श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड २ — पृष्ठ 31–40

महाभारत — खण्ड २ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 31–40

पृष्ठ 31

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 31 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

पुरवासी बोले- अहो! हमारा यह समस्त कुल, हम तथा हमारे घर-द्वार अब सुरक्षित नहीं हैं; क्योंकि यहाँ पापात्मा दुर्योधन सुबलपुत्र शकुनिसे पालित हो कर्ण और दुःशासनकी सम्मतिसे इस राज्यका शासन करना चाहता है ॥ १३-१४ ॥

न तत् कुलं न चाचारो न धर्मोऽर्थः कुतः सुखम् ।

यत्र पापसहायोऽयं पापो राज्यं चिकीर्षति ॥ १५ ॥

जहाँ पापियोंकी ही सहायतासे यह पापाचारी राज्य करना चाहता है वहाँ हमलोगोंके कुल, आचार, धर्म और अर्थ भी नहीं रह सकते, फिर सुख तो रह ही कैसे सकता है? ॥ १५ ॥

दुर्योधनो गुरुद्वेषी त्यक्ताचारसुहृज्जनः ।

अर्थलुब्धोऽभिमानी च नीचः प्रकृतिनिर्घृणः ॥ १६ ॥

दुर्योधन गुरुजनोंसे द्वेष रखनेवाला है । उसने सदाचार और पाण्डवों-जैसे सुहृदोंको त्याग दिया है । वह अर्थलोलुप, अभिमानी, नीच और स्वभावतः ही निष्ठुर है ॥ १६ ॥

नेयमस्ति मही कृत्स्ना यत्र दुर्योधनो नृपः ।

साधु गच्छामहे सर्वे यत्र गच्छन्ति पाण्डवाः ॥ १७ ॥

जहाँ दुर्योधन राजा है, वहाँकी यह सारी पृथ्वी नहींके बराबर है, अतः यही ठीक होगा कि हम सब लोग वहीं चलें जहाँ पाण्डव जा रहे हैं ॥ १७ ॥

सानुक्रोशा महात्मानो विजितेन्द्रियशत्रवः ।

ह्रीमन्तः कीर्तिमन्तश्च धर्माचारपरायणाः ॥ १८ ॥

पाण्डवगण दयालु, महात्मा, जितेन्द्रिय, शत्रुविजयी, लज्जाशील, यशस्वी, धर्मात्मा तथा सदाचारपरायण हैं ॥ १८ ॥

वैशम्पायन उवाच

एवमुक्त्वानुजग्मुस्ते पाण्डवांस्तान् समेत्य च ।

ऊचुः प्राञ्जलयः सर्वे कौन्तेयान् माद्रिनन्दनान् ॥ १ ९ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - ऐसा कहकर वे पुरवासी पाण्डवोंके पास गये और उन कुन्तीकुमारों तथा माद्रीपुत्रोंसे मिलकर वे सब- के - सब हाथ जोड़कर इस प्रकार बोले — ॥ १ ९ ॥

क्व गमिष्यथ भद्रं वस्त्यक्त्वास्मान् दुःखभागिनः ।

वयमप्यनुयास्यामो यत्र यूयं गमिष्यथ ॥ २० ॥

‘ पाण्डवो! आपलोगोंका कल्याण हो । हम आपके वियोगसे बहुत दुःखी हैं। आपलोग हमें छोड़कर कहाँ जा रहे हैं? आप जहाँ जायँगे वहीं हम भी आपके साथ चलेंगे ॥ २० ॥

अधर्मेण जितान् श्रुत्वा युष्मांस्त्यक्तघृणैः परैः ।

उद्विग्नाः स्मो भृशं सर्वे नास्मान् हातुमिहार्हथ ॥ २१ ॥

पृष्ठ 32

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 32 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

