महाभारत — खण्ड १ — पृष्ठ 771–780

महाभारत — खण्ड १ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 771–780

पृष्ठ 771

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 771 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

त्र्यधिकशततमोऽध्यायः सत्यवतीका भीष्मसे राज्यग्रहण और संतानोत्पादनके लिये आग्रह तथा भीष्मके द्वारा अपनी प्रतिज्ञा बतलाते हुए उसकी अस्वीकृति वैशम्पायन उवाच

ततः सत्यवती दीना कृपणा पुत्रगृद्धिनी ।

पुत्रस्य कृत्वा कार्याणि स्नुषाभ्यां सह भारत ॥ १ ॥

समाश्वास्य स्नुषे ते च भीष्मं शस्त्रभृतां वरम् ।

धर्मं च पितृवंशं च मातृवंशं च भाविनी ।

प्रसमीक्ष्य महाभागा गाङ्गेयं वाक्यमब्रवीत् ॥ २ ॥

शान्तनोर्धर्मनित्यस्य कौरव्यस्य यशस्विनः ।

त्वयि पिण्डश्च कीर्तिश्च संतानं च प्रतिष्ठितम् ॥ ३ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - जनमेजय! तदनन्तर पुत्रकी इच्छा रखनेवाली सत्यवती अपने पुत्रके वियोगसे अत्यन्त दीन और कृपण हो गयी । उसने पुत्रवधुओंके साथ पुत्रके प्रेतकार्य करके अपनी दोनों बहुओं तथा शस्त्रधारियोंमें श्रेष्ठ भीष्मजीको धीरज बँधाया । फिर उस महाभागा मंगलमयी देवीने धर्म, पितृकुल तथा मातृकुलकी ओर देखकर गंगानन्दन भीष्मसे कहा – ' बेटा! सदा धर्ममें तत्पर रहनेवाले परम यशस्वी कुरुनन्दन महाराज शान्तनुके पिण्ड, कीर्ति और वंश ये सब अब तुम्हींपर अवलम्बित हैं ॥ १–३ ॥

यथा कर्म शुभं कृत्वा स्वर्गोपगमनं ध्रुवम् ।

यथा चायुर्ध्रुवं सत्ये त्वयि धर्मस्तथा ध्रुवः ॥ ४ ॥

‘ जैसे शुभ कर्म करके स्वर्गलोकमें जाना निश्चित है, जैसे सत्य बोलनेसे आयुका बढ़ना अवश्यम्भावी है, वैसे ही तुममें धर्मका होना भी निश्चित है ॥ ४ ॥

वेत्थ धर्मांश्च धर्मज्ञ समासेनेतरेण च ।

विविधास्त्वं श्रुतीर्वेत्थ वेदाङ्गानि च सर्वशः ॥ ५ ॥

' धर्मज्ञ! तुम सब धर्मोंको संक्षेप और विस्तारसे जानते हो । नाना प्रकारकी श्रुतियों और समस्त वेदांगोंका भी तुम्हें पूर्ण ज्ञान है ॥ ५ ॥

व्यवस्थानं च ते धर्मे कुलाचारं च लक्षये ।

प्रतिपत्तिं च कृच्छ्रेषु शुक्राङ्गिरसयोरिव ॥ ६ ॥

' मैं तुम्हारी धर्मनिष्ठा और कुलोचित सदाचारको भी देखती हूँ । संकटके समय शुक्राचार्य और बृहस्पतिकी भाँति तुम्हारी बुद्धि उपयुक्त कर्तव्यका निर्णय करनेमें समर्थ

पृष्ठ 772

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 772 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

है ॥ ६ ॥

तस्मात् सुभृशमाश्वस्य त्वयि धर्मभृतां वर ।

कार्ये त्वां विनियोक्ष्यामि तच्छ्रुत्वा कर्तुमर्हसि ॥ ७ ॥

‘ अतः धर्मात्माओंमें श्रेष्ठ भीष्म! तुमपर अत्यन्त विश्वास रखकर ही मैं तुम्हें एक आवश्यक कार्यमें लगाना चाहती हूँ। तुम पहले उसे सुन लो; फिर उसका पालन करनेकी चेष्टा करो ॥ ७ ॥

