श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड ४ — पृष्ठ 1641–1650

महाभारत — खण्ड ४ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 1641–1650

पृष्ठ 1641

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1641 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

सुनीतैरिह सर्वार्थैर्देवमप्यनुलोम्यते ।

ते वयं प्रवरं नृणां सर्वैर्गुणगणैर्युतम् ॥ १५ ॥

कर्णमेवाभिषेक्ष्यामः सैनापत्येन भारत ।

कर्णं सेनापतिं कृत्वा प्रमथिष्यामहे रिपून् ॥ १६ ॥

‘ यदि सारे कार्य उत्तम नीतिके अनुसार किये जायँ तो उनके द्वारा दैवको भी अनुकूल किया जा सकता है; अतः भारत! हमलोग सर्वगुणसम्पन्न नरश्रेष्ठ कर्णका ही सेनापतिके पदपर अभिषेक करेंगे और इन्हें सेनापति बनाकर हमलोग शत्रुओंको मथ डालेंगे ॥ १५-१६ ॥

एष ह्यतिबलः शूरः कृतास्त्रो युद्धदुर्मदः ।

वैवस्वत इवासह्यः शक्तो जेतुं रणे रिपून् ॥ १७ ॥

‘ ये अत्यन्त बलवान्, शूरवीर, अस्त्रोंके ज्ञाता, रणदुर्मद और सूर्यपुत्र यमराजके समान शत्रुओंके लिये असह्य हैं । इसलिये ये रणभूमिमें हमारे विपक्षियोंपर विजय पा सकते हैं' ॥ १७ ॥

एतदाचार्यतनयाच्छ्रुत्वा राजंस्तवात्मजः ।

आशां बहुमतीं चक्रे कर्णं प्रति स वै तदा ॥ १८ ॥

राजन्! उस समय आचार्यपुत्र अश्वत्थामाके मुखसे यह बात सुनकर आपके पुत्र दुर्योधनने कर्णके प्रति विशेष आशा बाँध ली ॥ १८ ॥

हते भीष्मे च द्रोणे च कर्णो जेष्यति पाण्डवान् ।

तामाशां हृदये कृत्वा समाश्वस्य च भारत ॥ १ ९ ॥

ततो दुर्योधनः प्रीतः प्रियं श्रुत्वास्य तद् वचः ।

प्रीतिसत्कारसंयुक्तं तथ्यमात्महितं शुभम् ॥ २० ॥

स्वं मनः समवस्थाप्य बाहुवीर्यमुपाश्रितः ।

दुर्योधनो महाराज राधेयमिदमब्रवीत् ॥ २१ ॥

भरतनन्दन! भीष्म और द्रोणाचार्यके मारे जानेपर कर्ण पाण्डवोंको जीत लेगा, इस आशाको हृदयमें रखकर दुर्योधनको बड़ी सान्त्वना मिली । महाराज! वह अश्वत्थामाके उस प्रिय वचनको सुनकर बड़ा प्रसन्न हुआ । तत्पश्चात् अपने बाहुबलका आश्रय ले मनको सुस्थिर करके दुर्योधनने राधापुत्र कर्णसे बड़े प्रेम और सत्कारके साथ अपने लिये हितकर यथार्थ और मंगलकारक वचन इस प्रकार कहा— ॥ १ ९ –२१ ॥ कर्ण जानामि ते वीर्यं सौहृदं परमं मयि तथापि त्वां महाबाहो प्रवक्ष्यामि हितं वचः ॥ २२ ॥

‘ कर्ण! मैं तुम्हारे पराक्रमको जानता हूँ और यह भी अनुभव करता हूँ कि मेरे प्रति तुम्हारा स्नेह बहुत अधिक है । महाबाहो! तथापि मैं तुमसे अपने हितकी बात कहना चाहता हूँ ॥ २२ ॥

पृष्ठ 1642

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1642 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

