श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड २ — पृष्ठ 951–960

महाभारत — खण्ड २ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 951–960

पृष्ठ 951

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 951 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

चत्वारिंशदधिकशततमोऽध्यायः भीमसेनका उत्साह तथा पाण्डवोंका कुलिन्दराज सुबाहुके राज्यमें होते हुए गन्धमादन और हिमालय पर्वतको प्रस्थान युधिष्ठिर उवाच

अन्तर्हितानि भूतानि बलवन्ति महान्ति च ।

अग्निना तपसा चैव शक्यं गन्तुं वृकोदर ॥ १ ॥

युधिष्ठिर बोले— भीमसेन! यहाँ बहुत - से बलवान् और विशालकाय राक्षस छिपे रहते हैं; अतः अग्निहोत्र एवं तपस्याके प्रभावसे ही हमलोग यहाँसे आगे बढ़ सकते हैं ॥ १ ॥

संनिवर्तय कौन्तेय क्षुत्पिपासे बलाश्रयात् ।

ततो बलं च दाक्ष्यं च संश्रयस्व वृकोदर ॥ २ ॥

वृकोदर! तुम बलका आश्रय लेकर अपनी भूख- प्यास मिटा दो। फिर शारीरिक शक्ति और चतुरताका सहारा लो ॥ २ ॥

ऋषेस्त्वया श्रुतं वाक्यं कैलासं पर्वतं प्रति ।

बुद्धया प्रपश्य कौन्तेय कथं कृष्णा गमिष्यति ॥ ३ ॥

भैया! कैलास पर्वतके विषयमें महर्षिने जो बात कही है, वह तुमने भी सुना ही है; अब स्वयं अपनी बुद्धिसे विचार करके देखो, द्रौपदी इस दुर्गम प्रदेशमें कैसे चल सकेगी? ॥ ३ ॥

अथवा सहदेवेन धौम्येन च समं विभो ।

सूतैः पौरोगवैश्चैव सर्वैश्च परिचारकैः ॥ ४ ॥

रथैरश्वैश्च ये चान्ये विप्राः क्लेशासहाः पथि ।

सर्वैस्त्वं सहितो भीम निवर्तस्वायतेक्षण ॥ ५ ॥

अथवा विशालनेत्रोंवाले भीम! तुम सहदेव, धौम्य, सारथि, रसोइये, समस्त सेवकगण, रथ, घोड़े तथा मार्गके कष्टको सहन न कर सकनेवाले जो अन्य ब्राह्मण हैं, उन सबके साथ यहींसे लौट जाओ ॥ ४-५ ॥

यो वयं गमिष्यामो लघ्वाहारा यतव्रताः ।

अहं च नकुलश्चैव लोमशश्च महातपाः ॥ ६ ॥

ममागमनमाकाङ्क्षन् गङ्गाद्वारे समाहितः ।

वसेह द्रौपदीं रक्षन् यावदागमनं मम ॥ ७ ॥

केवल मैं, नकुल तथा महातपस्वी लोमशजी - ये तीन व्यक्ति ही संयम और व्रतका पालन करते हुए यहाँसे आगेकी यात्रा करेंगे । हम तीनों ही स्वल्पाहारसे जीवन- निर्वाह

पृष्ठ 952

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 952 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

करेंगे । तुम गंगाद्वार ( हरिद्वार) - में एकाग्रचित्त हो मेरे आगमनकी प्रतीक्षा करो और जबतक मैं लौटकर न आऊँ, तबतक द्रौपदीकी रक्षा करते हुए वहीं निवास करो ॥ ६-७ ॥ भीम उवाच

राजपुत्री श्रमेणार्ता दुःखार्ता चैव भारत ।

व्रजत्येव हि कल्याणीश्वेतवाहदिदृक्षया ॥ ८ ॥

भीमसेनने कहा- भारत! राजकुमारी द्रौपदी यद्यपि रास्तेकी थकावटसे और मानसिक दुःखसे भी पीड़ित है; तो भी यह कल्याणमयी देवी अर्जुनको देखनेकी इच्छासे उत्साहपूर्वक हमारे साथ चल ही रही है ॥ ८ ॥