मम पुत्रस्तव भ्राता वीर्यवान् सुप्रियश्च ते ।

बाल एव गतः स्वर्गमपुत्रः पुरुषर्षभ ॥ ८ ॥

इमे महिष्यौ भ्रातुस्ते काशिराजसुते शुभे ।

रूपयौवनसम्पन्ने पुत्रकामे च भारत ॥ ९ ॥

तयोरुत्पादयापत्यं संतानाय कुलस्य नः ।

मन्नियोगान्महाबाहो धर्मं कर्तुमिहार्हसि ॥ १० ॥

' मेरा पुत्र और तुम्हारा भाई विचित्रवीर्य जो पराक्रमी होनेके साथ ही तुम्हें अत्यन्त प्रिय था, छोटी अवस्थामें ही स्वर्गवासी हो गया । नरश्रेष्ठ! उसके कोई पुत्र नहीं हुआ था । तुम्हारे भाईकी ये दोनों सुन्दरी रानियाँ, जो काशिराजकी कन्याएँ हैं, मनोहर रूप और युवावस्थासे सम्पन्न हैं । इनके हृदयमें पुत्र पानेकी अभिलाषा है। भारत! तुम हमारे कुलकी संतानपरम्पराको सुरक्षित रखनेके लिये स्वयं ही इन दोनोंके गर्भसे पुत्र उत्पन्न करो । महाबाहो! मेरी आज्ञासे यह धर्मकार्य तुम अवश्य करो ॥ ८–१० ॥

राज्ये चैवाभिषिच्यस्व भारताननुशाधि च ।

दारांश्च कुरु धर्मेण मा निमज्जीः पितामहान् ॥ ११ ॥

‘ राज्यपर अपना अभिषेक करो और भारतीय प्रजाका पालन करते रहो । धर्मके अनुसार विवाह कर लो; पितरोंको नरकमें न गिरने दो ' ॥ ११ ॥

वैशम्पायन उवाच

तथोच्यमानो मात्रा स सुहृद्भिश्च परंतपः ।

इत्युवाचाथ धर्मात्मा धर्म्यमेवोत्तरं वचः ॥ १२ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं—जनमेजय! माता और सुहृदोंके ऐसा कहनेपर शत्रुदमन धर्मात्मा भीष्मने यह धर्मानुकूल उत्तर दिया- ॥ १२ ॥

असंशयं परो धर्मस्त्वया मातरुदाहृतः ।

राज्यार्थे नाभिषिञ्चेयं नोपेयां जातु मैथुनम् ।

त्वमपत्यं प्रति च मे प्रतिज्ञां वेत्थ वै पराम् ॥ १३ ॥

जानासि च यथावृत्तं शुल्कहेतोस्त्वदन्तरे ।

स सत्यवति सत्यं ते प्रतिजानाम्यहं पुनः ॥ १४ ॥

पृष्ठ 773

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 773 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

‘ माता! तुमने जो कुछ कहा है, वह धर्मयुक्त है, इसमें संशय नहीं; परंतु मैं राज्यके लोभसे न तो अपना अभिषेक कराऊँगा और न स्त्रीसहवास ही करूंगा । संतानोत्पादन और राज्य ग्रहण न करनेके विषयमें जो मेरी कठोर प्रतिज्ञा है, उसे तो तुम जानती ही हो । सत्यवती! तुम्हारे लिये शुल्क देनेके हेतु जो-जो बातें हुई थीं, वे सब तुम्हें ज्ञात हैं । उन प्रतिज्ञाओंको पुनः सच्ची करनेके लिये मैं अपना दृढ़ निश्चय बताता हूँ ॥ १३-१४ ॥

परित्यजेयं त्रैलोक्यं राज्यं देवेषु वा पुनः ।

यद् वाप्यधिकमेताभ्यां न तु सत्यं कथंचन ॥ १५ ॥

'मैं तीनों लोकोंका राज्य, देवताओंका साम्राज्य अथवा इन दोनोंसे भी अधिक महत्त्वकी वस्तुको भी एकदम त्याग सकता हूँ, परंतु सत्यको किसी प्रकार नहीं छोड़ सकता ॥ १५ ॥

त्यजेच्च पृथ्वी गन्धमापश्च रसमात्मनः ।

ज्योतिस्तथा त्यजेद् रूपं वायुः स्पर्शगुणं त्यजेत् ॥ १६ ॥

' पृथ्वी अपनी गंध छोड़ दे, जल अपने रसका परित्याग कर दे, तेज रूपका और वायु स्पर्श नामक स्वाभाविक गुणका त्याग कर दे ॥ १६ ॥