भक्तानुरक्तान् सुहृदः सदा प्रियहिते रतान् ।

कुराजाधिष्ठिते राज्ये न विनश्येम सर्वशः ॥ २२ ॥

' निर्दयी शत्रुओंने आपको अधर्मपूर्वक जूएमें हराया है, यह सुनकर हम सब लोग अत्यन्त उद्विग्न हो उठे हैं । आपलोग हमारा त्याग न करें; क्योंकि हम आपके सेवक हैं, प्रेमी हैं, सुहृद् हैं और सदा आपके प्रिय एवं हितमें संलग्न रहनेवाले हैं । आपके बिना इस दुष्ट राजाके राज्यमें रहकर हम नष्ट होना नहीं चाहते ॥ २१-२२ ॥

श्रूयतां चाभिधास्यामो गुणदोषान् नरर्षभाः ।

शुभाशुभाधिवासेन संसर्गः कुरुते यथा ॥ २३ ॥

‘नरश्रेष्ठ पाण्डवो! शुभ और अशुभ आश्रयमें रहनेपर वहाँका संसर्ग मनुष्यमें जैसे गुण-दोषोंकी सृष्टि करता है, उनका हम वर्णन करते हैं, सुनिये ॥ २३ ॥

वस्त्रमापस्तिलान् भूमिं गन्धो वासयते यथा ।

पुष्पाणामधिवासेन तथा संसर्गजा गुणाः ॥ २४ ॥

‘ जैसे फूलोंके संसर्गमें रहनेपर उनकी सुगन्ध वस्त्र, जल, तिल और भूमिको भी सुवासित कर देती है, उसी प्रकार संसर्गजनित गुण भी अपना प्रभाव डालते हैं ॥ २४ ॥

मोहजालस्य योनिर्हि मूढैरेव समागमः ।

अहन्यहनि धर्मस्य योनिः साधुसमागमः ॥ २५ ॥

' मूढ मनुष्योंसे मिलना - जुलना मोहजालकी उत्पत्तिका कारण होता है । इसी प्रकार साधु- महात्माओंका रंग प्रतिदिन धर्मकी प्राप्ति करानेवाला है ॥ २५ ॥

तस्मात् प्राज्ञैश्च वृद्धैश्च सुस्वभावैस्तपस्विभिः ।

सद्भिश्च सह संसर्गः कार्यः शमपरायणैः ॥ २६ ॥

' इसलिये विद्वानों, वृद्ध पुरुषों तथा उत्तम स्वभाववाले शान्तिपरायण तपस्वी सत्पुरुषोंका संग करना चाहिये ॥ २६ ॥

येषां त्रीण्यवदातानि विद्या योनिश्च कर्म च ।

ते सेव्यास्तैः समास्या हि शास्त्रेभ्योऽपि गरीयसी ॥ २७ ॥

निरारम्भा ह्यपि वयं पुण्यशीलेषु साधुषु ।

पुण्यमेवाप्नुयामेह पापं पापोपसेवनात् ॥ २८ ॥

‘ जिन पुरुषोंके विद्या, जाति और कर्म– ये तीनों उज्ज्वल हों, उनका सेवन करना चाहिये; क्योंकि उन महापुरुषोंके साथ बैठना शास्त्रोंके स्वाध्यायसे भी बढ़कर है । हमलोग अग्निहोत्र आदि शुभ कर्मोंका अनुष्ठान नहीं करते, तो भी पुण्यात्मा साधुपुरुषोंके समुदायमें रहनेसे हमें पुण्यकी ही प्राप्ति होगी । इसी प्रकार पापीजनोंके सेवनसे हम पापके ही भागी होंगे ॥ २७-२८ ॥

असतां दर्शनात् स्पर्शात् संजल्पाच्च सहासनात् ।

धर्माचाराः प्रहीयन्ते सिद्धयन्ति च न मानवाः ॥ २ ९ ॥

पृष्ठ 33

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 33 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