तव चाप्यरतिस्तीव्रा वर्तते तमपश्यतः ।

गुडाकेशं महात्मानं संग्रामेष्वपलायिनम् ॥ ९ ॥

संग्राममें कभी पीठ न दिखानेवाले निद्राविजयी महात्मा अर्जुनको न देखनेके कारण आपके मनमें भी अत्यन्त खिन्नता हो रही है ॥ ९ ॥

किं पुनः सहदेवं च मां च कृष्णां च भारत ।

द्विजाः कामं निवर्तन्तां सर्वे च परिचारकाः ॥ १० ॥

सूताः पौरोगवाश्चैव यं च मन्येत नो भवान् ।

न ह्यहं हातुमिच्छामि भवन्तमिह कर्हिचित् ॥ ११ ॥

शैलेऽस्मिन् राक्षसाकीर्णे दुर्गेषु विषमेषु च ।

इयं चापि महाभागा राजपुत्री पतिव्रता ॥ १२ ॥

त्वामृते पुरुषव्याघ्र नोत्सहेद् विनिवर्तितुम् ।

तथैव सहदेवोऽयं सततं त्वामनुव्रतः ॥ १३ ॥

न जातु विनिवर्तेत मनोज्ञो ह्यहमस्य वै ।

अपि चात्र महाराज सव्यसाचिदिदृक्षया ॥ १४ ॥

सर्वे लालसभूताः स्म तस्माद् यास्यामहे सह ।

यद्यशक्यो रथैर्गन्तुं शैलोऽयं बहुकन्दरः ॥ १५ ॥

पद्भिरेव गमिष्यामो मा राजन् विमना भव ।

अहं वहिष्ये पाञ्चालीं यत्र यत्र न शक्ष्यति ॥ १६ ॥

फिर सहदेवके, मेरे तथा द्रौपदीके लिये तो कहना ही क्या है? भारत! ये ब्राह्मणलोग चाहें तो यहाँसे लौट सकते हैं । समस्त सेवक, सारथि, रसोइये तथा हममेंसे और जिस-जिसको आप लौटाना उचित समझें वे सभी जा सकते हैं । राक्षसोंसे भरे हुए इस पर्वतपर तथा ऊँचे - नीचे दुर्गम प्रदेशोंमें मैं आपको कदापि अकेला छोड़ना नहीं चाहता । नरश्रेष्ठ! यह परम सौभाग्यवती पतिव्रता राजकुमारी कृष्णा भी आपको छोड़कर लौटनेको कभी तैयार न होंगी । इसी प्रकार यह सहदेव भी आपमें सदा अनुराग रखनेवाला है, आपको छोड़कर

पृष्ठ 953

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 953 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

कभी नहीं लौटेगा । मैं इसके मनकी बात जानता हूँ । महाराज! सव्यसाची अर्जुनको देखनेकी इच्छासे हम सभी लालायित हो रहे हैं; अतः सब साथ ही चलेंगे । राजन्! अनेक कन्दराओंसे युक्त इस पर्वतपर यदि रथोंके द्वारा यात्रा सम्भव न हो तो हम पैदल ही चलेंगे । आप इसके लिये उदास न हों । जहाँ - जहाँ द्रौपदी नहीं चल सकेगी वहाँ - वहाँ मैं स्वयं इसे कंधेपर चढ़ाकर ले जाऊँगा ॥ १०–१६ ॥ इति मे वर्तते बुद्धिर्मा राजन् विमना भव ।

सुकुमारौ तथा वीरी माद्रीनन्दिकरावुभौ ।

दुर्गे संतारयिष्यामि यत्राशक्तौ भविष्यतः ॥ १७ ॥

राजन्! मेरा ऐसा ही विचार है, आप उदास न हों । वीर माद्रीकुमार नकुल और सहदेव दोनों सुकुमार हैं । जहाँ कहीं दुर्गम स्थानमें ये असमर्थ हो जायँगे वहाँ मैं इन्हें पार लगाऊँगा ॥ १७ ॥