प्रभां समुत्सृजेदर्को धूमकेतुस्तथोष्मताम् ।

त्यजेच्छब्दं तथाऽऽकाशं सोमः शीतांशुतां त्यजेत् ॥ १७ ॥

‘ सूर्य प्रभा और अग्नि अपनी उष्णताको छोड़ दे, आकाश शब्दका और चन्द्रमा अपनी शीतलताका परित्याग कर दे ॥ १७ ॥

विक्रमं वृत्रहा जह्याद् धर्मं जह्याच्च धर्मराट् ।

न त्वहं सत्यमुत्स्रष्टुं व्यवसेयं कथंचन ॥ १८ ॥

‘ इन्द्र पराक्रमको छोड़ दें और धर्मराज धर्मकी उपेक्षा कर दें; परंतु मैं किसी प्रकार सत्यको छोड़नेका विचार भी नहीं कर सकता ॥ १८ ॥

( तन्न जात्वन्यथा कुर्यां लोकानामपि संक्षये ।

अमरत्वस्य वा हेतोस्त्रैलोक्यसदनस्य वा ॥

एवमुक्ता तु पुत्रेण भूरिद्रविणतेजसा । ) माता सत्यवती भीष्ममुवाच तदनन्तरम् ॥ १ ९ ॥

जानामि ते स्थितिं सत्ये परां सत्यपराक्रम ।

इच्छन् सृजेथास्त्रीँल्लोकानन्यांस्त्वं स्वेन तेजसा ॥ २० ॥

जानामि चैवं सत्यं तन्मदर्थे यच्च भाषितम् ।

आपद्धर्मं त्वमावेक्ष्य वह पैतामहीं धुरम् ॥ २१ ॥

' सारे संसारका नाश हो जाय, मुझे अमरत्व मिलता हो या त्रिलोकीका राज्य प्राप्त हो, तो भी मैं अपने किये हुए प्रणको नहीं तोड़ सकता । ' महान् तेजोरूप धनसे सम्पन्न अपने पुत्र भीष्मके ऐसा कहनेपर माता सत्यवती इस प्रकार बोली- ' बेटा! तुम सत्यपराक्रमी हो ।

पृष्ठ 774

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 774 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

मैं जानती हूँ, सत्यमें तुम्हारी दृढ़ निष्ठा है । तुम चाहो तो अपने ही तेजसे नयी त्रिलोकीकी रचना कर सकते हो । मैं उस सत्यको भी नहीं भूल सकी हूँ, जिसकी तुमने मेरे लिये घोषणा की थी । फिर भी मेरा आग्रह है कि तुम आपद्धर्मका विचार करके बाप-दादोंके दिये हुए इस राज्यभारको वहन करो ॥ १ ९ –२१ ॥

यथा ते कुलतन्तुश्च धर्मश्च न पराभवेत् ।

सुहृदश्च प्रहृष्येरंस्तथा कुरु परंतप ॥ २२ ॥

‘ परंतप! जिस उपायसे तुम्हारे वंशकी परम्परा नष्ट न हो, धर्मकी भी अवहेलना न होने पावे और प्रेमी सुहृद् भी संतुष्ट हो जायँ, वही करो ' ॥ २२ ॥

लालप्यमानां तामेवं कृपणां पुत्रगृद्धिनीम् ।

धर्मादपेतं ब्रुवतीं भीष्मो भूयोऽब्रवीदिदम् ॥ २३ ॥

पुत्रकी कामनासे दीन वचन बोलनेवाली और मुखसे धर्मरहित बात कहनेवाली सत्यवतीसे भीष्मने फिर यह बात कही— ॥ २३ ॥

राज्ञि धर्मानवेक्षस्व मा नः सर्वान् व्यनीनशः ।

सत्याच्च्युतिः क्षत्रियस्य न धर्मेषु प्रशस्यते ॥ २४ ॥

‘ राजमाता! धर्मकी ओर दृष्टि डालो, हम सबका नाश न करो । क्षत्रियका सत्यसे विचलित होना किसी भी धर्ममें अच्छा नहीं माना गया है ॥ २४ ॥

