श्रीगणेशाय नमः।
महाभारत — खण्ड ४ — पृष्ठ 1691–1700
महाभारत — खण्ड ४ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 1691–1700
पृष्ठ 1691
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
किरीटमाल्याभरणोज्ज्वलानि । भल्लार्धचन्द्रक्षुरकर्तितानि प्रपेतुरुर्व्या नृशिरांस्यजस्रम् ॥ ११ ॥
जिनके मुखकमल, सूर्य और पूर्ण चन्द्रमाके समान सुन्दर, तेजस्वी एवं मनोरम थे तथा मुकुट, माला एवं आभूषणोंसे प्रकाशित हो रहे थे, ऐसे असंख्य नरमुण्ड भल्ल, अर्द्धचन्द्र तथा क्षुर नामक बाणोंसे कट- कटकर लगातार पृथ्वीपर गिर रहे थे ॥ ११ ॥
अथ द्विपैर्देवपतिद्विपाभै- र्देवारिदर्पापहमत्युदग्रम् । कलिङ्गवङ्गाङ्गनिषादवीरा जिघांसवः पाण्डवमभ्यधावन् ॥ १२ ॥
तत्पश्चात् कलिंग, अंग, वंग और निषाद देशोंके वीर देवराज इन्द्रके ऐरावत हाथीके समान विशाल गजराजोंपर सवार हो, देवद्रोहियोंका दर्प दलन करनेवाले प्रचण्ड वीर पाण्डुकुमार अर्जुनपर उन्हें मार डालनेकी इच्छासे चढ़ आये ॥ १२ ॥
तेषां द्विपानां निचकर्त पार्थो
वर्माणि चर्माणि करान् नियन्तॄन् ।
ध्वजान् पताकांश्च ततः प्रपेतु- र्वज्राहतानीव गिरेः शिरांसि ॥ १३ ॥
कुन्तीकुमार अर्जुनने उनके हाथियोंके कवच, चर्म, सूँड़, महावत, ध्वजा और पताका -सबको काट डाला । इससे वे वज्रके मारे हुए पर्वतीय शिखरोंके समान पृथ्वीपर गिर पड़े ॥ १३ ॥
तेषु प्रभग्नेषु गुरोस्तनूजं
बाणैः किरीटी नवसूर्यवर्णैः ।
प्रच्छादयामास महाभ्रजालै- र्वायुः समुद्यन्तमिवांशुमन्तम् ॥ १४ ॥
उनके नष्ट हो जानेपर किरीटधारी अर्जुनने प्रभातकालके सूर्यकी कान्तिके समान तेजस्वी बाणोंद्वारा गुरुपुत्र अश्वत्थामाको ढक दिया, मानो वायुने उगते हुए किरणोंवाले सूर्यको मेघोंकी बड़ी भारी घटाओंसे आच्छादित कर दिया हो ॥ १४ ॥
ततोऽर्जुनेषूनिषुभिर्निरस्य द्रौणिः शितैरर्जुनवासुदेवौ । प्रच्छादयित्वा दिवि चन्द्रसूर्यौ ननाद सोऽम्भोद इवातपान्ते ॥ १५ ॥
तब द्रोणकुमार अश्वत्थामाने अपने तीखे बाणोंद्वारा अर्जुनके बाणोंका निवारण करके श्रीकृष्ण और अर्जुनको ढक दिया और आकाशमें चन्द्रमा तथा सूर्यको आच्छादित करके
पृष्ठ 1692
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
गर्जनेवाले वर्षाकालके मेघकी भाँति वह गम्भीर गर्जना करने लगा ॥ १५ ॥
तमर्जुनस्तांश्च पुनस्त्वदीया- नभ्यर्दितस्तैरभिसृत्य शस्त्रैः । बाणान्धकारं सहसैव कृत्त्वा विव्याध सर्वानिषुभिः सुपुङ्खैः ॥ १६ ॥