युधिष्ठिरउवाच

एवं ते भाषमाणस्य बलं भीमाभिवर्धताम् ।

यत् त्वमुत्सहसे वोढुं पाञ्चालीं च यशस्विनीम् ॥ १८ ॥

यमजौ चापि भद्रं ते नैतदन्यत्र विद्यते ।

बलं तव यशश्चैव धर्मः कीर्तिश्च वर्धताम् ॥ १ ९ ॥

यत् त्वमुत्सहसे नेतुं भ्रातरौ सह कृष्णया ।

मा ते ग्लानिर्महाबाहो मा च तेऽस्तु पराभवः ॥ २० ॥

युधिष्ठिर बोले – भीमसेन! इस प्रकार ( उत्साहपूर्ण ) बातें करते हुए तुम्हारा बल बढ़े, क्योंकि तुम यशस्विनी द्रौपदी तथा नकुल सहदेवको भी वहन करके ले चलनेका उत्साह रखते हो । तुम्हारा कल्याण हो । यह साहस तुम्हारे सिवा और किसीमें नहीं है । तुम्हारे बल, यश, धर्म और कीर्तिका विस्तार हो । महाबाहो! तुम द्रौपदीसहित दोनों भाई नकुल-सहदेवको भी स्वयं ही ले चलनेकी शक्ति रखते हो, इसलिये कभी तुम्हें ग्लानि न हो तथा किसीसे भी तुम्हें तिरस्कृत न होना पड़े ॥ १८–२० ॥ वैशम्पायन उवाच

ततः कृष्णाब्रवीद् वाक्यं प्रहसन्ती मनोरमा ।

गमिष्यामि न संतापः कार्यो मां प्रति भारत ॥ २१ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - जनमेजय! तब सुन्दरी द्रौपदीने हँसते हुए कहा — ‘ भारत! मैं आपके साथ ही चलूँगी; आप मेरे लिये चिन्ता न करें ' ॥ २१ ॥

लोमश उवाच तपसा शक्यते गन्तुं पर्वतो गन्धमादनः ।

पृष्ठ 954

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 954 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तपसा चैव कौन्तेय सर्वे योक्ष्यामहे वयम् ॥ २२ ॥

नकुलः सहदेवश्च भीमसेनश्च पार्थिव ।

अहं च त्वं च कौन्तेय द्रक्ष्यामः श्वेतवाहनम् ॥ २३ ॥

- लोमशजीने कहा –कुन्तीनन्दन! गन्धमादन पर्वतपर तपस्याके बलसे ही जाया जा सकता है । हम सब लोगोंको तपःशक्तिका संचय करना होगा । महाराज! नकुल, सहदेव, भीमसेन, मैं और तुम सभी लोग तपोबलसे ही अर्जुनको देख सकेंगे ॥ २२-२३ ॥ वैशम्पायन उवाच

एवं सम्भाषमाणास्ते सुबाहुविषयं महत् ।

ददृशुर्मुदिता राजन् प्रभूतगजवाजिमत् ॥ २४ ॥

किराततङ्गणाकीर्ण पुलिन्दशतसंकुलम् ।

हिमवत्यमरैर्जुष्टं बह्वाश्चर्यसमाकुलम् ।

सुबाहुश्चापि तान् दृष्ट्वा पूजया प्रत्यगृह्णत ॥ २५ ॥

विषयान्ते कुलिन्दानामीश्वरः प्रीतिपूर्वकम् ।

ततस्ते पूजितास्तेन सर्व एव सुखोषिताः ॥ २६ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - जनमेजय! इस प्रकार बातचीत करते हुए वे सब लोग आगे बढ़े । कुछ दूर जानेपर उन्हें कुलिन्दराज सुबाहुका विशाल राज्य दिखायी दिया, जहाँ हाथी-घोड़ोंकी बहुतायत थी, और सैकड़ों किरात, तंगण एवं कुलिन्द आदि जंगली जातियोंके लोग निवास करते थे । वह देवताओंसे सेवित देश हिमालयके अत्यन्त समीप था । वहाँ अनेक प्रकारकी आश्चर्यजनक वस्तुएँ दिखायी देती थीं । सुबाहुका वह राज्य देखकर उन सबको बड़ी प्रसन्नता हुई । कुलिन्दोंके राजा सुबाहुको जब यह पता लगा कि मेरे राज्यमें पाण्डव आये हैं, तब उसने राज्यकी सीमापर जाकर बड़े आदर- सत्कारके साथ उन्हें अपनाया । उसके द्वारा प्रेमसे पूजित होकर वे सब लोग बड़े सुखसे वहाँ रहे ॥ २४–२६ ॥