शान्तनोरपि संतानं यथा स्यादक्षयं भुवि ।

तत् ते धर्मं प्रवक्ष्यामि क्षात्रं राज्ञि सनातनम् ॥ २५ ॥

‘ राजमाता! महाराज शान्तनुकी संतानपरम्परा भी जिस उपायसे इस भूतलपर अक्षय बनी रहे, वह धर्मयुक्त उपाय मैं तुम्हें बतलाऊँगा । वह सनातन क्षत्रियधर्म है ॥ २५ ॥

श्रुत्वा तं प्रतिपद्यस्व प्राज्ञैः सह पुरोहितैः ।

आपद्धर्मार्थकुशलैर्लोकतन्त्रमवेक्ष्य च ॥ २६ ॥

उसे आपद्धर्मके निर्णयमें कुशल विद्वान् पुरोहितोंसे सुनकर और लोकतन्त्रकी ओर भी देखकर निश्चय करो ॥ २६ ॥

इति श्रीमहाभारते आदिपर्वणि सम्भवपर्वणि भीष्मसत्यवतीसंवादे त्र्यधिकशततमोऽध्यायः ॥ १०३ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आदिपर्वके अन्तर्गत सम्भवपर्वमें भीष्म- सत्यवती- संवादविषयक एक सौ तीनवाँ अध्याय पूराहुआ ॥ १०३ ॥

पृष्ठ 775

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 775 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

चतुरधिकशततमोऽध्यायः भीष्मकी सम्मतिसे सत्यवतीद्वारा व्यासका आवाहन और व्यासजीका माताकी आज्ञासे कुरुवंश की वृद्धिके लिये विचित्रवीर्यकी पत्नियोंके गर्भसे संतानोत्पादन करनेकी स्वीकृति देना भीष्म उवाच

पुनर्भरतवंशस्य हेतुं संतानवृद्धये ।

वक्ष्यामि नियतं मातस्तन्मे निगदतः शृणु ॥ १ ॥

ब्राह्मणो गुणवान् कश्चिद् धनेनोपनिमन्त्र्यताम् ।

विचित्रवीर्यक्षेत्रेषु यः समुत्पादयेत् प्रजाः ॥ २ ॥

भीष्मजी कहते हैं - मातः! भरतवंशकी संतानपरम्पराको बढ़ाने और सुरक्षित रखनेके लिये जो नियत उपाय है, उसे मैं बता रहा हूँ; सुनो । किसी गुणवान्* ब्राह्मणको धन देकर बुलाओ, जो विचित्रवीर्यकी स्त्रियोंके गर्भसे संतान उत्पन्न कर सके ॥ १-२ ॥ वैशम्पायन उवाच

ततः सत्यवती भीष्मं वाचा संसज्जमानया ।

विहसन्तीव सव्रीडमिदं वचनमब्रवीत् ॥ ३ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - जनमेजय! तब सत्यवती कुछ हँसती और साथ ही लजाती हुई भीष्मजीसे इस प्रकार बोली । बोलते समय उसकी वाणी संकोचसे कुछ अस्पष्ट - सी हो जाती थी ॥ ३ ॥

सत्यमेतन्महाबाहो यथा वदसि भारत ।

विश्वासात् ते प्रवक्ष्यामि संतानाय कुलस्य नः ॥ ४ ॥

उसने कहा — ‘ महाबाहु भीष्म! तुम जैसा कहते हो वही ठीक है । तुमपर विश्वास होनेसे अपने कुलकी संततिकी रक्षाके लिये तुम्हें मैं एक बात बतलाती हूँ ॥ ४ ॥

न ते शक्यमनाख्यातुमापद्धर्मं तथाविधम् ।

त्वमेव नः कुले धर्मस्त्वं सत्यं त्वं परा गतिः ॥ ५ ॥

' ऐसे आपद्धर्मको देखकर वह बात तुम्हें बताये बिना मैं नहीं रह सकती । तुम्हीं हमारे कुलमें मूर्तिमान् धर्म हो, तुम्हीं सत्य हो और तुम्हीं परम गति

पृष्ठ 776

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 776 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

हो ॥ ५ ॥

तस्मान्निशम्य सत्यं मे कुरुष्व यदनन्तरम् ।

( यस्तु राजा वसुर्नाम श्रुतस्ते भरतर्षभ ।

तस्य शुक्रादहं मत्स्याद् धृता कुक्षौ पुरा किल ॥

मातरं मे जलाद्धृत्वा दाशः परमधर्मवित् । मां तु स्वगृहमानीय दुहितृत्वे ह्यकल्पयत् ॥ ) धर्मयुक्तस्य धर्मार्थं पितुरासीत् तरी मम ॥ ६ ॥

