श्रीरामचरितमानस — पृष्ठ 21–30

श्रीरामचरितमानस · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 21–30

पृष्ठ 21

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 21 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* बालकाण्ड * १९

नील सरोरुह स्याम तरुन अरुन बारिज नयन ।

करउ सो मम उर धाम सदा छीरसागर सयन ॥३ ॥

जो नील कमलके समान श्यामवर्ण हैं, पूर्ण खिले हुए लाल कमलके समान जिनके नेत्र हैं और जो सदा क्षीरसागरमें शयन करते हैं, वे भगवान् ( नारायण ) मेरे हृदयमें निवास करें ॥३ ॥

कुंद इंदु सम देह उमा रमन करुना अयन ।

जाहि दीन पर नेह करउ कृपा मर्दन मयन ॥ ४ ॥

जिनका कुन्दके पुष्प और चन्द्रमाके समान ( गौर ) शरीर है, जो पार्वतीजीके प्रियतम और दयाके धाम हैं और जिनका दीनोंपर स्नेह है, वे कामदेवका मर्दन करनेवाले ( शङ्करजी ) मुझपर कृपा करें ॥४ ॥

बंदउँ गुरु पद कंज कृपा सिंधु नररूप हरि ।

महामोह तम पुंज जासु बचन रबि कर निकर ॥ ५ ॥

मैं उन गुरु महाराजके चरणकमलकी वन्दना करता हूँ, जो कृपाके समुद्र और नररूपमें श्रीहरि ही हैं और जिनके वचन महामोहरूपी घने अन्धकारके नाश करनेके लिये सूर्य किरणोंके समूह हैं ॥५ ॥

बंदउँ गुरु पद पदुम परागा । सुरुचि सुबास सरस अनुरागा ॥

अमिअ मूरिमय चूरन चारू । समन सकल भव रुज परिवारू ॥

मैं गुरु महाराजके चरणकमलोंकी रजकी वन्दना करता हूँ, जो सुरुचि( सुन्दर स्वाद ), सुगन्ध तथा अनुरागरूपी रससे पूर्ण है । वह अमर मूल ( सञ्जीवनी जड़ी ) का सुन्दर चूर्ण है, जो सम्पूर्ण भवरोगोंके परिवारको नाश करनेवाला है ॥१ ॥

सुकृति संभु तन बिमल बिभूती । मंजुल मंगल मोद प्रसूती ॥

जन मन मंजु मुकुर मल हरनी । किएँ तिलक गुन गन बस करनी ॥

वह रज सुकृती ( पुण्यवान् पुरुष) रूपी शिवजीके शरीरपर सुशोभित निर्मल विभूति है और सुन्दर कल्याण और आनन्दकी जननी है, भक्तके मनरूपी सुन्दर दर्पणके मैलको दूर करनेवाली और तिलक करनेसे गुणोंके समूहको वशमें करनेवाली है ॥२ ॥

श्रीगुर पद नख मनि गन जोती । सुमिरत दिब्य दृष्टि हियँ होती ॥

दलन मोह तम सो सप्रकासू । बड़े भाग उर आवइ जासू॥

श्रीगुरु महाराजके चरण- नखोंकी ज्योति मणियोंके प्रकाशके समान है, जिसके स्मरण करते ही हृदयमें दिव्य दृष्टि उत्पन्न हो जाती है । वह प्रकाश अज्ञानरूपी अन्धकारका नाश करनेवाला है; वह जिसके हृदयमें आ जाता है, उसके बड़े भाग्य हैं ॥ ३ ॥

पृष्ठ 22

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 22 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* * २० रामचरितमानस

उघरहिं बिमल बिलोचन ही के । मिटहिं दोष दुख भव रजनी के ॥

सूझहिं राम चरित मनि मानिक । गुप्त प्रगट जहँ जो जेहि खानिक ॥

उसके हृदयमें आते ही हृदयके निर्मल नेत्र खुल जाते हैं और संसाररूपी रात्रिके दोष- दुःख मिट जाते हैं एवं श्रीरामचरित्ररूपी मणि और माणिक्य, गुप्त और प्रकट जहाँ जो जिस खानमें है, सब दिखायी पड़ने लगते हैं —॥४ ॥

