श्रीरामचरितमानस — पृष्ठ 671–680

श्रीरामचरितमानस · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 671–680

पृष्ठ 671

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 671 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* अरण्यकाण्ड * ६६ ९ सब कथा कहकर भगवान्के मुखके दर्शन कर, हृदयमें उनके चरणकमलोंको धारण कर लिया और योगाग्निसे देहको त्यागकर ( जलाकर ) वह उस दुर्लभ हरिपदमें लीन हो गयी, जहाँसे लौटना नहीं होता । तुलसीदासजी कहते हैं कि अनेकों प्रकारके कर्म, अधर्म और बहुत-से मत– ये सब शोकप्रद हैं; हे मनुष्यो! इनका त्याग कर दो और विश्वास करके श्रीरामजीके चरणोंमें प्रेम करो ।

दो० – जाति हीन अघ जन्म महि मुक्त कीन्हि असि नारि ।

महामंद मन सुख चहसि ऐसे प्रभुहि बिसारि ॥ ३६ ॥

जो नीच जातिकी और पापोंकी जन्मभूमि थी, ऐसी स्त्रीको भी जिन्होंने मुक्त कर दिया, अरे महादुर्बुद्धि मन! तू ऐसे प्रभुको भूलकर सुख चाहता है? ॥३६ ॥

चले राम त्यागा बन सोऊ । अतुलित बल नर केहरि दोऊ ॥

बिरही इव प्रभु करत बिषादा । कहत कथा अनेक संबादा ॥

श्रीरामचन्द्रजीने उस वनको भी छोड़ दिया और वे आगे चले । दोनों भाई अतुलनीय बलवान् और मनुष्योंमें सिंहके समान हैं । प्रभु विरहीकी तरह विषाद करते हुए अनेकों कथाएँ और संवाद कहते हैं— ॥ १ ॥

लछिमन देखु बिपिन कइ सोभा । देखत केहि कर मन नहिं छोभा ॥

नारि सहित सब खग मृग बृंदा । मानहुँ मोरि करत हहिं निंदा ॥

हे लक्ष्मण! जरा वनकी शोभा तो देखो । इसे देखकर किसका मन क्षुब्ध नहीं होगा? पक्षी

और पशुओंके समूह सभी स्त्रीसहित हैं । मानो वे मेरी निन्दा कर रहे हैं ॥२ ॥

हमहि देखि मृग निकर पराहीं । मृगीं कहहिं तुम्ह कहँ भय नाहीं ॥

तुम्ह आनंद करहु मृग जाए । कंचन मृग खोजन ए आए ॥

हमें देखकर [ जब डरके मारे ] हिरनोंके झुंड भागने लगते हैं, तब हिरनियाँ उनसे कहती हैं— तुमको भय नहीं है । तुम तो साधारण हिरनोंसे पैदा हुए हो, अत: तुम आनन्द करो । ये तो सोनेका हिरन खोजने आये हैं ॥३ ॥

संग लाइ करिनीं करि लेहीं । मानहुँ मोहि सिखावनु देहीं ॥

सास्त्र सुचिंतित पुनि पुनि देखिअ । भूप सुसेवित बस नहिं लेखिअ ॥

हाथी हथिनियोंको साथ लगा लेते हैं । वे मानो मुझे शिक्षा देते हैं [ कि स्त्रीको कभी अकेली नहीं छोड़ना चाहिये ] । भलीभाँति चिन्तन किये हुए शास्त्रको भी बार -बार देखते रहना चाहिये । अच्छी तरह सेवा किये हुए भी राजाको वशमें नहीं समझना चाहिये ॥४ ॥

राखिअ नारि जदपि उर माहीं । जुबती सास्त्र नृपति बस नाहीं ॥

देखहु ताततात बसंत सुहावा । प्रिया हीन मोहि भय उपजावा ॥

पृष्ठ 672

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 672 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* * ६७० रामचरितमानस और स्त्रीको चाहे हृदयमें ही क्यों न रखा जाय; परन्तु युवती स्त्री, शास्त्र और राजा किसीके वशमें नहीं रहते । हे तात! इस सुन्दर वसन्तको तो देखो । प्रियाके बिना मुझको यह भय उत्पन्न कर रहा है ॥५ ॥