प्रतस्थुर्विमले सूर्ये हिमवन्तं गिरिं प्रति ।

इन्द्रसेनमुखांश्चापि भृत्यान् पौरोगवांस्तथा ॥ २७ ॥

सूदांश्च पारिबर्हांश्च द्रौपद्याः सर्वशो नृप ।

राज्ञः कुलिन्दाधिपतेः परिदाय महारथाः ॥ २८ ॥

पद्भिरेव महावीर्या ययुः कौरवनन्दनाः ।

ते शनैः प्राद्रवन् सर्वे कृष्णया सह पाण्डवाः ।

तस्माद् देशात् सुसंहृष्टा द्रष्टुकामा धनंजयम् ॥ २ ९ ॥

दूसरे दिन निर्मल प्रभातकालमें सूर्योदय होनेपर उन सबने हिमालय पर्वतकी ओर प्रस्थान किया । जनमेजय! इन्द्रसेन आदि सेवकों, रसोइयों और पाक- शालाके अध्यक्षको तथा द्रौपदीके सारे सामानोंको कुलिन्दराज सुबाहुके यहाँ सौंपकर वे महापराक्रमी महारथी

पृष्ठ 955

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 955 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

कुरुकुलनन्दन पाण्डव द्रौपदीके साथ धीरे - धीरे पैदल ही चल दिये । उनके मनमें अर्जुनको देखनेकी बड़ी उत्कण्ठा थी । अतः वे बड़े हर्ष और उल्लासके साथ उस देशसे प्रस्थित हुए ॥ २७–२९ ॥ इति श्रीमहाभारते वनपर्वणि तीर्थयात्रापर्वणि लोमशतीर्थयात्रायां गन्धमादनप्रवेशे चत्वारिंशदधिकशततमोऽध्यायः ॥ १४० ॥

इसप्रकार श्रीमहाभारत वनपर्वके अन्तर्गत तीर्थयात्रापर्वमें लोमशतीर्थयात्राके प्रसंगमें गन्धमादनप्रवेशविषयक एक सौ चालीसवाँअध्याय पूरा हुआ ॥ १४० ॥

P

पृष्ठ 956

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 956 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

एकचत्वारिंशदधिकशततमोऽध्यायः युधिष्ठिरका भीमसेनसे अर्जुनको न देखनेके कारण मानसिक चिन्ता प्रकट करना एवं उनके गुणोंका स्मरण करते हुए गन्धमादन पर्वतपर जानेका दृढ़ निश्चय करना युधिष्ठिर उवाच

भीमसेन यमौ चोभौ पाञ्चालि च निबोधत ।

नास्ति भूतस्य नाशो वै पश्यतास्मान् वनेचरान् ॥ १ ॥

युधिष्ठिर बोले – भीमसेन, नकुल सहदेव और द्रौपदी! तुम सब लोग ध्यान देकर सुनो । यह निश्चय है कि पूर्वकृत कर्मोंका बिना भोगे कभी नाश नहीं होता । देखो, उन्हींके कारण आज हम राजकुमार होकर भी वन - वनमें भटक रहे हैं ॥ १ ॥

दुर्बलाः क्लेशिताः स्मेति यद् ब्रुवामेतरेतरम् ।

अशक्येऽपि व्रजामो यद् धनंजयदिदृक्षया ॥ २ ॥

यद्यपि हमलोग दुर्बल हैं, क्लेशमें पड़े हुए हैं, तथापि जो एक- दूसरेसे उत्साहपूर्वक बातें करते हैं और जहाँ जाना सम्भव नहीं उस मार्गपर भी आगे बढ़ते जा रहे हैं, उसमें एक ही कारण है, हम सबके हृदयमें अर्जुनको देखनेके लिये प्रबल उत्कण्ठा है ॥ २ ॥

तन्मे दहति गात्राणि तूलराशिमिवानलः ।

यच्च वीरं न पश्यामि धनंजयमुपान्तिकात् ॥ ३ ॥

इतना प्रयास करनेपर भी मैं वीर धनंजयको जो अबतक अपने समीप नहीं देख पा रहा हूँ, इसकी चिन्ता मेरे सम्पूर्ण अंगोंको उसी प्रकार दग्ध कर रही है, जैसे आग रूईके ढेरको जलाती रहती है ॥ ३ ॥