दो० – जथा सुअंजन अंजि दृग साधक सिद्ध सुजान ।

कौतुक देखत सैल बन भूतल भूरि निधान ॥१ ॥

जैसे सिद्धाञ्जनको नेत्रोंमें लगाकर साधक, सिद्ध और सुजान पर्वतों, वनों और पृथ्वीके अंदर कौतुकसे ही बहुत-सी खानें देखते हैं ॥१ ॥

गुरु पद रज मृदु मंजुल अंजन । नयन अमिअ दृग दोष बिभंजन ॥

तेहिं करि बिमल बिबेक बिलोचन । बरनउँ राम चरित भव मोचन ॥

श्रीगुरु महाराजके चरणोंकी रज कोमल और सुन्दर नयनामृत-अञ्जन है, जो नेत्रोंके दोषोंका नाश करनेवाला है । उस अञ्जनसे विवेकरूपी नेत्रोंको निर्मल करके मैं संसाररूपी बन्धनसे छुड़ानेवाले श्रीरामचरित्रका वर्णन करता हूँ ॥ १ ॥

बंदउँ प्रथम महीसुर चरना । मोह जनित संसय सब हरना ॥

सुजन समाज सकल गुन खानी । करउँ प्रनाम सप्रेम सुबानी ॥

पहले पृथ्वीके देवता ब्राह्मणोंके चरणोंकी वन्दना करता हूँ, जो अज्ञानसे उत्पन्न सब संदेहोंको हरनेवाले हैं । फिर सब गुणोंकी खान संत- समाजको प्रेमसहित सुन्दर वाणीसे प्रणाम करता हूँ॥२ ॥

साधु चरित सुभ चरित कपासू । निरस बिसद गुनमय फल जासू॥

जो सहि दुख परछिद्र दुरावा । बंदनीय जेहिं जग जस पावा ॥

संतोंका चरित्र कपासके चरित्र ( जीवन ) -के समान शुभ है, जिसका फल नीरस, विशद और गुणमय होता है । ( कपासकी डोडी नीरस होती है, संत-चरित्रमें भी विषयासक्ति नहीं है, इससे वह भी नीरस है; कपास उज्ज्वल होता है, संतका हृदय भी अज्ञान और पापरूपी अन्धकारसे रहित होता है, इसलिये वह विशद है, और कपासमें गुण ( तन्तु ) होते हैं, इसी प्रकार संतका चरित्र भी सद्गुणोंका भण्डार होता है, इसलिये वह गुणमय है । ) [ जैसे कपासका धागा सूईके किये हुए छेदको अपना तन देकर ढक देता है, अथवा कपास जैसे लोढ़े जाने, काते जाने और बुने जानेका कष्ट सहकर भी वस्त्रके रूपमें परिणत होकर दूसरोंके गोपनीय स्थानोंको ढकता है उसी प्रकार ] संत स्वयं दुःख सहकर दूसरोंके छिद्रों ( दोषों ) -को ढकता है, जिसके कारण उसने जगत्में वन्दनीय यश प्राप्त किया है ॥३ ॥

पृष्ठ 23

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 23 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* बालकाण्ड * २१

मुद मंगलमय संत समाजू । जो जग जंगम तीरथराजू॥

राम भक्ति जहँ सुरसरि धारा । सरसइ ब्रह्म बिचार प्रचारा ॥

संतोंका समाज आनन्द और कल्याणमय है, जो जगत्में चलता-फिरता तीर्थराज ( प्रयाग) है । जहाँ ( उस संतसमाजरूपी प्रयागराजमें ) रामभक्तिरूपी गङ्गाजीकी धारा है और ब्रह्मविचारका प्रचार सरस्वतीजी हैं ॥४ ॥

fafe निषेधमय कलिमल हरनी । करम कथा रबिनंदनि बरनी ॥

हरि हर कथा बिराजति बेनी । सुनत सकल मुद मंगल देनी ॥

विधि और निषेध ( यह करो और यह न करो ) रूपी कर्मोंकी कथा कलियुगके पापोंको हरनेवाली सूर्यतनया यमुनाजी हैं और भगवान् विष्णु और शङ्करजीकी कथाएँ त्रिवेणीरूपसे सुशोभित हैं, जो सुनते ही सब आनन्द और कल्याणोंकी देनेवाली हैं ॥ ५ ॥

