महाभारत — खण्ड १ — पृष्ठ 1911–1920

महाभारत — खण्ड १ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 1911–1920

पृष्ठ 1911

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1911 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

भीष्मजी बोले – कुरुरत्न युधिष्ठिर! अब मैं वृष्णिवंशमें भगवान् नारायणके अवतार- ग्रहणका यथावत् वृत्तान्त कहूँगा ।

अजातशत्रो जातस्तु यथैष भुवि भूमिपः ।

कीर्त्यमानं मया तात निबोध भरतर्षभ ॥

भरतकुलभूषण तात अजातशत्रो! वसुधाकी रक्षा करनेवाले ये भगवान् यहाँ किस प्रकार प्रकट हुए? यह मैं बतला रहा हूँ, ध्यान देकर सुनो ।

सागराः समकम्पन्त मुदा चेलुश्च पर्वताः ।

जज्वलुश्चाग्नयः शान्ता जायमाने जनार्दने ॥

भगवान्के जन्मके समय आनन्दोद्रेकके कारण समुद्रमें उत्ताल तरंगें उठने लगीं, पर्वत हिलने लगे और बुझी हुई अग्नियाँ भी सहसा प्रज्वलित हो उठीं ।

शिवाः सम्प्रववुर्वाताः प्रशान्तमभवद् रजः ।

ज्योतींषि सम्प्रकाशन्ते जायमाने जनार्दने ॥

भगवान् जनार्दनके जन्मकालमें शीतल, मन्द एवं सुखद वायु चलने लगी । धरतीकी धूल शान्त हो गयी और नक्षत्र प्रकाशित होने लगे ।

देवदुन्दुभयश्चापि सस्वनुर्भृशमम्बरे ।

अभ्यवर्षस्तदाऽऽगम्य देवताः पुष्पवृष्टिभिः ॥

आकाशमें देवलोकके नगाड़े जोर- जोरसे बजने लगे और देवगण आ - आकर वहाँ फूलोंकी वर्षा करने लगे ।

गीर्भिर्मङ्गलयुक्ताभिरस्तुवन् मधुसूदनम् ।

उपतस्थुस्तदा प्रीताः प्रादुर्भावे महर्षयः ॥

वे मंगलमयी वाणीद्वारा भगवान् मधुसूदनकी स्तुति करने लगे । भगवान्‌के अवतारका समय जान महर्षिगण भी अत्यन्त प्रसन्न होकर वहाँ आ पहुँचे ।

ततस्तानभिसम्प्रेक्ष्य नारदप्रमुखानृषीन् ।

उपानृत्यन्नुपजगुर्गन्धर्वाप्सरसां गणाः ॥

नारद आदि देवर्षियोंको उपस्थित देख गन्धर्व और अप्सराएँ नाचने और गाने लगीं ।

उपतस्थे च गोविन्दं सहस्राक्षः शचीपतिः ।

अभ्यभाषत तेजस्वी महर्षीन् पूजयंस्तदा ॥

उस समय सहस्र नेत्रोंवाले शचीवल्लभ तेजस्वी इन्द्र भगवान् गोविन्दकी सेवामें उपस्थित हुए और महर्षियोंका आदर करते हुए बोले । इन्द्र उवाच

कृत्यानि देवकार्याणि कृत्वा लोकहिताय च ।

स्वलोकं लोककृद् देव पुनर्गच्छ स्वतेजसा ॥

पृष्ठ 1912

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1912 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

इन्द्रने कहा — देव! आप सम्पूर्ण जगत्के स्रष्टा हैं । देवताओंके जो कर्तव्य कार्य हैं, उन सबको सम्पूर्ण जगत्के हितके लिये सिद्ध करके आप अपने तेजसहित पुनः परमधामको पधारिये । भीष्म उवाच इत्युक्त्वा मुनिभिः सार्धं जगाम त्रिदिवेश्वरः । भीष्मजी कहते हैं- ऐसा कहकर स्वर्गलोकके स्वामी इन्द्र देवर्षियोंके साथ अपने लोकको चले गये ।