' अतः मेरी सच्ची बात सुनकर उसके बाद जो कर्तव्य हो, उसे करो । ' भरतश्रेष्ठ! तुमने महाराज वसुका नाम सुना होगा । पूर्वकालमें मैं उन्हींके वीर्यसे उत्पन्न हुई थी । मुझे एक मछलीने अपने पेटमें धारण किया था । एक परम धर्मज्ञ मल्लाहने जलमेंसे मेरी माताको पकड़ा, उसके पेटसे मुझे निकाला और अपने घर लाकर अपनी पुत्री बनाकर रखा । मेरे उन धर्मपरायण पिताके पास एक नौका थी, जो ( धनके लिये नहीं ) धर्मार्थ चलायी जाती थी ॥ ६ ॥

सा कदाचिदहं तत्र गता प्रथमयौवनम् ।

अथ धर्मविदां श्रेष्ठः परमर्षिः पराशरः ॥ ७ ॥

आजगाम तरीं धीमांस्तरिष्यन् यमुनां नदीम् ।

स तार्यमाणो यमुनां मामुपेत्याब्रवीत् तदा ॥ ८ ॥

सान्त्वपूर्वं मुनिश्रेष्ठः कामार्तो मधुरं वचः ।

उक्तं जन्म कुलं मह्यमस्मि दाशसुतेत्यहम् ॥ ९ ॥

' एक दिन मैं उसी नावपर गयी हुई थी । उन दिनों मेरे यौवनका प्रारम्भ था । उसी समय धर्मज्ञोंमें श्रेष्ठ बुद्धिमान् महर्षि पराशर यमुना नदी पार करनेके लिये मेरी नावपर आये । मैं उन्हें पार ले जा रही थी, तबतक वे मुनिश्रेष्ठ काम - पीड़ित हो मेरे पास आ मुझे समझाते हुए मधुर वाणीमें बोले और उन्होंने मुझसे अपने जन्म और कुलका परिचय दिया । इसपर मैंने कहा- ' भगवन्! मैं तो निषादकी पुत्री हूँ' ॥ ७ – ९ ॥

तमहं शापभीता च पितुर्भीता च भारत ।

वरैरसुलभैरुक्ता न प्रत्याख्यातुमुत्सहे ॥ १० ॥

' भारत! एक ओर मैं पिताजीसे डरती थी और दूसरी ओर मुझे मुनिके शापका भी डर था । उस समय महर्षिने मुझे दुर्लभ वर देकर उत्साहित किया, जिससे मैं उनके अनुरोधको टाल न सकी ॥ १० ॥

अभिभूय स मां बालां तेजसा वशमानयत् ।

तमसा लोकमावृत्य नौगतामेव भारत ॥ ११ ॥

मत्स्यगन्धो महानासीत् पुरा मम जुगुप्सितः ।

पृष्ठ 777

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 777 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तमपास्य शुभं गन्धमिमं प्रादात् स मे मुनिः ॥ १२ ॥

' यद्यपि मैं चाहती नहीं थी, तो भी उन्होंने मुझ अबलाको अपने तेजसे तिरस्कृत करके नौकापर ही मुझे अपने वशमें कर लिया । उस समय उन्होंने कुहरा उत्पन्न करके सम्पूर्ण लोकको अन्धकारसे आवृत कर दिया था । भारत!

पहले मेरे शरीरसे अत्यन्त घृणित मछलीकी - सी बड़ी तीव्र दुर्गन्ध आती थी ।

उसको मिटाकर मुनिने मुझे यह उत्तम गन्ध प्रदान की थी ॥ ११-१२ ॥

ततो मामाह स मुनिर्गर्भमुत्सृज्य मामकम् ।

द्वीपेऽस्या एव सरितः कन्यैव त्वं भविष्यसि ॥ १३ ॥

' तदनन्तर मुनिने मुझसे कहा - ' तुम इस यमुनाके ही द्वीपमें मेरे द्वारा स्थापित इस गर्भको त्यागकर फिर कन्या ही हो जाओगी' ॥ १३ ॥