बटु बिस्वास अचल निज धरमा । तीरथराज समाज सुकरमा ॥

सबहि सुलभ सब दिन सब देसा । सेवत सादर समन कलेसा ॥

[ उस संतसमाजरूपी प्रयागमें ] अपने धर्ममें जो अटल विश्वास है वह अक्षयवट है, और शुभकर्म ही उस तीर्थराजका समाज ( परिकर ) है । वह ( संतसमाजरूपी प्रयागराज) सब देशोंमें, सब समय सभीको सहजहीमें प्राप्त हो सकता है और आदरपूर्वक सेवन करनेसे क्लेशोंको नष्ट करनेवाला है ॥६ ॥

अकथ अलौकिक तीरथराऊ । देइ सद्य फल प्रगट प्रभाऊ ॥

वह तीर्थराज अलौकिक और अकथनीय है, एवं तत्काल फल देनेवाला है; उसका प्रभाव प्रत्यक्ष है ॥७ ॥

दो० – सुनि समुझहिं जन मुदित मन मज्जहिं अति अनुराग ।

लहहिं चारि फल अछत तनु साधु समाज प्रयाग ॥ २ ॥

जो मनुष्य इस संत -समाजरूपी तीर्थराजका प्रभाव प्रसन्न मनसे सुनते और समझते हैं और फिर अत्यन्त प्रेमपूर्वक इसमें गोते लगाते हैं, वे इस शरीरके रहते ही धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष-चारों फल पा जाते हैं ॥२ ॥

मज्जन फल पेखिअ ततकाला । काक होहिं पिक बकउ मराला ॥

सुनि आचरज करै जनि कोई । सतसंगति महिमा नहिं गोई ॥

इस तीर्थराजमें स्नानका फल तत्काल ऐसा देखनेमें आता है कि कौए कोयल बन जाते हैं और बगुले हंस । यह सुनकर कोई आश्चर्य न करे, क्योंकि सत्संगकी महिमा छिपी नहीं है ॥१ ॥

पृष्ठ 24

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 24 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* * २२ रामचरितमानस

बालमीक नारद घटजोनी । निज निज मुखनि कही निज होनी ॥

जलचर थलचर नभचर नाना । जे जड़ चेतन जीव जहाना ॥

वाल्मीकिजी, नारदजी और अगस्त्यजीने अपने -अपने मुखोंसे अपनी होनी ( जीवनका वृत्तान्त ) कही । जलमें रहनेवाले, जमीनपर चलनेवाले और आकाशमें विचरनेवाले नाना प्रकारके जड़- चेतन जितने जीव इस जगत्में हैं, ॥२ ॥

मति कीरति गति भूति भलाई । जब जेहिं जतन जहाँ जेहिं पाई ॥

सो जानब सतसंग प्रभाऊ । लोकहुँ बेद न आन उपाऊ ॥

उनमेंसे जिसने जिस समय जहाँ कहीं भी जिस किसी यत्नसे बुद्धि, कीर्ति, सद्गति, विभूति ( ऐश्वर्य ) और भलाई पायी है, सो सब सत्संगका ही प्रभाव समझना चाहिये । वेदोंमें और लोकमें इनकी प्राप्तिका दूसरा कोई उपाय नहीं है ॥ ३ ॥

बिनु सतसंग बिबेक न होई । राम कृपा बिनु सुलभ न सोई ॥

सतसंगत मुद मंगल मूला । सोइ फल सिधि सब साधन फूला ॥

सत्संगके बिना विवेक नहीं होता और श्रीरामजीकी कृपाके बिना वह सत्संग सहजमें मिलता नहीं । सत्संगति आनन्द और कल्याणकी जड़ है । सत्संगकी सिद्धि ( प्राप्ति) ही फल है और सब साधन तो फूल हैं ॥४ ॥

सठ सुधरहिं सतसंगति पाई । पारस परस कुधात सुहाई ॥

बिधि बस सुजन कुसंगत परहीं । फनि मनि सम निज गुन अनुसरहीं ॥

दुष्ट भी सत्संगति पाकर सुधर जाते हैं, जैसे पारसके स्पर्शसे लोहा सुहावना हो जाता है ( सुन्दर सोना बन जाता है ) । किन्तु दैवयोगसे यदि कभी सज्जन कुसंगतिमें पड़ जाते हैं, तो वे वहाँ भी साँपकी मणिके समान अपने गुणोंका ही अनुसरण करते हैं ( अर्थात् जिस प्रकार साँपका संसर्ग पाकर भी मणि उसके विषको ग्रहण नहीं करती तथा अपने सहज गुण प्रकाशको नहीं छोड़ती, उसी प्रकार साधु पुरुष दुष्टोंके संगमें रहकर भी दूसरोंको प्रकाश ही देते हैं, दुष्टोंका उनपर कोई प्रभाव नहीं पड़ता) ॥५ ॥

