श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड ६ — पृष्ठ 1221–1230

महाभारत — खण्ड ६ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 1221–1230

पृष्ठ 1221

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1221 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

गुप्तचरोंद्वारा और कार्यकी प्रवृत्तिसे देशके शुभाशुभ वृत्तान्तको जानकर उसपर विचार करे । तत्पश्चात् अशुभका तत्काल निवारण करे और अपने लिये शुभका सेवन करे ॥

गर्ह्यान् विगर्हयेदेव पूज्यान् सम्पूजयेत् तथा ।

दण्ड्यांश्च दण्डयेद् देवि नात्र कार्या विचारणा ॥

देवि! राजा निन्दनीय मनुष्योंकी निन्दा ही करे, पूजनीय पुरुषोंका पूजन करे और

दण्डनीय अपराधियोंको दण्ड दे । इसमें कोई अन्यथा विचार नहीं करना चाहिये ॥

पञ्चापेक्षं सदा मन्त्रं कुर्याद् बुद्धियुतैर्नरैः ।

कुलवृत्तश्रुतोपेतैर्नित्यं मन्त्रपरो भवेत् ॥

पाँच व्यक्तियोंकी अपेक्षा रखकर अर्थात् पाँच मन्त्रियोंके साथ बैठकर सदा ही राज-कार्यके विषयमें गुप्त मन्त्रणा करे । जो बुद्धिमान्, कुलीन, सदाचारी और शास्त्रज्ञानसम्पन्न हों, उन्हींके साथ राजाको सदा मन्त्रणा करनी चाहिये ॥

कामकारेण वैमुख्यैर्नैव मन्त्रमना भवेत् ।

राजा राष्ट्रहितापेक्षं सत्यधर्माणि कारयेत् ॥

जो इच्छानुसार राज्यकार्यसे विमुख हो जाते हों, ऐसे लोगोंके साथ मन्त्रणा करनेका विचार भी मनमें नहीं लाना चाहिये । राजाको राष्ट्रके हितका ध्यान रखकर सत्य- धर्मका पालन करना और कराना चाहिये ॥

सर्वोद्योगं स्वयं कुर्याद् दुर्गादिषु सदा नृषु ।

देशवृद्धिकरान् भृत्यानप्रमादेन कारयेत् ॥

देशक्षयकरान् सर्वानप्रियांश्च विसर्जयेत् ।

अहन्यहनि सम्पश्येदनुजीविगणं स्वयम् ॥

दुर्ग आदि तथा मनुष्योंकी देखभालके लिये राजा सम्पूर्ण उद्योग सदा स्वयं ही करे । वह देशकी उन्नति करनेवाले भृत्योंको सावधानीके साथ कार्यमें नियुक्त करे और देशको हानि पहुँचानेवाले समस्त अप्रियजनोंका परित्याग कर दे । जो राजाके आश्रित होकर जीविका चला रहे हों, ऐसे लोगोंकी देखभाल भी राजा प्रतिदिन स्वयं ही करे ॥

सुमुखः सुप्रियो दत्त्वा सम्यग्वृत्तं समाचरेत् ।

अधर्म्यं परुषं तीक्ष्णं वाक्यं वक्तुं न चार्हति ॥

वह प्रसन्नमुख और सबका परम प्रिय होकर लोगोंको जीविका दे, उनके साथ उत्तम बर्ताव करे । किसीसे पापपूर्ण, रूखा और तीखा वचन बोलना उसके लिये कदापि उचित नहीं ॥

अविश्वास्यं हि वचनं वक्तुं सत्सु न चार्हति ।

नरे नरे गुणान् दोषान् सम्यग्वेदितुमर्हति ॥

सत्पुरुषोंके बीचमें वह कभी ऐसी बात न कहे, जो विश्वासके योग्य न हो । प्रत्येक मनुष्यके गुणों और दोषोंको उसे अच्छी तरह समझना चाहिये ॥

पृष्ठ 1222

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1222 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

