श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड ६ — पृष्ठ 1641–1650

महाभारत — खण्ड ६ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 1641–1650

पृष्ठ 1641

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1641 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

मंगलयुक्त थे । धर्ममें सत्यकी प्रधानता थी और सत्य उत्तम विषयोंसे युक्त होता था ॥ धर्मासनस्थः सद्भिः स स्त्रीबालातुरवृद्धकान् ॥ वर्णाश्रमान् पूर्वकृतान् सकलान् रक्षणोद्यतः । धर्मके आसनपर बैठे हुए युधिष्ठिर सत्पुरुषों, स्त्रियों, बालकों, रोगियों, बड़े - बूढ़ों तथा पूर्वनिर्मित सम्पूर्ण वर्णाश्रम धर्मोकी रक्षाके लिये सदा उद्यत रहते थे ॥ अवृत्तिवृत्तिदानाद्यैर्यज्ञार्थैर्दीपितैरपि ।

आमुष्मिकं भयं नास्ति ऐहिकं कृतमेव तु ।

स्वर्गलोकोपमो लोकस्तदा तस्मिन् प्रशासति ॥

बभूव सुखमेकाग्रं तद्विशिष्टतरं परम् ॥

वे जीविकाहीन मनुष्योंको जीविका प्रदान करते, यज्ञके लिये धन दिलाते तथा अन्यान्य उपायोंद्वारा प्रजाकी रक्षा करते थे । अतः इहलोकका सारा सुख तो सबको प्राप्त ही था, परलोकका भी भय नहीं रह गया था । उनके शासनकालमें सारा जगत् स्वर्गलोकके समान सुखद हो गया था । यहाँका एकाग्र सुख स्वर्गसे भी विशिष्ट एवं उत्तम था ॥

नार्यः पतिव्रताः सर्वा रूपवत्यः स्वलंकृताः ।

यथोक्तवृत्ताः स्वगुणैर्बभूवुः प्रीतिहेतवः ॥

उनके राज्यकी सारी स्त्रियाँ पतिव्रता, रूपवती, आभूषणोंसे विभूषित और शास्त्रोक्त सदाचारसे सम्पन्न होती थीं । वे अपने उत्तम गुणोंद्वारा पतिकी प्रसन्नताको बढ़ानेमें कारण होती थीं ॥

पुमांसः पुण्यशीलाढ्याः स्वं स्वं धर्ममनुव्रताः ।

सुखिनः सूक्ष्ममप्येनो न कुर्वन्ति कदाचन ॥

पुरुष पुण्यशील, अपने - अपने धर्ममें अनुरक्त और सुखी थे । वे कभी सूक्ष्म से सूक्ष्म पाप भी नहीं करते थे ॥

सर्वे नराश्च नार्यश्च सततं प्रियवादिनः ।

अजिह्ममनसः शुक्लाः बभूवुः श्रमवर्जिताः ॥

सभी स्त्री- पुरुष सदा प्रिय वचन बोलते थे, मनमें कुटिलता नहीं आने देते थे, शुद्ध रहते थे और कभी थकावटका अनुभव नहीं करते थे ॥

भूषिताः कुण्डलैहरिः कटकैः कटिसूत्रकैः ।

सुवाससः सुगन्धाढ्याः प्रायशः पृथिवीतले ॥

उन दिनों प्रायः भूतलके सभी मनुष्य कुण्डल, हार, कड़े और करधनीसे विभूषित थे ।

सुन्दर वस्त्र और सुन्दर गन्धसे सुशोभित होते थे ॥

सर्वे ब्रह्मविदो विप्राः सर्वत्र परिनिष्ठिताः ।

वलीपलितहीनास्तु सुखिनो दीर्घजीविनः ॥

पृष्ठ 1642

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1642 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

सभी ब्राह्मण ब्रह्मवेत्ता और समस्त शास्त्रोंमें परिनिष्ठित थे । उनके शरीरमें झुर्रियाँ नहीं पड़ती थीं, उनके बाल सफेद नहीं होते थे और वे सुखी तथा दीर्घजीवी होते थे ॥

इच्छा न जायतेऽन्यत्र वर्णेषु च न संकरः ।

मनुष्याणां महाराज मर्यादासु व्यवस्थितः ॥

महाराज! मनुष्योंकी इच्छा परायी स्त्रियोंके लिये नहीं होती थी, वर्णोंमें कभी संकरता नहीं आती थी और सब लोग मर्यादामें स्थित रहते थे ॥

तस्मिञ्छासति राजेन्द्रे मृगव्यालसरीसृपाः ।

अन्योन्यमपि चान्येषु न बाधन्ते कदाचन ॥

राजेन्द्र युधिष्ठिरके शासनकालमें हिंसक पशु, सर्प और बिच्छू आदि न तो आपसमें और न दूसरोंको ही कभी बाधा पहुँचाते थे ॥