तस्य दर्शनतृष्णं मां सानुजं वनमास्थितम् ।

याज्ञसेन्याः परामर्शः स च वीर दहत्युत ॥ ४ ॥

उसीके दर्शनकी प्यास लेकर मैं भाइयोंसहित इस वनमें आया हूँ । वीर भीमसेन! दुःशासनने जो द्रौपदीके केश पकड़ लिये थे, वह घटना याद आकर मुझे और भी शोकसे दग्ध कर देती है ॥ ४ ॥

नकुलात् पूर्वजं पार्थं न पश्याम्यमितौजसम ।

अजेयमुग्रधन्वानं तेन तप्ये वृकोदर ॥ ५ ॥

वृकोदर! भयंकर धनुष धारण करनेवाले अजेय वीर अमिततेजस्वी अर्जुनको जो नकुलसे पहले उत्पन्न हुआ है, मैं अबतक नहीं देख रहा हूँ, इसके कारण मुझे बड़ा संताप हो रहा है ॥ ५ ॥

पृष्ठ 957

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 957 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तीर्थानि चैव रम्याणि वनानि च सरांसि च ।

चरामि सह युष्माभिस्तस्य दर्शनकाङ्क्षया ॥ ६ ॥

अर्जुनको देखनेकी ही अभिलाषासे मैं तुमलोगोंके साथ विभिन्न तीर्थोंमें, रमणीय वनोंमें और सुन्दर सरोवरोंके तटपर विचर रहा हूँ ॥ ६ ॥

पञ्चवर्षाण्यहं वीरं सत्यसंधं धनंजयम् ।

यन्न पश्यामि बीभत्सुं तेन तप्ये वृकोदर ॥ ७ ॥

भीमसेन! आज पाँच वर्ष हो गये, मैं अपने वीर भाई सत्यप्रतिज्ञ अर्जुनके दर्शनसे वंचित हो गया हूँ । इसके कारण मुझे बड़ी चिन्ता हो रही है ॥ ७ ॥

तं वै श्यामं गुडाकेश सिंहविक्रान्तगामिनम् ।

न पश्यामि महाबाहुं तेन तप्ये वृकोदर ॥ ८ ॥

वृकोदर! सिंहके समान मस्तानी चालसे चलनेवाले, निद्राविजयी, श्यामवर्ण, महाबाहु अर्जुनको नहीं देख पा रहा हूँ, इसलिये मेरे मनमें बड़ा संताप हो रहा है ॥ ८ ॥

कृतास्त्रं निपुणं युद्धेऽप्रतिमानं धनुष्मताम् ।

न पश्यामि कुरुश्रेष्ठ तेन तप्ये वृकोदर ॥ ९ ॥

कुरुश्रेष्ठ भीमसेन! अस्त्रविद्यामें प्रवीण, युद्धकुशल और अनुपम धनुर्धर उस अर्जुनको नहीं देखता हूँ, इस कारण मुझे बड़ा कष्ट होता है ॥ ९ ॥

चरन्तमरिसंघेषु काले क्रुद्धमिवान्तकम् ।

प्रभिन्नमिव मातङ्गं सिंहस्कन्धं धनंजयम् ॥ १० ॥

जो युद्धके समय शत्रुओंके समूहमें कुपित यमराजकी भाँति विचरता है, जिसके कंधे सिंहके समान हैं तथा जो मदकी धारा बहानेवाले मत्त गजराजके समान शोभा पाता है, उस वीर धनंजयसे अबतक भेंट न हो सकी; इसका मुझे बड़ा दुःख है ॥ १० ॥

यः स शक्रादनवरो वीर्येण द्रविणेन च ।

यमयोः पूर्वजः पार्थः श्वेताश्वोऽमितविक्रमः ॥ ११ ॥

दुःखेन महताविष्टस्तं न पश्यामि फाल्गुनम् ।

अजेयमुग्रधन्वानं तेन तप्ये वृकोदर ॥ १२ ॥

वृकोदर! जो पराक्रम और सम्पत्तिमें देवराज इन्द्रसे तनिक भी कम नहीं है, जिसके रथके घोड़े श्वेत रंगके हैं, जो नकुल सहदेवसे अवस्थामें बड़ा है, जिसके पराक्रमकी कोई सीमा नहीं है तथा जो उग्र धनुर्धर एवं अजेय है, उस वीरवर अर्जुनके दर्शनसे मैं वंचित हूँ;