स्वेङ्गितं वृणुयाद् धैर्यान्न कुर्यात् क्षुद्रसंविदम् ।

परेङ्गितज्ञो लोकेषु भूत्वा संसर्गमाचरेत् ॥

अपनी चेष्टाको धैर्यपूर्वक छिपाये रखे । क्षुद्र बुद्धिका प्रदर्शन न करे अथवा मनमें क्षुद्र विचार न लाये । दूसरेकी चेष्टाको अच्छी तरह समझकर संसारमें उनके साथ सम्पर्क स्थापित करे ॥

स्वतश्च परतश्चैव परस्परभयादपि ।

अमानुषभयेभ्यश्च स्वाः प्रजाः पालयेन्नृपः ॥

राजाको चाहिये कि वह अपने भयसे, दूसरोंके भयसे, पारस्परिक भयसे तथा अमानुष भयोंसे अपनी प्रजाको सुरक्षित रखे ॥

लुब्धाः कठोराश्चाप्यस्य मानवा दस्युवृत्तयः ।

निग्राह्या एव ते राज्ञा संगृहीत्वा यतस्ततः ॥

जो लोभी, कठोर तथा डाका डालनेवाले मनुष्य हों, उन्हें जहाँ-तहाँसे पकड़वाकर राजा कैदमें डाल दे ॥

कुमारान् विनयैरेव जन्मप्रभृति योजयेत् ।

तेषामात्मगुणोपेतं यौवराज्येन योजयेत् ॥

राजकुमारोंको जन्मसे ही विनयशील बनावे । उनमेंसे जो भी अपने अनुरूप गुणोंसे युक्त हो, उसे युवराजपदपर नियुक्त करे ॥

अराजकं क्षणमपि राज्यं न स्याद्धि शोभने ।

आत्मनोऽनुविधानाय यौवराज्यं सदेष्यते ॥

शोभने! एक क्षणके लिये भी बिना राजाका राज्य नहीं रहना चाहिये । अतः अपने पीछे राजा होनेके लिये एक युवराजको नियत करना सदा ही आवश्यक है ॥

कुलजानां च वैद्यानां श्रोत्रियाणां तपस्विनाम् ।

अन्येषां वृत्तियुक्तानां विशेषं कर्तुमर्हति ॥

आत्मार्थं राज्यतन्त्रार्थं कोशार्थं च समाचरेत् ॥

कुलीन पुरुषों, वैद्यों, श्रोत्रिय ब्राह्मणों, तपस्वी मुनियों तथा वृत्तियुक्त दूसरे पुरुषोंका भी राजा विशेष सत्कार करे । अपने लिये, राज्यके हितके लिये तथा कोष - संग्रहके लिये ऐसा करना आवश्यक है ॥

चतुर्धा विभजेत् कोशं धर्मभृत्यात्मकारणात् ।

आपदर्थं च नीतिज्ञो देशकालवशेन तु ॥

नीतिज्ञ पुरुष अपने कोषको चार भागोंमें विभक्त करे – धर्मके लिये, पोष्य वर्गके पोषणके लिये, अपने लिये तथा देश- कालवश आनेवाली आपत्तिके लिये ॥ अनाथान् व्याधितान् वृद्धान् स्वदेशे पोषयेन्नृपः ॥ सन्धिं च विग्रहं चैव तद् विशेषांस्तथा परान् ।

पृष्ठ 1223

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1223 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

यथावत् संविमृश्यैव बुद्धिपूर्वं समाचरेत् ॥ राजाको चाहिये कि अपने देशमें जो अनाथ, रोगी और वृद्ध हों, उनका स्वयं पोषण करे । संधि, विग्रह तथा अन्य नीतियोंका बुद्धिपूर्वक भलीभाँति विचार करके प्रयोग करे ॥

सर्वेषां सम्प्रियो भूत्वा मण्डलं सततं चरेत् ।

शुभेष्वपि च कार्येषु न चैकान्तः समाचरेत् ॥

राजा सबका प्रिय होकर सदा अपने मण्डल (देशके भिन्न - भिन्न भाग) में विचरे । शुभ कार्योंमें भी वह अकेला कुछ न करे ॥

स्वतश्च परतश्चैव व्यसनानि विमृश्य सः ।

परेण धार्मिकान् योगान् नातीयाद् द्वेषलोभतः ॥

अपने और दूसरोंसे संकटकी सम्भावनाका विचार करके द्वेष या लोभवश धार्मिक पुरुषोंके साथ सम्बन्धका त्याग न करे ॥

