श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड १ — पृष्ठ 2181–2190

महाभारत — खण्ड १ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 2181–2190

पृष्ठ 2181

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2181 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तं वै शब्दं विदुरस्तत्त्ववेदी शुश्राव घोरं सुबलात्मजा च । भीष्मो द्रोणो गौतमश्चापि विद्वान् स्वस्ति स्वस्तीत्यपि चैवाहुरुच्चैः ॥ २३ ॥

तत्त्वज्ञानी विदुर तथा सुबलपुत्री गान्धारीने भी उस भयानक शब्दको सुना । भीष्म,

द्रोण और गौतमवंशीय विद्वान् कृपाचार्यके कानोंमें भी वह अमंगलकारी शब्द सुन पड़ा ।

फिर तो वे सभी लोग उच्च स्वरसे ‘ स्वस्ति ’, ' स्वस्ति ' ऐसा कहने लगे ॥ २३ ॥

ततो गान्धारी विदुरश्चापि विद्वां- स्तमुत्पातं घोरमालक्ष्य राजे । निवेदयामासतुरार्तवत् तदा ततो राजा वाक्यमिदं बभाषे ॥ २४ ॥

तदनन्तर गान्धारी और विद्वान् विदुरने उस उत्पात-सूचक भयंकर शब्दको लक्ष्य करके अत्यन्त दुःखी हो राजा धृतराष्ट्रसे उसके विषयमें निवेदन किया, तब राजाने इस प्रकार कहा ॥ २४ ॥

धृतराष्ट्रउवाच हतोऽसि दुर्योधन मन्दबुद्धे यस्त्वं सभायां कुरुपुङ्गवानाम् । स्त्रियं समाभाषसि दुर्विनीत विशेषतो द्रौपदीं धर्मपत्नीम् ॥ २५ ॥

पृष्ठ 2182

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2182 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

धृतराष्ट्र बोले- रे मन्दबुद्धि दुर्योधन! तू तो जीता ही मारा गया । दुर्विनीत! तू श्रेष्ठ कुरुवंशियोंकी सभामें अपने ही कुलकी महिला एवं विशेषतः पाण्डवोंकी धर्मपत्नीको ले आकर उससे पापपूर्ण बातें कर रहा है ॥ २५ ॥

एवमुक्त्वा धृतराष्ट्रो मनीषी हितान्वेषी बान्धवानामपायात् । कृष्णां पाञ्चालीमब्रवीत् सान्त्वपूर्वं विमृश्यैतत् प्रज्ञया तत्त्वबुद्धिः ॥ २६ ॥

ऐसा कहकर बन्धु - बान्धवोंको विनाशसे बचाकर उनके हितकी इच्छा रखनेवाले तत्त्वदर्शी एवं मेधावी राजा धृतराष्ट्रने अपनी बुद्धिसे इस दुःखद प्रसंगपर विचार करके पांचालराजकुमारी कृष्णाको सान्त्वना देते हुए इस प्रकार कहा— ॥ २६ ॥

धृतराष्ट्रउवाच

वरं वृणीष्व पाञ्चालि मत्तो यदभिवाञ्छसि ।

वधूनां हि विशिष्टा मे त्वं धर्मपरमा सती ॥ २७ ॥

धृतराष्ट्रने कहा- बहू द्रौपदी! तुम मेरी पुत्रवधुओंमें सबसे श्रेष्ठ एवं धर्मपरायणा सती हो । तुम्हारी जो इच्छा हो, उसके अनुसार मुझसे वर माँग लो ॥ २७ ॥

द्रौपद्युवाच

ददासि चेद् वरं मह्यं वृणोमि भरतर्षभ ।

सर्वधर्मानुगः श्रीमानदासोऽस्तु युधिष्ठिरः ॥ २८ ॥

मनस्विनमजानन्तो मैवं ब्रूयुः कुमारकाः ।

एष वै दासपुत्रो हि प्रतिविन्ध्यं ममात्मजम् ॥ २ ९ ॥

द्रौपदी बोली- भरतवंशशिरोमणे! यदि आप मुझे वर देते हैं तो मैं यही माँगती हूँ कि सम्पूर्ण धर्मका आचरण करनेवाले राजा युधिष्ठिर दासभावसे मुक्त हो जायँ । जिससे मेरे मनस्वी पुत्र प्रतिविन्ध्यको अज्ञानवश दूसरे राजकुमार ऐसा न कह सकें कि यह ‘ दासपुत्र ’ है ॥