वसुदेवस्ततो जातं बालमादित्यसंनिभम् ।

नन्दगोपकुले राजन् भयात् प्राच्छादयद्धरिम् ॥

राजन्! तदनन्तर वसुदेवजीने कंसके भयसे सूर्यके समान तेजस्वी अपने नवजात बालक श्रीहरिको नन्दगोपके घरमें छिपा दिया ।

नन्दगोपकुले कृष्ण उवास बहुलाः समाः ।

ततः कदाचित् सुप्तं तं शकटस्य त्वधः शिशुम् ॥

यशोदा सम्परित्यज्य जगाम यमुनां नदीम् ।

पृष्ठ 1913

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1913 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

श्रीकृष्ण बहुत वर्षोंतक नन्दगोपके ही घरमें रहे । एक दिन वहाँ शिशु श्रीकृष्ण एक

छकड़ेके नीचे सोये थे । माता यशोदा उन्हें वहीं छोड़कर यमुनाजीके तटपर चली गयीं ।

शिशुलीलां ततः कुर्वन् स्वहस्तचरणौ क्षिपन् ॥

रुरोद मधुरं कृष्णः पादावूर्ध्वं प्रसारयन् ।

पादाङ्गुष्ठेन शकटं धारयन्नथ केशवः ॥

तत्राथैकेन पादेन पातयित्वा तथा शिशुः । उस समय श्रीकृष्ण शिशुलीलाका प्रदर्शन करते हुए अपने हाथ - पैर फेंक- फेंककर मधुर स्वरमें रोने लगे । पैरोंको ऊपर फेंकते समय भगवान् केशवने अपने पैरके अंगूठेसे

छकड़ेको धक्का दे दिया और इस प्रकार एक ही पाँवसे छकड़ेको उलटकर गिरा दिया ।

न्युब्जः पयोधराकाङ्क्षी चकार च रुरोद च ॥

पातितं शकटं दृष्ट्वा भिन्नभाण्डघटीघटम् ।

जनास्ते शिशुना तेन विस्मयं परमं ययुः ॥

उसके बाद वे स्वयं औंधे मुँह हो गये और माताका स्तन पीनेकी इच्छासे जोर - जोरसे रोने लगे । शिशुके ही पदाघातसे छकड़ा उलटकर गिर गया तथा उसपर रखे हुए सभी मटके और घड़े आदि बर्तन चकनाचूर हो गये । यह देखकर सब लोगोंको बड़ा आश्चर्य हुआ ।

प्रत्यक्षं शूरसेनानां दृश्यते महदद्भुतम् ।

पूतना चापि निहता महाकाया महास्तनी ॥

पश्यतां सर्वदेवानां वासुदेवेन भारत । भरतनन्दन! शूरसेनदेश ( मथुरामण्डल) -के निवासियोंको यह अत्यन्त अद्भुत घटना प्रत्यक्ष दिखायी दी तथा वसुदेवनन्दन श्रीकृष्णने ( आकाशमें स्थित) सब देवताओंके देखते-देखते महाकाय एवं विशाल स्तनोंवाली पूतनाको भी पहले मार डाला था । ततः काले'महाराज संसक्तौ रामकेशवौ ॥ विष्णुः सङ्कर्षणश्चोभौ रिङ्गिणौ समपद्यताम् । महाराज! तदनन्तर संकर्षण और विष्णुके स्वरूप बलराम और श्रीकृष्ण दोनों भाई

कुछ कालके अनन्तर एक साथ ही घुटनोंके बल रेंगने लगे ।

अन्योन्यकिरणग्रस्तौ चन्द्रसूर्याविवाम्बरे ॥

विसर्पयेतां सर्वत्र सर्पभोगभुजौ तदा । जैसे चन्द्रमा और सूर्य एक- दूसरेकी किरणोंसे बँधकर आकाशमें एक साथ विचरते हों, उसी प्रकार बलराम और श्रीकृष्ण सर्वत्र एक साथ चलते - फिरते थे । उनकी भुजाएँ सर्पके