उसके बाणोंसे पीड़ित हुए अर्जुनने आगे बढ़कर सहसा शस्त्रोंद्वारा शत्रुके बाणजनित अन्धकारको नष्ट करके उत्तम पंखवाले अपने बाणोंद्वारा अश्वत्थामा तथा आपके अन्य समस्त सैनिकोंको पुनः घायल कर दिया ॥ १६ ॥
नाप्याददत् संदधन्नैव मुञ्चन् बाणान् रथेऽदृश्यत सव्यसाची । रथांश्च नागांस्तुरगान् पदातीन् संस्यूतदेहान् ददृशुर्हतांश्च ॥ १७ ॥
रथपर बैठे हुए सव्यसाची अर्जुन कब तरकससे बाण लेते, कब उन्हें धनुषपर रखते और कब छोड़ते हैं, यह नहीं दिखायी देता था । सब लोग यही देखते थे कि रथियों, हाथियों, घोड़ों और पैदल सैनिकोंके शरीर उनके बाणोंसे गुँथे हुए हैं और वे प्राणशून्य हो गये हैं ॥ १७ ॥
संधाय नाराचवरान् दशाशु द्रौणिस्त्वरन्नेकमिवोत्ससर्ज । तेषां च पञ्चार्जुनमभ्यविध्यन् पञ्चाच्युतं निर्बिभिदुः सुपुङ्खाः ॥ १८ ॥
तब अश्वत्थामाने बड़ी उतावलीके साथ अपने धनुषपर दस उत्तम नाराच रखे और उन सबको एकके ही समान एक साथ छोड़ दिया। उनमेंसे पाँच सुन्दर पंखवाले नाराचोंने अर्जुनको बींध डाला और पाँचने श्रीकृष्णको क्षत- विक्षत कर दिया ॥ १८ ॥
तैराहती सर्वमनुष्यमुख्या- वसृक् स्रवन्तौ धनदेन्द्रकल्पौ । समाप्तविद्येन तथाभिभूतौ तौ रणे ताविति मेनिरेऽन्ये ॥ १ ९ ॥ उन बाणोंसे आहत होकर सम्पूर्ण मनुष्योंमें श्रेष्ठ, कुबेर और इन्द्रके समान पराक्रमी वे दोनों वीर श्रीकृष्ण और अर्जुन अपने अंगोंसे रक्त बहाने लगे । जिसकी विद्या पूरी हो चुकी थी, उस अश्वत्थामाके द्वारा इस प्रकार पराभवको प्राप्त हुए उन दोनोंको अन्य सब लोगोंने यही समझा कि ‘ वे रणभूमिमें मारे गये ' ॥ १ ९ ॥ अथार्जुनं प्राह दशार्हनाथः प्रमाद्यसे किं जहि योधमेतम् ।
पृष्ठ 1693
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
कुर्याद्धि दोषं समुपेक्षितोऽयं कष्टो भवेद् व्याधिरिवाक्रियावान् ॥ २० ॥
तब दशार्हवंशके स्वामी श्रीकृष्णने अर्जुनसे कहा - ' पार्थ! तुम क्यों प्रमाद कर रहे हो? इस योद्धाको मार डालो । इसकी उपेक्षा की जायगी तो यह और भी नये - नये अपराध करेगा और जिसकी चिकित्सा न की गयी हो, उस रोगके समान अधिक कष्टदायक हो जायगा ' ॥ तथेति चोक्त्वाच्युतमप्रमादी द्रौणिं प्रयत्नादिषुभिस्ततक्ष । भुजौ वरौ चन्दनसारदिग्धौ वक्षः शिरोऽथाप्रतिमौ तथोरू ॥ २१ ॥
' बहुत अच्छा, ऐसा ही करूंगा' श्रीकृष्णसे ऐसा कहकर सतत सावधान रहनेवाले अर्जुन अपने बाणोंद्वारा प्रयत्नपूर्वक अश्वत्थामाको — उसके चन्दनसारचर्चित श्रेष्ठ भुजाओं, वक्षःस्थल, सिर और अनुपम जाँघोंको क्षत- विक्षत करने लगे ॥ २१ ॥
गाण्डीवमुक्तैः कुपितोऽविकर्णै- शिरैः संयति निर्बिभेद । छित्त्वा तु रश्मींस्तुरगानविध्यत् ते तं रणादूहुरतीव दूरम् ॥ २२ ॥