राजपुत्रः पुरा भूत्वा यथा नान्यः पुमान् क्वचित् ।

राजभिर्लालितस्यास्य न युक्ता दासपुत्रता ॥ ३० ॥

जैसे पहले राजकुमार होकर फिर कोई मनुष्य कभी दासपुत्र नहीं हुआ है, उसी प्रकार राजाओंके द्वारा जिसका लालन- पालन हुआ है, उस मेरे पुत्र प्रतिविन्ध्यका दासपुत्र होना कदापि उचित नहीं है ॥ ३० ॥

धृतराष्ट्रउवाच एवं भवतु कल्याणि यथा त्वमभिभाषसे ।

पृष्ठ 2183

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2183 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

द्वितीयं ते वरं भद्रे ददानि वरयस्व ह ।

मनो हि मे वितरति नैकं त्वं वरमर्हसि ॥ ३१ ॥

धृतराष्ट्रने कहा – कल्याणि! तुम जैसा कहती हो, वैसे ही हो । भद्रे! अब मैं तुम्हें दूसरा वर देता हूँ, वह भी माँग लो। मेरा मन मुझे वर देनेके लिये प्रेरित कर रहा है कि तुम एक ही वर पानेके योग्य नहीं हो ॥ ३१ ॥

द्रौपद्युवाच

सरथौ सधनुष्कौ च भीमसेनधनंजयौ ।

यमौ च वरये राजन्नदासान् स्ववशानहम् ॥ ३२ ॥

द्रौपदी बोली - राजन्! मैं दूसरा वर यह माँगती हूँ कि भीमसेन, अर्जुन, नकुल और सहदेव अपने रथ और धनुष - बाणसहित दासभावसे रहित एवं स्वतन्त्र हो जायँ ॥ ३२ ॥

धृतराष्ट्रउवाच तथास्तु ते महाभागे यथा त्वं नन्दिनीच्छसि ।

तृतीयं वरयास्मत्तो नासि द्वाभ्यां सुसत्कृता ।

त्वं हि सर्वस्नुषाणां मे श्रेयसी धर्मचारिणी ॥ ३३ ॥

धृतराष्ट्रने कहा – महाभागे! तुम अपने कुलको आनन्द प्रदान करनेवाली हो । तुम जैसा चाहती हो, वैसा ही हो । अब तुम तीसरा वर और माँगो । तुम मेरी सब पुत्रवधुओंमें श्रेष्ठ एवं धर्मका पालन करनेवाली हो । मैं समझता हूँ, केवल दो वरोंसे तुम्हारा पूरा सत्कार नहीं हुआ ॥ ३३ ॥

द्रौपद्युवाच

लोभो धर्मस्य नाशाय भगवन् नाहमुत्सहे ।

अनर्हा वरमादातुं तृतीयं राजसत्तम ॥ ३४ ॥

द्रौपदी बोली - भगवन्! लोभ धर्मका नाशक होता है, अतः अब मेरे मनमें वर

माँगनेका उत्साह नहीं है । राजशिरोमणे! तीसरा वर लेनेका मुझे अधिकार भी नहीं है ॥

एकमाहुर्वैश्यवरं द्वौ तु क्षत्रस्त्रिया वरौ ।

त्रयस्तु राज्ञो राजेन्द्र ब्राह्मणस्य शतं वराः ॥ ३५ ॥

राजेन्द्र! वैश्यको एक वर माँगनेका अधिकार बताया गया है, क्षत्रियकी स्त्री दो वर माँग सकती है, क्षत्रियको तीन वर तथा ब्राह्मणको सौ वर लेनेका अधिकार है ॥

