्त - सैनिक गौओंको यहाँ ले आयेंगे अथवा यदि परास्त हो गये, तो हमलोगोंसे मिलकर पुनः मत्स्यराजके साथ युद्ध करेंगे ॥ १२ ॥

अथवा तानपाहाय मत्स्यो जानपदैः सह ।

सर्वया सेनया सार्धं संवृतो भीमरूपया ।

आयातः केवलं रात्रिमस्मान् योद्धुमिहागतः ॥ १३ ॥

पृष्ठ 2422

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2422 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

' अथवा यदि मत्स्यराज त्रिगर्तोंको भगाकर अपने देशके लोगों एवं अपनी सारी भयंकर सेनाके साथ इस रातमें हमलोगोंसे युद्ध करनेके लिये यहाँ आ रहे होंगे ॥

तेषामेव महावीर्यः कश्चिदेष पुरःसरः ।

अस्मान् जेतुमिहायातो मत्स्यो वापि स्वयं भवेत् ॥ १४ ॥

‘ उन्हीं सैनिकोंमेंसे यह कोई महापराक्रमी योद्धा अगुआ बनकर हमें जीतने आया है ।

यह भी सम्भव है कि ये स्वयं मत्स्यराज ही हों ॥ १४ ॥

यद्येष राजा मत्स्यानां यदि बीभत्सुरागतः ।

सर्वैर्योद्धव्यमस्माभिरिति नः समयः कृतः ॥ १५ ॥

‘ यदि यह मत्स्योंका राजा विराट हो अथवा अर्जुन ही उसकी ओरसे आया हो, तो भी हम सब लोगोंको उससे युद्ध करना ही है; यह हमने प्रतिज्ञा कर ली है ॥ १५ ॥

अथ कस्मात् स्थिता ह्येते रथेषु रथसत्तमाः ।

भीष्मो द्रोणः कृपश्चैव विकर्णो द्रौणिरेव च ॥ १६ ॥

सम्भ्रान्तमनसः सर्वे काले ह्यस्मिन् महारथाः ।

नान्यत्र युद्धाच्छ्रेयोऽस्ति तथाऽऽत्मा प्रणिधीयताम् ॥ १७ ॥

‘ फिर वे हमारे श्रेष्ठ रथी - महारथी भीष्म, द्रोण, कृप, विकर्ण और अश्वत्थामा आदि इस समय भ्रान्तचित्त हो रथोंमें चुपचाप क्यों बैठे हैं? युद्धके सिवा और किसी बातमें कल्याण नहीं है । यह समझकर अपने - आपको इस परिस्थितिके अनुकूल बनाना चाहिये ॥

आच्छिन्ने गोधनेऽस्माकमपि देवेन वज्रिणा ।

यमेन वापि संग्रामे को हास्तिनपुरं व्रजेत् ॥ १८ ॥

‘ यदि स्वयं वज्रधारी इन्द्र अथवा यमराज ही युद्धमें आकर हमसे गोधन छीन लें, तो भी ऐसा कौन होगा, जो उनका सामना करना छोड़कर हस्तिनापुरको लौट जाय? ॥ १८ ॥

शरैरेभिः प्रणुन्नानां भग्नानां गहने वने ।

को हि जीवेत् पदातीनां भवेदश्वेषु संशयः ॥ १ ९ ॥

'यदि कोई गहन वनमें भागकर प्राण बचाना चाहें, तो मेरे इन बाणोंसे वे छिन्न -भिन्न कर दिये जायँगे । इस तरह भागनेवाले पैदल सैनिकोंमेंसे कौन जीवित रह सकता है? घुड़सवारोंके विषयमें संदेह है ( वे भागनेपर मारे भी जा सकते हैं और बच भी सकते हैं ) ' ॥ १ ९ ॥