क्रोधमें भरे हुए अर्जुनने गाण्डीव धनुषसे छूटे हुए भेड़के कान-जैसे अग्रभागवाले बाणोंद्वारा युद्धस्थलमें द्रोणपुत्रको विदीर्ण कर डाला । घोड़ोंकी बागडोर काटकर उन्हें अत्यन्त घायल कर दिया । इससे वे घोड़े अश्वत्थामाको रणभूमिसे बहुत दूर भगा ले गये ॥ २२ ॥
स तैर्हृतो वातजवैस्तुरङ्गै- द्रौणिर्दृढं पार्थशराभिभूतः । इयेष नावृत्य पुनस्तु योद्धुं पार्थेन सार्धं मतिमान् विमृश्य । जानञ्जयं नियतं वृष्णिवीरे धनंजये चाङ्गिरसां वरिष्ठः ॥ २३ ॥
अश्वत्थामा अर्जुनके बाणोंसे बहुत पीड़ित हो गया था । जब वायुके समान वेगशाली घोड़े उसे रणभूमिसे बहुत दूर हटा ले गये, तब उस बुद्धिमान् वीरने मन-ही -मन विचार करके पुनः लौटकर अर्जुनके साथ युद्ध करनेकी इच्छा त्याग दी । अंगिरा गोत्रवाले ब्राह्मणोंमें सर्वश्रेष्ठ अश्वत्थामा यह जान गया था कि वृष्णिवीर श्रीकृष्ण और अर्जुनकी विजय निश्चित है ॥ २३ ॥
नियम्य स हयान् द्रौणिः समाश्वास्य च मारिष ।
रथाश्वनरसम्बाधं कर्णस्य प्राविशद् बलम् ॥ २४ ॥
पृष्ठ 1694
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
मान्यवर! अपने घोड़ोंको रोककर थोड़ी देर उनको स्वस्थ कर लेनेके बाद द्रोणकुमार अश्वत्थामा रथ, घोड़े और पैदल मनुष्योंसे भरी हुई कर्णकी सेनामें प्रविष्ट हो गया ॥ २४ ॥
प्रतीपकारिणि रणादश्वत्थाम्नि हृते हयैः ।
मन्त्रौषधिक्रियायोगैर्व्याधौ देहादिवाहृते ॥ २५ ॥
संशप्तकानभिमुखौ प्रयातौ केशवार्जुनौ ।
वातोद्धूतपताकेन स्यन्दनेनौघनादिना ॥ २६ ॥
जैसे मन्त्र, औषध, चिकित्सा और योगके द्वारा शरीरसे रोग दूर हो जाता है, उसी प्रकार जब प्रतिकूल कार्य करनेवाला अश्वत्थामा चारों घोड़ोंद्वारा रणभूमिसे दूर हटा दिया गया, तब वायुसे फहराती हुई पताकाओंसे युक्त और जलप्रवाहके समान गम्भीर घोष करनेवाले रथके द्वारा श्रीकृष्ण और अर्जुन फिर संशप्तकोंकी ओर चल दिये ॥ २५-२६ ॥ इति श्रीमहाभारते कर्णपर्वणि अश्वत्थामपराजये सप्तदशोऽध्यायः ॥ १७ ॥
इस प्रकार श्रीमहाभारत कर्णपर्वमें अश्वत्थामाकी पराजयविषयक सत्रहवाँअध्याय पूरा हुआ ॥ १७ ॥
पृष्ठ 1695
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
अष्टादशोऽध्यायः अर्जुनके द्वारा हाथियोंसहित दण्डधार और दण्ड आदिका वध तथा उनकी सेनाका पलायन संजय उवाच
अथोत्तरेण पाण्डूनां सेनायां ध्वनिरुत्थितः ।
रथनागाश्वपत्तीनां दण्डधारेण वध्यताम् ॥ १ ॥
संजय कहते हैं — राजन्! तदनन्तर पाण्डव- सेनाके उत्तर भागमें दण्डधारके द्वारा मारे जाते हुए रथी, हाथी, घोड़े और पैदलोंका आर्तनाद गूँज उठा ॥