दो० –- बिरह बिकल बलहीन मोहि जानेसि निपट अकेल ।

सहित बिपिन मधुकर खग मदन कीन्ह बगमेल ॥ ३७ ( क ) ॥

मुझे विरहसे व्याकुल, बलहीन और बिलकुल अकेला जानकर कामदेवने वन, भौंरों और पक्षियोंको साथ लेकर मुझपर धावा बोल दिया ॥ ३७ ( क ) ॥

देखि गयउ भ्राता सहित तासु दूत सुनि बात ।

डेरा कीन्हेउ मनहुँ तब कटकु हटकि मनजात ॥ ३७ ( ख ) ॥

परन्तु जब उसका दूत यह देख गया कि मैं भाईके साथ हूँ ( अकेला नहीं हूँ ), तब उसकी बात सुनकर कामदेवने मानो सेनाको रोककर डेरा डाल दिया है ॥ ३७ (ख ) ॥

बिटप बिसाल लता अरुझानी । बिबिध बितान दिए जनु तानी ॥

कदलि ताल बर धुजा पताका । देखि न मोह धीर मन जाका ॥

विशाल वृक्षोंमें लताएँ उलझी हुई ऐसी मालूम होती हैं मानो नाना प्रकारके तंबू तान दिये गये हैं । केला और ताड़ सुन्दर ध्वजा-पताकाके समान हैं । इन्हें देखकर वही नहीं मोहित होता जिसका मन धीर है ॥ १ ॥

बिबिध भाँति फूले तरु नाना । जनु बानैत बने बहु बाना ॥

कहुँ कहुँ सुंदर बिटप सुहाए । जनु भट बिलग बिलग होइ छाए ॥

अनेकों वृक्ष नाना प्रकारसे फूले हुए हैं । मानो अलग-अलग बाना ( वर्दी) धारण किये हुए बहुत - से तीरंदाज हों । कहीं - कहीं सुन्दर वृक्ष शोभा दे रहे हैं । मानो योद्धालोग अलग- अलग होकर छावनी डाले हों ॥२ ॥

कूजत पिक मानहुँ गज माते । ढेक महोख ऊँट बिसराते ॥

मोर चकोर कीर बर बाजी । पारावत मराल सब ताजी ॥

कोयलें कूज रही हैं, वही मानो मतवाले हाथी [चिग्घाड़ रहे ] हैं । ढेक और महोख पक्षी मानो ऊँट और खच्चर हैं । मोर, चकोर, तोते, कबूतर और हंस मानो सब सुन्दर ताजी ( अरबी ) घोड़े हैं ॥३ ॥

तीतिर लावक पदचर जूथा । बरनि न जाइ मनोज बरूथा ॥

रथ गिरि सिला दुंदुभीं झरना । चातक बंदी गुन गन बरना ॥

पृष्ठ 673

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 673 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* अरण्यकाण्ड * ६७१ तीतर और बटेर पैदल सिपाहियोंके झुंड हैं । कामदेवकी सेनाका वर्णन नहीं हो सकता । पर्वतोंकी शिलाएँ रथ और जलके झरने नगाड़े हैं । पपीहे भाट हैं, जो गुणसमूह ( विरदावली ) का वर्णन करते हैं ॥४ ॥

मधुकर मुखर भेरि सहनाई । त्रिबिध बयारि बसीठीं आई ॥

चतुरंगिनी सेन सँग लीन्हें । बिचरत सबहि चुनौती दीन्हें ॥

भौंरोंकी गुंजार भेरी और शहनाई है । शीतल, मन्द और सुगन्धित हवा मानो दूतका काम लेकर आयी है । इस प्रकार चतुरङ्गिणी सेना साथ लिये कामदेव मानो सबको चुनौती देता हुआ विचर रहा है ॥५ ॥

लछिमन देखत काम अनीका । रहहिं धीर तिन्ह कै जग लीका ॥

एहि कें एक परम बल नारी । तेहि तें उबर सुभट सोइ भारी ॥

हे लक्ष्मण! कामदेवकी इस सेनाको देखकर जो धीर बने रहते हैं, जगत्में उन्हींकी [ वीरोंमें ] प्रतिष्ठा होती है । इस कामदेवके एक स्त्रीका बड़ा भारी बल है । उससे जो बच जाय, वही श्रेष्ठ योद्धा है ॥६ ॥