श्रुत्वा यथेष्टं च कुरु वीर यत् तव रोचते ।

भवान् प्राज्ञतमो नित्यं मम चैव परा गतिः ॥ २३ ॥

‘ वीर! मेरी यह बात सुनकर तुम अपनी इच्छाके अनुसार जो तुम्हें अच्छा लगे, वह करो । तुम बहुत बड़े बुद्धिमान् तो हो ही, सदाके लिये मेरे सबसे बड़े सहारे भी हो ॥ २३ ॥

भीष्मद्रोणावतिरथौ हतौ सेनापती मम ।

सेनापतिर्भवानस्तु ताभ्यां द्रविणवत्तरः ॥ २४ ॥

' मेरे दो सेनापति पितामह भीष्म और आचार्य द्रोण, जो अतिरथी वीर थे, युद्धमें मारे गये । अब तुम मेरे सेनानायक बनो; क्योंकि तुम उन दोनोंसे भी अधिक शक्तिशाली हो ॥ २४ ॥

वृद्धौ च तौ महेष्वासौ सापेक्षौ च धनंजये ।

मानितौ च मया वीरौ राधेय वचनात् तव ॥ २५ ॥

' वे दोनों महाधनुर्धर होते हुए भी बूढ़े थे और अर्जुनके प्रति उनके मनमें पक्षपात था । राधानन्दन! मैंने तुम्हारे कहनेसे ही उन दोनों वीरोंको सेनापति बनाकर सम्मानित किया था ॥ २५ ॥

पितामहत्वं सम्प्रेक्ष्य पाण्डुपुत्रा महारणे ।

रक्षितास्तात भीष्मेण दिवसानि दशैव तु ॥ २६ ॥

‘ तात! भीष्मने पितामहके नातेकी ओर दृष्टिपात करके उस महासमरमें दस दिनोंतक पाण्डवोंकी रक्षा की है ॥ २६ ॥

न्यस्तशस्त्रे च भवति हतो भीष्मः पितामहः ।

शिखण्डिनं पुरस्कृत्य फाल्गुनेन महाहवे ॥ २७ ॥

‘ उन दिनों तुमने हथियार रख दिया था; इसलिये महासमरमें अर्जुनने शिखण्डीको आगे करके पितामह भीष्मको मार डाला था ॥ २७ ॥

हते तस्मिन् महेष्वासे शरतल्पगते तथा ।

त्वयोक्ते पुरुषव्याघ्र द्रोणो ह्यासीत् पुरःसरः ॥ २८ ॥

‘ पुरुषसिंह! उन महाधनुर्धर भीष्मके घायल होकर बाण- शय्यापर सो जानेके बाद तुम्हारे कहनेसे ही द्रोणाचार्य हमारी सेनाके अगुआ बनाये गये थे ॥ २८ ॥

तेनापि रक्षिताः पार्थाः शिष्यत्वादिति मे मतिः ।

स चापि निहतो वृद्धो धृष्टद्युम्नेन सत्वरम् ॥ २ ९ ॥

‘ मेरा विश्वास है कि उन्होंने भी अपना शिष्य समझकर कुन्तीके पुत्रोंकी रक्षा की है । वे बूढ़े आचार्य भी शीघ्र ही धृष्टद्युम्नके हाथसे मारे गये ॥ २ ९ ॥

निहताभ्यां प्रधानाभ्यां ताभ्याममितविक्रम ।

त्वत्समं समरे योधं नान्यं पश्यामि चिन्तयन् ॥ ३० ॥

पृष्ठ 1643

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1643 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

‘ अमितपराक्रमी वीर! उन प्रधान सेनापतियोंके मारे जानेके पश्चात् मैं बहुत सोचनेपर भी समरांगणमें तुम्हारे समान दूसरे किसी योद्धाको नहीं देखता ॥ ३० ॥

भवानेव तु नः शक्तो विजयाय न संशयः ।

पूर्वं मध्ये च पश्चाच्च तथैव विहितं हितम् ॥ ३१ ॥

‘ हमलोगोंमेंसे तुम्हीं शत्रुओंपर विजय पानेमें समर्थ हो, इसमें तनिक भी संदेह नहीं है । तुमने पहले, बीचमें और पीछे भी हमारा हित ही किया है ॥ ३१ ॥

