06.Mahabharata Volume 6 — पृष्ठ 1841–1850

महाभारत — खण्ड ६ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 1841–1850

पृष्ठ 1841

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1841 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

ददर्शाथ मुनिश्रेष्ठमुत्तङ्कममितौजसम् ॥ ७ ॥

इस प्रकार मरुभूमिके समतल प्रदेशमें पहुँचकर महाबाहु श्रीकृष्णने अमिततेजस्वी मुनिश्रेष्ठ उत्तंकका दर्शन किया ॥ ७ ॥

सतं सम्पूज्य तेजस्वी मुनिं पृथुललोचनः ।

पूजितस्तेन च तदा पर्यपृच्छदनामयम् ॥ ८ ॥

विशाल नेत्रोंवाले तेजस्वी श्रीकृष्ण उत्तंक मुनिकी पूजा करके स्वयं भी उनके द्वारा पूजित हुए । तत्पश्चात् उन्होंने मुनिका कुशल- समाचार पूछा ॥ ८ ॥

स पृष्टः कुशलं तेन सम्पूज्य मधुसूदनम् ।

उत्तङ्को ब्राह्मणश्रेष्ठस्ततः पप्रच्छ माधवम् ॥ ९ ॥

उनके कुशल- मंगल पूछनेपर विप्रवर उत्तंकने भी मधुसूदन माधवकी पूजा करके उनसे इस प्रकार प्रश्न किया— ॥ ९ ॥

कच्चिच्छौरे त्वया गत्वा कुरुपाण्डवसद्म तत् ।

कृतं सौभ्रात्रमचलं तन्मे व्याख्यातुमर्हसि ॥ १० ॥

' शूरनन्दन! क्या तुम कौरवों और पाण्डवोंके घर जाकर उनमें अविचल भ्रातृभाव स्थापित कर आये? यह बात मुझे विस्तारके साथ बताओ ॥ १० ॥

अपि संधाय तान् वीरानुपावृत्तोऽसि केशव ।

सम्बन्धिनः स्वदयितान् सततं वृष्णिपुङ्गव ॥ ११ ॥

केशव! क्या तुम उन वीरोंमें संधि कराकर ही लौट रहे हो? वृष्णिपुंगव! वे कौरव, पाण्डव तुम्हारे सम्बन्धी तथा तुम्हें सदा ही परम प्रिय रहे हैं ॥ ११ ॥

कच्चित् पाण्डुसुताः पञ्च धृतराष्ट्रस्य चात्मजाः ।

लोकेषु विहरिष्यन्ति त्वया सह परंतप ॥ १२ ॥

‘ परंतप! क्या पाण्डुके पाँचों पुत्र और धृतराष्ट्रके भी सभी आत्मज संसारमें तुम्हारे साथ सुखपूर्वक विचर सकेंगे? ॥

स्वराष्ट्रे ते च राजानः कच्चित् प्राप्स्यन्ति वै सुखम् ।

कौरवेषु प्रशान्तेषु त्वया नाथेन केशव ॥ १३ ॥

‘ केशव! तुम- जैसे रक्षक एवं स्वामीके द्वारा कौरवोंके शान्त कर दिये जानेपर अब पाण्डवनरेशोंको अपने राज्यमें सुख तो मिलेगा न? ॥ १३ ॥

या मे सम्भावना तात त्वयि नित्यमवर्तत ।

अपि सा सफला तात कृता ते भरतान् प्रति ॥ १४ ॥

' तात! मैं सदा तुमसे इस बातकी सम्भावना करता था कि तुम्हारे प्रयत्नसे कौरव-पाण्डवोंमें मेल हो जायगा । मेरी जो वह सम्भावना थी, भरतवंशियोंके सम्बन्धमें तुमने वह सफल तो किया है न? ' ॥ १४ ॥

श्रीभगवानुवाच

पृष्ठ 1842

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1842 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