दुर्योधनवचः श्रुत्वा राधेयस्त्वब्रवीद् वचः ।

आचार्यं पृष्ठतः कृत्वा तथा नीतिर्विधीयताम् ॥ २० ॥

दुर्योधनकी बात सुनकर राधानन्दन कर्णने कहा- ' राजन्! आप आचार्य द्रोणको पीछे रखकर ऐसी नीति बनाइये कि विजय प्राप्त हो ॥ २० ॥

जानाति हि मतं तेषामतस्त्रासयतीह नः ।

अर्जुने चास्य सम्प्रीतिमधिकामुपलक्षये ॥ २१ ॥

पृष्ठ 2423

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2423 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

‘ ये पाण्डवोंका मत जानते हैं, इसीलिये यहाँ हमें डरा रहे हैं और अर्जुनके प्रति इनका प्रेम अधिक मैं देखता हूँ ॥ २१ ॥

तथा हि दृष्ट्वा बीभत्सुमुपायान्तं प्रशंसति ।

यथा सेना न भज्येत तथा नीतिर्विधीयताम् ॥ २२ ॥

‘ तभी तो अर्जुनको आते देख ये उसकी प्रशंसा कर रहे हैं । ( इनकी बातोंसे हतोत्साह होकर) सेनामें भगदड़ न मच जाय, इसका खयाल रखते हुए तदनुकूल नीति निर्धारित कीजिये ॥ २२ ॥

द्वेषितं ह्युपशृण्वाने द्रोणे सर्वं विघट्टितम् ।

अदेशिका महारण्ये ग्रीष्मे शत्रुवशं गताः ।

यथा न विभ्रमेत् सेना तथा नीतिर्विधीयताम् ॥ २३ ॥

‘ [ आगे रहनेपर] ये अर्जुनके घोड़ोंकी हिनहिनाहट सुनते ही घबरा उठेंगे । फिर तो सारी सेना ही विचलित हो जायगी । इस समय हम विदेशमें हैं, बड़े भारी जंगलमें पड़े हुए हैं, गरमीकी ऋतु है और हम शत्रुके वशमें आ गये हैं; अतः ऐसी नीतिसे काम लें कि इनकी बातें सुनकर सैनिकोंके मनमें भ्रम न फैले ॥ २३ ॥

इष्टा हि पाण्डवा नित्यमाचार्यस्य विशेषतः ।

आसयन्नपरार्थाश्च कथ्यते स्म स्वयं तथा ॥ २४ ॥

‘ आचार्यको सदासे ही पाण्डव अधिक प्रिय रहे हैं । उन स्वार्थियोंने अपना काम बनानेके लिये ही द्रोणाचार्यको आपके पास रख छोड़ा है । ये स्वयं भी ऐसी बातें कहते हैं, जिससे हमारे कथनकी पुष्टि होती है ॥ २४ ॥

अश्वानां हेषितं श्रुत्वा कः प्रशंसापरो भवेत् ।

स्थाने वापि व्रजन्तो वा सदा द्वेषन्ति वाजिनः ॥ २५ ॥

' भला, घोड़ोंकी हिनहिनाहट सुनकर कौन किसीकी प्रशंसा करने लग जाता है? घोड़े अपने स्थानपर हों या यात्रा करते हों, वे सदा ही हींसते रहते हैं ( इससे किसीकी वीरताका क्या सम्बन्ध है? ) ॥ २५ ॥

सदा च वायवो वान्ति नित्यं वर्षति वासवः ।

स्तनयित्नोश्च निर्घोषः श्रूयते बहुशस्तथा ॥ २६ ॥

किमत्र कार्यं पार्थस्य कथं वा स प्रशस्यते ।

अन्यत्र कामाद् द्वेषाद् वा रोषादस्मासु केवलात् ॥ २७ ॥

'हवा सदा चला करती है । इन्द्र हमेशा वर्षा करते हैं । मेघोंकी गर्जना बहुत बार सुननेको मिलती है । ( इससे डरने या अपशकुन माननेकी क्या बात है? ) इसमें अर्जुनका क्या काम है ( कौन- सा चमत्कार है? ) इस बातको लेकर क्यों उसकी प्रशंसा की जाती है? इसका कारण इस बातके सिवा और क्या हो सकता है कि आचार्यके मनमें अर्जुनका भला