पापीयांस इमे भूत्वा संतीर्णाः पतयो मम ।

वेत्स्यन्ति चैव भद्राणि राजन् पुण्येन कर्मणा ॥ ३६ ॥

राजन्! ये मेरे पति दासभावको प्राप्त होकर भारी विपत्तिमें फँस गये थे । अब उससे पार हो गये । इसके बाद पुण्यकर्मोंके अनुष्ठानद्वारा ये लोग स्वयं कल्याण प्राप्त कर

पृष्ठ 2184

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2184 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

लेंगे ॥ ३६ ॥

इति श्रीमहाभारते सभापर्वणि द्यूतपर्वणि द्रौपदीवरलाभे एकसप्ततितमोऽध्यायः ॥ ७१ ॥ इस प्रकार श्रीमहाभारत सभापर्वके अन्तर्गत द्यूतपर्वमें द्रौपदीवरलाभविषयक इकहत्तरवाँ अध्याय पूराहुआ ॥ ७१ ॥

Fara

पृष्ठ 2185

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2185 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

द्विसप्ततितमोऽध्यायः शत्रुओंको मारनेके लिये उद्यत हुए भीमको युधिष्ठिरका शान्त करना कर्णउवाच

या नः श्रुता मनुष्येषु स्त्रियो रूपेण सम्मताः ।

तासामेतादृशं कर्म न कस्याश्चन शुश्रुम ॥ १ ॥

कर्ण बोला- मैंने मनुष्योंमें जिन सुन्दरी स्त्रियोंके नाम सुने हैं, उनमेंसे किसीने भी ऐसा अद्भुत कार्य किया हो, यह मेरे सुननेमें नहीं आया ॥ १ ॥

क्रोधाविष्टेषु पार्थेषु धार्तराष्ट्रेषु चाप्यति ।

द्रौपदी पाण्डुपुत्राणां कृष्णा शान्तिरिहाभवत् ॥ २ ॥

कुन्तीके पुत्र तथा धृतराष्ट्रके पुत्र सभी एक- दूसरेके प्रति अत्यन्त क्रोधसे भरे हुए थे, ऐसे समयमें यह द्रुपदकुमारी कृष्णा इन पाण्डवोंको परम शान्ति देनेवाली बन गयी ॥ २ ॥

अप्लवेऽम्भसि मग्नानामप्रतिष्ठे निमज्जताम् ।

पाञ्चाली पाण्डुपुत्राणां नौरेषा पारगाभवत् ॥ ३ ॥

पाण्डवलोग नौका और आधारसे रहित जलमें गोते खा रहे थे अर्थात् संकटके अथाह सागरमें डूब रहे थे, किंतु यह पांचालराजकुमारी इनके लिये पार लगानेवाली नौका बन गयी ॥ ३ ॥

वैशम्पायन उवाच

तद् वै श्रुत्वा भीमसेनः कुरुमध्येऽत्यमर्षणः ।

स्त्रीगतिः पाण्डुपुत्राणामित्युवाच सुदुर्मनाः ॥ ४ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - राजन्! कौरवोंके बीचमें कर्णकी वह बात सुनकर अत्यन्त असहनशील भीमसेन मन-ही-मन बहुत दुःखी होकर बोले—' हाय! पाण्डवोंको उबारनेवाली एक स्त्री हुई ' ॥ ४ ॥

भीम उवाच

त्रीणि ज्योतींषि पुरुष इति वै देवलोऽब्रवीत् ।

अपत्यं कर्म विद्या च यतः सृष्टाः प्रजास्ततः ॥ ५ ॥

भीमसेनने कहा – महर्षि देवलका कथन है कि पुरुषमें तीन प्रकारकी ज्योतियाँ हैं- संतान, कर्म और ज्ञान; क्योंकि इन्हींसे सारी प्रजाकी सृष्टि हुई ॥ ५ ॥

अमेध्ये वै गतप्राणे शून्ये ज्ञातिभिरुज्झिते ।

देहे त्रितयमेवैतत् पुरुषस्योपयुज्यते ॥ ६ ॥

पृष्ठ 2186

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2186 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