कृतो यत्नो मया पूर्वं सौशाम्ये कौरवान् प्रति ।

नाशक्यन्त यदा साम्ये ते स्थापयितुमञ्जसा ॥ १५ ॥

ततस्ते निधनं प्राप्ताः सर्वे ससुतबान्धवाः । श्रीभगवान्ने कहा — महर्षे! मैंने पहले कौरवोंके पास जाकर उन्हें शान्त करनेके लिये बड़ा प्रयत्न किया, परंतु वे किसी तरह संधिके लिये तैयार न किये जा सके । जब उन्हें समतापूर्ण मार्गमें स्थापित करना असम्भव हो गया, तब वे सब- के5--सबस अपने पुत्र और बन्धु - बान्धवोंसहित युद्धमें मारे गये ॥ १५३ ॥

न दिष्टमप्यतिक्रान्तुं शक्यं बुद्धया बलेन वा ॥ १६ ॥

महर्षे विदितं भूयः सर्वमेतत् तवानघ ।

तेऽत्यक्रामन् मतिं मह्यं भीष्मस्य विदुरस्य च ॥ १७ ॥

महर्षे! प्रारब्धके विधानको कोई बुद्धि अथवा बलसे नहीं मिटा सकता। अनघ! आपको तो ये सब बातें मालूम ही होंगी कि कौरवोंने मेरी, भीष्मजीकी तथा विदुरजीकी सम्मतिको भी ठुकरा दिया ॥ १६-१७ ॥ ततो यमक्षयं जग्मुः समासाद्येतरेतरम् ।

पञ्चैव पाण्डवाः शिष्टा हतामित्रा हतात्मजाः ।

धार्तराष्ट्राश्च निहताः सर्वे ससुतबान्धवाः ॥ १८ ॥

इसीलिये वे आपसमें लड़-भिड़कर यमलोक जा पहुँचे । इस युद्धमें केवल पाँच पाण्डव ही अपने शत्रुओं को मारकर जीवित बच गये हैं । उनके पुत्र भी मार डाले गये हैं । धृतराष्ट्रके सभी पुत्र, जो गान्धारीके पेटसे पैदा हुए थे, अपने पुत्र और बान्धवोंसहित नष्ट हो गये ॥ १८ ॥

इत्युक्तवचने कृष्णे भृशं क्रोधसमन्वितः ।

उत्तङ्क इत्युवाचैनं रोषादुत्फुल्ललोचनः ॥ १ ९ ॥

भगवान् श्रीकृष्णके इतना कहते ही उत्तंक मुनि अत्यन्त क्रोधसे जल उठे और रोषसे

आँखें फाड़ - फाड़कर देखने लगे । उन्होंने श्रीकृष्णसे इस प्रकार कहा ॥ १ ९ ॥

उत्तङ्क उवाच

यस्माच्छक्तेन ते कृष्ण न त्राताः कुरुपुङ्गवाः ।

सम्बन्धिनः प्रियास्तस्माच्छप्स्येऽहं त्वामसंशयम् ॥ २० ॥

उत्तंक बोले — श्रीकृष्ण! कौरव तुम्हारे प्रिय सम्बन्धी थे, तथापि शक्ति रखते हुए भी

तुमने उनकी रक्षा न की । इसलिये मैं तुम्हें अवश्य शाप दूँगा ॥ २० ॥

न च ते प्रसभं यस्मात् ते निगृह्य निवारिताः ।

तस्मान्मन्युपरीतस्त्वां शप्स्यामि मधुसूदन ॥ २१ ॥

पृष्ठ 1843

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1843 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

मधुसूदन! तुम उन्हें जबर्दस्ती पकड़कर रोक सकते थे, पर ऐसा नहीं किया । इसलिये मैं क्रोधमें भरकर तुम्हें शाप दूँगा ॥ २१ ॥

त्वया शक्तेन हि सता मिथ्याचारेण माधव ।

ते परीताः कुरुश्रेष्ठा नश्यन्तः स्म ह्युपेक्षिताः ॥ २२ ॥

माधव! कितने खेदकी बात है, तुमने समर्थ होते हुए भी मिथ्याचारका आश्रय लिया । युद्धमें सब ओरसे आये हुए वे श्रेष्ठ कुरुवंशी नष्ट हो गये और तुमने उनकी उपेक्षा कर दी ॥ २२ ॥