पृष्ठ 2424

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2424 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

करनेकी इच्छा हो एवं हमारे प्रति इनके हृदयमें केवल द्वेष तथा रोषका भाव ही संचित हो? ॥ २६-२७ ॥

आचार्या वै कारुणिकाः प्राज्ञाश्चापापदर्शिनः ।

नैते महाभये प्राप्ते सम्प्रष्टव्याः कथंचन ॥ २८ ॥

‘ आचार्यलोग बड़े दयालु, बुद्धिमान् और पाप तथा हिंसाके विरुद्ध विचार रखनेवाले होते हैं । जब कोई महान् भयका अवसर प्राप्त हो, उस समय इनसे किसी प्रकारकी सलाह नहीं पूछनी चाहिये ॥ २८ ॥

प्रासादेषु विचित्रेषु गोष्ठीषूपवनेषु च ।

कथा विचित्राः कुर्वाणाः पण्डितास्तत्र शोभनाः ॥ २ ९ ॥

‘ पण्डितलोग सुन्दर महलों और मन्दिरोंमें, सभाओंमें और बगीचोंमें बैठकर जब विचित्र कथावार्ता सुना रहे हों, तब वहीं उनकी शोभा होती है ॥ २ ९ ॥

बहून्याश्चर्यरूपाणि कुर्वाणा जनसंसदि ।

इज्यास्त्रे चोपसंधाने पण्डितास्तत्र शोभनाः ॥ ३० ॥

जनसमुदायमें बहुत - से आश्चर्यजनक विनोदपूर्ण कार्य करने तथा यज्ञ-सम्बन्धी आयुधों ( पात्रों ) को यथास्थान रखने एवं प्रोक्षण आदि करनेमें ही पण्डितोंकी शोभा है ॥ ३० ॥

परेषां विवरज्ञाने मनुष्यचरितेषु च ।

हस्त्यश्वरथचर्यासु खरोष्ट्राजाविकर्मणि ॥ ३१ ॥

गोधनेषु प्रतोलीषु वरद्वारमुखेषु च ।

अन्नसंस्कारदोषेषु पण्डितास्तत्र शोभनाः ॥ ३२ ॥

'दूसरोंके छिद्रको जानने या देखनेमें, मनुष्योंकी दिनचर्या बतानेमें, हाथी, घोड़े तथा रथयात्रा करनेका मुहूर्त आदिसे निकालनेमें, गदहों, ऊँटों, बकरों और भेड़ोंकी गुण- दोष-समीक्षा एवं चिकित्सा आदिमें गोधनके संग्रह और परीक्षणमें, गलियों तथा घरके श्रेष्ठ दरवाजोंपर किये जानेवाले मांगलिक कृत्यमें, नवीन अन्नका इष्टिद्वारा संस्कार कराने तथा अन्नमें केश- कीट आदि गिर जानेसे जो दोष आता है, उनपर विचार करनेमें भी पण्डितोंकी राय लेनी चाहिये । ऐसे ही कार्योंमें उनकी शोभा है ॥ ३१-३२ ॥

पण्डितान् पृष्ठतः कृत्वा परेषां गुणवादिनः ।

विधीयतां तथा नीतिर्यथा वध्यो भवेत् परः ॥ ३३ ॥

' शत्रुओंके गुणोंका बखान करनेवाले पण्डितोंको पीछे करके ऐसी नीति काममें लें, जिससे शत्रुका वध हो सके ॥ ३३ ॥