स भवान् धुर्यवत् संख्ये धुरमुद्वोढुमर्हति ।

अभिषेचय सैनान्ये स्वयमात्मानमात्मना ॥ ३२ ॥

' तुम धुरन्धर पुरुषकी भाँति युद्धस्थलमें सेना संचालनका भार वहन करनेके योग्य हो; इसलिये स्वयं ही अपने - आपको सेनापतिके पदपर अभिषिक्त कराओ ॥ ३२ ॥

देवतानां यथा स्कन्दः सेनानीः प्रभुरव्ययः ।

तथा भवानिमां सेनां धार्तराष्ट्रीं बिभर्तु वै ॥ ३३ ॥

‘ जैसे अविनाशी भगवान् स्कन्द देवताओंकी सेनाका संचालन करते हैं, उसी प्रकार तुम भी धृतराष्ट्रपुत्रोंकी सेनाको अपनी अध्यक्षतामें ले लो ॥ ३३ ॥

जहि शत्रुगणान् सर्वान् महेन्द्रो दानवानिव ।

अवस्थितं रणे दृष्ट्वा पाण्डवास्त्वां महारथाः ॥ ३४ ॥

द्रविष्यन्ति च पञ्चाला विष्णुं दृष्ट्वेव दानवाः ।

तस्मात् त्वं पुरुषव्याघ्र प्रकर्षैतां महाचमूम् ॥ ३५ ॥

‘ जैसे देवराज इन्द्रने दानवोंका संहार किया था, उसी प्रकार तुम भी समस्त शत्रुओंका वध करो । जैसे दानव भगवान् विष्णुको देखते ही भाग जाते हैं, उसी प्रकार पाण्डव तथा पांचाल महारथी तुम्हें रणभूमिमें सेनापतिके रूपमें उपस्थित देखकर भाग खड़े होंगे; अतः पुरुषसिंह! तुम इस विशाल सेनाका संचालन करो ॥ ३४-३५ ॥

भवत्यवस्थिते यत्ते पाण्डवा मन्दचेतसः ।

द्रविष्यन्ति सहामात्याः पञ्चालाः सृजयाश्च ह ॥ ३६ ॥

' तुम्हारे सावधानीके साथ खड़े होते ही मूर्ख पाण्डव, पांचाल और सृजय अपने मन्त्रियोंसहित भाग जायँगे ॥ ३६ ॥

यथा ह्यभ्युदितः सूर्यः प्रतपन् स्वेन तेजसा ।

व्यपोहति तमस्तीव्रं तथा शत्रून् प्रतापय ॥ ३७ ॥

‘ जैसे उदित हुआ सूर्य अपने तेजसे तपकर घोर अन्धकारको नष्ट कर देता है, उसी प्रकार तुम भी शत्रुओंको संतप्त एवं नष्ट करो ' ॥ ३७ ॥

संजय उवाच आशा बलवती राजन् पुत्रस्य तव याभवत् ।

पृष्ठ 1644

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1644 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

हते भीष्मे च द्रोणे च कर्णो जेष्यति पाण्डवान् ॥ ३८ ॥

तामाशां हृदये कृत्वा कर्णमेवं तदाब्रवीत् ।

सूतपुत्र न ते पार्थः स्थित्वाग्रे संयुयुत्सति ॥ ३ ९ ॥

संजय कहते हैं— राजन्! आपके पुत्रके मनमें जो यह प्रबल आशा हो गयी थी कि भीष्म और द्रोणके मारे जानेपर कर्ण पाण्डवोंको जीत लेगा, वही आशा मनमें लेकर उस समय उसने कर्णसे इस प्रकार कहा— ' सूतपुत्र! अर्जुन तुम्हारे सामने खड़े होकर कभी युद्ध करना नहीं चाहते हैं ' ॥ ३८-३९ ॥ कर्णउवाच