वासुदेव उवाच

शृणु मे विस्तरेणेदं यद् वक्ष्ये भृगुनन्दन ।

गृहाणानुनयं चापि तपस्वी ह्यसि भार्गव ॥ २३ ॥

श्रीकृष्णने कहा – भृगुनन्दन! मैं जो कुछ कहता हूँ, उसे विस्तारपूर्वक सुनिये ।

भार्गव! आप तपस्वी हैं, इसलिये मेरी अनुनय- विनय स्वीकार कीजिये ॥ २३ ॥

श्रुत्वा च मे तदध्यात्मं मुञ्चेथाः शापमद्य वै ।

न च मां तपसाल्पेन शक्तोऽभिभवितुं पुमान् ॥ २४ ॥

न च ते तपसो नाशमिच्छामि तपतां वर । मैं आपको अध्यात्मतत्त्व सुना रहा हूँ । उसे सुननेके पश्चात् यदि आपकी इच्छा हो तो आज मुझे शाप दीजियेगा । तपस्वी पुरुषोंमें श्रेष्ठ महर्षे! आप यह याद रखिये कि कोई भी पुरुष थोड़ी- सी तपस्याके बलपर मेरा तिरस्कार नहीं कर सकता । मैं नहीं चाहता कि आपकी तपस्या नष्ट हो जाय ॥ २४ ॥

तपस्ते सुमहद्दीप्तं गुरवश्चापि तोषिताः ॥ २५ ॥

कौमारं ब्रह्मचर्यं ते जानामि द्विजसत्तम ।

दुःखार्जितस्य तपसस्तस्मान्नेच्छामि ते व्ययम् ॥ २६ ॥

आपका तप और तेज बहुत बढ़ा हुआ है । आपने गुरुजनोंको भी सेवासे संतुष्ट किया है । द्विजश्रेष्ठ! आपने बाल्यावस्थासे ही ब्रह्मचर्यका पालन किया है । ये सारी बातें मुझे अच्छी तरह ज्ञात हैं । इसलिये अत्यन्त कष्ट सहकर संचित किये हुए आपके तपका मैं नाश कराना नहीं चाहता हूँ ॥ २५-२६ ॥ इति श्रीमहाभारते आश्वमेधिके पर्वणि अनुगीतापर्वणि उत्तङ्कोपाख्याने कृष्णोत्तङ्कसमागमे त्रिपञ्चाशत्तमोऽध्यायः ॥ ५३ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आश्वमेधिकपर्वके अन्तर्गत अनुगीतापर्वमें उत्तङ्कके उपाख्यानमें श्रीकृष्ण और उत्तङ्कका समागमविषयक तिरपनवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ५३ ॥

पृष्ठ 1844

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1844 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

चतुष्पञ्चाशत्तमोऽध्यायः भगवान् श्रीकृष्णका उत्तंकसे अध्यात्मतत्त्वका वर्णन करना तथा दुर्योधनके अपराधको कौरवोंके विनाशका कारण बतलाना उत्तङ्क उवाच

ब्रूहि केशव तत्त्वेन त्वमध्यात्ममनिन्दितम् ।

श्रुत्वा श्रेयोऽभिधास्यामि शापं वा ते जनार्दन ॥ १ ॥

उत्तंकने कहा — केशव! जनार्दन! तुम यथार्थरूपसे उत्तम अध्यात्मतत्त्वका वर्णन करो । उसे सुनकर मैं तुम्हारे कल्याणके लिये आशीर्वाद दूँगा अथवा शाप प्रदान करूँगा ॥ वासुदेव उवाच

तमो रजश्च सत्त्वं च विद्धि भावान् मदाश्रयान् ।

तथा रुद्रान् वसून् वापि विद्धि मत्प्रभवान् द्विज ॥ २ ॥

श्रीकृष्णने कहा— ब्रह्मर्षे! आपको यह विदित होना चाहिये कि तमोगुण, रजोगुण और सत्त्वगुण — ये सभी भाव मेरे ही आश्रित हैं । रुद्रों और वसुओंको भी आप मुझसे ही उत्पन्न जानिये ॥ २ ॥

मयि सर्वाणि भूतानि सर्वभूतेषु चाप्यहम् ।

स्थित इत्यभिजानीहि मा तेऽभूदत्र संशयः ॥ ३ ॥

सम्पूर्ण भूत मुझमें हैं और सम्पूर्ण भूतोंमें मैं स्थित हूँ। इस बातको आप अच्छी तरह समझ लें । इसमें आपको संशय नहीं होना चाहिये ॥ ३ ॥