गावश्च सम्प्रतिष्ठाप्य सेनां व्यूह्य समन्ततः ।

आरक्षाश्च विधीयन्तां यत्र योत्स्यामहे परान् ॥ ३४ ॥

' गौओंको बीचमें खड़ी करके उनके चारों ओर सेनाका व्यूह बना लिया जाय तथा सब ओरसे रक्षाकी ऐसी व्यवस्था कर ली जाय, जिससे हम शत्रुओंके साथ युद्ध कर

पृष्ठ 2425

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2425 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

5' ॥ ३४ ॥

इति श्रीमहाभारते विराटपर्वणि गोहरणपर्वणि उत्तरगोग्रहे दुर्योधनवाक्ये सप्तचत्वारिंशोऽध्यायः ॥ ४७ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत विराटपर्वके अन्तर्गत गोहरणपर्वमें उत्तरगोग्रहमें दुर्योधनवाक्यसम्बन्धी सैंतालीसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ४७ ॥

पृष्ठ 2426

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2426 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

अष्टचत्वारिंशोऽध्यायः कर्णकी आत्मप्रशंसापूर्ण अहंकारोक्ति कर्णउवाच

सर्वानायुष्मतो भीतान् संत्रस्तानिव लक्षये ।

अयुद्धमनसश्चैव सर्वांश्चैवानवस्थितान् ॥ १ ॥

कर्ण बोला- मैं आप सब आयुष्मानोंको भयभीत एवं त्रस्त-सा देखता हूँ। आपमेंसे किसीका मन युद्धमें नहीं लग रहा है एवं सभी चञ्चल दिखायी देते हैं ॥ १ ॥

यद्येष राजा मत्स्यानां यदि बीभत्सुरागतः ।

अहमावारयिष्यामि वेलेव मकरालयम् ॥ २ ॥

यदि यह मत्स्यदेशका राजा हो अथवा यदि स्वयं अर्जुन आया हो, तो भी जैसे वेला समुद्रको रोक देती है, उसी प्रकार मैं भी इसे आगे बढ़नेसे रोक दूँगा ॥ २ ॥

मम चापप्रयुक्तानां शराणां नतपर्वणाम् ।

नावृत्तिर्गच्छतां तेषां सर्पाणामिव सर्पताम् ॥ ३ ॥

मेरे धनुषसे छूटकर सर्पोंकी भाँति आगे बढ़नेवाले और झुकी हुई गाँठवाले बाण कभी अपने लक्ष्यसे च्युत नहीं होते ॥ ३ ॥

रुक्मपुङ्खा सुतीक्ष्णाग्रा मुक्ता हस्तवता मया ।

छादयन्तु शराः पार्थं शलभा इव पादपम् ॥ ४ ॥

सुनहरी पाँख और तीखी नोकवाले बाण मेरे हाथोंसे छूटकर अर्जुनको ठीक उसी तरह, ढँक लेंगे; जैसे टिड्डियाँ पेड़को आच्छादित कर देती हैं ॥ ४ ॥

शराणां पुङ्खसक्तानां मौर्व्याभिहतया दृढम् ।

श्रूयतां तलयोः शब्दो भेर्योराहतयोरिव ॥ ५ ॥

पाँखवाले बाणोंको धनुषकी प्रत्यञ्चापर चढ़ाकर भलीभाँति खींचनेके पश्चात् मेरी दोनों हथेलियोंका ऐसा शब्द होता है, जैसे दो नगाड़े पीटे गये हों । आज वह शब्द आपलोग सुनें ॥ ५ ॥

समाहितो हि बीभत्सुर्वर्षाण्यष्टौ च पञ्च च ।

जातस्नेहश्च युद्धेऽस्मिन् मयि सम्प्रहरिष्यति ॥ ६ ॥

अर्जुन तेरह वर्षोंतक वनमें समाधि लगाता रहा है, किंतु उसका इस युद्धमें स्नेह है; अतः मुझपर वह बाणोंका प्रहार करेगा ॥ ६ ॥