इसके लिये मुझे महान कष्ट हो रहा है । मैं चिन्ताकी आगमें जला जा रहा हूँ ॥ ११-१२ ॥

सततं यः क्षमाशीलः क्षिप्यमाणोऽप्यणीयसा ।

ऋजुमार्गप्रपन्नस्य शर्मदाताभयस्य च ॥ १३ ॥

स तु जिह्मप्रवृत्तस्य माययाभिजिघांसतः ।

अपि वज्रधरस्यापि भवेत् कालविषोपमः ॥ १४ ॥

पृष्ठ 958

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 958 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

जो छोटे लोगोंके आक्षेप करनेपर भी सदा क्षमाशील होनेके कारण उस आक्षेपको सह लेता है तथा सरल मार्गसे अपनी शरणमें आनेवाले लोगोंको सुख पहुँचाकर उन्हें अभयदान देता है, वही अर्जुन, जब कोई कुटिल मार्गका आश्रय ले छल- कपटसे उसपर आघात करना चाहता है तब वह वज्रधारी इन्द्र ही क्यों न हो, उसके लिये काल और विषके समान भयंकर हो जाता है ॥ १३-१४ ॥

शत्रोरपि प्रपन्नस्य सोऽनृशंसः प्रतापवान् ।

दाताभयस्य बीभत्सुरमितात्मा महाबलः ॥ १५ ॥

सर्वेषामाश्रयोऽस्माकं रणेऽरीणां प्रमर्दिता ।

आहर्ता सर्वरत्नानां सर्वेषां नः सुखावहः ॥ १६ ॥

यदि शत्रु भी शरणमें आ जाय तो वह प्रतापी वीर उसके प्रति दयालु हो जाता और उसे निर्भय कर देता है । वह महाबली महामना अर्जुन ही हमलोगोंका सहारा है । वही समरांगणमें हमारे शत्रुओंको रौंद डालनेकी शक्ति रखता है । उसीने हमारे लिये सब प्रकारके रत्न लाकर सुलभ किये थे और वही हम सबको सदा सुख पहुँचानेवाला है ॥ १५-१६ ॥

रत्नानि यस्य वीर्येण दिव्यान्यासन् पुरा मम ।

बहूनि बहुजातीनि यानि प्राप्तः सुयोधनः ॥ १७ ॥

जिसके पराक्रमसे हमारे पास पहले अनेक प्रकारकी असंख्य रत्नराशि संचित हो गयी थी, जिसे सुयोधनने ले लिया ॥ १७ ॥

यस्य बाहुबलाद् वीर सभा चासीत् पुरा मम ।

सर्वरत्नमयी ख्याता त्रिषु लोकेषु पाण्डव ॥ १८ ॥

वीर भीमसेन! जिसके बाहुबलसे पहले मेरे अधिकारमें सम्पूर्ण रत्नोंकी बनी हुई त्रिभुवनविख्यात सभा थी ॥ १८ ॥

वासुदेवसमं वीर्ये कार्तवीर्यसमं युधि ।

अजेयममितं युद्धे तं न पश्यामि फाल्गुनम् ॥ १९ ॥

जो पराक्रममें भगवान् श्रीकृष्ण और युद्धमें कार्तवीर्य अर्जुनके समान है; तथा जो समरभूमिमें एक होकर भी असंख्य- सा प्रतीत होता है, उस अजेय वीर अर्जुनको मैं बहुत दिनोंसे नहीं देख पाता हूँ ॥ १ ९ ॥

संकर्षणं महावीर्यं त्वां च भीमापराजितम् ।

अनुयातः स्ववीर्येण वासुदेवं च शत्रुहा ॥ २० ॥

भीमसेन! शत्रुनाशक अर्जुन अपने पराक्रमसे महाबली बलरामकी, तुझ अपराजित वीरकी और वसुदेवनन्दन भगवान् श्रीकृष्णकी समानता कर सकता है ॥ २० ॥

यस्य बाहुबले तुल्यः प्रभावे च पुरंदरः ।

जवे वायुर्मुखे सोमः क्रोधे मृत्युः सनातनः ॥ २१ ॥

ते वयं तं नरव्याघ्रं सर्वे वीर दिदृक्षवः ।

पृष्ठ 959

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 959 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