तथा दैत्यगणान् सर्वान् यक्षगन्धर्वराक्षसान् ।

नागानप्सरसश्चैव विद्धि मत्प्रभवान् द्विज ॥ ४ ॥

विप्रवर! सम्पूर्ण दैत्यगण, यक्ष, गन्धर्व, राक्षस, नाग और अप्सराओंको मुझसे ही उत्पन्न जानिये ॥ ४ ॥

सदसच्चैव यत् प्राहुरव्यक्तं व्यक्तमेव च ।

अक्षरं च क्षरं चैव सर्वमेतन्मदात्मकम् ॥ ५ ॥

विद्वान् लोग जिसे सत्- असत्, व्यक्त - अव्यक्त और क्षर- अक्षर कहते हैं, यह सब मेरा ही स्वरूप है ॥ ५ ॥

ये चाश्रमेषु वै धर्माश्चतुर्धा विदिता मुने ।

वैदिकानि च सर्वाणि विद्धि सर्वं मदात्मकम् ॥ ६ ॥

पृष्ठ 1845

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1845 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

मुने! चारों आश्रमोंमें जो चार प्रकारके धर्म प्रसिद्ध हैं तथा जो सम्पूर्ण वेदोक्त कर्म हैं, उन सबको मेरा स्वरूप ही समझिये ॥ ६ ॥

असच्च सदसच्चैव यद् विश्वं सदसत् परम् ।

मत्तः परतरं नास्ति देवदेवात् सनातनात् ॥ ७ ॥

असत्, सदसत् तथा उससे भी परे जो अव्यक्त जगत् है, वह भी मुझ सनातन देवाधिदेवसे पृथक् नहीं है ॥ ७ ॥

ओङ्कारप्रमुखान् वेदान् विद्धि मां त्वं भृगूद्वह ।

यूपं सोमं चरुं होमं त्रिदशाप्यायनं मखे ॥ ८ ॥

होतारमपि हव्यं च विद्धि मां भृगुनन्दन ।

अध्वर्युः कल्पकश्चापि हविः परमसंस्कृतम् ॥ ९ ॥

भृगुश्रेष्ठ! ॐकारसे आरम्भ होनेवाले चारों वेद मुझे ही समझिये । यज्ञमें यूप, सोम, चरु, देवताओंको तृप्त करनेवाला होम, होता और हवन सामग्री भी मुझे ही जानिये । भृगुनन्दन! अध्वर्यु, कल्पक और अच्छी प्रकार संस्कार किया हुआ हविष्य–ये सब मेरे ही स्वरूप हैं ॥

उद्गाता चापि मां स्तौति गीताघोषैर्महाध्वरे ।

प्रायश्चित्तेषु मां ब्रह्मन् शान्तिमङ्गलवाचकाः ॥ १० ॥

स्तुवन्ति विश्वकर्माणं सततं द्विजसत्तम ।

मम विद्धि सुतं धर्ममग्रजं द्विजसत्तम ॥ ११ ॥

मानसं दयितं विप्र सर्वभूतदयात्मकम् । बड़े - बड़े यज्ञोंमें उद्गाता उच्च स्वरसे सामगान करके मेरी ही स्तुति करते हैं । ब्रह्मन्! प्रायश्चित्त - कर्ममें शान्तिपाठ तथा मंगलपाठ करनेवाले ब्राह्मण सदा मुझ विश्वकर्माका ही स्तवन करते हैं । द्विजश्रेष्ठ! तुम्हें मालूम होना चाहिये कि सम्पूर्ण प्राणियोंपर दया करना- रूप जो धर्म है, वह मेरा परमप्रिय ज्येष्ठ पुत्र है । मेरे मनसे उसका प्रादुर्भाव हुआ है ॥ १०-११३ || तत्राहं वर्तमानैश्च निवृत्तैश्चैव मानवैः ॥ १२ ॥