शरीरकी भाँति सुशोभित होती थीं ।

रेजतुः पांसुदिग्धाङ्गौ रामकृष्णौ तदा नृप ॥

क्वचिच्च जानुभिर्धृष्टौ क्रीडमानौ क्वचिद् वने ।

पिबन्तौ दधिकुल्याश्च मथ्यमाने च भारत ॥

पृष्ठ 1914

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1914 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

नरेश्वर! बलराम और श्रीकृष्ण दोनोंके अंग धूलि धूसरित होकर बड़ी शोभा पाते । भारत! कभी वे दोनों भाई घुटनोंके बल चलते थे, जिससे उनमें घट्टे पड़ गये थे । कभी वे वनमें खेला करते और कभी मथते समय दहीकी घोल लेकर पीया करते थे ।

ततः स बालो गोविन्दो नवनीतं तदा क्षये ।

ग्रसमानस्तु तत्रायं गोपीभिर्ददृशेऽथ वै ॥

एक दिन बालक श्रीकृष्ण एकान्त गृहमें छिपकर माखन खा रहे थे । उस समय वहाँ उन्हें कुछ गोपियोंने देख लिया ।

दाम्नाथोलूखले कृष्णो गोपस्त्रीभिश्च बन्धितः ।

तदाथ शिशुना तेन राजंस्तावर्जुनावुभौ ॥

समूलविटपौ भग्नौ तदद्भुतमिवाभवत् । तब उन यशोदा आदि गोपांगनाओंने एक रस्सीसे श्रीकृष्णको ऊखलमें बाँध दिया । राजन्! उस समय उन्होंने उस ऊखलको यमलार्जुन वृक्षोंके बीचमें अड़ाकर उन्हें जड़ और

शाखाओंसहित तोड़ डाला। वह एक अद्भुत -सी घटना घटित हुई ।

तत्रासुरौ महाकायौ गतप्राणौ बभूवतुः ॥

उन वृक्षोंपर दो विशालकाय असुर रहा करते थे । वे भी वृक्षोंके टूटनेके साथ ही अपने प्राणोंसे हाथ धो बैठे ।

ततस्तौ बाल्यमुत्तीर्णौ कृष्णसङ्कर्षणावुभौ ।

तस्मिन्नेव व्रजस्थाने सप्तवर्षौ बभूवतुः ॥

तदनन्तर वे दोनों भाई श्रीकृष्ण और बलराम बाल्यावस्थाकी सीमाको पार करके उस व्रजमण्डलमें ही सात वर्षकी अवस्थावाले हो गये ।

नीलपीताम्बरधरौ पतिश्वेतानुलेपनौ ।

बभूवतुर्वत्सपाली काकपक्षधरावुभौ ॥

बलराम नीले रंगके और श्रीकृष्ण पीले रंगके वस्त्र धारण करते थे । एकके श्रीअंगोंपर पीले रंगका अंगराग लगता था और दूसरेके श्वेत रंगका । दोनों भाई काकपक्ष ( सिरके पिछले भागमें बड़े - बड़े केश ) धारण किये बछड़े चराने लगे ।

पर्णवाद्यं श्रुतिसुखं वादयन्तौ वराननौ ।

शुशुभाते वनगतावुदीर्णाविव पन्नगौ ॥

उन दोनोंकी मुखच्छवि बड़ी मनोहारिणी थी । वे वनमें जाकर श्रवण- सुखद पर्णवाद्य ( पत्तोंके बाजे — पिपिहरी आदि) बजाया करते थे । वहाँ दो तरुण नागकुमारोंकी भाँति उन दोनोंकी बड़ी शोभा होती थी ।

मयूराङ्गजकर्णौ तौ पल्लवापीडधारिणौ ।

वनमालापरिक्षिप्तौ सालपोताविवोद्गतौ ॥

पृष्ठ 1915

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1915 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

वे अपने कानोंमें मोरके पंख लगा लेते, मस्तकपर पल्लवोंके मुकुट धारण करते और गलेमें वनमाला डाल लेते थे । उस समय शालके नये पौधोंकी भाँति उन दोनोंकी बड़ी शोभा होती थी ।