'दुष्ट मनुष्योंके दर्शन, स्पर्श, उनके साथ वार्तालाप अथवा उठने - बैठनेसे धार्मिक आचारोंकी हानि होती है । इसलिये वैसे मनुष्योंको कभी सिद्धि नहीं प्राप्त होती ॥ २ ९ ॥

बुद्धिश्च हीयते पुंसां नीचैः सह समागमात् ।

मध्यमैर्मध्यतां याति श्रेष्ठतां याति चोत्तमैः ॥ ३० ॥

‘ नीच पुरुषोंका साथ करनेसे मनुष्योंकी बुद्धि नष्ट होती है । मध्यम श्रेणीके मनुष्योंका साथ करनेसे मध्यम होती है और उत्तम पुरुषोंका संग करनेसे उत्तरोत्तर श्रेष्ठ होती है ॥ ३० ॥

अनीचैर्नाप्यविषयैर्नाधर्मिष्ठैर्विशेषतः ।

ये गुणाः कीर्तिता लोके धर्मकामार्थसम्भवाः ।

लोकाचारेषु सम्भूता वेदोक्ताः शिष्टसम्मताः ॥ ३१ ॥

' उत्तम, प्रसिद्ध एवं विशेषतः धर्मिष्ठ मनुष्योंने लोकमें धर्म, अर्थ और कामकी उत्पत्तिके हेतुभूत जो वेदोक्त गुण ( साधन) बताये हैं वे ही लोकाचारमें प्रकट होते हैं — लोगोंद्वारा काममें लाये जाते हैं और शिष्ट पुरुष उन्हींका आदर करते हैं ॥ ३१ ॥

ते युष्मासु समस्ताश्च व्यस्ताश्चैवेह सद्गुणाः ।

इच्छामो गुणवन्मध्ये वस्तुं श्रेयोऽभिकाङ्क्षिणः ॥ ३२ ॥

पृष्ठ 34

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 34 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

' वे सभी सद्गुण पृथक् - पृथक् और एक साथ आपलोगोंमें विद्यमान हैं, अतः हमलोग कल्याणकी इच्छासे आपप- जैसे गुणवान् पुरुषोंके बीचमें रहना चाहते हैं ' ॥ ३२ ॥

युधिष्ठिर उवाच

धन्या वयं यदस्माकं स्नेहकारुण्ययन्त्रिताः ।

असतोऽपि गुणानाहुर्ब्राह्मणप्रमुखाः प्रजाः ॥ ३३ ॥

युधिष्ठिरने कहा – हमलोग धन्य हैं; क्योंकि ब्राह्मण आदि प्रजावर्गके लोग हमारे प्रति स्नेह और करुणाके पाशमें बँधकर जो गुण हमारे अंदर नहीं हैं, उन गुणोंको भी हममें बतला रहे हैं ॥ ३३ ॥

तदहं भ्रातृसहितः सर्वान् विज्ञापयामि वः ।

नान्यथा तद्धि कर्तव्यमस्मत्स्नेहानुकम्पया ॥ ३४ ॥

भाइयोंसहित मैं आप सब लोगोंसे कुछ निवेदन करता हूँ । आपलोग हमपर स्नेह और कृपा करके उसके पालनसे मुख न मोड़ें ॥ ३४ ॥

भीष्मः पितामहो राजा विदुरो जननी च मे ।

सुहृज्जनश्च प्रायो मे नगरे नागसाह्वये ॥ ३५ ॥

( आपलोगोंको मालूम होना चाहिये कि ) हमारे पितामह भीष्म, राजा धृतराष्ट्र, विदुरजी, मेरी माता तथा प्रायः अन्य सगे - सम्बन्धी भी हस्तिनापुरमें ही हैं ॥ ३५ ॥

ते त्वस्मद्धितकामार्थं पालनीयाः प्रयत्नतः ।

युष्माभिः सहिताः सर्वे शोकसंतापविह्वलाः ॥ ३६ ॥

वे सब लोग आपलोगोंके साथ ही शोक और संतापसे व्याकुल हैं, अतः आपलोग हमारे हितकी इच्छा रखकर उन सबका यत्नपूर्वक पालन करें ॥ ३६ ॥