उक्तमेतन्मया पूर्वं गान्धारे तव संनिधौ ।

जेष्यामि पाण्डवान् सर्वान् सपुत्रान् सजनार्दनान् ॥ ४० ॥

कर्णने कहा — गान्धारीनन्दन! मैंने तुम्हारे समीप पहले ही यह बात कह दी है कि मैं पाण्डवोंको, उनके पुत्रों और श्रीकृष्णके साथ ही परास्त कर दूँगा ॥ ४० ॥

सेनापतिर्भविष्यामि तवाहं नात्र संशयः ।

स्थिरो भव महाराज जितान् विद्धि च पाण्डवान् ॥ ४१ ॥

महाराज! तुम धैर्य धारण करो । मैं तुम्हारा सेनापति बनूँगा, इसमें कोई संदेह नहीं है । अब पाण्डवोंको पराजित हुआ ही समझो ॥ ४१ ॥

संजय उवाच

एवमुक्तो महाराज ततो दुर्योधनो नृपः ।

उत्तस्थौ राजभिः सार्धं देवैरिव शतक्रतुः ॥ ४२ ॥

संजय कहते हैं –महाराज! कर्णके ऐसा कहनेपर राजा दुर्योधन अन्य सामन्त नरेशोंके साथ उसी प्रकार उठकर खड़ा हो गया, जैसे देवताओंके साथ इन्द्र खड़े होते हैं ॥ ४२ ॥

सैनापत्येन सत्कर्तुं कर्णं स्कन्दमिवामराः ।

ततोऽभिषिषिचुः कर्णं विधिदृष्टेन कर्मणा ॥ ४३ ॥

दुर्योधनमुखा राजन् राजानो विजयैषिणः । जैसे देवताओंने स्कन्दको सेनापति बनाकर उनका सत्कार किया था, उसी प्रकार समस्त कौरव कर्णको सेनापति बनाकर उसका सत्कार करनेके लिये उद्यत हुए । राजन्! विजयाभिलाषी दुर्योधन आदि राजाओंने शास्त्रोक्त विधिके द्वारा कर्णका अभिषेक किया ॥ ४३ ॥

पृष्ठ 1645

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1645 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

MIH शातकुम्भमयैः कुम्भैर्माहेयैश्चाभिमन्त्रितैः ॥ ४४ ॥

तोयपूर्णविषाणैश्च द्विपखड्गमहर्षभैः ।

मणिमुक्तायुतैश्चान्यैः पुण्यगन्धैस्तथौषधैः ॥ ४५ ॥

औदुम्बरे सुखासीनमासने क्षौमसंवृते ।

शास्त्रदृष्टेन विधिना सम्भारैश्च सुसम्भृतैः ॥ ४६ ॥

ब्राह्मणाः क्षत्रिया वैश्यास्तथा शूद्राश्च सम्मताः ।

तुष्टुवुस्तं महात्मानमभिषिक्तं वरासने ॥ ४७ ॥

अभिषेकके लिये सोने तथा मिट्टीके घड़ोंमें अभिमन्त्रित जल रखे गये थे । हाथीके दाँत तथा गैंडे और बैलके सींगोंके बने हुए पात्रोंमें भी पृथक्- पृथक् जल रखा गया था । उन पात्रोंमें मणि और मोती भी थे । अन्यान्य पवित्र गन्धशाली पदार्थ और औषध भी डाले गये थे । कर्ण गूलरकाठकी बनी हुई चौकीपर, जिसके ऊपर रेशमी कपड़ा बिछा हुआ था, सुखपूर्वक बैठा था । उस अवस्थामें शास्त्रीय विधिके अनुसार पूर्वोक्त सुसंचित सामग्रियोंद्वारा ब्राह्मणों, क्षत्रियों, वैश्यों तथा सम्मानित शूद्रोंने उसका अभिषेक किया और अभिषेक हो जानेपर श्रेष्ठ आसनपर बैठे हुए महामना कर्णकी उन सब लोगोंने स्तुति की ॥ ४४–४७ ॥