पाराशर्यो महायोगी स बभूव महानृषिः ।

कन्यापुत्रो मम पुरा द्वैपायन इति श्रुतः ॥ १४ ॥

‘ उस गर्भसे पराशरजीके पुत्र महान् योगी महर्षि व्यास प्रकट हुए । वे ही

द्वैपायन नामसे विख्यात हैं । वे मेरे कन्यावस्थाके पुत्र हैं ॥ १४ ॥

यो व्यस्य वेदांश्चतुरस्तपसा भगवानृषिः ।

लोके व्यासत्वमापेदे काष्र्ण्यात् कृष्णत्वमेव च ॥ १५ ॥

‘ वे भगवान् द्वैपायन मुनि अपने तपोबलसे चारों वेदोंका पृथक् - पृथक् विस्तार करके लोकमें 'व्यास ' पदवीको प्राप्त हुए हैं। शरीरका रंग साँवला होनेसे उन्हें लोग ' कृष्ण' भी कहते हैं ॥ १५ ॥

सत्यवादी शमपरस्तपस्वी दग्धकिल्बिषः ।

समुत्पन्नः स तु महान् सह पित्रा ततो गतः ॥ १६ ॥

‘ वे सत्यवादी, शान्त, तपस्वी और पापशून्य हैं । वे उत्पन्न होते ही बड़े होकर उस द्वीपसे अपने पिताके साथ चले गये थे ॥ १६ ॥

स नियुक्तो मया व्यक्तं त्वया चाप्रतिमद्युतिः ।

भ्रातुः क्षेत्रेषु कल्याणमपत्यं जनयिष्यति ॥ १७ ॥

' मेरे और तुम्हारे आग्रह करनेपर वे अनुपम तेजस्वी व्यास अवश्य ही अपने भाईके क्षेत्रमें कल्याणकारी संतान उत्पन्न करेंगे ॥ १७ ॥

स हि मामुक्तवांस्तत्र स्मरेः कृच्छ्रेषु मामिति ।

तं स्मरिष्ये महाबाहो यदि भीष्म त्वमिच्छसि ॥ १८ ॥

‘ उन्होंने जाते समय मुझसे कहा था कि संकटके समय मुझे याद करना ।

महाबाहु भीष्म! यदि तुम्हारी इच्छा हो, तो मैं उन्हींका स्मरण करूँ ॥ १८ ॥

तव ह्यनुमते भीष्म नियतं स महातपाः ।

विचित्रवीर्यक्षेत्रेषु पुत्रानुत्पादयिष्यति ॥ १ ९ ॥

पृष्ठ 778

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 778 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

' भीष्म! तुम्हारी अनुमति मिल जाय, तो महा-तपस्वी व्यास निश्चय ही विचित्रवीर्यकी स्त्रियोंसे पुत्रोंको उत्पन्न करेंगे ' ॥ १ ९ ॥ वैशम्पायन उवाच

महर्षेः कीर्तने तस्य भीष्मः प्राञ्जलिरब्रवीत् ।

धर्ममर्थं च कामं च त्रीनेतान् योऽनुपश्यति ॥ २० ॥

अर्थमर्थानुबन्धं च धर्मं धर्मानुबन्धनम् ।

कामं कामानुबन्धं च विपरीतान् पृथक् पृथक् ॥ २१ ॥

यो विचिन्त्य धिया धीरो व्यवस्यति स बुद्धिमान् ।

तदिदं धर्मयुक्तं च हितं चैव कुलस्य नः ॥ २२ ॥

उक्तं भवत्या यच्छ्रेयस्तन्मह्यं रोचते भृशम् । वैशम्पायनजी कहते हैं - महर्षि व्यासका नाम लेते ही भीष्मजी हाथ जोड़कर बोले- ' माताजी! जो मनुष्य धर्म, अर्थ और काम- इन तीनोंका बारंबार विचार करता है तथा यह भी जानता है कि किस प्रकार अर्थसे अर्थ, धर्मसे धर्म और कामसे कामरूप फलकी प्राप्ति होती है और वह परिणाममें कैसे सुखद होता है तथा किस प्रकार अर्थादिके सेवनसे विपरीत फल ( अर्थनाश आदि) प्रकट होते हैं, इन बातोंपर पृथक् - पृथक् भलीभाँति विचार करके जो धीर पुरुष अपनी बुद्धिके द्वारा कर्तव्याकर्तव्यका निर्णय करता है, वही बुद्धिमान् है । तुमने जो बात कही है, वह धर्मयुक्त तो है ही, हमारे कुलके लिये भी हितकर और कल्याणकारी है; इसलिये मुझे बहुत अच्छी लगी है ' ॥ २०–२२३ ॥ वैशम्पायन उवाच ततस्तस्मिन् प्रतिज्ञाते भीष्मेण कुरुनन्दन ॥ २३ ॥