निवर्ततागता दूरं समागमनशापिताः ।

स्वजने न्यासभूते मे कार्या स्नेहान्विता मतिः ॥ ३७ ॥

अच्छा, अब लौट जाइये, आपलोग बहुत दूर चले आये हैं । मैं अपनी शपथ दिलाकर अनुरोध करता हूँ कि आपलोग मेरे साथ न चलें । मेरे स्वजन आपके पास धरोहरके रूपमें हैं । उनके प्रति आपलोगोंके हृदयमें स्नेहभाव रहना चाहिये ॥ ३७ ॥

एतद्धि मम कार्याणां परमं हृदि संस्थितम् ।

कृता तेन तु तुष्टिर्मे सत्कारश्च भविष्यति ॥ ३८ ॥

मेरे हृदयमें स्थित सब कार्योंमें यही कार्य सबसे उत्तम है, आपके द्वारा इसके किये जानेपर मुझे महान् संतोष प्राप्त होगा और इसीसे मेरा सत्कार भी हो जायगा ॥ ३८ ॥

वैशम्पायन उवाच

तथानुमन्त्रितास्तेन धर्मराजेन ताः प्रजाः ।

चक्रुरार्तस्वरं घोरं हा राजन्निति संहताः ॥ ३ ९ ॥

पृष्ठ 35

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 35 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

वैशम्पायनजी कहते हैं - जनमेजय! धर्मराजके द्वारा इस प्रकार विनयपूर्वक अनुरोध किये जानेपर उन समस्त प्रजाओंने ' हा! महाराज! ' ऐसा कहकर एक ही साथ भयंकर आर्तनाद किया ॥ ३ ९ ॥

गुणान् पार्थस्य संस्मृत्य दुःखार्ताः परमातुराः ।

अकामाः संन्यवर्तन्त समागम्याथ पाण्डवान् ॥ ४० ॥

कुन्तीपुत्र युधिष्ठिरके गुणोंका स्मरण करके प्रजावर्गके लोग दुःखसे पीडित और अत्यन्त आतुर हो गये । उनकी पाण्डवोंके साथ जानेकी इच्छा पूर्ण नहीं हो सकी । वे केवल उनसे मिलकर लौट आये ॥ ४० ॥

निवृत्तेषु तु पौरेषु रथानास्थाय पाण्डवाः ।

आजग्मुर्जाह्नवीतीरे प्रमाणाख्यं महावटम् ॥ ४१ ॥

पुरवासियोंके लौट जानेपर पाण्डवगण रथोंपर बैठकर गंगाजीके किनारे प्रमाणकोटि नामक महान् वटके समीप आये ॥ ४१ ॥

ते तं दिवसशेषेण वटं गत्वा तु पाण्डवाः ।

ऊषुस्तां रजनीं वीराः संस्पृश्य सलिलं शुचि ॥ ४२ ॥

संध्या होते - होते उस वटके निकट पहुँचकर शूरवीर पाण्डवोंने पवित्र जलका स्पर्श ( आचमन और संध्यावन्दन आदि ) करके वह रात वहीं व्यतीत की ॥ ४२ ॥

उदकेनैव तां रात्रिमूषुस्ते दुःखकर्षिताः ।

अनुजग्मुश्च तत्रैतान् स्नेहात् केचिद् द्विजातयः ॥ ४३ ॥

दुःखसे पीड़ित हुए वे पाँचों पाण्डुकुमार उस रातमें केवल जल पीकर ही रह गये । कुछ ब्राह्मण- लोग भी इन पाण्डवोंके साथ स्नेहवश वहाँतक चले आये थे ॥ ४३ ॥