निवर्तयित्वा तु रथं केशवोऽर्जुनमब्रवीत् ।
वाहयन्नेव तुरगान् गरुडानिलरंहसः ॥ २ ॥
उस समय भगवान् श्रीकृष्णने अपना रथ लौटाकर गरुड़ और वायुके समान वेगवाले घोड़ोंको हाँकते हुए ही अर्जुनसे कहा- ॥ २ ॥
मागधोऽप्यतिविक्रान्तो द्विरदेन प्रमाथिना ।
भगदत्तादनवरः शिक्षया च बलेन च ॥ ३ ॥
‘ पार्थ! यह मगधनिवासी दण्डधार भी बड़ा पराक्रमी है । इसके पास शत्रुओंको मथ डालने - वाला गजराज है । इसे युद्धकी उत्तम शिक्षा मिली है तथा यह बलवान् भी है, इन सब विशेषताओंके कारण यह पराक्रममें भगदत्तसे तनिक भी कम नहीं है ॥ ३ ॥
एनं हत्वा निहन्तासि पुनः संशप्तकानिति ।
वाक्यान्ते प्रापयत् पार्थं दण्डधारान्तिकं प्रति ॥ ४ ॥
‘ अतः पहले इसका वध करके तुम पुनः संशप्तकोंका संहार करना । ' इतना कहते-कहते श्रीकृष्णने अर्जुनको दण्डधारके निकट पहुँचा दिया ॥ ४ ॥
स मागधानां प्रवरोऽङ्कुशग्रहे ग्रहेऽप्रसह्यो विकचो यथा ग्रहः । सपत्नसेनां प्रममाथ दारुणो महीं समग्रां विकचो यथा ग्रहः ॥ ५ ॥
मागध वीरोंमें सर्वश्रेष्ठ दण्डधार अंकुश धारण करके हाथीद्वारा युद्ध करनेमें अपना सानी नहीं रखते थे । जैसे ग्रहोंमें केतुग्रहका वेग असह्य होता है, उसी प्रकार उनका आक्रमण भी शत्रुओंके लिये असहनीय था । जैसे धूमकेतु नामक उत्पातग्रह सम्पूर्ण भूमण्डलके लिये अनिष्टकारक होता है, उसी प्रकार उस भयंकर वीरने वहाँ शत्रुओंकी सम्पूर्ण सेनाको मथ डाला ॥ ५ ॥
पृष्ठ 1696
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
सुकल्पितं दानवनागसंनिभं महाभ्रनिर्ह्रादममित्रमर्दनम् । रथाश्वमातङ्गगणान् सहस्रशः समास्थितो हन्ति शरैर्नरानपि ॥ ६ ॥
उनका हाथी खूब सजाया गया था, वह गजासुरके समान बलशाली, महामेघके समान गर्जना करनेवाला तथा शत्रुओंको रौंद डालनेवाला था । उसपर आरूढ़ होकर दण्डधार अपने बाणोंसे सहस्रों रथों, घोड़ों, मतवाले हाथियों और पैदल मनुष्योंका भी संहार करने लगे ॥ ६ ॥
रथानधिष्ठाय सवाजिसारथीन् नरांश्च पादैर्द्विरदो व्यपोथयत् । द्विपांश्च पद्भयां ममृदे करेण द्विपोत्तमो हन्ति च कालचक्रवत् ॥ ७ ॥
उनका वह हाथी रथोंपर पैर रखकर सारथि और घोड़ोंसहित उन्हें चूर- चूर कर डालता था । पैदल मनुष्योंको भी पैरोंसे ही कुचल डालता था । हाथियोंको भी दोनों पैरों तथा सूँड़से मसल देता था । इस प्रकार वह गजराज कालचक्रके समान शत्रु सेनाका संहार करने लगा ॥ ७ ॥
नरांस्तु कार्ष्णायसवर्मभूषणान् निपात्य साश्वानपि पत्तिभिः सह । व्यपोथयद् दन्तिवरेण शुष्मिणा स शब्दवत् स्थूलनलं यथा तथा ॥ ८ ॥