पात्रीभूतश्च कौन्तेयो ब्राह्मणो गुणवानिव ।

शरौघान् प्रतिगृह्णातु मया मुक्तान् सहस्रशः ॥ ७ ॥

पृष्ठ 2427

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2427 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

कुन्तीनन्दन धनंजय गुणवान् ब्राह्मणकी भाँति मेरे लिये एक सुपात्र व्यक्ति है । अतः आज वह मेरे छोड़े हुए सहस्रों बाणसमुदायोंका दान स्वीकार करे ॥ ७ ॥

एष चैव महेष्वासस्त्रिषु लोकेषु विश्रुतः ।

अहं चापि नरश्रेष्ठादर्जुनान्नावरः क्वचित् ॥ ८ ॥

यह तीनों लोकोंमें महान् धनुर्धरके रूपमें विख्यात है और मैं भी नरश्रेष्ठ अर्जुनसे किसी बातमें कम नहीं हूँ ॥ ८ ॥

इतश्चेतश्च निर्मुक्तैः काञ्चनैर्गार्ध्रवाजितैः ।

दृश्यतामद्य वै व्योम खद्योतैरिव संवृतम् ॥ ९ ॥

इधर- उधर दोनों ओरसे छूटे हुए गीधकी पाँखोंसे युक्त सुवर्णमय बाणोंद्वारा आच्छादित हो आज आकाश जुगुनुओंसे भरा हुआ - सा दिखायी देगा ॥ ९ ॥

अद्याहमृणमक्षय्यं पुरा वाचा प्रतिश्रुतम् ।

धार्तराष्ट्राय दास्यामि निहत्य समरेऽर्जुनम् ॥ १० ॥

मैं आज युद्धमें अर्जुनको मारकर पहले की हुई अपनी प्रतिज्ञाके अनुसार दुर्योधनका अक्षय ऋण चुका दूँगा ॥ १० ॥

अन्तराच्छिद्यमानानां पुङ्खानां व्यतिशीर्यताम् ।

शलभानामिवाकाशे प्रचारः सम्प्रदृश्यताम् ॥ ११ ॥

आज बीचसे कटकर इधर- उधर बिखर जानेवाले पंखयुक्त बाणोंका आकाशमें फतिंगोंकी भाँति उड़ना और गिरना देखो ॥ ११ ॥

इन्द्राशनिसमस्पर्शेर्महेन्द्रसमतेजसम् ।

अर्दयिष्याम्यहं पार्थमुल्काभिरिव कुञ्जरम् ॥ १२ ॥

यद्यपि अर्जुन महेन्द्रके समान तेजस्वी है, तो भी आज उसे उल्काओं ( मशालों) द्वारा गजराजकी भाँति इन्द्रके वज्रकी तरह कठोर स्पर्शवाले अपने बाणोंसे पीड़ित कर दूँगा ॥ १२ ॥

रथादतिरथं शूरं सर्वशस्त्रभृतां वरम् ।

विवशं पार्थमादास्ये गरुत्मानिव पन्नगम् ॥ १३ ॥

जो रथियोंसे भी बढ़कर अतिरथी, सम्पूर्ण शस्त्र -धारियोंमें श्रेष्ठ और शूरवीर है, उस कुन्तीपुत्रको आज मैं युद्धमें विवश करके उसी प्रकार दबोच लूँगा, जैसे गरुड़ साँपको पकड़ लेता है ॥ १३ ॥

तमग्निमिव दुर्धर्षमसिशक्तिशरेन्धनम् ।

पाण्डवाग्निमहं दीप्तं प्रदहन्तमिवाहितम् ॥ १४ ॥

अश्ववेगपुरोवातो रथौघस्तनयित्नुमान् ।

शरधारो महामेघः शमयिष्यामि पाण्डवम् ॥ १५ ॥

पृष्ठ 2428

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2428 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