रक्ष्यत्वं वै प्रजाधर्मः क्षत्रधर्मस्तु रक्षणम् ।

कुनृपैः पीडितास्तस्मात् प्रजाः सर्वत्र पालयेत् ॥

प्रजाका धर्म है रक्षणीयता और क्षत्रिय राजाका धर्म है रक्षा; अतः दुष्ट राजाओंसे पीड़ित हुई प्रजाकी सर्वत्र रक्षा करे ॥

व्यसनेभ्यो बलं रक्षेन्नयतो व्ययतोऽपि वा ।

प्रायशो वर्जयेद् युद्धं प्राणरक्षणकारणात् ॥

सेनाको संकटोंसे बचावे, नीतिसे अथवा धन खर्च करके भी प्रायः युद्धको टाले ।

सैनिकों तथा प्रजाजनोंके प्राणोंकी रक्षाके उद्देश्यसे ही ऐसा करना चाहिये ॥

कारणादेव योद्धव्यं नात्मनः परदोषतः ।

सुयुद्धे प्राणमोक्षश्च तस्य धर्माय इष्यते ॥

अनिवार्य कारण उपस्थित होनेपर ही युद्ध करना चाहिये, अपने या पराये दोषसे नहीं । उत्तम युद्धमें प्राण-- विसर्जन करना वीर योद्धाके लिये धर्मकी प्राप्ति करानेवाला होता है ॥

अभियुक्तो बलवता कुर्यादापद्विधिं नृपः ।

अनुनीय तथा सर्वान् प्रजानां हितकारणात् ॥

एष देवि समासेन राजधर्मः प्रकीर्तितः ॥

किसी बलवान् शत्रुके आक्रमण करनेपर राजा उस आपत्तिसे बचनेका उपाय करे । प्रजाके हितके लिये समस्त विरोधियोंको अनुनय- विनयके द्वारा अनुकूल बना ले । देवि! यह संक्षेपसे राजधर्म बताया गया है ॥

एवं संवर्तमानस्तु दण्डयन् भर्त्सयन् प्रजाः ।

निष्कल्मषमवाप्नोति पद्मपत्रमिवाम्भसा ॥

इस प्रकार बर्ताव करनेवाला राजा प्रजाको दण्ड देता और फटकारता हुआ भी जलसे लिप्त न होनेवाले कमलदलके समान पापसे अछूता ही रहता है ॥

पृष्ठ 1224

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1224 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

एवं संवर्तमानस्य कालधर्मो यदा भवेत् ।

स्वर्गलोके तदा राजा त्रिदशैः सह तोष्यते ॥

इस बर्तावसे रहनेवाले राजाकी जब मृत्यु होती है, तब वह स्वर्गलोकमें उ देवताओंके साथ आनन्द भोगता है ॥ (दाक्षिणात्यप्रतिमें अध्याय समाप्त )

पृष्ठ 1225

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1225 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

[ योद्धाओंके धर्मका वर्णन तथा रणयज्ञमें प्राणोत्सर्गकी महिमा ] श्रीमहेश्वर उवाच अथ यस्तु सहायार्थमुक्ताः स्यात् पार्थिवैर्नरैः ॥

भोगानां संविभागेन वस्त्राभरणभूषणैः ।

सहभोजनसम्बन्धैः सत्कारैर्विविधैरपि ॥

सहायकाले सम्प्राप्ते संग्रामे शस्त्रमुद्धरेत् ॥

भगवान् महेश्वर कहते हैं- राजा भाँति- भाँतिके भोग, वस्त्र और आभूषण देकर जिन लोगोंको अपनी सहायताके लिये बुलाता और रखता है, उनके साथ भोजन करके घनिष्ठ सम्बन्ध स्थापित करता है और नाना प्रकारके सत्कारोंद्वारा उन्हें संतुष्ट करता है, ऐसे योद्धाओंको उचित है कि युद्ध छिड़ जानेपर सहायताके समय उस राजाके लिये शस्त्र उठावे ॥