साग्नयोऽनग्नयश्चैव सशिष्यगणबान्धवाः ।

स तैः परिवृतो राजा शुशुभे ब्रह्मवादिभिः ॥ ४४ ॥

उनमेंसे कुछ साग्नि ( अग्निहोत्री ) थे और कुछ निरग्नि । उन्होंने अपने शिष्यों तथा भाई-बन्धुओंको भी साथ ले लिया था । वेदोंका स्वाध्याय करनेवाले उन ब्राह्मणोंसे घिरे हुए राजा युधिष्ठिरकी बड़ी शोभा हो रही थी ॥ ४४ ॥

तेषां प्रादुष्कृताग्नीनां मुहुर्ते रम्यदारुणे ।

ब्रह्मघोषपुरस्कारः संजल्पः समजायत ॥ ४५ ॥

संध्याकालकी नैसर्गिक शोभासे रमणीय तथा राक्षस-पिशाचादिके संचरणका समय होनेसे अत्यन्त भयंकर प्रतीत होनेवाले उस मुहूर्तमें अग्नि प्रज्वलित करके वेद- मन्त्रोंके घोषपूर्वक अग्निहोत्र करनेके बाद उन ब्राह्मणोंमें परस्पर संवाद होने लगा ॥ ४५ ॥

राजानं तु कुरुश्रेष्ठं ते हंसमधुरस्वराः ।

आश्वासयन्तो विप्राग्रयाः क्षपां सर्वां व्यनोदयन् ॥ ४६ ॥

पृष्ठ 36

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 36 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

हंसके समान मधुर स्वरमें बोलनेवाले उन श्रेष्ठ ब्राह्मणोंने कुरुकुलरत्न राजा युधिष्ठिरको आश्वासन देते हुए सारी रात उनका मनोरंजन किया ॥ ४६ ॥

इति श्रीमहाभारते वनपर्वणि अरण्यपर्वणि पौरप्रत्यागमने प्रथमोऽध्यायः ॥ १ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत वनपर्वके अन्तर्गत अरण्यपर्वमें पुरवासियोंके लौटनेसे सम्बन्ध रखनेवाला पहला अध्याय पूरा हुआ ॥ १ ॥

पृष्ठ 37

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 37 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

द्वितीयोऽध्यायः धनके दोष, अतिथिसत्कारकी महत्ता तथा कल्याणके उपायोंके विषयमें धर्मराज युधिष्ठिरसे ब्राह्मणों तथा शौनकजीकी बातचीत वैशम्पायन उवाच

प्रभातायां तु शर्वर्यां तेषामक्लिष्टकर्मणाम् ।

वनं यियासतां विप्रास्तस्थुर्भिक्षाभुजोऽग्रतः ॥ १ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - राजन्! जब रात बीती और प्रभातका उदय हुआ तथा अनायास ही महान् पराक्रम करनेवाले पाण्डव वनकी ओर जानेके लिये उद्यत हुए, उस समय भिक्षान्नभोजी ब्राह्मण साथ चलनेके लिये उनके सामने खड़े हो गये ॥ १ ॥

तानुवाच ततो राजा कुन्तीपुत्रो युधिष्ठिरः ।

वयं हि हृतसर्वस्वा हृतराज्या हृतश्रियः ॥ २ ॥

फलमूलाशनाहारा वनं गच्छाम दुःखिताः ।

वनं च दोषबहुलं बहुव्यालसरीसृपम् ॥ ३ ॥

तब कुन्तीपुत्र राजा युधिष्ठिरने उनसे कहा – 'ब्राह्मणो! हमारा राज्य, लक्ष्मी और सर्वस्व जूएमें हरण कर लिया गया है । हम फल, मूल तथा अन्नके आहार - पर रहनेका निश्चय करके दुःखी होकर वनमें जा रहे हैं । वनमें बहुत- से दोष हैं । वहाँ सर्प - बिच्छू आदि असंख्य भयंकर जन्तु हैं ॥ २-३ ॥ परिक्लेशश्च वो मन्ये ध्रुवं तत्र भविष्यति ।