ततोऽभिषिक्ते राजेन्द्र निष्कैर्गोभिर्धनेन च ।

वाचयामास विप्राग्रयान् राधेयः परवीरहा ॥ ४८ ॥

राजेन्द्र! इस प्रकार अभिषेक कार्य सम्पन्न हो जानेपर शत्रुवीरोंका संहार करनेवाले राधापुत्र कर्णने स्वर्णमुद्राएँ, गौएँ तथा धन देकर श्रेष्ठ ब्राह्मणोंसे स्वस्तिवाचन कराया ॥

( स व्यरोचत राधेयः सूतमागधवन्दिभिः ।

स्तूयमानो यथा भानुरुदये ब्रह्मवादिभिः ॥

पृष्ठ 1646

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1646 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

उस समय सूत, मागध और वन्दीजनोंद्वारा की हुई अपनी स्तुति सुनता हुआ राधापुत्र कर्ण वेदवादी ब्राह्मणोंद्वारा अभिमन्त्रित उदयकालीन सूर्यके समान सुशोभित हो रहा था ।

ततः पुण्याहघोषेण वादित्रनिनदेन च ।

जयशब्देन शूराणां तुमुलः सर्वतोऽभवत् ॥

जयेत्यूचुर्नृपाः सर्वे राधेयं तत्र संगताः ॥ ) तत्पश्चात् पुण्याहवाचनके शब्दसे, वाद्योंकी गंभीर ध्वनिसे तथा शूरवीरोंके जय-जयकारसे मिली - जुली हुई भयंकर आवाज वहाँ सब ओर गूँज उठी । उस स्थानपर एकत्र हुए सभी राजाओंने ‘ राधापुत्र कर्णकी जय' के नारे लगाये ।

जय पार्थान् सगोविन्दान् सानुगांस्तान् महामृधे ।

इति तं वन्दिनः प्राहुर्द्विजाश्च पुरुषर्षभम् ॥ ४ ९ ॥

जहि पार्थान् सपाञ्चालान् राधेय विजयाय नः ।

उद्यन्निव सदा भानुस्तमांस्युग्रैर्गभस्तिभिः ॥ ५० ॥

वन्दीजनों तथा ब्राह्मणोंने उस समय पुरुषशिरोमणि कर्णको आशीर्वाद देते हुए कहा —‘राधापुत्र! तुम कुन्तीके पुत्रोंको, उनके सेवकों तथा श्रीकृष्णके साथ महासमरमें जीत लो और हमारी विजयके लिये कुन्तीकुमारोंको पांचालोंसहित मार डालो । ठीक उसी तरह, जैसे सूर्य अपनी उग्र किरणोंद्वारा सदा उदय होते ही अन्धकारका विनाश कर देता ॥ ४ ९ -५० ॥

न ह्यलं त्वद्विसृष्टानां शराणां वै सकेशवाः ।

उलूकाः सूर्यरश्मीनां ज्वलतामिव दर्शने ॥ ५१ ॥

‘ जैसे उल्लू सूर्यकी प्रज्वलित किरणोंकी ओर देखनेमें असमर्थ होते हैं, उसी प्रकार तुम्हारे छोड़े हुए बाणोंकी ओर श्रीकृष्णसहित समस्त पाण्डव नहीं देख सकते ॥ ५१ ॥

न हि पार्थाः सपाञ्चालाः स्थातुं शक्तास्तवाग्रतः ।

आत्तशस्त्रस्य समरे महेन्द्रस्येव दानवाः ॥ ५२ ॥

'जैसे हाथमें वज्र लिये हुए इन्द्रके सामने दानव नहीं खड़े हो सकते, उसी प्रकार समरांगणमें तुम्हारे सामने पांचाल और पाण्डव नहीं ठहर सकते हैं ' ॥ ५२ ॥

अभिषिक्तस्तु राधेयः प्रभया सोऽमितप्रभः ।

अत्यरिच्यत रूपेण दिवाकर इवापरः ॥ ५३ ॥

राजन्! इस प्रकार अभिषेक सम्पन्न हो जानेपर अमिततेजस्वी राधापुत्र कर्ण अपनी प्रभा तथा रूपसे दूसरे सूर्यके समान अधिक प्रकाशित होने लगा ॥ ५३ ॥