हन्यमानेष्वभिघ्नत्सु शूरेषु रणसंकटे ।

पृष्ठं दत्त्वा च ये तत्र नायकस्य नराधमाः ॥

अनाहता निवर्तन्ते नायके चाप्यनीप्सति ।

ते दुष्कृतं प्रपद्यन्ते नायकस्याखिलं नराः ॥

यच्चास्ति सुकृतं तेषां युज्यते तेन नायकः । जब घोर संग्राममें शूरवीर एक- दूसरेको मारते और मारे जाते हों, उस अवसरपर जो नराधम सैनिक पीठ देकर सेनानायककी इच्छा न होते हुए भी बिना घायल हुए ही युद्धसे मुँह मोड़ लेते हैं, वे सेनापतिके सम्पूर्ण पापोंको स्वयं ही ग्रहण कर लेते हैं और उन भगेड़ोंके पास जो कुछ भी पुण्य होता है, वह सेनानायकको प्राप्त हो जाता है ॥

अहिंसा परमो धर्म इति येऽपि नरा विदुः ।

संग्रामेषु न युध्यन्ते भृत्याश्चैवानुरूपतः ॥

नरकं यान्ति ते घोरं भर्तृपिण्डापहारिणः ॥

‘ अहिंसा परम धर्म है,’ ऐसी जिनकी मान्यता है, वे भी यदि राजाके सेवक हैं, उनसे भरण- पोषणकी सुविधा एवं भोजन पाते हैं, ऐसी दशामें भी वे अपनी शक्तिके अनुरूप संग्रामोंमें जूझते नहीं हैं तो घोर नरकमें पड़ते हैं; क्योंकि वे स्वामीके अन्नका अपहरण करनेवाले हैं ॥

यस्तु प्राणान् परित्यज्य प्रविशेदुद्यतायुधः ।

संग्राममग्निप्रतिमं पतंग इव निर्भयः ॥

स्वर्गमाविशते ज्ञात्वा योधस्य गतिनिश्चयम् ॥

जो अपने प्राणोंकी परवाह छोड़कर पतंगकी भाँति निर्भय हो हाथमें हथियार उठाये अग्निके समान विनाशकारी संग्राममें प्रवेश कर जाता है और योद्धाको मिलनेवाली निश्चित

पृष्ठ 1226

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1226 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

गतिको जानकर उत्साहपूर्वक जूझता है, वह स्वर्गलोकमें जाता है ॥

यस्तु स्वं नायकं रक्षेदतिघोरे रणाङ्गणे ।

तापयन्नरिसैन्यानि सिंहो मृगगणानिव ॥

आदित्य इव मध्याह्ने दुर्निरीक्ष्यो रणाजिरे ॥

निर्दयो यस्तु संग्रामे प्रहरन्तुद्यतायुधः ।

यजते स तु पूतात्मा संग्रामेण महाक्रतुम् ॥

जो अत्यन्त घोर समरांगणमें मृगोंके झुडोंको संतप्त करनेवाले सिंहके समान शत्रुसैनिकोंको ताप देता हुआ अपने नायक ( राजा या सेनापति ) की रक्षा करता है, मध्याह्नकालके सूर्यकी भाँति रणक्षेत्रमें जिसकी ओर देखना शत्रुओंके लिये अत्यन्त कठिन हो जाता है तथा जो संग्राममें शस्त्र उठाये निर्दयतापूर्वक प्रहार करता है, वह शुद्धचित्त होकर उस युद्धके द्वारा ही मानो महान् यज्ञका अनुष्ठान करता है ॥

वर्म कृष्णाजिनं तस्य दन्तकाष्ठं धनुः स्मृतम् ।

रथो वेदिर्ध्वजो यूपः कुशाश्च रथरश्मयः ॥

मानो दर्पस्त्वहङ्कारस्त्रयस्त्रेताग्नयः स्मृताः ।

प्रतोदश्च स्रुवस्तस्य उपाध्यायो हि सारथिः ॥

स्रुग्भाण्डं चापि यत् किंचिद् यज्ञोपकरणानि च ॥

आयुधान्यस्य तत् सर्वं समिधः सायकाः स्मृताः ॥

उस समय कवच ही उसका काला मृगचर्म है, धनुष ही दाँतुन या दन्तकाष्ठ है, रथ ही वेदी है, ध्वज यूप है और रथकी रस्सियाँ ही बिछे हुए कुशोंका काम देती हैं । मान, दर्प और अहंकार — ये त्रिविध अग्नियाँ हैं, चाबुक, सुवा है, सारथि उपाध्याय है, स्रुक् - भाण्ड आदि जो कुछ भी यज्ञकी सामग्री है, उसके स्थानमें उस योद्धाके भिन्न -भिन्न अस्त्र- शस्त्र हैं । सायकोंको ही समिधा माना गया है ॥