ब्राह्मणानां परिक्लेशो दैवतान्यपि सादयेत् ।

किं पुनर्मामितो विप्रा निवर्तध्वं यथेष्टतः ॥ ४ ॥

‘ मैं समझता हूँ, वहाँ आपलोगोंको अवश्य ही महान् कष्टका सामना करना पड़ेगा । ब्राह्मणोंको दिया हुआ क्लेश तो देवताओंका भी विनाश कर सकता है, फिर मेरी तो बात ही क्या है? अतः ब्राह्मणो! आपलोग यहाँसे अपने अभीष्ट स्थानको लौट जायँ ' ॥ ४ ॥

ब्राह्मणा ऊचुः

गतिर्या भवतां राजंस्तां वयं गन्तुमुद्यताः ।

नार्हस्यस्मान् परित्यक्तुं भक्तान् सद्धर्मदर्शिनः ॥ ५ ॥

ब्राह्मणोंने कहा — राजन्! आपकी जो गति होगी उसे भुगतनेके लिये हम भी उद्यत हैं । हम आपके भक्त तथा उत्तम धर्मपर दृष्टि रखनेवाले हैं । इसलिये आपको हमारा परित्याग नहीं करना चाहिये ॥ ५ ॥

पृष्ठ 38

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 38 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

अनुकम्पां हि भक्तेषु देवता ह्यपि कुर्वते ।

विशेषतो ब्राह्मणेषु सदाचारावलम्बिषु ॥ ६ ॥

देवता भी अपने भक्तोंपर विशेषतः सदाचारपरायण ब्राह्मणोंपर तो अवश्य ही दया करते हैं ॥ ६ ॥

युधिष्ठिर उवाच

ममापि परमा भक्तिर्ब्राह्मणेषु सदा द्विजाः ।

सहायविपरिभ्रंशस्त्वयं सादयतीव माम् ॥ ७ ॥

आहरेयुरिमे ये s पि फलमूलमधूनि च ।

त इमे शोकजैर्दुःखैर्भ्रातरो मे विमोहिताः ॥ ८ ॥

युधिष्ठिर बोले- विप्रगण! मेरे मनमें भी ब्राह्मणोंके प्रति उत्तम भक्ति है, किंतु यह सब प्रकारके सहायक साधनोंका अभाव ही मुझे दुःखमग्न- सा किये देता है । जो फल- मूल एवं शहद आदि आहार जुटाकर ला सकते थे वे ही ये मेरे भाई शोकजनित दुःखसे मोहित हो रहे हैं ॥ ७-८ ॥

द्रौपद्या विप्रकर्षेण राज्यापहरणेन च ।

दुःखार्दितानिमान् क्लेशैर्नाहं योक्तुमिहोत्सहे ॥ ९ ॥

द्रौपदीके अपमान तथा राज्यके अपहरणके कारण ये दुःखसे पीडित हो रहे हैं, अतः मैं इन्हें ( आहार जुटानेका आदेश देकर) अधिक क्लेशमें नहीं डालना चाहता ॥ ९ ॥

ब्राह्मणा ऊचुः

अस्मत्पोषणजा चिन्ता मा भूत् ते हृदि पार्थिव ।

स्वयमाहृत्य चान्नानि त्वानुयास्यामहे वयम् ॥ १० ॥

ब्राह्मण बोले – पृथ्वीनाथ! आपके हृदयमें हमारे पालन -पोषणकी चिन्ता नहीं होनी चाहिये । हम स्वयं ही अपने लिये अन्न आदिकी व्यवस्था करके आपके साथ चलेंगे ॥ १० ॥