दो० – तात तीनि अति प्रबल खल काम क्रोध अरु लोभ ।

मुनि बिग्यान धाम मन करहिं निमिष महुँ छोभ ॥ ३८ ( क ) ॥

हे तात! काम, क्रोध और लोभ-ये तीन अत्यन्त प्रबल दुष्ट हैं । ये विज्ञानके धाम मुनियोंके भी मनोंको पलभरमें क्षुब्ध कर देते हैं ॥ ३८ ( क ) ॥

लोभ कें इच्छा दंभ बल काम कें केवल नारि ।

क्रोध कें परुष बचन बल मुनिबर कहहिं बिचारि ॥ ३८ ( ख) ॥

लोभको इच्छा और दम्भका बल है, कामको केवल स्त्रीका बल है और क्रोधको कठोर वचनोंका बल है; श्रेष्ठ मुनि विचारकर ऐसा कहते हैं ॥ ३८ ( ख) ॥

गुनातीत सचराचर स्वामी । राम उमा सब अंतरजामी ॥

कामिन्ह कै दीनता देखाई ॥ धीरन्ह कें मन बिरति दृढ़ाई ॥

[ शिवजी कहते हैं— ] हे पार्वती! श्रीरामचन्द्रजी गुणातीत ( तीनों गुणोंसे परे), चराचर जगत्के स्वामी और सबके अन्तरकी जाननेवाले हैं । [ उपर्युक्त बातें कहकर ] उन्होंने कामी लोगोंकी दीनता ( बेबसी ) दिखलायी है और धीर ( विवेकी ) पुरुषोंके मनमें वैराग्यको दृढ़ किया है ॥१ ॥

क्रोध मनोज लोभ मद माया । छूटहिं सकल राम कीं दाया ॥

सो नर इंद्रजाल नहिं भूला । जा पर होइ सो नट अनुकूला ॥

पृष्ठ 674

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 674 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* *६७२ रामचरितमानस क्रोध, काम, लोभ, मद और माया-ये सभी श्रीरामजीकी दयासे छूट जाते हैं । वह नट ( नटराजभगवान् ) जिसपर प्रसन्न होता है, वह मनुष्य इन्द्रजाल ( माया ) में नहीं भूलता ॥ २ ॥

उमा कहउँ मैं अनुभव अपना । सत हरि भजनु जगत सब सपना ॥

पुनि प्रभु गए सरोबर तीरा । पंपा नाम सुभग गंभीरा ॥

हे उमा! मैं तुम्हें अपना अनुभव कहता हूँ-हरिका भजन ही सत्य है, यह सारा जगत् तो स्वप्न [ की भाँति झूठा] है । फिर प्रभु श्रीरामजी पंपा नामक सुन्दर और गहरे सरोवरके तीरपर गये ॥३ ॥

संत हृदय जस निर्मल बारी । बाँधे घाट मनोहर चारी ॥

जहँ तहँ पिअहिं बिबिध मृग नीरा । जनु उदार गृह जाचक भीरा ॥

उसका जल संतोंके हृदय-जैसा निर्मल है । मनको हरनेवाले सुन्दर चार घाट बँधे हुए हैं । भाँति - भाँतिके पशु जहाँ-तहाँ जल पी रहे हैं । मानो उदार दानी पुरुषोंके घर याचकोंकी भीड़ लगी हो! ॥४ ॥

दो०–- पुरइनि सघन ओट जल बेगि न पाइअ मर्म ।

मायाछन्न न देखिऐ जैसें निर्गुन ब्रह्म ॥ ३ ९ ( क ) ॥

घनी पुरइनों ( कमलके पत्तों ) -की आड़में जलका जल्दी पता नहीं मिलता । जैसे मायासे ढके रहनेके कारण निर्गुण ब्रह्म नहीं दीखता ॥ ३ ९ ( क) ॥

सुखी मीन सब एकरस अति अगाध जल माहिं ।

जथा धर्मसीलन्ह के दिन सुख संजुत जाहिं ॥ ३ ९ ( ख ) ॥

उस सरोवरके अत्यन्त अथाह जलमें सब मछलियाँ सदा एकरस (एक समान ) सुखी रहती हैं । जैसे धर्मशील पुरुषोंके सब दिन सुखपूर्वक बीतते हैं ॥ ३ ९ (ख) ॥