जब यह शरीर प्राणरहित होकर शून्य एवं अपवित्र हो जाता है तथा समस्त बन्धु-बान्धव उसे त्याग देते हैं, तब ये ही ज्ञान आदि तीनों ज्योतियाँ ( परलोकगत) पुरुषके उपयोगमें आती हैं ॥ ६ ॥

तन्नो ज्योतिरभिहतं दाराणामभिमर्शनात् ।

धनंजय कथंस्वित् स्यादपत्यमभिमृष्टजम् ॥ ७ ॥

धनंजय! हमारी धर्मपत्नी द्रौपदीके शरीरका बल- पूर्वक स्पर्श करके दुःशासनने उसे अपवित्र कर दिया है, इससे हमारी संतानरूप ज्योति नष्ट हो गयी । जो पराये पुरुषसे छू गयी, उस स्त्रीसे उत्पन्न संतान किस कामकी होगी? ॥ ७ ॥

अर्जुनउवाच

न चैवोक्ता न चानुक्ता हीनतः परुषा गिरः ।

भारत प्रतिजल्पन्ति सदा तूत्तमपूरुषाः ॥ ८ ॥

अर्जुन बोले- भारत! (द्रौपदी सती है । उसके विषयमें आप ऐसी बात न कहें । दुःशासनने अवश्य नीचता की है, किंतु ) श्रेष्ठ पुरुष नीच पुरुषोंद्वारा कही या न कही गयी कड़वी बातोंका कभी उत्तर नहीं देते ॥ ८ ॥

स्मरन्ति सुकृतान्येव न वैराणि कृतान्यपि ।

सन्तः प्रतिविजानन्तो लब्धसम्भावनाः स्वयम् ॥ ९ ॥

प्रतिशोधका उपाय जानते हुए भी सत्पुरुष दूसरोंके उपकारोंको ही याद रखते हैं, उनके द्वारा किये हुए वैरको नहीं । उन साधु पुरुषोंको स्वयं सबसे सम्मान प्राप्त होता रहता है ॥ ९ ॥

भीमउवाच

इहैवैतांस्त्वहं सर्वान् हन्मि शत्रून् समागतान् ।

अथ निष्क्रम्य राजेन्द्र समूलान् हन्मि भारत ॥ १० ॥

भीमसेनने ( राजा युधिष्ठिरसे ) कहा - भरतवंशी राजराजेश्वर! ( यदि आपकी आज्ञा हो, तो ) यहाँ आये हुए इन सब शत्रुओंको मैं यहीं समाप्त कर दूँ और यहाँसे बाहर निकलकर इनके मूलका भी नाश कर डालूँ ॥ १० ॥

किं नो विवदितेनेह किमुक्तेन च भारत ।

अद्यैवैतान् निहन्मीह प्रशाधि पृथिवीमिमाम् ॥ ११ ॥

भारत! अब यहाँ विवाद या उत्तर- प्रत्युत्तर करनेकी हमें क्या आवश्यकता है? मैं आज ही इन सबको यमलोक भेज देता हूँ, आप इस सारी पृथ्वीका शासन कीजिये ॥

इत्युक्त्वा भीमसेनस्तु कनिष्ठैर्भ्रातृभिः सह ।

मृगमध्ये यथा सिंहो मुहुर्मुहुरुदैक्षत ॥ १२ ॥

पृष्ठ 2187

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2187 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

अपने छोटे भाइयोंके साथ खड़े हुए भीमसेन उपर्युक्त बात कहकर शत्रुओंकी ओर बार- बार देखने लगे; मानो सिंह मृगोंके समूहमें खड़ा हो उन्हींकी ओर देख रहा हो ॥

सान्त्व्यमानो वीक्षमाणः पार्थेनाक्लिष्टकर्मणा ।

खिद्यत्येव महाबाहुरन्तर्दाहेन वीर्यवान् ॥ १३ ॥

अनायास ही महान् पराक्रम कर दिखानेवाले अर्जुन शत्रुओंकी ओर देखनेवाले भीमसेनको बार- बार शान्त कर रहे थे, परंतु पराक्रमी महाबाहु भीमसेन अपने भीतर धधकती हुई क्रोधाग्निसे जल रहे थे ॥ १३ ॥