अनुध्यानेन जप्येन विधास्यामः शिवं तव ।

कथाभिश्चाभिरम्याभिः सह रंस्यामहे वयम् ॥ ११ ॥

हम आपके अभीष्टचिन्तन और जपके द्वारा आपका कल्याण करेंगे तथा आपको सुन्दर- सुन्दर कथाएँ सुनाकर आपके साथ ही प्रसन्नतापूर्वक वनमें विचरेंगे ॥ ११ ॥

युधिष्ठिर उवाच

एवमेतन्न संदेहो रमेऽहं सततं द्विजैः ।

न्यूनभावात् तु पश्यामि प्रत्यादेशमिवात्मनः ॥ १२ ॥

पृष्ठ 39

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 39 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

युधिष्ठिरने कहा – महात्माओ! आपका कहना ठीक है । इसमें संदेह नहीं कि मैं सदा ब्राह्मणोंके साथ रहनेमें ही प्रसन्नताका अनुभव करता हूँ, किंतु इस समय धन आदिसे हीन होनेके कारण मैं देख रहा हूँ कि मेरे लिये यह अपकीर्तिकी- सी बात है ॥ १२ ॥

कथं द्रक्ष्यामि वः सर्वान् स्वयमाहृतभोजनान् ।

मद्भक्त्या क्लिश्यतोऽनर्हान् धिक् पापान् धृतराष्ट्रजान् ॥ १३ ॥

आप सब लोग स्वयं ही आहार जुटाकर भोजन करें, यह मैं कैसे देख सकूँगा? आपलोग कष्ट भोगनेके योग्य नहीं हैं, तो भी मेरे प्रति स्नेह होनेके कारण इतना क्लेश उठा रहे हैं । धृतराष्ट्रके पापी पुत्रोंको धिक्कार है ॥ १३ ॥

वैशम्पायन उवाच

इत्युक्त्वा स नृपः शोचन् निषसाद महीतले ।

तमध्यात्मरतो विद्वान् शौनको नाम वै द्विजः ॥ १४ ॥

योगे सांख्ये च कुशलो राजानमिदमब्रवीत् ॥ १५ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - राजन्! इतना कहकर धर्मराज युधिष्ठिर शोकमग्न हो चुपचाप पृथ्वीपर बैठ गये । उस समय अध्यात्मविषयमें रत अर्थात् परमात्म - चिन्तनमें तत्पर विद्वान् ब्राह्मण शौनकने, जो कर्मयोग और सांख्ययोग–दोनों ही निष्ठाओंके विचारमें प्रवीण थे, राजासे इस प्रकार कहा- ॥ १४–१५ ॥

शोकस्थानसहस्राणि भयस्थानशतानि च ।

दिवसे दिवसे मूढमाविशन्ति न पण्डितम् ॥ १६ ॥

‘ शोकके सहस्रों और भयके सैकड़ों स्थान हैं । वे मूढ़ मनुष्यपर प्रतिदिन अपना प्रभाव डालते हैं; परंतु ज्ञानी पुरुषपर वे प्रभाव नहीं डाल सकते ॥ १६ ॥

न हि ज्ञानविरुद्धेषु बहुदोषेषु कर्मसु ।

श्रेयोघातिषु सज्जन्ते बुद्धिमन्तो भवद्विधाः ॥ १७ ॥

' अनेक दोषोंसे युक्त, ज्ञानविरुद्ध एवं कल्याणनाशक कर्मोंमें आप जैसे ज्ञानवान् पुरुष नहीं फँसते हैं ॥ १७ ॥

अष्टाङ्गां बुद्धिमाहुर्यां सर्वाश्रेयोऽभिघातिनीम् ।

श्रुतिस्मृतिसमायुक्तां राजन् सा त्वय्यवस्थिता ॥ १८ ॥

‘ राजन्! योगके आठ अंग – यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधिसे सम्पन्न, समस्त अमंगलोंका नाश करनेवाली तथा श्रुतियों और स्मृतियोंके स्वाध्यायसे भलीभाँति दृढ़ की हुई जो उत्तम बुद्धि कही गयी है, वह आपमें स्थित है ॥ १८ ॥