स्वेदस्रवश्च गात्रेभ्यः क्षौद्रं तस्य यशस्विनः ।

पुरोडाशा नृशीर्षाणि रुधिरं चाहुतिः स्मृता ॥

तूणाश्चैव चरुर्ज्ञेया वसोर्धारा वसाः स्मृताः ॥

क्रव्यादा भूतसंघाश्च तस्मिन् यज्ञे द्विजातयः ।

तेषां भक्तान्नपानानि हता नृगजवाजिनः ॥

उस यशस्वी वीरके अंगोंसे जो पसीने ढलते हैं, वे ही मानो मधु हैं । मनुष्योंके मस्तक पुरोडाश हैं, रुधिर आहुति है, तूणीरोंको चरु समझना चाहिये । वसाको ही वसुधारा माना गया है, मांसभक्षी भूतोंके समुदाय ही उस यज्ञमें द्विज हैं । मारे गये मनुष्य, हाथी और घोड़े ही उनके भोजन और अन्नपान हैं ॥

निहतानां तु योधानां वस्त्राभरणभूषणम् ।

हिरण्यं च सुवर्णं च यद् वै यज्ञस्य दक्षिणा ॥

पृष्ठ 1227

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1227 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

मारे गये योद्धाओंके जो वस्त्र, आभूषण और सुवर्ण हैं, वे ही मानो उस रणयज्ञकी दक्षिणा हैं ॥

यस्तत्र हन्यते देवि गजस्कन्धगतो नरः ।

ब्रह्मलोकमवाप्नोति रणेष्वभिमुखो हतः ॥

देवि! जो संग्राममें हाथीकी पीठपर बैठा हुआ युद्धके मुहानेपर मारा जाता है, वह ब्रह्मलोकको प्राप्त होता है ॥

रथमध्यगतो वापि हयपृष्ठगतोऽपि वा ।

हन्यते यस्तु संग्रामे शक्रलोके महीयते ॥

रथके बीचमें बैठा हुआ या घोड़ेकी पीठपर चढ़ा हुआ जो वीर युद्धमें मारा जाता है, वह इन्द्रलोकमें सम्मानित होता है ॥

स्वर्गे हताः प्रपूज्यन्ते हन्ता त्वत्रैव पूज्यते ।

द्वावेतौ सुखमेधेते हन्ता यश्चैव हन्यते ॥

मारे गये योद्धा स्वर्गमें पूजित होते हैं; किन्तु मारनेवाला इसी लोकमें प्रशंसित होता है । अतः युद्धमें दोनों ही सुखी होते हैं - जो मारता है वह और जो मारा जाता है वह ॥ तस्मात् संग्राममासाद्य प्रहर्तव्यमभीतवत् ॥ निर्भयो यस्तु संग्रामे प्रहरेदुद्यतायुधः ॥

यथा नदीसहस्राणि प्रविष्टानि महोदधिम् ।

तथा सर्वे न संदेहो धर्मा धर्मभृतां वरम् ॥

अतः संग्रामभूमिमें पहुँच जानेपर निर्भय होकर शत्रुपर प्रहार करना चाहिये । जो हथियार उठाकर संग्राममें निर्भय होकर प्रहार करता है, धर्मात्माओंमें श्रेष्ठ उस वीरको निस्संदेह सभी धर्म प्राप्त होते हैं । ठीक उसी तरह जैसे महासागरमें सहस्रों नदियाँ आकर मिलती हैं ॥

धर्म एव हतो हन्ति धर्मो रक्षति रक्षितः ।

तस्माद् धर्मो न हन्तव्यः पार्थिवेन विशेषतः ॥

धर्म ही, यदि उसका हनन किया जाय तो मारता है और धर्म ही सुरक्षित होनेपर रक्षा करता है; अतः प्रत्येक मनुष्यको, विशेषतः राजाको धर्मका हनन नहीं करना चाहिये ॥