क्रुद्धस्य तस्य स्रोतोभ्यः कर्णादिभ्यो नराधिप ।

सधूमः सस्फुलिङ्गार्चिः पावकः समजायत ॥ १४ ॥

राजन्! उस समय क्रोधमें भरे हुए भीमसेनकी श्रवणादि इन्द्रियोंके छिद्रों तथा रोमकूपोंसे धूम और चिनगारियोंसहित आगकी लपटें निकल रहीं थीं ॥ १४ ॥

भ्रुकुटीकृतदुष्प्रेक्ष्यमभवत् तस्य तन्मुखम् ।

युगान्तकाले सम्प्राप्ते कृतान्तस्येव रूपिणः ॥ १५ ॥

भौंहें तनी होनेके कारण प्रलयकालमें मूर्तिमान् यमराजकी भाँति उनके भयानक मुखकी ओर देखना भी कठिन हो रहा था ॥ १५ ॥

युधिष्ठिरस्तमावार्य बाहुना बाहुशालिनम् ।

मैवमित्यब्रवीच्चैनं जोषमास्स्वेति भारत ॥ १६ ॥

भारत! तब विशाल भुजाओंसे सुशोभित होनेवाले भीमसेनको अपने एक हाथसे रोकते हुए युधिष्ठिरने कहा – ' ऐसा न करो, शान्तिपूर्वक बैठ जाओ ' ॥ १६ ॥

निवार्य च महाबाहुं कोपसंरक्तलोचनम् ।

पितरं समुपातिष्ठद् धृतराष्ट्रं कृताञ्जलिः ॥ १७ ॥

उस समय महाबाहु भीमके नेत्र क्रोधसे लाल हो रहे थे । उन्हें रोककर राजा युधिष्ठिर हाथ जोड़े हुए अपने ताऊ महाराज धृतराष्ट्रके पास गये ॥ १७ ॥

इति श्रीमहाभारते सभापर्वणि द्यूतपर्वणि भीमक्रोधे द्विसप्ततितमोऽध्यायः ॥ ७२ ॥

इसप्रकार श्रीमहाभारत सभापर्वके अन्तर्गत द्यूतपर्वमें भीमसेनका क्रोधविषयक बहत्तरवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ७२ ॥

पृष्ठ 2188

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2188 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

त्रिसप्ततितमोऽध्यायः धृतराष्ट्रका युधिष्ठिरको सारा धन लौटाकर एवं समझा- बुझाकर इन्द्रप्रस्थ जानेका आदेश देना युधिष्ठिर उवाच

राजन् किं करवामस्ते प्रशाध्यस्मांस्त्वमीश्वरः ।

नित्यं हि स्थातुमिच्छामस्तव भारत शासने ॥ १ ॥

युधिष्ठिर बोले- राजन्! आप हमारे स्वामी हैं । आज्ञा दीजिये, हम क्या करें । भारत! हमलोग सदा आपकी आज्ञाके अधीन रहना चाहते हैं ॥ १ ॥

धृतराष्ट्रउवाच

अजातशत्रो भद्रं ते अरिष्टं स्वस्ति गच्छत ।

अनुज्ञाताः सहधनाः स्वराज्यमनुशासत ॥ २ ॥

धृतराष्ट्रने कहा— अजातशत्रो! तुम्हारा कल्याण हो। तुम मेरी आज्ञासे हारे हुए धनके साथ बिना किसी विघ्न- बाधाके कुशलपूर्वक अपनी राजधानीको जाओ और अपने राज्यका शासन करो ॥ २ ॥

इदं चैवावबोद्धव्यं वृद्धस्य मम शासनम् ।

मया निगदितं सर्वं पथ्यं निःश्रेयसं परम् ॥ ३ ॥

मुझ वृद्धकी यही आज्ञा है। एक बात और है, उसपर भी ध्यान देना । मेरी कही हुई सारी बातें तुम्हारे हित और परम मंगलके लिये होंगी ॥ ३ ॥