बिधि हरि हर कबि कोबिद बानी । कहत साधु महिमा सकुचानी ॥

सो मोसन कहि जात न कैसें । साक बनिक मनि गुन गन जैसें ॥

ब्रह्मा, विष्णु, शिव, कवि और पण्डितोंकी वाणी भी संत-महिमाका वर्णन करनेमें सकुचाती है; वह मुझसे किस प्रकार नहीं कही जाती, जैसे साग- तरकारी बेचनेवालेसे मणियोंके गुणसमूह नहीं कहे जा सकते ॥ ६ ॥

दो० –- बंदउँ संत समान चित हित अनहित नहिं कोइ

अंजलि गत सुभ सुमन जिमि सम सुगंध कर दोइ ॥ ३ ( क ) ॥

पृष्ठ 25

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 25 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* बालकाण्ड * २३ मैं संतोंको प्रणाम करता हूँ, जिनके चित्तमें समता है, जिनका न कोई मित्र है और न शत्रु! जैसे अञ्जलिमें रखे हुए सुन्दर फूल [जिस हाथने फूलोंको तोड़ा और जिसने उनको रखा उन ] दोनों ही हाथोंको समानरूपसे सुगन्धित करते हैं [वैसे ही संत शत्रु और मित्र दोनोंका ही समानरूपसे कल्याण करते हैं ] ॥ ३ ( क ) ॥

संत सरल चित जगत हित जानि सुभाउ सनेहु ।

बालबिनय सुनि करि कृपा राम चरन रति देहु ॥ ३ ( ख) ॥

संत सरलहृदय और जगत् के हितकारी होते हैं, उनके ऐसे स्वभाव और स्नेहको जानकर मैं विनय करता हूँ, मेरी इस बाल - विनयको सुनकर कृपा करके श्रीरामजीके चरणोंमें मुझे प्रीति दें ॥ ३ ( ख ) ॥

बहुरि बंदि खल गन सतिभाएँ । जे बिनु काज दाहिनेहु बाएँ ॥

पर हित हानि लाभ जिन्ह केरें । उजरें हरष बिषाद बसेरें ॥

अब मैं सच्चे भावसे दुष्टोंको प्रणाम करता हूँ, जो बिना ही प्रयोजन, अपना हित करनेवालेके भी प्रतिकूल आचरण करते हैं । दूसरोंके हितकी हानि ही जिनकी दृष्टिमें लाभ है, जिनको दूसरोंके उजड़नेमें हर्ष और बसनेमें विषाद होता है ॥१ ॥

हरि हर जस राकेस राहु से । पर अकाज भट सहसबाहु से ।

जे पर दोष लखहिं सहसाखी । पर हित घृत जिन्ह के मन माखी ॥

जो हरि और हरके यशरूपी पूर्णिमाके चन्द्रमाके लिये राहुके समान हैं ( अर्थात् जहाँ कहीं भगवान् विष्णु या शङ्करके यशका वर्णन होता है, उसीमें वे बाधा देते हैं ) और दूसरोंकी बुराई करनेमें सहस्रबाहुके समान वीर हैं । जो दूसरोंके दोषोंको हजार आँखोंसे देखते हैं और दूसरोंके हितरूपी घीके लिये जिनका मन मक्खीके समान है ( अर्थात् जिस प्रकार मक्खी घीमें गिरकर उसे खराब कर देती है और स्वयं भी मर जाती है, उसी प्रकार दुष्ट लोग दूसरोंके बने - बनाये कामको अपनी हानि करके भी बिगाड़ देते हैं ) ॥ २ ॥

तेज कृसानु रोष महिषेसा । अघ अवगुन धन धनी धनेसा ॥

उदय केत सम हित सब ही के । कुंभकरन सम सोवत नीके ॥

जो तेज ( दूसरोंको जलानेवाले ताप ) में अग्नि और क्रोधमें यमराजके समान हैं, पाप और अवगुणरूपी धनमें कुबेरके समान धनी हैं, जिनकी बढ़ती सभीके हितका नाश करनेके लिये केतु ( पुच्छल तारे ) के समान है, और जिनके कुम्भकर्णकी तरह सोते रहनेमें ही भलाई है ॥३ ॥