जो अग्निकी भाँति दुर्धर्ष है, खड्ग, शक्ति और बाणरूपी ईंधनसे प्रज्वलित है और अपने शत्रुको भस्म कर रही है, उस अर्जुनरूपी जलती हुई आगको आज मैं महामेघ बनकर बुझा दूँगा । मेरे अश्वोंका वेग ही पुरवैया हवाका काम करेगा। रथसमूहकी घर्घराहट ही बादलोंकी गम्भीर गर्जना होगी और बाणोंकी धारा ही जलधाराका काम करेगी ॥ १४-१५ ॥

मत्कार्मुकविनिर्मुक्ताः पार्थमाशीविषोपमाः ।

शराः समभिसर्पन्तु वल्मीकमिव पन्नगाः ॥ १६ ॥

आज मेरे धनुषसे छूटे हुए सर्पोंके समान विषैले बाण अर्जुनके शरीरमें उसी प्रकार प्रवेश करेंगे, जैसे साँप बाँबीमें घुसते हैं ॥ १६ ॥

सुतेजनै रुक्मपुङ्खैः सुधौतैर्नतपर्वभिः ।

आचितं पश्य कौन्तेयं कर्णिकारैरिवाचलम् ॥ १७ ॥

कनेरके फूलोंसे व्याप्त पर्वतकी जैसी शोभा होती है, उसी प्रकार मेरे तेज, सुनहरे पंखवाले, उज्ज्वल और झुकी हुई गाँठवाले बाणोंद्वारा कुन्तीपुत्र अर्जुनको आच्छादित हुआ देखो ॥ १७ ॥

जामदग्न्यान्मया ह्यस्त्रं यत् प्राप्तमृषिसत्तमात् ।

तदुपाश्रित्य वीर्यं च युध्येयमपि वासवम् ॥ १८ ॥

मुनिश्रेष्ठ परशुरामजीसे मैंने जो अस्त्र प्राप्त किये हैं, उन अस्त्रों और अपने पराक्रमका आश्रय लेकर मैं इन्द्रसे भी युद्ध कर सकता हूँ ॥ १८ ॥

ध्वजाग्रे वानरस्तिष्ठन् भल्लेन निहतो मया ।

अद्यैव पततां भूमौ विनदन् भैरवान् रवान् ॥ १ ९ ॥

अर्जुनकी ध्वजाके अग्रभागपर स्थित होनेवाला वानर जो भयंकर गर्जना किया करता है, वह आज ही मेरे बाणोंसे मारा जाकर पृथ्वीपर गिर जाय ॥ १ ९ ॥

शत्रोर्मया विपन्नानां भूतानां ध्वजवासिनाम् ।

दिशः प्रतिष्ठमानानामस्तु शब्दो दिवंगमः ॥ २० ॥

शत्रुकी ध्वजामें निवास करनेवाले भूतगण भी मुझसे मारे जाकर जब चारों दिशाओंमें भागने लगेंगे, उस समय उनके हाहाकारका शब्द स्वर्गलोकतक पहुँच जायगा ॥

अद्य दुर्योधनस्याहं शल्यं ह्रदि चिरस्थितम् ।

समूलमुद्धरिष्यामि बीभत्सुं पातयन् रथात् ॥ २१ ॥

अर्जुनको रथसे गिराकर आज मैं दुर्योधनके हृदयमें चिरकालसे चुभे हुए काँटेको जड़सहित निकाल फेंकूँगा ॥

हताश्वं विरथं पार्थं पौरुषे पर्यवस्थितम् ।

निःश्वसन्तं यथा नागमद्य पश्यन्तु कौरवाः ॥ २२ ॥

पृष्ठ 2429

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2429 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

पुरुषार्थसाधनमें लगे हुए अर्जुनके घोड़े मार दिये जायँगे और वह रथहीन होकर केवल साँपकी भाँति फुफकार मारता फिरेगा। कौरवलोग आज उसकी यह अवस्था भी देखें ॥ २२ ॥