वेत्थ त्वं तात धर्माणां गतिं सूक्ष्मां युधिष्ठिर ।

विनीतोऽसि महाप्राज्ञ वृद्धानां पर्युपासिता ॥ ४ ॥

तात युधिष्ठिर! तुम धर्मकी सूक्ष्म गतिको जानते हो । महामते! तुममें विनय है । तुमने बड़े - बूढ़ोंकी उपासना की है ॥

यतो बुद्धिस्ततः शान्तिः प्रशमं गच्छ भारत ।

नादारुणि पतेच्छस्त्रं दारुण्येतन्निपात्यते ॥ ५ ॥

जहाँ बुद्धि है, वहीं शान्ति है । भारत! तुम शान्त हो जाओ । (जो कुछ हुआ है, उसे भूल जाओ । ) पत्थर या लोहेपर कुल्हाड़ी नहीं पड़ती । लोग उसे लकड़ीपर ही चलाते हैं ॥ ५ ॥

न वैराण्यभिजानन्ति गुणान् पश्यन्ति नागुणान् ।

विरोधं नाधिगच्छन्ति ये त उत्तमपूरुषाः ॥ ६ ॥

स्मरन्ति सुकृतान्येव न वैराणि कृतान्यपि ।

सन्तः परार्थं कुर्वाणा नावेक्षन्ते प्रतिक्रियाम् ॥ ७ ॥

पृष्ठ 2189

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2189 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

जो पुरुष वैरको याद नहीं रखते, गुणोंको ही देखते हैं, अवगुणोंको नहीं तथा किसीसे विरोध नहीं रखते, वे ही उत्तम पुरुष कहे गये हैं । साधु पुरुष दूसरोंके सत्कर्मों ( उपकारादि ) -को ही याद रखते हैं, उनके किये हुए वैरको नहीं । वे दूसरोंकी भलाई तो करते हैं; परंतु उनसे बदला लेनेकी भावना नहीं रखते ॥ ६-७ ॥

संवादे परुषाण्याहुर्युधिष्ठिर नराधमाः ।

प्रत्याहुर्मध्यमास्त्वेतेऽनुक्ताः परुषमुत्तरम् ॥ ८ ।

न चोक्ता नैव चानुक्तास्त्वहिताः परुषा गिरः ।

प्रतिजल्पन्ति वै धीराः सदा तूत्तमपूरुषाः ॥ ९ ॥

युधिष्ठिर! नीच मनुष्य साधारण बातचीतमें भी कटुवचन बोलने लगते हैं । जो स्वयं पहले कटु वचन न कहकर प्रत्युत्तरमें कठोर बातें कहते हैं, वे मध्यम श्रेणीके पुरुष हैं । परंतु जो धीर एवं श्रेष्ठ पुरुष हैं, वे किसीके कटुवचन बोलने या न बोलनेपर भी अपने मुखसे कभी कठोर एवं अहितकर बात नहीं निकालते ॥ ८ - ९ ॥

स्मरन्ति सुकृतान्येव न वैराणि कृतान्यपि ।

सन्तः प्रतिविजानन्तो लब्ध्वा प्रत्ययमात्मनः ॥ १० ॥

महात्मा पुरुष अपने अनुभवको सामने रखकर दूसरोंके सुख- दुःखको भी अपने समान जानते हुए उनके अच्छे बर्तावोंको ही याद रखते हैं, उनके द्वारा किये हुए वैर - विरोधको नहीं ॥ १० ॥

असम्भिन्नार्थमर्यादाः साधवः प्रियदर्शनाः ।

तथा चरितमार्येण त्वयास्मिन् सत्समागमे ॥ ११ ॥

सत्पुरुष आर्यमर्यादाको कभी भंग नहीं करते । उनके दर्शनसे सभी लोग प्रसन्न हो जाते हैं । युधिष्ठिर! कौरव- पाण्डवोंके समागममें तुमने श्रेष्ठ पुरुषोंके समान ही आचरण किया है ॥ ११ ॥