पर अकाजु लगि तनु परिहरहीं । जिमि हिम उपल कृषी दलि गरहीं ॥

बंदउँ खल जस सेष सरोषा । सहस बदन बरनड़ पर दोषा ॥

पृष्ठ 26

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 26 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* * २४ रामचरितमानस जैसे ओले खेतीका नाश करके आप भी गल जाते हैं, वैसे ही वे दूसरोंका काम बिगाड़नेके लिये अपना शरीरतक छोड़ देते हैं । मैं दुष्टोंको [ हजार मुखवाले ] शेषजीके समान समझकर प्रणाम करता हूँ, जो पराये दोषोंका हजार मुखोंसे बड़े रोषके साथ वर्णन करते हैं ॥४ ॥

पुनि प्रनवउँ पृथुराज समाना । पर अघ सुनइ सहस दस काना ॥

बहुरि सक्र सम बिनवउँ तेही । संतत सुरानीक हित जेही ॥

पुनः उनको राजा पृथु ( जिन्होंने भगवान्‌का यश सुननेके लिये दस हजार कान माँगे थे ) के समान जानकर प्रणाम करता हूँ, जो दस हजार कानोंसे दूसरोंके पापोंको सुनते हैं । फिर इन्द्रके समान मानकर उनकी विनय करता हूँ, जिनको सुरा ( मदिरा ) नीकी और हितकारी मालूम देती है [ इन्द्रके लिये भी सुरानीक अर्थात् देवताओंकी सेना हितकारी है ] ॥५ ॥

बचन बज्र जेहि सदा पिआरा । सहस नयन पर दोष निहारा ॥

जिनको कठोर वचनरूपी वज्र सदा प्यारा लगता है और जो हजार आँखोंसे दूसरोंके दोषोंको देखते हैं ॥६ ॥

दो० – उदासीन अरि मीत हित सुनत जरहिं खल रीति ।

जानि पानि जुग जोरि जन बिनती करइ सप्रीति ॥ ४ ॥

दुष्टोंकी यह रीति है कि वे उदासीन, शत्रु अथवा मित्र, किसीका भी हित सुनकर जलते हैं । यह जानकर दोनों हाथ जोड़कर यह जन प्रेमपूर्वक उनसे विनय करता है ॥४ ॥

मैं अपनी दिसि कीन्ह निहोरा । तिन्ह निज ओर न लाउब भोरा ॥

बायस पलिअहिं अति अनुरागा । होहिं निरामिष कबहुँ कि कागा ॥

मैंने अपनी ओरसे विनती की है, परन्तु वे अपनी ओरसे कभी नहीं चूकेंगे । कौओंको बड़े प्रेमसे पालिये; परन्तु वे क्या कभी मांसके त्यागी हो सकते हैं? ॥१ ॥

बंदउँ संत असज्जन चरना । दुखप्रद उभय बीच कछु बरना ॥

बिछुरत एक प्रान हरि लेहीं । मिलत एक दुख दारुन देहीं ॥

अब मैं संत और असंत दोनोंके चरणोंकी वन्दना करता हूँ; दोनों ही दुःख देनेवाले हैं, परन्तु उनमें कुछ अन्तर कहा गया है । वह अन्तर यह है कि एक ( संत) तो बिछुड़ते समय प्राण हर लेते हैं और दूसरे ( असंत ) मिलते हैं तब दारुण दुःख देते हैं । ( अर्थात् संतोंका बिछुड़ना मरने समान दु:खदायी होता है और असंतोंका मिलना ) ॥ २ ॥

उपजहिं एक संग जग माहीं । जलज जोंक जिमि गुन बिलगाहीं ॥

सुधा सुरा सम साधु असाधू। जनक एक जग जलधि अगाधू॥

पृष्ठ 27

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 27 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* बालकाण्ड * २५ दोनों ( संत और असंत ) जगत्में एक साथ पैदा होते हैं; पर [एक साथ पैदा होनेवाले ] कमल और जोंककी तरह उनके गुण अलग-अलग होते हैं । ( कमल दर्शन और स्पर्शसे सुख देता है, किन्तु जोंक शरीरका स्पर्श पाते ही रक्त चूसने लगती है । ) साधु अमृतके समान ( मृत्युरूपी संसारसे उबारनेवाला ) और असाधु मदिराके समान ( मोह,प्रमाद और जड़ता उत्पन्न करनेवाला ) है, दोनोंको उत्पन्न करनेवाला जगद्रूपी अगाध समुद्र एक ही है । [ शास्त्रोंमें समुद्रमन्थनसे ही अमृत और मदिरा दोनोंकी उत्पत्ति बतायी गयी है ] ॥ ३ ॥