सैनापत्ये तु राधेयमभिषिच्य सुतस्तव ।

अमन्यत तदाऽऽत्मानं कृतार्थं कालचोदितः ॥ ५४ ॥

कालसे प्रेरित हुआ आपका पुत्र दुर्योधन राधाकुमार कर्णको सेनापतिके पदपर अभिषिक्त करके अपने - आपको कृतकृत्य मानने लगा ॥ ५४ ॥

पृष्ठ 1647

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1647 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

कर्णोऽपि राजन् सम्प्राप्य सैनापत्यमरिंदमः ।

योगमाज्ञापयामास सूर्यस्योदयनं प्रति ॥ ५५ ॥

राजन्! शत्रुदमन कर्णने भी सेनापतिका पद प्राप्त करके सूर्योदयके समय सेनाको युद्धके लिये तैयार होनेकी आज्ञा दे दी ॥ ५५ ॥

तव पुत्रैर्वृतः कर्णः शुशुभे तत्र भारत ।

देवैरिव यथा स्कन्दः संग्रामे तारकामये ॥ ५६ ॥

भारत! वहाँ आपके पुत्रोंसे घिरा हुआ कर्ण तारकामय संग्राममें देवताओंसे घिरे हुए स्कन्दके समान सुशोभित हो रहा था ॥ ५६ ॥

इति श्रीमहाभारते कर्णपर्वणि कर्णाभिषेके दशमोऽध्यायः ॥ १० ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत कर्णपर्वमें कर्णका अभिषेकविषयक दसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १० ॥

( दाक्षिणात्य अधिक पाठके २ श्लोक मिलाकर कुल ५८३ श्लोक हैं । )

पृष्ठ 1648

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1648 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

एकादशोऽध्यायः कर्णके सेनापतित्वमें कौरव - सेनाका युद्धके लिये प्रस्थान और मकरव्यूहका निर्माण तथा पाण्डव सेनाके अर्धचन्द्राकार व्यूहकी रचना और युद्धका आरम्भ धृतराष्ट्रउवाच

सैनापत्यं तु सम्प्राप्य कर्णो वैकर्तनस्तदा ।

तथोक्तश्च स्वयं राज्ञा स्निग्धं भ्रातृसमं वचः ॥ १ ॥

योगमाज्ञाप्य सेनानामादित्येऽभ्युदिते तदा ।

अकरोत् किं महाप्राज्ञस्तन्ममाचक्ष्व संजय ॥ २ ॥

धृतराष्ट्रने पूछा — संजय! सेनापतिका पद पाकर जब परम बुद्धिमान् वैकर्तन कर्ण युद्धके लिये तैयार हुआ और जब स्वयं राजा दुर्योधनने उससे भाईके समान स्नेहपूर्ण वचन कहा, उस समय सूर्योदयकालमें सेनाको युद्धके लिये तैयार होनेकी आज्ञा देकर उसने क्या किया? यह मुझे बताओ ॥ १-२ ॥ संजय उवाच

कर्णस्य मतमाज्ञाय पुत्रास्ते भरतर्षभ ।

योगमाज्ञापयामासुर्नन्दितूर्यपुरःसरम् ॥ ३ ॥

संजयने कहा — भरतश्रेष्ठ! कर्णका मत जानकर आपके पुत्रोंने आनन्दमय वाद्योंके साथ सेनाको तैयार होनेका आदेश दिया ॥ ३ ॥

महत्यपररात्रे च तव सैन्यस्य मारिष ।

योगो योगेति सहसा प्रादुरासीन्महास्वनः ॥ ४ ॥

माननीय नरेश! अत्यन्त प्रातःकालसे ही आपकी सेनामें सहसा ' तैयार हो जाओ, तैयार हो जाओ ' का शब्द गूँज उठा ॥ ४ ॥