बिकसे सरसिज नाना रंगा । मधुर मुखर गुंजत बहु भृंगा ॥

बोलत जलकुक्कुट कलहंसा । प्रभु बिलोकि जनु करत प्रसंसा ॥

उसमें रंग- बिरंगे कमल खिले हुए हैं । बहुत-से भौरे मधुर स्वरसे गुंजार कर रहे हैं । जलके मुर्गे और राजहंस बोल रहे हैं, मानो प्रभुको देखकर उनकी प्रशंसा कर रहे हों ॥१ ॥

चक्रबाक बक खग समुदाई । देखत बनइ बरनि नहिं जाई ॥

सुंदर खग गन गिरा सुहाई । जात पथिक जनु लेत बोलाई ॥

चक्रवाक, बगुले आदि पक्षियोंका समुदाय देखते ही बनता है, उनका वर्णन नहीं किया जा सकता । सुन्दर पक्षियोंकी बोली बड़ी सुहावनी लगती है, मानो [ रास्तेमें ] जाते हुए पथिकको

पृष्ठ 675

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 675 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* अरण्यकाण्ड * ६७३ बुलाये लेती हो ॥२ ॥

ताल समीप मुनिन्ह गृह छाए । चहु दिसि कानन बिटप सुहाए ॥

चंपक बकुल कदंब तमाला । पाटल पनस परास रसाला ॥

उस झील ( पंपासरोवर ) के समीप मुनियोंने आश्रम बना रखे हैं । उसके चारों ओर वनके सुन्दर वृक्ष हैं । चम्पा, मौलसिरी, कदम्ब, तमाल, पाटल, कटहल, ढाक और आम आदि— ॥३ ॥

नव पल्लव कुसुमित तरु नाना । चंचरीक पटली कर गाना ॥

सीतल मंद सुगंध सुभाऊ ॥ संतत बहइ मनोहर बाऊ ॥

बहुत प्रकारके वृक्ष नये - नये पत्तों और [ सुगन्धित ] पुष्पोंसे युक्त हैं, [जिनपर ] भौंरोंके समूह गुंजार कर रहे हैं । स्वभावसे ही शीतल, मन्द, सुगन्धित एवं मनको हरनेवाली हवा सदा बहती रहती है ॥४ ॥

कुहू कुहू कोकिल धुनि करहीं । सुनि रव सरस ध्यान मुनि टरहीं ॥

कोयलें ‘ कुहू ' ‘ कुहू ' का शब्द कर रही हैं । उनकी रसीली बोली सुनकर मुनियोंका भी ध्यान टूट जाता है ॥५ ॥

दो०– फल भारन नमि बिटप सब रहे भूमि निअराइ ।

पर उपकारी पुरुष जिमि नवहिं सुसंपति पाइ ॥ ४० ॥

फलोंके बोझसे झुककर सारे वृक्ष पृथ्वीके पास आ लगे हैं, जैसे परोपकारी पुरुष बड़ी सम्पत्ति पाकर [ विनयसे ] झुक जाते हैं ॥ ४० ॥

देखि राम अति रुचिर तलावा । मज्जनु कीन्ह परम सुख पावा ॥

देखी सुंदर तरुबर छाया । बैठे अनुज सहित रघुराया ॥

श्रीरामजीने अत्यन्त सुन्दर तालाब देखकर स्नान किया और परम सुख पाया । एक सुन्दर उत्तम वृक्षकी छाया देखकर श्रीरघुनाथजी छोटे भाई लक्ष्मणजीसहित बैठ गये ॥ १ ॥

तहँ पुनि सकल देव मुनि आए । अस्तुति करि निज धाम सिधाए ॥

बैठे परम प्रसन्न कृपाला । कहत अनुज सन कथा रसाला ॥

फिर वहाँ सब देवता और मुनि आये और स्तुति करके अपने - अपने धामको चले गये । कृपालु श्रीरामजी परम प्रसन्न बैठे हुए छोटे भाई लक्ष्मणजीसे रसीली कथाएँ कह रहे हैं ॥२ ॥

बिरहवंत भगवंतहि देखी । नारद मन भा सोच बिसेषी ॥

मोर साप करि अंगीकारा । सहत राम नाना दुख भारा ॥

भगवान्‌को विरहयुक्त देखकर नारदजीके मनमें विशेषरूपसे सोच हुआ । [ उन्होंने विचार किया कि ] मेरे ही शापको स्वीकार करके श्रीरामजी नाना प्रकारके दुःखोंका भार सह रहे हैं