कृष्णद्वैपायनं काली चिन्तयामास वै मुनिम् ।

स वेदान् विब्रुवन् धीमान् मातुर्विज्ञाय चिन्तितम् ॥ २४ ॥

प्रादुर्बभूवाविदितः क्षणेन कुरुनन्दन ।

तस्मै पूजां ततः कृत्वा सुताय विधिपूर्वकम् ॥ २५ ॥

परिष्वज्य च बाहुभ्यां प्रस्रवैरभ्यषिञ्चत ।

मुमोच बाष्पं दाशेयी पुत्रं दृष्ट्वा चिरस्य तु ॥ २६ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - कुरुनन्दन! उस समय भीष्मजीके इस प्रकार अपनी सम्मति देनेपर काली ( सत्यवती ) ने मुनिवर कृष्णद्वैपायनका चिन्तन किया । जनमेजय! माताने मेरा स्मरण किया है, यह जानकर परम बुद्धिमान् व्यासजी वेदमन्त्रोंका पाठ करते हुए क्षणभरमें वहाँ प्रकट हो गये । वे कब किधरसे आ गये, इसका पता किसीको न चला । सत्यवतीने अपने पुत्रका

पृष्ठ 779

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 779 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

भलीभाँति सत्कार किया और दोनों भुजाओंसे उनका आलिंगन करके अपने स्तनोंके झरते हुए दूधसे उनका अभिषेक किया । अपने पुत्रको दीर्घकालके बाद देखकर सत्यवतीकी आँखोंसे स्नेह और आनन्दके आँसू बहने लगे ॥ २३– २६ ॥

तामद्भिः परिषिच्यार्तां महर्षिरभिवाद्य च ।

मातरं पूर्वजः पुत्रो व्यासो वचनमब्रवीत् ॥ २७ ॥

तदनन्तर सत्यवतीके प्रथम पुत्र महर्षि व्यासने अपने कमण्डलुके पवित्र जलसे दुःखिनी माताका अभिषेक किया और उन्हें प्रणाम करके इस प्रकार कहा— ॥ २७ ॥

भवत्या यदभिप्रेतं तदहं कर्तुमागतः ।

शाधि मां धर्मतत्त्वज्ञे करवाणि प्रियं तव ॥ २८ ॥

' धर्मके तत्त्वको जाननेवाली माताजी! आपकी जो हार्दिक इच्छा हो, उसके अनुसार कार्य करनेके लिये मैं यहाँ आया हूँ । आज्ञा दीजिये, मैं आपकी कौन-सी प्रिय सेवा करूँ' ॥ २८ ॥

तस्मै पूजां ततोऽकार्षीत् पुरोधाः परमर्षये ।

स च तां प्रतिजग्राह विधिवन्मन्त्रपूर्वकम् ॥ २ ९ ॥

तत्पश्चात् पुरोहितने महर्षिका विधिपूर्वक मन्त्रोच्चारणके साथ पूजन किया और महर्षिने उसे प्रसन्नतापूर्वक ग्रहण किया ॥ २ ९ ॥

पूजितो मन्त्रपूर्वं तु विधिवत् प्रीतिमाप सः ।

तमासनगतं माता पृष्ट्वा कुशलमव्ययम् ॥ ३० ॥

सत्यवत्यथ वीक्ष्यैनमुवाचेदमनन्तरम् । विधि और मन्त्रोच्चारणपूर्वक की हुई उस पूजासे व्यासजी बहुत प्रसन्न हुए । जब वे आसनपर बैठ गये, तब माता सत्यवतीने उनका कुशल- क्षेम पूछा और उनकी ओर देखकर इस प्रकार कहा- ॥ ३० ॥