कल्प्यतां नागमुख्यानां रथानां च वरूथिनाम् ।

संनह्यतां नराणां च वाजिनां च विशाम्पते ॥ ५ ॥

क्रोशतां चैव योधानां त्वरितानां परस्परम् ।

बभूव तुमुलः शब्दो दिवस्पृक् सुमहांस्ततः ॥ ६ ॥

प्रजानाथ! सजाये जाते हुए बड़े -बड़े गजराजों, आवरणयुक्त रथों, कवच धारण करते हुए मनुष्यों, कसे जाते हुए घोड़ों तथा उतावलीपूर्वक एक- दूसरेको पुकारते हुए योद्धाओंका महान् तुमुल - नाद आकाशमें बहुत ऊँचेतक गूँज रहा था ॥ ५-६ ॥ ततः श्वेतपताकेन बलाकावर्णवाजिना ।

पृष्ठ 1649

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1649 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

हेमपृष्ठेन धनुषा नागकक्ष्येण केतुना ॥ ७ ॥

तूणीरशतपूर्णेन सगदेन वरूथिना ।

शतघ्नीकिंकिणीशक्तिशूलतोमरधारिणा ॥ ८ ॥

कार्मुकैरुपपन्नेन विमलादित्यवर्चसा ।

रथेनाभिपताकेन सूतपुत्रोऽभ्यदृश्यत ॥ ९ ॥

तदनन्तर सूतपुत्र कर्ण निर्मल सूर्यके समान तेजस्वी और सब ओरसे पताकाओंद्वारा सुशोभित रथके द्वारा रणयात्राके लिये उद्यत दिखायी दिया । उस रथमें श्वेत पताका फहरा रही थी । बगुलोंके समान सफेद रंगके घोड़े जुते हुए थे । उसपर एक ऐसा धनुष रखा हुआ था, जिसके पृष्ठभागपर सोना मढ़ा गया था । उस रथकी पताकापर हाथीके रस्सेका चिह्न बना हुआ था । उसमें गदाके साथ ही सैकड़ों तरकस रखे गये थे । रथकी रक्षाके लिये ऊपरसे आवरण लगाया गया था । उसमें शतघ्नी, किंकिणी, शक्ति, शूल और तोमर संचित करके रखे गये थे तथा वह रथ अनेक धनुषोंसे सम्पन्न था ॥ ७ – ९ ॥

ध्मापयन् वारिजं राजन् हेमजालविभूषितम् ।

विधुन्वानो महच्चापं कार्तस्वरविभूषितम् ॥ १० ॥

राजन्! कर्ण सोनेकी जालियोंसे विभूषित शंखको बजाता हुआ अपने सुवर्णसज्जित विशाल धनुषकी टंकार कर रहा था ॥ १० ॥

दृष्ट्वा कर्णं महेष्वासं रथस्थं रथिनां वरम् ।

भानुमन्तमिवोद्यन्तं तमो घ्नन्तं दुरासदम् ॥ ११ ॥

न भीष्मव्यसनं केचिन्नापि द्रोणस्य मारिष ।

नान्येषां पुरुषव्याघ्र मेनिरे तत्र कौरवाः ॥ १२ ॥

पुरुषसिंह! माननीय नरेश! रथियोंमें श्रेष्ठ महाधनुर्धर दुर्जय वीर कर्ण रथपर बैठकर उदयकालीन सूर्यके समान तम ( दुःख या अन्धकार ) - का निवारण कर रहा था । उसे देखकर कोई भी कौरव भीष्म, द्रोण तथा दूसरे महारथियोंके मारे जानेके दुःखको कुछ नहीं समझते थे ॥ ११-१२ ॥

ततस्तु त्वरयन् योधान् शङ्खशब्देन मारिष ।

कर्णो निष्कर्षयामास कौरवाणां महद् बलम् ॥ १३ ॥

मान्यवर! तदनन्तर शंखध्वनिके द्वारा योद्धाओंको जल्दी करनेका आदेश देते हुए कर्णने कौरवोंकी विशाल वाहिनीको शिविरोंसे बाहर निकाला ॥ १३ ॥