पृष्ठ 676

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 676 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* *६७४ रामचरितमानस (दुःख उठा रहे हैं ) ॥ ३ ॥

ऐसे प्रभुहि बिलोकउँ जाई । पुनि न बनिहि अस अवसरु आई ॥

यह बिचारि नारद कर बीना । गए जहाँ प्रभु सुख आसीना ॥

ऐसे ( भक्तवत्सल ) प्रभुको जाकर देखूँ । फिर ऐसा अवसर न बन आवेगा । यह विचारकर नारदजी हाथमें वीणा लिये हुए वहाँ गये, जहाँ प्रभु सुखपूर्वक बैठे हुए थे ॥४ ॥

गावत राम चरित मृदु बानी । प्रेम सहित बहु भाँति बखानी ॥

करत दंडवत लिए उठाई । राखे बहुत बार उर लाई ॥

वे कोमल वाणीसे प्रेमके साथ बहुत प्रकारसे बखान-बखानकर रामचरितका गान कर [ते हुए चले आ ] रहे थे । दण्डवत् करते देखकर श्रीरामचन्द्रजीने नारदजीको उठा लिया और बहुत देरतक हृदयसे लगाये रखा ॥५ ॥

स्वागत पूँछि निकट बैठारे । लछिमन सादर चरन पखारे ॥

फिर स्वागत ( कुशल) पूछकर पास बैठा लिया । लक्ष्मणजीने आदरके साथ उनके चरण धोये ॥ ६ ॥

दो० -– नाना बिधि बिनती करि प्रभु प्रसन्न जियँ जानि ।

नारद बोले बचन तब जोरि सरोरुह पानि ॥ ४१ ॥

बहुत प्रकारसे विनती करके और प्रभुको मनमें प्रसन्न जानकर तब नारदजी कमलके समान हाथोंको जोड़कर वचन बोले—॥४१ ॥

सुनहु उदार सहज रघुनायक । सुंदर अगम सुगम बर दायक ॥

देहु एक बर मागउँ स्वामी । जद्यपि जानत अंतरजामी ॥

हे स्वभावसे ही उदार श्रीरघुनाथजी! सुनिये | आप सुन्दर अगम और सुगम वरके देनेवाले हैं । हे स्वामी! मैं एक वर माँगता हूँ, वह मुझे दीजिये, यद्यपि आप अन्तर्यामी होनेके नाते सब जानते ही हैं ॥१ ॥

जानहु मुनि तुम्ह मोर सुभाऊ । जन सन कबहुँ कि करउँ दुराऊ ॥

कवन बस्तु असि प्रिय मोहि लागी । जो मुनिबर न सकहु तुम्ह मागी ॥

[ श्रीरामजीने कहा— ] हे मुनि! तुम मेरा स्वभाव जानते ही हो । क्या मैं अपने भक्तोंसे कभी कुछ छिपाव करता हूँ? मुझे ऐसी कौन-सी वस्तु प्रिय लगती है, जिसे हे मुनिश्रेष्ठ! तुम नहीं माँग सकते? ॥२ ॥

जन कहुँ कछु अदेय नहिं मोरें । अस बिस्वास तजहु जनि भोरें ॥

पृष्ठ 677

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 677 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* अरण्यकाण्ड * ६७५

तब नारद बोले हरषाई । अस बर मागउँ करउँ ढिठाई ॥

मुझे भक्तके लिये कुछ भी अदेय नहीं है । ऐसा विश्वास भूलकर भी मत छोड़ो । तब नारदजी हर्षित होकर बोले — मैं ऐसा वर माँगता हूँ, यह धृष्टता करता हूँ- ॥३ ॥

जद्यपि प्रभु के नाम अनेका । श्रुति कह अधिक एक तें एका ॥

राम सकल नामन्ह तें अधिका । होउ नाथ अघ खग गन बधिका ॥

यद्यपि प्रभुके अनेकों नाम हैं और वेद कहते हैं कि वे सब एक-से -एक बढ़कर हैं, तो भी हे नाथ! रामनाम सब नामोंसे बढ़कर हो और पापरूपी पक्षियोंके समूहके लिये यह वधिकके समान हो ॥४ ॥