प्रजाः पालयते यत्र धर्मेण वसुधाधिपः ।

षट्कर्मनिरता विप्राः पूज्यन्ते पितृदैवतैः ॥

नैव तस्मिन्ननावृष्टिर्न रोगा नाप्युपद्रवाः ।

धर्मशीलाः प्रजाः सर्वाः स्वधर्मनिरते नृपे ॥

जहाँ राजा धर्मपूर्वक प्रजाका पालन करता है तथा जहाँ पितरों और देवताओंके साथ षट्कर्मपरायण ब्राह्मणोंकी पूजा होती है, उस देशमें न तो कभी अनावृष्टि होती है, न

पृष्ठ 1228

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1228 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

रोगोंका आक्रमण होता है और न किसी तरहके उपद्रव ही होते हैं । राजाके स्वधर्म- परायण होनेपर वहाँकी सारी प्रजा धर्मशील होती है ॥

एष्टव्यः सततं देवि युक्ताचारो नराधिपः ।

छिद्रज्ञश्चैव शत्रूणामप्रमत्तः प्रतापवान् ॥

देवि! प्रजाको सदा ऐसे नरेशकी इच्छा रखनी चाहिये, जो सदाचारी तो हो ही, देशमें सब ओर गुप्तचर नियुक्त करके शत्रुओंके छिद्रोंकी जानकारी रखता हो । सदा ही प्रमादशून्य और प्रतापी हो ॥

क्षुद्राः पृथिव्यां बहवो राज्ञां बहुविनाशकाः ।

तस्मात् प्रमादं सुश्रोणि न कुर्यात् पण्डितो नृपः ॥

सुश्रोणि! पृथ्वीपर बहुत से ऐसे क्षुद्र मनुष्य हैं, जो राजाओंका महान् विनाश करनेपर तुले रहते हैं; अतः विद्वान् राजाको कभी प्रमाद नहीं करना चाहिये ( आत्मरक्षाके लिये सदा सावधान रहना चाहिये । ) ॥

तेषु मित्रेषु त्यक्तेषु तथा मर्त्येषु हस्तिषु ।

विस्रम्भो नोपगन्तव्यः स्नानपानेघु नित्यशः ॥

पहलेके छोड़े हुए मित्रोंपर, अन्यान्य मनुष्योंपर, हाथियोंपर कभी विश्वास नहीं करना चाहिये । प्रतिदिनके स्नान और खानपानमें भी किसीका पूर्णतः विश्वास करना उचित नहीं ||

राज्ञो वल्लभतामेति कुलं भावयते स्वकम् ।

यस्तु राष्ट्रहितार्थाय गोब्राह्मणकृते तथा ॥

बन्दीग्रहाय मित्रार्थे प्राणांस्त्यजति दुस्त्यजान् ॥

जो राष्ट्रके हितके लिये, गौ और ब्राह्मणोंके उपकारके लिये, किसीको बन्धनसे मुक्त करनेके लिये और मित्रोंकी सहायताके निमित्त अपने दुस्त्यज प्राणोंका परित्याग कर देता है, वह राजाको प्रिय होता है और अपने कुलको उन्नतिके शिखरपर पहुँचा देता है ॥

सर्वकामदुघां धेनुं धरणीं लोकधारिणीम् ।

समुद्रान्तां वरारोहे सशैलवनकाननाम् ॥

दद्याद् देवि द्विजातिभ्यो वसुपूर्णां वसुन्धराम् ॥

न तत्समं वरारोहे प्राणत्यागी विशिष्यते ॥

वरारोहे! यदि कोई सम्पूर्ण कामनाओंको पूर्ण करनेवाली कामधेनुको तथा पर्वत और वनोंसहित समुद्रपर्यन्त लोकधारिणी पृथ्वीको धनसे परिपूर्ण करके द्विजोंको दान कर देता है, उसका वह दान भी पूर्वोक्त प्राणत्यागी योद्धाके त्यागके समान नहीं है । वह प्राण- त्यागी ही उस दातासे बढ़कर है ॥