व्यूहं व्यूह्य महेष्वासो मकरं शत्रुतापनः ।

प्रत्युद्ययौ तथा कर्णः पाण्डवान् विजिगीषया ॥ १४ ॥

तत्पश्चात् शत्रुओंको संताप देनेवाला महाधनुर्धर कर्ण पाण्डवोंको जीत लेनेकी इच्छासे अपनी सेनाका मकर- व्यूह बनाकर आगे बढ़ा ॥ १४ ॥

मकरस्य तु तुण्डे वै कर्णो राजन् व्यवस्थितः ।

पृष्ठ 1650

महाभारत — खण्ड ४, पृष्ठ 1650 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

नेत्राभ्यां शकुनिः शूर उलूकश्च महारथः ॥ १५ ॥

राजन्! उस मकर- व्यूहके मुखभागमें स्वयं कर्ण खड़ा हुआ, नेत्रोंके स्थानमें शूरवीर शकुनि तथा महारथी उलूक खड़े किये गये ॥ १५ ॥

द्रोणपुत्रस्तु शिरसि ग्रीवायां सर्वसोदराः ।

मध्ये दुर्योधनो राजा बलेन महता वृतः ॥ १६ ॥

शीर्षस्थानमें द्रोणकुमार अश्वत्थामा और ग्रीवा- भागमें दुर्योधनके समस्त भाई स्थित हुए । मध्यस्थान ( कटिप्रदेश ) - में विशाल सेनासे घिरा हुआ राजा दुर्योधन खड़ा हुआ ॥ १६ ॥

वामपादे तु राजेन्द्र कृतवर्मा व्यवस्थितः ।

नारायणबलैर्युक्तो गोपालैर्युद्धदुर्मदैः ॥ १७ ॥

राजेन्द्र! उस मकरव्यूहके बायें पैरकी जगह नारायणी सेनाके रणदुर्मद गोपालोंके साथ कृतवर्मा खड़ा किया गया था ॥ १७ ॥

पादे तु दक्षिणे राजन् गौतमः सत्यविक्रमः ।

त्रिगर्तैः सुमहेष्वासैर्दाक्षिणात्यैश्च संवृतः ॥ १८ ॥

राजन्! व्यूहके दाहिने पैरके स्थानमें महाधनुर्धर त्रिगर्तों और दाक्षिणात्योंसे घिरे हुए सत्यपराक्रमी कृपाचार्य खड़े थे ॥ १८ ॥

अनुपादे तु यो वामस्तत्र शल्यो व्यवस्थितः ।

महत्या सेनया सार्धं मद्रदेशसमुत्थया ॥ १ ९ ॥

बायें पैरके पिछले भागमें मद्रदेशकी विशाल सेनाके साथ स्वयं राजा शल्य उपस्थित थे ॥ १ ९ ॥

दक्षिणे तु महाराज सुषेणः सत्यसंगरः ।

वृतो रथसहस्रेण दन्तिनां च त्रिभिः शतैः ॥ २० ॥

महाराज! दाहिने पैरके पिछले भागमें एक सहस्र रथियों और तीन सौ हाथियोंसे घिरे हुए सत्यप्रतिज्ञ सुषेण खड़े किये गये ॥ २० ॥

पुच्छे ह्यास्तां महावीर्यौ भ्रातरौ पार्थिवौ तदा ।

चित्रश्च चित्रसेनश्च महत्या सेनया वृतौ ॥ २१ ॥

व्यूहके पुच्छभागमें महापराक्रमी दोनों भाई राजा चित्र और चित्रसेन अपनी विशाल सेनाके साथ उपस्थित हुए ॥ २१ ॥

तथा प्रयाते राजेन्द्र कर्णे नरवरोत्तमे ।

धनंजयमभिप्रेक्ष्य धर्मराजोऽब्रवीदिदम् ॥ २२ ॥

राजेन्द्र! मनुष्योंमें श्रेष्ठ कर्णके इस प्रकार यात्रा करनेपर धर्मराज युधिष्ठिरने अर्जुनकी ओर देखकर इस प्रकार कहा- ॥ २२ ॥

पश्य पार्थ यथा सेना धार्तराष्ट्रीह संयुगे ।