दो० – राका रजनी भगति तव राम नाम सोइ सोम ।

अपर नाम उडगन बिमल बसहुँ भगत उर ब्योम ॥ ४२ ( क ) ॥

आपकी भक्ति पूर्णिमाकी रात्रि है; उसमें ' राम ' नाम यही पूर्ण चन्द्रमा होकर और अन्य सब नाम तारागण होकर भक्तोंके हृदयरूपी निर्मल आकाशमें निवास करें ॥ ४२ ( क ) ॥

एवमस्तु मुनि सन कहेउ कृपासिंधु रघुनाथ ।

तब नारद मन हरष अति प्रभु पद नायउ माथ ॥ ४२ ( ख ) ॥

कृपासागर श्रीरघुनाथजीने मुनिसे ' एवमस्तु ' ( ऐसा ही हो ) कहा । तब नारदजीने मनमें अत्यन्त हर्षित होकर प्रभुके चरणोंमें मस्तक नवाया ॥ ४२ ( ख ) ॥

अति प्रसन्न रघुनाथहि जानी । पुनि नारद बोले मृदु बानी ॥

राम जबहिं प्रेरेउ निज माया । मोहेहु मोहि सुनहु रघुराया ॥

श्रीरघुनाथजीको अत्यन्त प्रसन्न जानकर नारदजी फिर कोमल वाणी बोले-हे रामजी! हे रघुनाथजी! सुनिये, जब आपने अपनी मायाको प्रेरित करके मुझे मोहित किया था, ॥ १ ॥

तब बिबाह मैं चाहउँ कीन्हा । प्रभु केहि कारन करै न दीन्हा ॥

सुनु मुनि तोहि कहउँ सहरोसा । भजहिं जे मोहि तजि सकल भरोसा ॥

तब मैं विवाह करना चाहता था । हे प्रभु! आपने मुझे किस कारण विवाह नहीं करने दिया? [ प्रभु बोले- ] हे मुनि! सुनो, मैं तुम्हें हर्षके साथ कहता हूँ कि जो समस्त आशा- भरोसा छोड़कर केवल मुझको ही भजते हैं, ॥२ ॥

करउँ सदा तिन्ह के रखवारी । जिमि बालक राखड़ महतारी ॥

गह सिसु बच्छ अनल अहि धाई । तहँ राखड़ जननी अरगाई ॥

पृष्ठ 678

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 678 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* *६७६ रामचरितमानस मैं सदा उनकी वैसे ही रखवाली करता हूँ जैसे माता बालककी रक्षा करती है । छोटा बच्चा जब दौड़कर आग और साँपको पकड़ने जाता है तो वहाँ माता उसे [ अपने हाथों ] अलग करके बचा लेती है ॥ ३ ॥

प्रौढ़ भएँ तेहि सुत पर माता । प्रीति करइ नहिं पाछिलि बाता ॥

मोरें प्रौढ़ तनय सम ग्यानी । बालक सुत सम दास अमानी ॥

सयाना हो जानेपर उस पुत्रपर माता प्रेम तो करती है, परन्तु पिछली बात नहीं रहती ( अर्थात् मातृपरायण शिशुकी तरह फिर उसको बचानेकी चिन्ता नहीं करती; क्योंकि वह मातापर निर्भर न कर अपनी रक्षा आप करने लगता है ) । ज्ञानी मेरे प्रौढ़ ( सयाने ) पुत्रके समान है और [ तुम्हारे-जैसा] अपने बलका मान न करनेवाला सेवक मेरे शिशु पुत्रके समान है ॥४ ॥

जनहि मोर बल निज बल ताही । दुहु कहँ काम क्रोध रिपु आही ॥

यह बिचारि पंडित मोहि भजहीं । पाएहुँ ग्यान भगति नहिं तजहीं ॥

मेरे सेवकको केवल मेरा ही बल रहता है और उसे ( ज्ञानीको ) अपना बल होता है । पर काम- क्रोधरूपी शत्रु तो दोनोंके लिये हैं । [ भक्तके शत्रुओंको मारनेकी जिम्मेवारी मुझपर रहती है, क्योंकि वह मेरे परायण होकर मेरा ही बल मानता है; परन्तु अपने बलको माननेवाले ज्ञानीके शत्रुओंका नाश करनेकी जिम्मेवारी मुझपर नहीं है । ] ऐसा विचारकर पण्डितजन ( बुद्धिमान् लोग ) मुझको ही भजते हैं । वे ज्ञान प्राप्त होनेपर भी भक्तिको नहीं छोड़ते ॥ ५ ॥