भल अनभल निज निज करतूती । लहत सुजस अपलोक बिभूती ॥

सुधा सुधाकर सुरसरि साधू । गरल अनल कलिमल सरि ब्याधू ॥

गुन अवगुन जानत सब कोई । जो जेहि भाव नीक तेहि सोई ॥

भले और बुरे अपनी-अपनी करनीके अनुसार सुन्दर यश और अपयशकी सम्पत्ति पाते हैं । अमृत, चन्द्रमा, गङ्गाजी और साधु एवं विष, अग्नि, कलियुगके पापोंकी नदी अर्थात् कर्मनाशा और हिंसा करनेवाला व्याध, इनके गुण- अवगुण सब कोई जानते हैं; किन्तु जिसे जो भाता है, उसे वही अच्छा लगता है॥४-५ ॥

दो० - भलो भलाइहि पै लहइ लहइ निचाइहि नीचु ।

सुधा सराहिअ अमरताँ गरल सराहिअ मीचु ॥ ५ ॥

भला भलाई ही ग्रहण करता है और नीच नीचताको ही ग्रहण किये रहता है । अमृतकी सराहना अमर करनेमें होती है और विषकी मारनेमें ॥५ ॥

खल अघ अगुन साधु गुन गाहा । उभय अपार उदधि अवगाहा ॥

तेहि तें कछु गुन दोष बखाने । संग्रह त्याग न बिनु पहिचाने ॥

दुष्टोंके पापों और अवगुणोंकी और साधुओंके गुणोंकी कथाएँ—दोनों ही अपार और अथाह समुद्र हैं । इसीसे कुछ गुण और दोषोंका वर्णन किया गया है, क्योंकि बिना पहचाने उनका ग्रहण या त्याग नहीं हो सकता ॥ १ ॥

भलेउ पोच सब बिधि उपजाए । गनि गुन दोष बेद बिलगाए ॥

कहहिं बेद इतिहास पुराना । बिधि प्रपंचु गुन अवगुन साना ॥

भले, बुरे सभी ब्रह्माके पैदा किये हुए हैं, पर गुण और दोषोंको विचारकर वेदोंने उनको अलग- अलग कर दिया है । वेद, इतिहास और पुराण कहते हैं कि ब्रह्माकी यह सृष्टि गुण- अवगुणोंसे सनी हुई है ॥२ ॥

दुख सुख पाप पुन्य दिन राती । साधु असाधु सुजाति कुजाती ॥

दानव देव ऊँच अरु नीचू। अमिअ सुजीवनु माहुरु मीचू॥

पृष्ठ 28

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 28 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* * २६ रामचरितमानस

माया ब्रह्म जीव जगदीसा । लच्छि अलच्छि रंक अवनीसा ॥

कासी मग सुरसरि क्रमनासा । मरु मारव महिदेव गवासा ॥

सरग नरक अनुराग बिरागा । निगमागम गुन दोष बिभागा ॥

दुःख-सुख, पाप- पुण्य, दिन- रात, साधु-असाधु, सुजाति-कुजाति, दानव -देवता, ऊँच -नीच, अमृत - विष, सुजीवन ( सुन्दर जीवन ) - मृत्यु, माया-ब्रह्म, जीव-ईश्वर, सम्पत्ति- दरिद्रता, रंक - राजा, काशी- मगध, गङ्गा- कर्मनाशा, मारवाड़ - मालवा, ब्राह्मण-कसाई, स्वर्ग-नरक, अनुराग - वैराग्य, [ ये सभी पदार्थ ब्रह्माकी सृष्टिमें हैं । ] वेद - शास्त्रोंने उनके गुण- दोषोंका विभाग कर दिया है ॥ ३–५ ॥

दो० – जड़ चेतन गुन दोषमय बिस्व कीन्ह करतार ।

संत हंस गुन गहहिं पय परिहरि बारि बिकार ॥ ६ ॥

विधाताने इस जड- चेतन विश्वको गुण- दोषमय रचा है; किन्तु संतरूपी हंस दोषरूपी जलको छोड़कर गुणरूपी दूधको ही ग्रहण करते हैं ॥ ६ ॥