दुर्योधनस्य पारुष्यं तत् तात हृदि मा कृथाः ।

मातरं चैव गान्धारीं मां च त्वं गुणकाङ्क्षया ॥ १२ ॥

उपस्थितं वृद्धमन्धं पितरं पश्य भारत । तात! दुर्योधनने जो कठोर बर्ताव किया है, उसे तुम अपने हृदयमें मत लाना । भारत! तुम तो उत्तम गुण ग्रहण करनेकी इच्छासे अपनी माता गान्धारी तथा यहाँ बैठे हुए मुझ अंधे बूढ़े ताऊकी ओर देखो ॥ १२३ ॥

प्रेक्षापूर्वं मया द्यूतमिदमासीदुपेक्षितम् ॥ १३ ॥

मित्राणि द्रष्टुकामेन पुत्राणां च बलाबलम् ।

अशोच्याः कुरवो राजन् येषां त्वमनुशासिता ॥ १४ ॥

मन्त्री च विदुरो धीमान् सर्वशास्त्रविशारदः ।

पृष्ठ 2190

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 2190 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

मैंने सोच- समझकर भी इस जूएकी इसलिये उपेक्षा कर दी - उसे रोकनेकी चेष्टा नहीं की कि मैं मित्रों और सुहृदोंसे मिलना चाहता था और अपने पुत्रोंके बलाबलको देखना चाहता था । राजन्! जिनके तुम शासक हो और सब शास्त्रोंमें निपुण परम बुद्धिमान् विदुर जिनके मन्त्री हैं, वे कुरुवंशी कदापि शोकके योग्य नहीं हैं ॥ त्वयि धर्मोऽर्जुने धैर्यं भीमसेने पराक्रमः ॥ १५ ॥

श्रद्धा च गुरुशुश्रूषा यमयोः पुरुषाग्रययोः ।

अजातशत्रो भद्रं ते खाण्डवप्रस्थमाविश ।

भ्रातृभिस्तेऽस्तु सौभ्रात्रं धर्मे ते धीयतां मनः ॥ १६ ॥

तुममें धर्म है, अर्जुनमें धैर्य है, भीमसेनमें पराक्रम है और नरश्रेष्ठ नकुल सहदेवमें श्रद्धा एवं विशुद्ध गुरुसेवाका भाव है । अजातशत्रो! तुम्हारा भला हो । अब तुम खाण्डवप्रस्थको जाओ । दुर्योधन आदि बन्धुओंके प्रति तुम्हें अच्छे भाईका- सा स्नेहभाव रहे और तुम्हारा मन सदा धर्ममें लगा रहे ॥ १५-१६ ॥ वैशम्पायन उवाच

इत्युक्तो भरतश्रेष्ठ धर्मराजो युधिष्ठिरः ।

कृत्वाऽऽर्यसमयं सर्वं प्रतस्थे भ्रातृभिः सह ॥ १७ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - भरतश्रेष्ठ! राजा धृतराष्ट्रके इस प्रकार कहनेपर धर्मराज युधिष्ठिर पूज्यवर धृतराष्ट्रके आदेशको स्वीकार करके भाइयोंके सहित वहाँसे विदा हो गये ॥ १७ ॥

ते रथान् मेघसंकाशानास्थाय सह कृष्णया ।

प्रययुर्हृष्टमनस इन्द्रप्रस्थं पुरोत्तमम् ॥ १८ ॥

वे मेघके समान शब्द करनेवाले रथोंपर द्रौपदीके साथ बैठकर प्रसन्नमनसे नगरोंमें उत्तम इन्द्रप्रस्थको चल दिये ॥ इति श्रीमहाभारते सभापर्वणि द्यूतपर्वणि धृतराष्ट्रवरप्रदानपूर्वकमिन्द्रप्रस्थं प्रति युधिष्ठिरगमने त्रिसप्ततितमोऽध्यायः ॥ ७३ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत सभापर्वके अन्तर्गत द्यूतपर्वमें धृतराष्ट्रवरदानपूर्वक युधिष्ठिरका इन्द्रप्रस्थगमनविषयक तिहत्तरवाँ अध्याय पूराहुआ ॥ ७३ ॥