दो० - काम क्रोध लोभादि मद प्रबल मोह के धारि ।

तिन्ह महँ अति दारुन दुखद मायारूपी नारि ॥४३ ॥

काम, क्रोध, लोभ और मद आदि मोह ( अज्ञान ) की प्रबल सेना है । इनमें मायारूपिणी ( मायाकी साक्षात् मूर्ति) स्त्री तो अत्यन्त दारुण दुःख देनेवाली है ॥ ४३ ॥

सुनु मुनि कह पुरान श्रुति संता । मोह बिपिन कहुँ नारि बसंता ॥

जप तप नेम जलाश्रय झारी । होइ ग्रीषम सोषइ सब नारी ॥

हे मुनि! सुनो, पुराण, वेद और संत कहते हैं कि मोहरूपी वन [ को विकसित करने ] के लिये स्त्री वसन्त ऋतुके समान है । जप, तप, नियमरूपी सम्पूर्ण जलके स्थानोंको स्त्री ग्रीष्मरूप होकर सर्वथा सोख लेती है ॥१ ॥

काम क्रोध मद मत्सर भेका । इन्हहि हरषप्रद बरषा एका ॥

।दुर्बासना कुमुद समुदाई तिन्ह कहँ सरद सदा सुखदाई ॥

काम, क्रोध, मद और मत्सर ( डाह ) आदि मेढक हैं । इनको वर्षा ऋतु होकर हर्ष प्रदान करनेवाली एकमात्र यही ( स्त्री ) है । बुरी वासनाएँ कुमुदोंके समूह हैं । उनको सदैव सुख देनेवाली यह शरद् ऋतु है ॥ २ ॥

पृष्ठ 679

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 679 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* अरण्यकाण्ड * ६७७

धर्म सकल सरसीरुह बंदा । होइ हिम तिन्हहि दहइ सुख मंदा ॥

पुनि ममता जवास बहुताई । पलुहइ नारि सिसिर रितु पाई ॥

समस्त धर्म कमलोंके झुंड हैं । यह नीच ( विषयजन्य ) सुख देनेवाली स्त्री हिम-ऋतु होकर उन्हें जला डालती है । फिर ममतारूपी जवासका समूह ( वन ) स्त्रीरूपी शिशिर ऋतुको पाकर हरा- भरा हो जाता है ॥ ३ ॥

पाप उलूक निकर सुखकारी । नारि निबिड़ रजनी अँधिआरी ॥

बुधि बल सील सत्य सब मीना । बनसी सम त्रिय कहहिं प्रबीना ॥

पापरूपी उल्लुओंके समूहके लिये यह स्त्री सुख देनेवाली घोर अन्धकारमयी रात्रि है । बुद्धि, बल, शील और सत्य- ये सब मछलियाँ हैं और उन [को फँसाकर नष्ट करने ] के लिये स्त्री बंसीके समान है, चतुर पुरुष ऐसा कहते हैं ॥४ ॥

दो० – अवगुन मूल सूलप्रद प्रमदा सब दुख खानि ।

ताते कीन्ह निवारन मुनि मैं यह जियँ जानि ॥४४ ॥

युवती स्त्री अवगुणोंकी मूल, पीड़ा देनेवाली और सब दुःखोंकी खान है । इसलिये हे मुनि! मैंने जीमें ऐसा जानकर तुमको विवाह करनेसे रोका था ॥४४ ॥

सुनि रघुपति के बचन सुहाए । मुनि तन पुलक नयन भरि आए ॥

कहहु कवन प्रभु कै असि रीती । सेवक पर ममता अरु प्रीती ॥

श्रीरघुनाथजीके सुन्दर वचन सुनकर मुनिका शरीर पुलकित हो गया और नेत्र [ प्रेमाश्रुओंके जलसे ] भर आये । [ वे मन-ही -मन कहने लगे- ] कहो तो किस प्रभुकी ऐसी रीति है, जिसका सेवकपर इतना ममत्व और प्रेम हो ॥ १ ॥