वे अपने बलवान् एवं श्रेष्ठ गजराजके द्वारा लोहेके कवच तथा उत्तम आभूषण धारण करनेवाले घुड़सवारोंको घोड़ों और पैदलोंसहित पृथ्वीपर गिराकर कुचलवा देते थे । उस समय जैसे मोटे नरकुलोंके कुचले जाते समय ' चर-चर' की आवाज होती है, उसी प्रकार उन सैनिकोंके कुचले जानेपर भी होती थी ॥ ८ ॥
अथार्जुनो ज्यातलनेमिनिःस्वने मृदङ्गभेरीबहुशङ्खनादिते । रथाश्वमातङ्गसहस्रसंकुले रथोत्तमेनाभ्यपतद् द्विपोत्तमम् ॥ ९ ॥
तदनन्तर जहाँ धनुषकी टंकार और पहियोंकी घर्घराहटका शब्द गूँज रहा था, मृदंग, भेरी और बहुसंख्यक शंखोंकी ध्वनि हो रही थी तथा जहाँ रथ, घोड़े और हाथी सहस्रोंकी संख्यामें भरे हुए थे, उस समरांगणमें पूर्वोक्त गजराजके समीप अर्जुन अपने उत्तम रथके द्वारा जा पहुँचे ॥ ९ ॥
ततोऽर्जुनं द्वादशभिः शरोत्तमै-
पृष्ठ 1697
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
र्जनार्दनं षोडशभिः समार्पयत् ।
स दण्डधारस्तुरगांस्त्रिभिस्त्रिभि- स्ततो ननाद प्रजहास चासकृत् ॥ १० ॥
तब दण्डधारने अर्जुनको बारह और भगवान् श्रीकृष्णको सोलह उत्तम बाण मारे । फिर तीन- तीन बाणोंसे उनके घोड़ोंको घायल करके वे बारंबार गर्जने और अट्टहास करने लगे ॥ १० ॥
ततोऽस्य पार्थः सगुणेषुकार्मुकं
चकर्त भल्लैर्ध्वजमप्यलंकृतम् ।
पुनर्नियन्तॄन् सह पादगोप्तॄं- स्ततः स चुक्रोध गिरिव्रजेश्वरः ॥ ११ ॥
तत्पश्चात् अर्जुनने अपने भल्लोंद्वारा प्रत्यंचा और बाणोंसहित दण्डधारके धनुष तथा सजे - सजाये ध्वजको भी काट गिराया । फिर हाथीके महावतों तथा पादरक्षकोंको भी मार डाला । इससे गिरिव्रजके स्वामी दण्डधार अत्यन्त कुपित हो उठे ॥ ११ ॥
ततोऽर्जुनं भिन्नकटेन दन्तिना घनाघनेनानिलतुल्यवर्चसा । अतीव चुक्षोभयिषुर्जनार्दनं धनंजयं चाभिजघान तोमरैः ॥ १२ ॥
उन्होंने गण्डस्थलसे मदकी धारा बहानेवाले, वायुके समान वेगशाली, मदोन्मत्त गजराजके द्वारा अर्जुन और श्रीकृष्णको अत्यन्त घबराहटमें डालनेकी इच्छासे उसे उन दोनोंकी ओर बढ़ाया और तोमरोंसे उन दोनोंपर प्रहार किया ॥ १२ ॥
अथास्य बाहू द्विपहस्तसंनिभौ
शिरश्च पूर्णेन्दुनिभाननं त्रिभिः ।
क्षुरैः प्रचिच्छेद सहैव पाण्डव- स्ततो द्विपं बाणशतैः समार्पयत् ॥ १३ ।
तब अर्जुनने हाथीकी सूँड़के समान मोटी दण्डधारकी दोनों भुजाओं तथा पूर्ण चन्द्रमाके समान मनोहर मुखवाले उनके मस्तकको भी तीन छुरोंसे एक साथ ही काट डाला । फिर उन्होंने उनके हाथको सौ बाण मारे ॥ १३ ॥
स पार्थबाणैस्तपनीय भूषणैः समाचितः काञ्चनवर्मभृद्द्विपः । तथा चकाशे निशि पर्वतो यथा दावाग्निना प्रज्वलितौषधिद्रुमः ॥ १४ ॥