कामं गच्छन्तु कुरवो धनमादाय केवलम् ।

रथेषु वापि तिष्ठन्तो युद्धं पश्यन्तु मामकम् ॥ २३ ॥

कौरवोंकी इच्छा हो, तो वे केवल गोधन लेकर यहाँसे चले जायँ अथवा अपने रथोंपर बैठे रहकर अर्जुनके साथ मेरा युद्ध देखें ॥ २३ ॥

इति श्रीमहाभारते विराटपर्वणि गोहरणपर्वणि उत्तरगोग्रहे कर्णविकत्थने अष्टचत्वारिंशोऽध्यायः ॥ ४८ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत विराटपर्वके अन्तर्गत गोहरणपर्वमेंउत्तरगोग्रहके समय कर्णके आत्मप्रशंसापूर्णवचनसम्बन्धी अड़तालीसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ४८ ॥

पृष्ठ 2430

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 2430 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

एकोनपञ्चाशत्तमोऽध्यायः कृपाचार्यका कर्णको फटकारते हुए युद्धके विषयमें अपना विचार बताना कृप उवाच

सदैव तव राधेय युद्धे क्रूरतरा मतिः ।

नार्थानां प्रकृतिं वेत्सि नानुबन्धमवेक्षसे ॥ १ ॥

तदनन्तर कृपाचार्यने कहा- राधानन्दन! युद्धके विषयमें तुम्हारा विचार सदा ही क्रूरतापूर्ण रहता है । तुम न तो कार्योंके स्वरूपको ही जानते हो और न उनके परिणामका ही विचार करते हो ॥ १ ॥

माया हि बहवः सन्ति शास्त्रमाश्रित्य चिन्तिताः ।

तेषां युद्धं तु पापिष्ठं वेदयन्ति पुराविदः ॥ २ ॥

मैंने शास्त्रका आश्रय लेकर बहुत-सी मायाओंका चिन्तन किया है; किंतु उन सबमें युद्ध ही सर्वाधिक पापपूर्ण कर्म है - ऐसा प्राचीन विद्वान् बताते हैं ॥ २ ॥

देशकालेन संयुक्तं युद्धं विजयदं भवेत् ।

हीनकालं तदेवेह फलं न लभते पुनः ।

देशे काले च विक्रान्तं कल्याणाय विधीयते ॥ ३ ॥

देश और कालके अनुसार जो युद्ध किया जाता है, वह विजय देनेवाला होता है; किंतु जो अनुपयुक्त कालमें किया जाता है, वह युद्ध सफल नहीं होता । देश और कालके अनुसार किया हुआ पराक्रम ही कल्याणकारी होता है ॥ ३ ॥

आनुकूल्येन कार्याणामन्तरं संविधीयते ।

भारं हि रथकारस्य न व्यवस्यन्ति पण्डिताः ॥ ४ ॥

देश और कालकी अनुकूलता होनेसे ही कार्योंका फल सिद्ध होता है । विद्वान् पुरुष रथ बनानेवाले ( सूत ) की बातपर ही सारा भार डालकर स्वयं देश- कालका विचार किये बिना युद्ध आदिका निश्चय नहीं करते * ॥ ४ ॥

परिचिन्त्य तु पार्थेन संनिपातों न नः क्षमः ।

एकः कुरूनभ्यगच्छदेकश्चाग्निमतर्पयत् ॥ ५ ॥

विचार करनेपर तो यही समझमें आता है कि अर्जुनके साथ युद्ध करना हमारे लिये कदापि उचित नहीं है; [ क्योंकि वे अकेले भी हमें परास्त कर सकते हैं । ] अर्जुनने अकेले ही उत्तरकुरुदेशपर चढ़ाई की और उसे जीत लिया । अकेले ही खाण्डववन देकर अग्निको तृप्त किया ॥ ५ ॥