बह्वीः संसरमाणो वै योनीर्वर्तामि सत्तम ।

धर्मसंरक्षणार्थाय धर्मसंस्थापनाय च ॥ १३ ॥

तैस्तैर्वेषैश्च रूपैश्च त्रिषु लोकेषु भार्गव । भार्गव! उस धर्ममें प्रवृत्त होकर जो पाप कर्मोंसे निवृत्त हो गये हैं ऐसे मनुष्योंके साथ मैं सदा निवास करता हूँ । साधुशिरोमणे! मैं धर्मकी रक्षा और स्थापनाके लिये तीनों लोकोंमें बहुत - सी योनियोंमें अवतार धारण करके उन उन रूपों और वेषोंद्वारा तदनुरूप बर्ताव करता हूँ ॥ १२-१३३ ॥ अहं विष्णुरहं ब्रह्मा शक्रोऽथ प्रभवाप्ययः ॥ १४ ॥

पृष्ठ 1846

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1846 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

भूतग्रामस्य सर्वस्य स्रष्टा संहार एव च । मैं ही विष्णु, मैं ही ब्रह्मा और मैं ही इन्द्र हूँ । सम्पूर्ण भूतोंकी उत्पत्ति और प्रलयका कारण भी मैं ही हूँ । समस्त प्राणिसमुदायकी सृष्टि और संहार भी मेरे ही द्वारा होते हैं ॥ १४ ३ ॥ अधर्मे वर्तमानानां सर्वेषामहमच्युतः ॥ १५ ॥

धर्मस्य सेतुं बध्नामि चलिते चलिते युगे ।

तास्ता योनीः प्रविश्याहं प्रजानां हितकाम्यया ॥ १६ ॥

अधर्ममें लगे हुए सभी मनुष्योंको दण्ड देनेवाला और अपनी मर्यादासे कभी च्युत न होनेवाला ईश्वर मैं ही हूँ । जब- जब युगका परिवर्तन होता है, तब - तब मैं प्रजाकी भलाईके लिये भिन्न -भिन्न योनियोंमें प्रविष्ट होकर धर्ममर्यादाकी स्थापना करता हूँ ॥ १५-१६ ॥

यदा त्वहं देवयोनौ वर्तामि भृगुनन्दन ।

तदाहं देववत् सर्वमाचरामि न संशयः ॥ १७ ॥

भृगुनन्दन! जब मैं देवयोनिमें अवतार लेता हूँ, तब देवताओंकी ही भाँति सारे आचार-विचारका पालन करता हूँ, इसमें संशय नहीं है ॥ १७ ॥

यदा गन्धर्वयोनौ वा वर्तामि भृगुनन्दन ।

तदा गन्धर्ववत् सर्वमाचरामि न संशयः ॥ १८ ॥

भृगुकुलको आनन्द प्रदान करनेवाले महर्षे! जब मैं गन्धर्व- योनिमें प्रकट होता हूँ, तब मेरे सारे आचार- विचार गन्धर्वोंके ही समान होते हैं, इसमें संदेह नहीं है ॥

नागयोनौ यदा चैव तदा वर्तामि नागवत् ।

यक्षराक्षसयोन्योस्तु यथावद् विचराम्यहम् ॥ १ ९ ॥

जब मैं नागयोनिमें जन्म ग्रहण करता हूँ, तब नागोंकी तरह बर्ताव करता हूँ । यक्षों और राक्षसोंकी योनियोंमें प्रकट होनेपर उन्हींके आचार-विचारका यथावत् रूपसे पालन करता हूँ ॥ १ ९ ॥

मानुष्ये वर्तमाने तु कृपणं याचिता मया ।

न च ते जातसम्मोहा वचोऽगृह्णन्त मे हितम् ॥ २० ॥

इस समय मैं मनुष्ययोनिमें अवतीर्ण हुआ हूँ, इसलिये कौरवोंपर अपनी ईश्वरीय शक्तिका प्रयोग न करके पहले मैंने दीनतापूर्वक ही संधिके लिये प्रार्थना की थी; परंतु उन्होंने मोहग्रस्त होनेके कारण मेरी हितकर बात नहीं मानी ॥ २० ॥

पृष्ठ 1847

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1847 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

उत्तङ्कमुनिकी श्रीकृष्णसे विश्वरूप दिखानेके लिये प्रार्थना

पृष्ठ 1848

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1848 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