अस बिबेक जब देइ बिधाता । तब तजि दोष गुनहिं मनु राता ॥

काल सुभाउ करम बरिआईं । भलेउ प्रकृति बस चुकड़ भलाई ॥

विधाता जब इस प्रकारका ( हंसका-सा ) विवेक देते हैं, तब दोषोंको छोड़कर मन गुणोंमें अनुरक्त होता है । काल-स्वभाव और कर्मकी प्रबलतासे भले लोग ( साधु ) भी मायाके वशमें होकर कभी- कभी भलाईसे चूक जाते हैं ॥१ ॥

सो सुधारि हरिजन जिमि लेहीं । दलि दुख दोष बिमल जसु देहीं ॥

खलउ करहिं भल पाइ सुसंगू । मिटइ न मलिन सुभाउ अभंगू ॥

भगवान्के भक्त जैसे उस चूकको सुधार लेते हैं और दुःख-दोषोंको मिटाकर निर्मल यश देते हैं, वैसे ही दुष्ट भी कभी- कभी उत्तम सङ्ग पाकर भलाई करते हैं; परन्तु उनका कभी भंग न होनेवाला मलिन स्वभाव नहीं मिटता ॥ २ ॥

लखि सुबेष जग बंचक जेऊ । बेष प्रताप पूजिअहिं तेऊ ॥

उघरहिं अंत न होइ निबाहू । कालनेमि जिमि रावन राहू ॥

जो [ वेषधारी ] ठग हैं, उन्हें भी अच्छा ( साधुका-सा ) वेष बनाये देखकर वेषके प्रतापसे जगत् पूजता है; परन्तु एक-न-एक दिन वे चौड़े आ ही जाते हैं, अन्ततक उनका कपट नहीं निभता, जैसे कालनेमि, रावण और राहुका हाल हुआ ॥३ ॥

किएहुँ कुबेषु साधु सनमानू । जिमि जग जामवंत हनुमानू॥

हानि कुसंग सुसंगति लाहू । लोकहुँ बेद बिदित सब काहू॥

पृष्ठ 29

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 29 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* बालकाण्ड * २७ बुरा वेष बना लेनेपर भी साधुका सम्मान ही होता है, जैसे जगत्में जाम्बवान् और हनुमान्जीका हुआ । बुरे संगसे हानि और अच्छे संगसे लाभ होता है, यह बात लोक और वेदमें है और सभी लोग इसको जानते हैं ॥४ ॥

गगन चढ़इ रज पवन प्रसंगा । कीचहिं मिलइ नीच जल संगा ॥

साधु असाधु सदन सुक सारीं । सुमिरहिं राम देहिं गनि गारीं ॥

पवनके संगसे धूल आकाशपर चढ़ जाती है और वही नीच ( नीचेकी ओर बहनेवाले ) जलके संगसे कीचड़में मिल जाती है । साधुके घरके तोता-मैना राम- राम सुमिरते हैं और असाधुके घर तोता -मैना गिन -गिनकर गालियाँ देते हैं ॥५ ॥

धूम कुसंगति कारिख होई । लिखिअ पुरान मंजु मसि सोई ॥

सोइ जल अनल अनिल संघाता । होइ जलद जग जीवन दाता ॥

कुसंगके कारण धुआँ कालिख कहलाता है, वही धुआँ [ सुसंगसे ] सुन्दर स्याही होकर पुराण लिखनेके काममें आता है और वही धुआँ जल, अग्नि और पवनके संगसे बादल होकर जगत्को जीवन देनेवाला बन जाता है ॥६ ॥

दो० – ग्रह भेषज जल पवन पट पाइ कुजोग सुजोग ।

होहिं कुबस्तु सुबस्तु जग लखहिं सुलच्छन लोग ॥ ७ ( क ) ॥

ग्रह, ओषधि, जल, वायु और वस्त्र– ये सब भी कुसंग और सुसंग पाकर संसारमें बुरे और भले पदार्थ हो जाते हैं । चतुर एवं विचारशील पुरुष ही इस बातको जान पाते हैं ॥७ ( क ) ॥

सम प्रकास तम पाख दुहुँ नाम भेद बिधि कीन्ह ।

ससि सोषक पोषक समुझि जग जस अपजस दीन्ह ॥ ७ ( ख ) ॥

महीनेके दोनों पखवाड़ोंमें उजियाला और अँधेरा समान ही रहता है, परन्तु विधाताने इनके नाममें भेद कर दिया है ( एकका नाम शुक्ल और दूसरेका नाम कृष्ण रख दिया) । एकको चन्द्रमाका बढ़ानेवाला और दूसरेको उसका घटानेवाला समझकर जगत्ने एकको सुयश और दूसरेको अपयश दे दिया ॥ ७ (ख ) ॥