उसके सारे शरीरमें अर्जुनके सुवर्णभूषित बाण चुभ गये थे । इससे सुवर्णमय कवच धारण करनेवाला वह हाथी उसी प्रकार शोभा पाने लगा, जैसे रात्रिमें दावानलसे जलती हुई
पृष्ठ 1698
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
ओषधियों और वृक्षोंसे युक्त पर्वत प्रकाशित होता है ॥ १४ ॥
स वेदनार्तोऽम्बुदनिस्वनो नदं- श्चरन् भ्रमन् प्रस्खलितान्तरोऽद्रवत् । पपात रुग्णः सनियन्तृकस्तथा यथा गिरिर्वज्रविदारितस्तथा ॥ १५ ॥
वह हाथी वेदनासे पीड़ित हो मेघके समान गर्जना करता, सब ओर विचरता, घूमता और बीच- बीचमें लड़खड़ाता हुआ भागने लगा । अधिक घायल हो जानेके कारण वह महावतोंके साथ ही पृथ्वीपर गिर पड़ा; मानो वज्रद्वारा विदीर्ण किया हुआ पर्वत धराशायी हो गया हो ॥ १५ ॥
हिमावदातेन सुवर्णमालिना
हिमाद्रिकूटप्रतिमेन दन्तिना ।
हते रणे भ्रातरि दण्ड आव्रज- ज्जिघांसुरिन्द्रावरजं धनंजयम् ॥ १६ ॥
रणभूमिमें अपने भाई दण्डधारके मारे जानेपर दण्ड श्रीकृष्ण और अर्जुनका वध करनेकी इच्छासे बर्फके समान सफेद, सुवर्णमालाधारी तथा हिमालयके शिखरके समान विशालकाय गजराजके द्वारा वहाँ आ पहुँचा ॥ १६ ॥
स तोमरैरर्ककरप्रभैस्त्रिभि- र्जनार्दनं पञ्चभिरर्जुनं शितैः ।
समर्पयित्वा विननाद नर्दयं- स्ततोऽस्य बाहू निचकर्त पाण्डवः ॥ १७ ॥
उसने सूर्यकी किरणोंके समान प्रकाशित होनेवाले तीन तीखे तोमरोंसे श्रीकृष्णको और पाँचसे अर्जुनको घायल करके बड़े जोरसे गर्जना की । इतनेहीमें पाण्डुपुत्र अर्जुनने उसकी दोनों बाँहें काट डालीं ॥ १७ ॥
क्षुरप्रकृत्तौ सुभृशं सतोमरौ
शुभाङ्गदौ चन्दनरूषितौ भुजौ ।
गजात् पतन्तौ युगपद् विरेजतु- र्यथाद्रिशृङ्गाद् रुचिरौ महोरगौ ॥ १८ ॥
क्षुरसे कटी हुई, सुन्दर बाजूबन्दसे विभूषित, चन्दनचर्चित तथा तोमरसहित वे विशाल भुजाएँ हाथीसे एक साथ गिरते समय पर्वतके शिखरसे गिरनेवाले दो सुन्दर एवं बड़े - बड़े सर्पोंके समान विभूषित हुईं ॥ १८ ॥
तथार्धचन्द्रेण हतं किरीटिना पपात दण्डस्य शिरः क्षितिं द्विपात् । तच्छोणितार्द्रं निपतद् विरेजे
पृष्ठ 1699
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
दिवाकरोऽस्तादिव पश्चिमां दिशम् ॥ १ ९ ॥ तत्पश्चात् किरीटधारी अर्जुनके चलाये हुए अर्धचन्द्रसे कटकर दण्डका मस्तक हाथीसे पृथ्वीपर गिर पड़ा । उस समय खूनसे लथपथ हो गिरता हुआ वह मस्तक अस्ताचलसे पश्चिम दिशाकी ओर डूबते हुए सूर्यके समान शोभायमान हुआ ॥ १ ९ ॥ अथ द्विपं श्वेतवराभ्रसंनिभं दिवाकरांशुप्रतिमैः शरोत्तमैः । बिभेद पार्थः स पपात नादयन् हिमाद्रिकूटं कुलिशाहतं यथा ॥ २० ॥