अरविन्दकृतापीडौ रज्जुयज्ञोपवीतिनौ ।

शिक्यतुम्बधरी वीरौ गोपवेणुप्रवादकी ॥

वे कभी कमलके फूलोंके शिरोभूषण धारण करते और कभी बछड़ोंकी रस्सियोंको यज्ञोपवीतकी भाँति धारण कर लेते थे । वीरवर श्रीकृष्ण और बलराम छींके और तुम्बी लिये वनमें घूमते और गोपजनोचित वेणु बजाया करते थे ।

क्वचिद् वसन्तावन्योन्यं क्रीडमानौ क्वचिद् वने ।

पर्णशय्यासु संसुप्तौ क्वचिन्निद्रान्तरैषिणी ॥

वे दोनों भाई कहीं ठहर जाते, कहीं वनमें एक- दूसरेके साथ खेलने लगते और कहीं पत्तोंकी शय्या बिछाकर सो जाते तथा नींद लेने लगते थे ।

तौ वत्सान् पालयन्तौ हि शोभयन्तौ महद् वनम् ।

चञ्चूर्यन्तौ रमन्तौ स्म राजन्नेवं तदा शुभौ ॥

राजन्! इस प्रकार वे मंगलमय बलराम और श्रीकृष्ण बछड़ोंकी रक्षा करते तथा उस महान् वनकी शोभा बढ़ाते हुए सब ओर घूमते और भाँति- भाँतिकी क्रीड़ाएँ करते थे ।

ततो वृन्दावनं गत्वा वसुदेवसुतावुभौ ।

गोव्रजं तत्र कौन्तेय चारयन्तौ विजहृतुः ॥

कुन्तीनन्दन! तदनन्तर वे दोनों वसुदेवपुत्र वृन्दावनमें जाकर गौएँ चराते हुए लीला-विहार करने लगे । (दाक्षिणात्य प्रतिमें अध्याय समाप्त)

पृष्ठ 1916

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1916 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

[ कालियामर्दन एवं धेनुकासुर, अरिष्टासुर और कंस आदिका वध, श्रीकृष्ण और बलरामका विद्याभ्यास तथा गुरुदक्षिणारूपसे गुरुजीको उनके मरे हुए पुत्रको जीवित करके देना] भीष्मउवाच

ततः कदाचिद् गोविन्दो ज्येष्ठं सङ्कर्षणं विना ।

चचार तद् वनं रम्यं रम्यरूपो वराननः ॥

भीष्मजी कहते हैं – युधिष्ठिर! तदनन्तर एक दिन मनोहर रूप और सुन्दर मुखवाले भगवान् गोविन्द अपने बड़े भाई संकर्षणको साथ लिये बिना ही रमणीय वृन्दावनमें चले गये और वहाँ इधर - उधर भ्रमण करने लगे ।

काकपक्षधरः श्रीमाञ्छ्यामः पद्मनिभेक्षणः ।

श्रीवत्सेनोरसा युक्तः शशाङ्क इव लक्ष्मणा ॥

उन्होंने काकपक्ष धारण कर रखा था । वे परम शोभायमान, श्याम - वर्ण तथा कमलके समान सुन्दर नेत्रोंसे सुशोभित थे । जैसे चन्द्रमा कलंकसे युक्त होकर शोभा पाता है, उसी प्रकार श्रीकृष्णका वक्षःस्थल श्रीवत्सचिह्न से शोभा पा रहा था ।