भयं च महदुद्दिश्य त्रासिताः कुरवो मया ।

क्रुद्धेन भूत्वा तु पुनर्यथावदनुदर्शिताः ॥ २१ ॥

तेऽधर्मेणेह संयुक्ताः परीताः कालधर्मणा ।

धर्मेण निहता युद्धे गताः स्वर्गं न संशयः ॥ २२ ॥

इसके बाद क्रोधमें भरकर मैंने कौरवोंको बड़े - बड़े भय दिखाये और उन्हें बहुत डराया-धमकाया तथा यथार्थरूपसे युद्धका भावी परिणाम भी उन्हें दिखाया; परंतु वे तो अधर्मसे युक्त एवं कालसे ग्रस्त थे । अतः मेरी बात माननेको राजी न हुए । फिर क्षत्रिय- धर्मके अनुसार युद्धमें मारे गये । इसमें संदेह नहीं कि वे सब-के- सब स्वर्गलोकमें गये हैं ॥ २१-२२ ॥

लोकेषु पाण्डवाश्चैव गताः ख्यातिं द्विजोत्तम ।

एतत् ते सर्वमाख्यातं यन्मां त्वं परिपृच्छसि ॥ २३ ॥

द्विजश्रेष्ठ! पाण्डव अपने धर्माचरणके कारण समस्त लोकोंमें विख्यात हुए हैं । आपने जो कुछ पूछा था, उसके अनुसार मैंने यह सारा प्रसङ्ग कह सुनाया ॥ २३ ॥

इति श्रीमहाभारते आश्वमेधिके पर्वणि अनुगीतापर्वणि उत्तङ्कोपाख्याने कृष्णवाक्ये चतुष्पञ्चाशत्तमोऽध्यायः ॥ ५४ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आश्वमेधिकपर्वके अन्तर्गत अनुगीतापर्वमें उत्तंकके उपाख्यानमें श्रीकृष्णका वचनविषयक चौवनवाँ अध्याय पूराहुआ ॥ ५४ ॥

पृष्ठ 1849

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1849 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

पञ्चपञ्चाशत्तमोऽध्यायः श्रीकृष्णका उत्तंक मुनिको विश्वरूपका दर्शन कराना और मरुदेशमें जल प्राप्त होनेका वरदान देना उत्तङ्क उवाच

अभिजानामि जगतः कर्तारं त्वां जनार्दन ।

नूनं भवत्प्रसादोऽयमिति मे नास्ति संशयः ॥ १ ॥

उत्तंकने कहा –जनार्दन! मैं यह जानता हूँ कि आप सम्पूर्ण जगत्के कर्ता हैं । निश्चय ही यह आपकी कृपा है (जो आपने मुझे अध्यात्मतत्त्वका उपदेश दिया), इसमें संशय नहीं है ॥ १ ॥

चित्तं च सुप्रसन्नं मे त्वद्भावगतमच्युत ।

विनिवृत्तं च मे शापादिति विद्धि परंतप ॥ २ ॥

शत्रुओंको संताप देनेवाले अच्युत! अब मेरा चित्त अत्यन्त प्रसन्न और आपके प्रति भक्तिभावसे परिपूर्ण हो गया है; अतः इसे शाप देनेके विचारसे निवृत्त हुआ समझें ॥ २ ॥

यदि त्वनुग्रहं कंचित् त्वत्तोऽर्हामि जनार्दन ।

द्रष्टुमिच्छामि ते रूपमैश्वरं तन्निदर्शय ॥ ३ ॥

जनार्दन! यदि मैं आपसे कुछ भी कृपा प्राप्त करनेका अधिकारी होऊँ तो आप मुझे

अपना ईश्वरीय रूप दिखा दीजिये । आपके उस रूपको देखनेकी बड़ी इच्छा है ॥ ३ ॥

वैशम्पायन उवाच

ततः स तस्मै प्रीतात्मा दर्शयामास तद् वपुः ।

शाश्वतं वैष्णवं धीमान् ददृशे यद् धनंजयः ॥ ४ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - राजन्! तब परम बुद्धिमान् भगवान् श्रीकृष्णने प्रसन्नचित्त होकर उन्हें अपने उसी सनातन वैष्णव स्वरूपका दर्शन कराया, जिसे युद्धके प्रारम्भमें अर्जुनने देखा था ॥ ४ ॥