सहस्रमपि यज्ञानां यजते च धनर्द्धिमान् ।

यज्ञैस्तस्य किमाश्चर्यं प्राणत्यागः सुदुष्करः ॥

पृष्ठ 1229

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1229 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

जिसके पास धन और सम्पत्ति है, वह सहस्रों यज्ञ कर सकता है । उसके उन यज्ञोंसे कौन - सी आश्चर्यकी बात हो गयी! प्राणोंका परित्याग करना तो सभीके लिये अत्यन्त दुष्कर है ॥

तस्मात् सर्वेषु यज्ञेषु प्राणयज्ञो विशिष्यते ।

एवं संग्रामयज्ञास्ते यथार्थं समुदाहृताः ॥

अतः सम्पूर्ण यज्ञोंमें प्राणयज्ञ ही बढ़कर है । देवि! इस प्रकार मैंने तुम्हारे समक्ष रणयज्ञका यथार्थरूपसे वर्णन किया है ॥ (दाक्षिणात्य प्रतिमें अध्याय समाप्त )

पृष्ठ 1230

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1230 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

[ संक्षेपसे राजधर्मका वर्णन ] श्रीमहेश्वर उवाच

सम्प्रहासश्च भृत्येषु न कर्तव्यो नराधिपैः ।

लघुत्वं चैव प्राप्नोति आज्ञा चास्य निवर्तते ॥

श्रीमहादेवजी कहते हैं - देवि! राजाओंको अपने सेवकोंके साथ हास - परिहास नहीं करना चाहिये; क्योंकि ऐसा करनेसे उन्हें लघुता प्राप्त होती है और उनकी आज्ञाका पालन नहीं किया जाता है ॥

भृत्यानां सम्प्रहासेन पार्थिवः परिभूयते ।

अयाच्यानि च याचन्ति अवक्तव्यं ब्रुवन्ति च ॥

सेवकोंके साथ हँसी - परिहास करनेसे राजाका तिरस्कार होता है । वे धृष्ट सेवक न माँगने योग्य वस्तुओंको भी माँग बैठते हैं और न कहने योग्य बातें भी कह डालते हैं ॥

पूर्वमप्युचितैर्लाभैः परितोषं न यान्ति ते ।

तस्माद् भृत्येषु नृपतिः सम्प्रहासं विवर्जयेत् ॥

पहलेसे ही उचित लाभ मिलनेपर भी वे संतुष्ट नहीं होते; इसलिये राजा सेवकोंके साथ हँसी - मजाक करना छोड़ दे ॥

न विश्वसेदविश्वस्ते विश्वस्ते न च विश्वसेत् ।

सगोत्रेषु विशेषेण सर्वोपायैर्न विश्वसेत् ॥

राजा अविश्वस्त पुरुषपर कभी विश्वास न करे । जो विश्वस्त हो, उसपर भी पूरा विश्वास न करे; विशेषतः अपने समान गोत्रवाले भाई- बन्धुओंपर किसी भी उपायसे कदापि विश्वास न करे ॥

विश्वासाद् भयमुत्पन्नं हन्याद् वृक्षमिवाशनिः ।

प्रमादाद्धन्यते राजा लोभेन च वशीकृतः ॥

तस्मात् प्रमादं लोभं च न च कुर्यान्न विश्वसेत् ॥

जैसे वज्र वृक्षको नष्ट कर देता है, उसी प्रकार विश्वाससे उत्पन्न हुआ भय राजाको नष्ट कर डालता है । प्रमादवश लोभके वशीभूत हुआ राजा मारा जाता है । अतः प्रमाद और लोभको अपने भीतर न आने दे तथा किसीपर भी विश्वास न करे ॥

भयार्तानां भयात् त्राता दीनानुग्रहकारणात् ।

कार्याकार्यविशेषज्ञो नित्यं राष्ट्रहिते रतः ॥

राजा भयातुर मनुष्योंकी भयसे रक्षा करे, दीन-दु:खियोंपर अनुग्रह करे, कर्तव्य और अकर्तव्यको विशेषरूपसे समझे और सदा राष्ट्रके हितमें संलग्न रहे ॥

सत्यः संधस्थितो राज्ये प्रजापालनतत्परः ।

अलुब्धो न्यायवादी च षड्भागमुपजीवति ॥