जड़ चेतन जग जीव जत सकल राममय जानि ।

बंदउँ सब के पद कमल सदा जोरि जुग पानि ॥ ७ ( ग ) ॥

जगत्में जितने जड़ और चेतन जीव हैं, सबको राममय जानकर मैं उन सबके चरणकमलोंकी सदा दोनों हाथ जोड़कर वन्दना करता हूँ॥ ७ (ग ) ॥

देव दनुज नर नाग खग प्रेत पितर गंधर्ब ।

बंदउँ किंनर रजनिचर कृपा करहु अब सर्ब ॥ ७ ( घ ) ॥

पृष्ठ 30

श्रीरामचरितमानस, पृष्ठ 30 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

* * २८ रामचरितमानस देवता, दैत्य, मनुष्य, नाग, पक्षी, प्रेत, पितर, गन्धर्व, किन्नर और निशाचर सबको मैं प्रणाम करता हूँ । अब सब मुझपर कृपा कीजिये ॥ ७ ( घ ) ॥

आकर चारि लाख चौरासी । जाति जीव जल थल नभ बासी ॥

सीय राममय सब जग जानी । करउँ प्रनाम जोरि जुग पानी ॥

चौरासी लाख योनियोंमें चार प्रकारके ( स्वेदज, अण्डज, उद्भिज्ज, जरायुज ) जीव जल, पृथ्वी और आकाशमें रहते हैं, उन सबसे भरे हुए इस सारे जगत्‌को श्रीसीताराममय जानकर मैं दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करता हूँ॥१ ॥

जानि कृपाकर किंकर मोहू । सब मिलि करहु छाड़ि छल छोहू ॥

निज बुधि बल भरोस मोहि नाहीं । तातें बिनय करउँ सब पाहीं ॥

मुझको अपना दास जानकर कृपाकी खान आप सब लोग मिलकर छल छोड़कर कृपा कीजिये ।

मुझे अपने बुद्धि-बलका भरोसा नहीं है, इसीलिये मैं सबसे विनती करता हूँ॥२ ॥

करन चहउँ रघुपति गुन गाहा । लघु मति मोरि चरित अवगाहा ॥

सूझ न एकउ अंग उपाऊ । मन मति रंक मनोरथ राऊ ॥

मैं श्रीरघुनाथजीके गुणोंका वर्णन करना चाहता हूँ, परन्तु मेरी बुद्धि छोटी है और श्रीरामजीका चरित्र अथाह है । इसके लिये मुझे उपायका एक भी अंग अर्थात् कुछ ( लेशमात्र ) भी उपाय नहीं सूझता । मेरे मन और बुद्धि कंगाल हैं, किन्तु मनोरथ राजा है ॥३ ॥

मति अति नीच ऊँचि रुचि आछी । चहिअ अमिअ जग जुरइ न छाछी ॥

छमिहहिं सज्जन मोरि ढिठाई । सुनिहहिं बालबचन मन लाई ॥

मेरी बुद्धि तो अत्यन्त नीची है और चाह बड़ी ऊँची है; चाह तो अमृत पानेकी है, पर जगत्में जुड़ती छाछ भी नहीं । सज्जन मेरी ढिठाईको क्षमा करेंगे और मेरे बालवचनोंको मन लगाकर ( प्रेमपूर्वक ) सुनेंगे ॥४ ॥

जौं बालक कह तोतरि बाता । सुनहिं मुदित मन पितु अरु माता ॥

हँसिहहिं कूर कुटिल कुबिचारी । जे पर दूषन भूषनधारी ॥

जैसे बालक जब तोतले वचन बोलता है तो उसके माता- पिता उन्हें प्रसन्न मनसे सुनते हैं । किन्तु क्रूर, कुटिल और बुरे विचारवाले लोग जो दूसरोंके दोषोंको ही भूषणरूपसे धारण किये रहते हैं ( अर्थात् जिन्हें पराये दोष ही प्यारे लगते हैं ), हँसेंगे ॥५ ॥

निज कबित्त केहि लाग न नीका । सरस होउ अथवा अति फीका ॥

जे पर भनिति सुनत हरषाहीं । ते बर पुरुष बहुत जग नाहीं ॥