स ददर्श महात्मानं विश्वरूपं महाभुजम् ।

सहस्रसूर्यप्रतिमं दीप्तिमत् पावकोपमम् ॥ ५ ॥

उत्तंक मुनिने उस विश्वरूपका दर्शन किया, जिसका स्वरूप महान् था । जो सहस्रों सूर्योंके समान प्रकाशमान तथा बड़ी- बड़ी भुजाओंसे सुशोभित था । उससे प्रज्वलित अग्निके समान लपटें निकल रही थीं ॥ ५ ॥

सर्वमाकाशमावृत्य तिष्ठन्तं सर्वतोमुखम् । तद् दृष्ट्वा परमं रूपं विष्णोर्वैष्णवमद्भुतम् ।

पृष्ठ 1850

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1850 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

विस्मयं च ययौ विप्रस्तं दृष्ट्वा परमेश्वरम् ॥ ६ ॥

उसके सब ओर मुख था और वह सम्पूर्ण आकाशको घेरकर खड़ा था । भगवान् विष्णुके उस अद्भुत एवं उत्कृष्ट वैष्णव रूपको देखकर उन परमेश्वरकी ओर दृष्टिपात करके ब्रह्मर्षि उत्तंकको बड़ा विस्मय हुआ ॥ ६ ॥

उत्तङ्क उवाच

( नमो नमस्ते सर्वात्मन् नारायण परात्पर ।

परमात्मन् पद्मनाभ पुण्डरीकाक्ष माधव ॥

उत्तंक बोले — सर्वात्मन्! परात्पर नारायण! आपको बारंबार नमस्कार है । परमात्मन्! पद्मनाभ! पुण्डरीकाक्ष! माधव! आपको नमस्कार है ॥

हिरण्यगर्भरूपाय संसारोत्तारणाय च ।

पुरुषाय पुराणाय चान्तर्यामाय ते नमः ॥

हिरण्यगर्भ ब्रह्मा आपके ही स्वरूप हैं । आप संसार- सागरसे पार उतारनेवाले हैं । आप

ही अन्तर्यामी पुराण- पुरुष हैं । आपको नमस्कार है ॥

अविद्यातिमिरादित्यं भवव्याधिमहौषधिम् ।

संसारार्णवपारं त्वां प्रणमामि गतिर्भव ॥

आप अविद्यारूपी अन्धकारको मिटानेवाले सूर्य, संसाररूपी रोगके महान् औषध तथा

भवसागरसे पार करनेवाले हैं । आपको प्रणाम करता हूँ । आप मेरे आश्रय-दाता हों ॥

सर्ववेदैकवेद्याय सर्वदेवमयाय च ।

वासुदेवाय नित्याय नमो भक्तप्रियाय ते ॥

आप सम्पूर्ण वेदोंके एकमात्र वेद्यतत्त्व हैं । सम्पूर्ण देवता आपके ही स्वरूप हैं तथा

आप भक्तजनोंको अत्यन्त प्रिय हैं । आप नित्यस्वरूप भगवान् वासुदेवको नमस्कार है ॥

दयया दुःखमोहान्मां समुद्धर्तुमिहार्हसि । कर्मभिर्बहुभिः पापैर्बद्धं पाहि जनार्दन || ) जनार्दन! आप स्वयं ही दया करके दुःखजनित मोहसे मेरा उद्धार करें । मैं बहुत- से

पाप-कर्मोंद्वारा बँधा हुआ हूँ । आप मेरी रक्षा करें ॥

विश्वकर्मन् नमस्तेऽस्तु विश्वात्मन् विश्वसम्भव ।

पद्भ्यां ते पृथिवी व्याप्ता शिरसा चावृतं नभः ॥ ७ ॥

विश्वकर्मन्! आपको नमस्कार है। सम्पूर्ण विश्वकी उत्पत्तिके स्थानभूत विश्वात्मन्! आपके दोनों पैरोंसे पृथ्वी और सिरसे आकाश व्याप्त है ॥ ७ ॥

द्यावापृथिव्योर्यन्मध्यं जठरेण तवावृतम् ।

भुजाभ्यामावृताश्चाशास्त्वमिदं सर्वमच्युत ॥ ८ ॥