मातापित्रोः प्रजायन्ते पुत्राः साधारणाः कवे ॥ ३१ ॥

तेषां पिता यथा स्वामी तथा माता न संशयः ।

विधानविहितः सत्यं यथा मे प्रथमः सुतः ॥ ३२ ॥

विचित्रवीर्यो ब्रह्मर्षे तथा मेऽवरजः सुतः ।

यथैव पितृतो भीष्मस्तथा त्वमपि मातृतः ॥ ३३ ॥

भ्राता विचित्रवीर्यस्य यथा वा पुत्र मन्यसे ।

अयं शान्तनवः सत्यं पालयन् सत्यविक्रमः ॥ ३४ ॥

‘ विद्वन्! माता और पिता दोनोंसे पुत्रोंका जन्म होता है, अतः उनपर दोनोंका समान अधिकार है । जैसे पिता पुत्रोंका स्वामी है, उसी प्रकार माता भी

पृष्ठ 780

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 780 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

है । इसमें संदेह नहीं है । ब्रह्मर्षे! विधाताके विधान या मेरे पूर्वजन्मोंके पुण्यसे जिस प्रकार तुम मेरे प्रथम पुत्र हो, उसी प्रकार विचित्रवीर्य मेरा सबसे छोटा पुत्र था । जैसे एक पिताके नाते भीष्म उसके भाई हैं, उसी प्रकार एक माताके नाते तुम भी विचित्रवीर्यके भाई ही हो । बेटा! मेरी तो ऐसी ही मान्यता है; फिर तुम जैसा समझो । ये सत्यपराक्रमी शान्तनुनन्दन भीष्म सत्यका पालन कर रहे हैं ॥ ३१–३४ ॥

बुद्धिं न कुरुतेऽपत्ये तथा राज्यानुशासने ।

स त्वं व्यपेक्षया भ्रातुः संतानाय कुलस्य च ॥ ३५ ॥

भीष्मस्य चास्य वचनान्नियोगाच्च ममानघ ।

अनुक्रोशाच्च भूतानां सर्वेषां रक्षणाय च ॥ ३६ ॥

आनृशंस्याच्च यद् ब्रूयां तच्छ्रुत्वा कर्तुमर्हसि ।

यवीयसस्तव भ्रातुर्भार्ये सुरसुतोपमे ॥ ३७ ॥

रूपयौवनसम्पन्ने पुत्रकामे च धर्मतः ।

तयोरुत्पादयापत्यं समर्थो ह्यसि पुत्रक ॥ ३८ ॥

अनुरूपं कुलस्यास्य संतत्याः प्रसवस्य च । ‘ अनघ! संतानोत्पादन तथा राज्य शासन करनेका इनका विचार नहीं है; अतः तुम अपने भाईके पारलौकिक हितका विचार करके तथा कुलकी संतानपरम्पराकी रक्षाके लिये भीष्मके अनुरोध और मेरी आज्ञासे सब प्राणियोंपर दया करके उनकी रक्षा करनेके उद्देश्यसे और अपने अन्तःकरणकी कोमल वृत्तिको देखते हुए मैं जो कुछ कहूँ, उसे सुनकर उसका पालन करो । तुम्हारे छोटे भाईकी पत्नियाँ देवकन्याओंके समान सुन्दर रूप तथा युवावस्थासे सम्पन्न हैं । उनके मनमें धर्मतः पुत्र पानेकी कामना है । पुत्र! तुम इसके लिये समर्थ हो, अतः उन दोनोंके गर्भसे ऐसी संतानोंको जन्म दो, जो इस कुलपरम्पराकी रक्षा तथा वृद्धिके लिये सर्वथा सुयोग्य हों' ॥ ३५-३८३ ॥ व्यास उवाच वेत्थ धर्मं सत्यवति परं चापरमेव च ॥ ३ ९ ॥

तथा तव महाप्राज्ञे धर्मे प्रणिहिता मतिः ।

तस्मादहं त्वन्नियोगाद् धर्ममुद्दिश्य कारणम् ॥ ४० ॥

ईप्सितं ते करिष्यामि दृष्टं ह्योतत् सनातनम् ।

भ्रातुः पुत्रान् प्रदास्यामि मित्रावरुणयोः समान् ॥ ४१ ॥

व्यासजीने कहा – माता सत्यवती! आप पर और अपर दोनों प्रकारके धर्मोंको जानती हैं । महाप्राज्ञे! आपकी बुद्धि सदा धर्ममें लगी रहती है । अतः मैं