रज्जुयज्ञोपवीती स पीताम्बरधरो युवा ।

श्वेतगन्धेन लिप्ताङ्गो नीलकुञ्चितमूर्धजः ॥

राजता बर्हिपत्रेण मन्दमारुतकम्पिना ।

क्वचिद् गायन् क्वचित् क्रीडन् क्वचिन्नृत्यन् क्वचिद्धसन् ॥

गोपवेषः स मधुरं गायन् वेणुं च वादयन् ।

प्रह्लादनार्थं तु गवां क्वचिद् वनगतो युवा ॥

गोकुले मेघकाले तु चचार द्युतिमान् प्रभुः ।

बहुरम्येषु देशेषु वनस्य वनराजिषु ॥

तासु कृष्णो मुदं लेभे क्रीडया भरतर्षभ ।

स कदाचिद् वने तस्मिन् गोभिः सह परिव्रजन् ॥

उन्होंने रस्सियोंको यज्ञोपवीतकी भाँति पहन रखा था । उनके श्रीअंगोंपर पीताम्बर शोभा पा रहा था । विभिन्न अंगोंमें श्वेत चन्दनका अनुलेप किया गया था । उनके मस्तकपर काले - घुँघराले केश सुशोभित थे । सिरपर मोरपंखका मुकुट शोभा पाता था, जो मन्द- मन्द वायुके झोंकोंसे लहरा रहा था । भगवान् कहीं गीत गाते, कहीं क्रीड़ा करते, कहीं नाचते और कहीं हँसते थे । इस प्रकार गोपालोचित वेष धारण किये मधुर गीत गाते और वेणु बजाते हुए तरुण श्रीकृष्ण गौओंको आनन्दित करनेके लिये कभी-कभी वनमें घूमते थे । अत्यन्त कान्तिमान् भगवान् श्रीकृष्ण वर्षाके समय गोकुलमें वहाँके अतिशय रमणीय प्रदेशों तथा

पृष्ठ 1917

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1917 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

वनश्रेणियोंमें विचरण करते थे । भरतश्रेष्ठ! उन वनश्रेणियोंमें भाँति - भाँतिके खेल करके श्यामसुन्दर बड़े प्रसन्न होते थे । एक दिन वे गौओंके साथ वनमें घूम रहे थे ।

भाण्डीरं नाम दृष्ट्वाथ न्यग्रोधं केशवो महान् ।

तच्छायायां निवासाय मतिं चक्रे तदा प्रभुः ॥

घूमते- घूमते महात्मा भगवान् केशवने भाण्डीर नामक वटवृक्ष देखा और उसकी छायामें बैठनेका विचार किया ।

स तत्र वयसा तुल्यैः वत्सपालैः सहानघ ।

रेमे स दिवसान् कृष्णः पुरा स्वर्गपुरे तथा ॥

निष्पाप युधिष्ठिर! वहाँ श्रीकृष्ण समान अवस्थावाले दूसरे गोपबालकोंके साथ बछड़े चराते थे, दिनभर खेल -कूद करते थे और पहले दिव्य धाममें जिस प्रकार वे आनन्दित होते थे, उसी प्रकार वनमें आनन्दपूर्वक दिन बिताते थे ।

तं क्रीडमानं गोपालाः कृष्णं भाण्डीरवासिनः ।

रमयन्ति स्म बहवो मान्यैः क्रीडनकैस्तदा ॥

अन्ये स्म परिगायन्ति गोपा मुदितमानसाः ।

गोपालाः कृष्णमेवान्ये गायन्ति स्म वनप्रियाः ॥

भाण्डीरवनमें निवास करनेवाले बहुत से ग्वाले वहाँ क्रीड़ा करते हुए श्रीकृष्णको अच्छे - अच्छे खिलौनोंद्वारा प्रसन्न रखते थे । दूसरे प्रसन्नचित्त रहनेवाले गोप, जिन्हें वनमें घूमना प्रिय था, सदा श्रीकृष्णकी महिमाका गान किया करते थे ।

तेषां संगायतामेव वादयामास केशवः ।

पर्णवाद्यान्तरे वेणुं तुम्बं वीणां च तत्र वै ॥

एवं क्रीडान्तरैः कृष्णो गोपालैर्विजहार सः । जब वे गीत गाते, उस समय भगवान् श्रीकृष्ण पत्तोंके बाजोंके बीच -बीचमें वेणु, तुम्बी और वीणा बजाया करते थे । इस प्रकार विभिन्न लीलाओंद्वारा श्रीकृष्ण गोपबालकोंके साथ

खेलते थे ।

तेन बालेन कौन्तेय कृतं लोकहितं तदा ॥

पश्यतां सर्वभूतानां वासुदेवेन भारत । भरतनन्दन! उस समय बालक श्रीकृष्णने सम्पूर्ण भूतोंके देखते -देखते लोकहितके