इसके बाद अर्जुनने श्वेत महामेघके समान सफेद रंगवाले उस हाथीको सूर्यकी किरणोंके सदृश' तेजस्वी उत्तम बाणोंद्वारा विदीर्ण कर डाला । फिर तो वह वज्रके मारे हुए हिमालयके शिखरके समान धमाकेकी आवाजके साथ धराशायी हो गया ॥ २० ॥
ततोऽपरे तत्प्रतिमा गजोत्तमा जिगीषवः संयति सव्यसाचिना । तथा कृतास्ते च यथैव तौ द्विपौ ततः प्रभग्नं सुमहद्रिपोर्बलम् ॥ २१ ॥
तदनन्तर उसीके समान जो दूसरे- दूसरे गजराज विजयकी इच्छासे युद्धके लिये आगे बढ़े, उन सबकी सव्यसाची अर्जुनने वैसी ही दशा कर डाली, जैसी कि पूर्वोक्त दोनों हाथियोंकी कर दी थी । इससे शत्रुकी उस विशाल सेनामें भगदड़ मच गयी ॥ २१ ॥
गजा रथाश्वाः पुरुषाश्च संघशः परस्परघ्नाः परिपेतुराहवे । परस्परं प्रस्खलिताः समाहिता भृशं निपेतुर्बहुभाषिणो हताः ॥ २२ ॥
झुंड- के - झुंड हाथी, रथ, घोड़े और पैदल मनुष्य परस्पर आघात- प्रत्याघात करते हुए युद्धस्थलमें चारों ओरसे टूट पड़े थे । वे आपसमें एक- दूसरेकी चोटसे अत्यन्त घायल हो लड़खड़ाते और बहुत बकझक करते हुए मरकर गिर जाते थे ॥ २२ ॥
अथार्जुनं स्वे परिवार्य सैनिकाः पुरन्दरं देवगणा इवाब्रुवन् । अभैष्म यस्मान्मरणादिव प्रजाः स वीर दिष्टया निहतस्त्वया रिपुः ॥ २३ ॥
इसके बाद इन्द्रको घेरकर खड़े हुए देवताओंके समान अपनी ही सेनाके लोग अर्जुनको घेरकर इस प्रकार बोले- ' वीर! जैसे प्रजा मौतसे डरती है, उसी प्रकार हमलोग जिससे भयभीत हो रहे थे, उस शत्रुको आपने मार डाला; यह बड़े सौभाग्यकी बात है! ॥ २३ ॥
पृष्ठ 1700
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ
न चेदरक्षिष्य इमं जनं भयाद् द्विषद्भिरेवं बलिभिः प्रपीडितम् । तथा भविष्यद् विषतां प्रमोदनं यथा हतेष्वेष्विह नोऽरिसूदन ॥ २४ ॥
‘ शत्रुसूदन! यदि आप बलवान् शत्रुओंसे इस प्रकार पीड़ित हुए इन स्वजनोंकी भयसे रक्षा नहीं करते तो इन शत्रुओंको वैसी ही प्रसन्नता होती, जैसी इस समय इनके मारे जानेपर यहाँ हमलोगोंको हो रही है ' ॥ २४ ॥
इतीव भूयश्च सुहृद्भिरीरिता निशम्य वाचः सुमनास्ततोऽर्जुनः । यथानुरूपं प्रतिपूज्य तं जनं जगाम संशप्तकसंघहा पुनः ॥ २५ ॥
इस प्रकार अपने सुहृदोंकी कही हुई ये बातें बारंबार सुनकर अर्जुनको मन - ही- मन बड़ी प्रसन्नता हुई । वे उन लोगोंका यथायोग्य आदर- सत्कार करके पुनः संशप्तकगणका वध करनेके लिये वहाँसे चल दिये ॥ इति श्रीमहाभारते कर्णपर्वणि दण्डवधेऽष्टादशोऽध्यायः ॥ १८ ॥
इस प्रकार श्रीमहाभारत कर्णपर्वमें दण्डधार और दण्डका वधविषयक अठारहवाँअध्याय पूराहुआ ॥ १८ ॥