अर्थकृच्छ्रेषु दुर्गेषु व्यापत्सु स्वजनस्य च ।

शारीरमानसैर्दुःखैर्न सीदन्ति भवद्विधाः ॥ १ ९ ॥

पृष्ठ 40

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 40 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

' अर्थसंकट, दुस्तर दुःख तथा स्वजनोंपर आयी हुई विपत्तियोंमें आप जैसे ज्ञानी शारीरिक और मानसिक दुःखोंसे पीडित नहीं होते ॥ १ ९ ॥

श्रूयतां चाभिधास्यामि जनकेन यथा पुरा ।

आत्मव्यवस्थानकरा गीताः श्लोका महात्मना ॥ २० ॥

‘ पूर्वकालमें महात्मा राजा जनकने अन्तःकरणको स्थिर करनेवाले कुछ श्लोकोंका गान किया था । मैं उन श्लोकोंका वर्णन करता हूँ, आप सुनिये - । २० ॥

मनोदेहसमुत्थाभ्यां दुःखाभ्यामर्दितं जगत् ।

तयोर्व्याससमासाभ्यां शमोपायमिमं शृणु ॥ २१ ॥

‘ सारा जगत् मानसिक और शारीरिक दुःखोंसे पीडित है । उन दोनों प्रकारके दुःखोंकी शान्तिका यह उपाय संक्षेप और विस्तारसे सुनिये ॥ २१ ॥

व्याधेरनिष्टसंस्पर्शाच्छ्रमादिष्टविवर्जनात् ।

दुःखं चतुर्भिः शारीरं कारणैः सम्प्रवर्तते ॥ २२ ॥

‘ रोग, अप्रिय घटनाओंकी प्राप्ति, अधिक परिश्रम तथा प्रिय वस्तुओंका वियोग — इन चार कारणोंसे शारीरिक दुःख प्राप्त होता है ॥ २२ ॥

तदा तत्प्रतिकाराच्च सततं चाविचिन्तनात् ।

आधिव्याधिप्रशमनं क्रियायोगद्वयेन तु ॥ २३ ॥

‘ समयपर इन चारों कारणोंका प्रतीकार करना एवं कभी भी उसका चिन्तन न करना – ये दो क्रियायोग ( दुःखनिवारक उपाय) हैं। इन्हींसे आधि- व्याधिकी शान्ति होती है ॥ २३ ॥

मतिमन्तो ह्यतो वैद्याः शमं प्रागेव कुर्वते ।

मानसस्य प्रियाख्यानैः सम्भोगोपनयैर्नृणाम् ॥ २४ ॥

‘ अतः बुद्धिमान् तथा विद्वान् पुरुष प्रिय वचन बोलकर तथा हितकर भोगोंकी प्राप्ति कराकर पहले मनुष्योंके मानसिक दुःखोंका ही निवारण किया करते हैं ॥ २४ ॥

मानसेन हि दुःखेन शरीरमुपतप्यते ।

अयःपिण्डेन तप्तेन कुम्भसंस्थमिवोदकम् ॥ २५ ॥

‘ क्योंकि मनमें दुःख होनेपर शरीर भी संतप्त होने लगता है; ठीक वैसे ही, जैसे तपाया हुआ लोहेका गोला डाल देनेपर घड़ेमें रखा हुआ शीतल जल भी गरम हो जाता है ॥ २५ ॥

मानसं शमयेत् तस्माज्ज्ञानेनाग्निमिवाम्बुना ।

प्रशान्ते मानसे ह्यस्य शारीरमुपशाम्यति ॥ २६ ॥

‘ इसलिये जलसे अग्निको शान्त करनेकी भाँति ज्ञानके द्वारा मानसिक दुःखको शान्त करना चाहिये । मनका दुःख मिट जानेपर मनुष्यके शरीरका दुःख भी दूर हो जाता है ॥ २६ ॥