प्रवेक्ष्यामो महाबाहो पर्वतं गन्धमादनम् ॥ २२ ॥

महाबाहो! जो बाहुबल और प्रभावमें देवराज इन्द्रके समान है, जिसके वेगमें वायु, मुखमें चन्द्रमा और क्रोधमें सनातन मृत्युका निवास है, उसी नरश्रेष्ठ अर्जुनको देखनेके लिये उत्सुक होकर हम सब लोग आज गन्धमादन पर्वतकी घाटियोंमें प्रवेश करेंगे ॥ २१-२२ ॥

विशाला बदरी यत्र नरनारायणाश्रमः ।

तं सदाध्युषितं यक्षैर्द्रक्ष्यामो गिरिमुत्तमम् ॥ २३ ॥

कुबेरनलिनीं रम्यां राक्षसैरभिसेविताम् ।

पद्भिरेव गमिष्यामस्तप्यमाना महत् तपः ॥ २४ ॥

गन्धमादन वही है, जहाँ विशाल बदरीका वृक्ष और भगवान् नर- नारायणका आश्रम है; उस उत्तम पर्वतपर सदा यक्षगण निवास करते हैं; हमलोग उसका दर्शन करेंगे । इसके सिवा, राक्षसोंद्वारा सेवित कुबेरकी सुरम्य पुष्करिणी भी है जहाँ हमलोग भारी तपस्या करते हुए पैदल ही चलेंगे ॥ २३-२४ ॥

न च यानवता शक्यो गन्तुं देशो वृकोदर ।

न नृशंसेन लुब्धेन नाप्रशान्तेन भारत ॥ २५ ॥

भरतनन्दन! वृकोदर! उस प्रदेशमें किसी सवारीसे नहीं जाया जा सकता तथा जो क्रूर, लोभी और अशान्त है, ऐसे मनुष्यके लिये श्रद्धाकी कमीके कारण उस स्थानपर जाना असम्भव है ॥ २५ ॥

तत्र सर्वे गमिष्यामो भीमार्जुनगवेषिणः ।

सायुधा बद्धनिस्त्रिंशाः सार्धं विप्रैर्महाव्रतैः ॥ २६ ॥

भीमसेन! हम सब लोग अर्जुनकी खोज करते हुए तलवार बाँधकर अस्त्र- शस्त्रोंसे सुसज्जित हो इन महान् व्रतधारी ब्राह्मणोंके साथ वहाँ चलेंगे ॥ २६ ॥

मक्षिकादंशमशकान् सिंहान् व्याघ्रान् सरीसृपान् ।

प्राप्नोत्यनियतः पार्थ नियतस्तान् न पश्यति ॥ २७ ॥

भीमसेन! जो अपने मन और इन्द्रियोंपर संयम नहीं रखता, ऐसे मनुष्यको वहाँ जानेपर मक्खी, डाँस, मच्छर, सिंह, व्याघ्र और सर्पोंका सामना करना पड़ता है, परंतु जो संयम-नियमसे रहनेवाला है, उसे उन जन्तुओंका दर्शनतक नहीं होता ॥ २७ ॥

ते वयं नियतात्मानः पर्वतं गन्धमादनम् ।

प्रवेक्ष्यामो मिताहारा धनंजयदिदृक्षवः ॥ २८ ॥

अतः हमलोग भी अर्जुनको देखनेकी इच्छासे अपने मनको संयममें रखकर स्वल्पाहार करते हुए गन्धमादनकी पर्वतमालाओंमें प्रवेश करेंगे ॥ २८ ॥

इति श्रीमहाभारते वनपर्वणि तीर्थयात्रापर्वणि लोमशतीर्थयात्रायां गन्धमादनप्रवेशे एकचत्वारिंशदधिकशततमोऽध्यायः ॥ १४१ ॥

पृष्ठ 960

महाभारत — खण्ड २, पृष्ठ 960 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

इस प्रकारश्रीमहाभारत वनपर्वके अन्तर्गत तीर्थयात्रापर्वमें लोमशतीर्थयात्राके प्रसंगमें गन्धमादनप्रवेशविषयक एक सौ इकलीसवाँअध्याय पूरा हुआ ॥ १४१ ॥