जेन भजहिं अस प्रभु भ्रम त्यागी । ग्यान रंक नर मंद अभागी ॥

पुनि सादर बोले मुनि नारद । सुनहु राम बिग्यान बिसारद ॥

जो मनुष्य भ्रमको त्यागकर ऐसे प्रभुको नहीं भजते, वे ज्ञानके कंगाल, दुर्बुद्धि और अभागे हैं । फिर नारद मुनि आदरसहित बोले - हे विज्ञान - विशारद श्रीरामजी! सुनिये —॥२ ॥

संतन्ह के लच्छन रघुबीरा । कहहु नाथ भव भंजन भीरा ॥

सुनु मुनि संतन्ह के गुन कहऊँ । जिन्ह ते मैं उन्ह कें बस रहऊँ ॥

हे रघुवीर! हे भव भय ( जन्म- मरणके भय ) -का नाश करनेवाले मेरे नाथ! अब कृपा कर संतोंके लक्षण कहिये । [ श्रीरामजीने कहा- ] हे मुनि! सुनो, मैं संतोंके गुणोंको कहता हूँ, जिनके कारण मैं उनके वशमें रहता हूँ॥३ ॥

पृष्ठ 680

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 680 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* *६७८ रामचरितमानस

षट बिकार जित अनघ अकामा । अचल अकिंचन सुचि सुखधामा ॥

अमित बोध अनीह मितभोगी । सत्यसार कबि कोबिद जोगी ॥

वे संत [ काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद और मत्सर- इन ] छः विकारों ( दोषों ) को जीते हुए, पापरहित, कामनारहित, निश्चल ( स्थिरबुद्धि), अकिञ्चन ( सर्वत्यागी ), बाहर- भीतरसे पवित्र, सुखके धाम, असीम ज्ञानवान्, इच्छारहित, मिताहारी, सत्यनिष्ठ, कवि, विद्वान्, योगी, ॥४ ॥

सावधान मानद मदहीना । धीर धर्म गति परम प्रबीना ॥

सावधान, दूसरोंको मान देनेवाले, अभिमानरहित, धैर्यवान्, धर्मके ज्ञान और आचरणमें अत्यन्त निपुण, ॥५ ॥

दो० – गुनागार संसार दुख रहित बिगत संदेह ।

तजि मम चरन सरोज प्रिय तिन्ह कहुँ देह न गेह ॥ ४५ ॥

गुणोंके घर, संसारके दुःखोंसे रहित और सन्देहोंसे सर्वथा छूटे हुए होते हैं । मेरे चरणकमलोंको छोड़कर उनको न देह ही प्रिय होती है, न घर ही ॥ ४५ ॥

निज गुन श्रवन सुनत सकुचाहीं । पर गुन सुनत अधिक हरषाहीं ॥

सम सीतल नहिं त्यागहिं नीती । सरल सुभाउ सबहि सन प्रीती ॥

कानोंसे अपने गुण सुननेमें सकुचाते हैं, दूसरोंके गुण सुननेसे विशेष हर्षित होते हैं । सम और शीतल हैं, न्यायका कभी त्याग नहीं करते । सरलस्वभाव होते हैं और सभीसे प्रेम रखते हैं ॥१ ॥

जप तप ब्रत दम संजम नेमा । गुरु गोबिंद बिप्र पद प्रेमा ॥

श्रद्धा छमा मयत्री दाया । मुदिता मम पद प्रीति अमाया ॥

वे जप, तप, व्रत, दम, संयम और नियममें रत रहते हैं और गुरु, गोविन्द तथा ब्राह्मणोंके चरणोंमें प्रेम रखते हैं । उनमें श्रद्धा, क्षमा, मैत्री, दया, मुदिता ( प्रसन्नता) और मेरे चरणोंमें निष्कपट प्रेम होता है ॥२ ॥

बिरति बिबेक बिनय बिग्याना । बोध जथारथ बेद पुराना ॥

दंभ मान मद करहिं न काऊ । भूलि न देहिं कुमारग पाऊ ॥

तथा वैराग्य, विवेक, विनय, विज्ञान ( परमात्माके तत्त्वका ज्ञान) और वेद - पुराणका यथार्थ ज्ञान रहता है । वे दम्भ, अभिमान और मद कभी नहीं करते और भूलकर भी कुमार्गपर पैर नहीं रखते ॥३ ॥

गावहिं सुनहिं सदा मम लीला । हेतु रहित परहित रत सीला ॥