अनेक कार्य किये ।

ह्रदे नीपवने तत्र क्रीडितं नागमूर्धनि ॥

कालियं शासयित्वा तु सर्वलोकस्य पश्यतः ।

विजहार ततः कृष्णो बलदेवसहायवान् ॥

वृन्दावनमें कदम्बवनके पास जो ह्रद ( कुण्ड ) था, उसमें प्रवेश करके उन्होंने कालियनागके मस्तक- पर नृत्यक्रीड़ा की थी । फिर सब लोगोंके सामने ही कालियनागको

पृष्ठ 1918

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1918 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

अन्यत्र जानेका आदेश देकर वे बलदेवजीके साथ वनमें इधर - उधर विचरण करने लगे ।

धेनुको दारुणो दैत्यो राजन् रासभविग्रहः ।

तदा तालवने राजन् बलदेवेन वै हतः ॥

राजन्! तालवनमें धेनुक नामक भयंकर दैत्य निवास करता था, जो गधेका रूप धारण करके रहता था । उस समय वह बलदेवजीके हाथसे मारा गया । ततः कदाचित् कौन्तेय रामकृष्णौ वनं गतौ । चारयन्तौ प्रवृद्धानि गोधनानि शुभाननौ । कुन्तीनन्दन! तदनन्तर किसी समय सुन्दर मुखवाले बलराम और श्रीकृष्ण अपने बढ़े हुए गोधनको चरानेके लिये वनमें गये ।

विहरन्तौ मुदा युक्तौ वीक्षमाणौ वनानि वै ।

क्ष्वेलयन्तौ प्रगायन्तौ विचिन्वन्तौ च पादपान् ॥

वहाँ वनकी शोभा निहारते हुए वे दोनों भाई घूमते, खेलते, गीत गाते और विभिन्न वृक्षोंकी खोज करते हुए बड़े प्रसन्न होते थे ।

नामभिर्व्याहरन्तौ च वत्सान् गाश्च परंतपौ ।

चेरतुर्लोकसिद्धाभिः क्रीडाभिरपराजितौ ॥

शत्रुओंको संताप देनेवाले वे दोनों अजेय वीर वहाँ गौओं और बछड़ोंको नाम ले - लेकर बुलाते और लोकप्रचलित बालोचित क्रीड़ाएँ करते रहते थे । तौ देवौ मानुषीं दीक्षां वहन्तौ सुरपूजितौ ।

पृष्ठ 1919

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1919 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तज्जातिगुणयुक्ताभिः क्रीडाभिश्चेरतुर्वनम् ॥ वे दोनों देववन्दित देवता थे तो भी मानवी दीक्षा ग्रहण करनेके कारण मानव जातिके अनुरूप गुणोंवाली क्रीड़ाएँ करते हुए वनमें विचरते थे ।

ततः कृष्णो महातेजास्तदा गत्वा तु गोव्रजम् ।

गिरियज्ञं तमेवैष प्रकृतं गोपदारकैः ॥

बुभुजे पायसं शौरिरीश्वरः सर्वभूतकृत् । तत्पश्चात् महातेजस्वी श्रीकृष्ण गौओंके व्रजमें जाकर गोपबालकोंद्वारा किये जानेवाले गिरियज्ञमें सम्मिलित हो वहाँ सर्वभूतस्रष्टा ईश्वरके रूपमें अपनेको प्रकट करके ( गिरिराजके

लिये समर्पित ) खीरको स्वयं ही खाने लगे ।

तं दृष्ट्वा गोपकाः सर्वे कृष्णमेव समर्चयन् ॥

पूज्यमानस्ततो गोपैर्दिव्यं वपुरधारयत् । उन्हें देखकर सब गोप भगवदबुद्धिसे श्रीकृष्णके उस स्वरूपकी ही पूजा करने लगे ।

गोपालोंद्वारा पूजित श्रीकृष्णने दिव्य रूप धारण कर लिया ।

धृतो गोवर्धनो नाम सप्ताहं पर्वतस्तदा ॥

शिशुना वासुदेवेन गवार्थमरिमर्दन । शत्रुमर्दन युधिष्ठिर! ( जब इन्द्र वर्षा कर रहे थे, उस समय) बालक वासुदेवने गौओंकी

रक्षाके लिये एक सप्ताहतक गोवर्धन पर्वतको अपने हाथपर उठा रखा था ।

क्रीडमानस्तदा कृष्णः कृतवान् कर्म दुष्करम् ॥

तदद्भुतमिवात्रासीत् सर्वलोकस्य भारत । भरतनन्दन! उस समय श्रीकृष्णने खेल- खेल में ही अत्यन्त दुष्कर कर्म कर डाला, जो

सब लोगोंके लिये अत्यन्त अद्भुत - सा था ।

देवदेवः क्षितिं गत्वा कृष्णं दृष्ट्वा मुदान्वितः ॥

गोविन्द इति तं ह्युक्त्वा ह्यभ्यषिञ्चत् पुरंदरः । इत्युक्त्वाऽऽश्लिष्य गोविन्दं पुरुहूतोऽभ्ययाद् दिवम् । देवाधिदेव इन्द्रने भूतलपर जाकर जब श्रीकृष्णको ( गोवर्धन धारण किये ) देखा, तब उन्हें बड़ी प्रसन्नता हुई । उन्होंने श्रीकृष्णको ' गोविन्द ' नाम देकर उनका ( ' गवेन्द्र' पदपर) अभिषेक किया । देवराज इन्द्र गोविन्दको हृदयसे लगाकर उनकी अनुमति ले स्वर्गलोकको चले गये ।

अथारिष्ट इति ख्यातं दैत्यं वृषभविग्रहम् ।

जघान तरसा कृष्णः पशूनां हितकाम्यया ॥

तदनन्तर श्रीकृष्णने पशुओंके हितकी कामनासे वृषभरूपधारी अरिष्ट नामक दैत्यको वेगपूर्वक मार गिराया । केशिनं नाम दैतेयं राजन् वै हयविग्रहम् ।

पृष्ठ 1920

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 1920 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तथा वनगतं पार्थ गजायुतबलं हयम् ॥ प्रहितं भोजपुत्रेण जघान पुरुषोत्तमः । राजन्! व्रजमें केशी नामका एक दैत्य रहता था, जिसका शरीर घोड़ेके समान था । उसमें दस हजार हाथियोंका बल था । कुन्तीनन्दन! उस अश्वरूपधारी दैत्यको भोजकुलोत्पन्न कंसने भेजा था । वृन्दावनमें आनेपर पुरुषोत्तम श्रीकृष्णने उसे भी

अरिष्टासुरकी भाँति मार दिया ।

आन्ध्रं मल्लं च चाणूरं निजघान महासुरम् ॥

कंसके दरबारमें एक आन्ध्रदेशीय मल्ल था, जिसका नाम था चाणूर । वह एक महान् असुर था । श्रीकृष्णने उसे भी मार डाला ।

सुनामानममित्रघ्नं सर्वसैन्यपुरस्कृतम् ।

बालरूपेण गोविन्दो निजघान च भारत ॥

भरतनन्दन! ( कंसका भाई) शत्रुनाशक सुनामा कंसकी सारी सेनाका अगुआ— सेनापति था । गोविन्द अभी बालक थे, तो भी उन्होंने सुनामाको मार दिया । बलदेवेन चायत्तः समाजे मुष्टिको हतः । भारत! ( दंगल देखनेके लिये जुटे हुए) जनसमाजमें युद्धके लिये तैयार खड़े हुए मुष्टिक

नामक पहलवानको बलरामजीने अखाड़ेमें ही मार दिया ।

त्रासितश्च तदा कंसः स हि कृष्णेन भारत ॥

युधिष्ठिर! उस समय श्रीकृष्णने कंसके मनमें भारी भय उत्पन्न कर दिया ।

ऐरावतं युयुत्सन्तं मातङ्गानामिवर्षभम् ।

कृष्णः कुवलयापीडं हतवांस्तस्य पश्यतः ॥

हाथियोंमें श्रेष्ठ कुवलयापीडको, जो ऐरावतकुलमें उत्पन्न हुआ था और श्रीकृष्णको कुचल देना चाहता था, श्रीकृष्णने कंसके देखते - देखते ही मार गिराया ।