गावः सुक्षीरभूयिष्ठाः सुवालधिमुखोदराः ।

अपीडिताः कर्षकाद्यैर्हृतव्याधितवत्सकाः ॥

गौएँ बहुत दूध देती थीं, उनके मुख, पूँछ और उदर सुन्दर होते थे । किसान आदि उन्हें पीड़ा नहीं देते थे और उनके बछड़े भी नीरोग होते थे ॥

अवन्ध्यकाला मनुजाः पुरुषार्थेषु च क्रमात् ।

विषयेष्वनिषिद्धेषु वेदशास्त्रेषु चोद्यताः ॥

उस समयके सभी मनुष्य अपने समयको व्यर्थ नहीं जाने देते थे । धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष — इन पुरुषार्थोंमें क्रमशः प्रवृत्त होते थे । शास्त्रमें जिनका निषेध नहीं किया गया है, उन्हीं विषयोंका सेवन करते और वेदशास्त्रोंके स्वाध्यायके लिये सदा उद्यत रहते थे ॥ सुवृत्ता वृषभाः पुष्टाः सुस्वभावाः सुखोदयाः ।

अतीव मधुरः शब्दः स्पर्शश्चातिसुखं रसम् ।

रूपं दृष्टिक्षमं रम्यं मनोज्ञं गन्धवद् बभौ ॥

उस समयके बैल अच्छी चाल-ढालवाले, हृष्ट- पुष्ट, अच्छे स्वभाववाले और सुखकी प्राप्ति करानेवाले होते थे । उन दिनों शब्द और स्पर्श नामक विषय अत्यन्त मधुर होते थे । रस बहुत ही सुखद जान पड़ता था, रूप दर्शनीय एवं रमणीय प्रतीत होता था और गन्ध नामक विषय भी मनोरम जान पड़ता था ॥

धर्मार्थकामसंयुक्तं मोक्षाभ्युदयसाधनम् ।

प्रह्लादजननं पुण्यं सम्बभूवाथ मानसम् ॥

सबका मन धर्म, अर्थ और काममें संलग्न, मोक्ष और अभ्युदयके साधनमें तत्पर, आनन्दजनक और पवित्र होता था ॥

स्थावरा बहुपुष्पाढ्याः फलच्छायावहास्तथा ।

सुस्पर्शा विषहीनाश्च सुपत्रत्वक्प्ररोहिणः ॥

पृष्ठ 1643

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1643 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

स्थावर ( वृक्ष ) बहुत - से फूलोंसे सुशोभित तथा फल और छाया देनेवाले होते थे । उनका स्पर्श सुखद जान पड़ता था और वे विषसे हीन तथा सुन्दर पत्र, छाल और अंकुरसे युक्त होते थे ॥

मनोऽनुकूलाः सर्वेषां चेष्टा भूस्तापवर्जिता ।

यथा बभूव राजर्षिस्तद्वृत्तमभवद् भुवि ॥

सबकी चेष्टाएँ मनके अनुकूल होती थीं। पृथ्वीपर किसी प्रकारका संताप नहीं होता था । राजर्षि युधिष्ठिर स्वयं जैसे आचार-विचारसे युक्त थे, उसीका भूतलपर प्रसार हुआ था ॥

सर्वलक्षणसम्पन्नाः पाण्डवा धर्मचारिणः ।

ज्येष्ठानुवर्तिनः सर्वे बभूवुः प्रियदर्शनाः ॥

समस्त पाण्डव सम्पूर्ण शुभ लक्षणोंसे सम्पन्न, धर्माचरण करनेवाले और बड़े भाईकी

आज्ञाके अधीन रहनेवाले थे । उनका दर्शन सभीको प्रिय था ॥

सिंहोरस्का जितक्रोधास्तेजोबलसमन्विताः ।

आजानुबाहवः सर्वे दानशीला जितेन्द्रियाः ॥

उनकी छाती सिंहके समान चौड़ी थी । वे क्रोधपर विजय पानेवाले और तेज एवं बलसे सम्पन्न थे । उन सबकी भुजाएँ घुटनोंतक लंबी थीं । वे सभी दानशील एवं जितेन्द्रिय थे ॥

तेषु शासत्सु धरणीमृतवः स्वगुणैर्बभुः ।

सुखोदयाय वर्तन्ते ग्रहास्तारागणैः सह ॥

पाण्डव जब इस पृथ्वीका शासन कर रहे थे, उस समय सभी ऋतुएँ अपने गुणोंसे सुशोभित होती थीं । ताराओंसहित समस्त ग्रह सबके लिये सुखद हो गये थे ॥

मही सस्यप्रबहुला सर्वरत्नगुणोदया ।

कामधुग्धेनुवद् भोगान् फलति स्म सहस्रधा ॥

पृथ्वीपर खेतीकी उपज बढ़ गयी थी । सभी रत्न और गुण प्रकट हो गये थे । कामधेनुके समान वह सहस्रों प्रकारके भोगरूप फल देती थी ॥ मन्वादिभिः कृताः पूर्वं मर्यादा मानवेषु याः ।

अनतिक्रम्य ताः सर्वाः कुलेषु समयानि च ।

अन्वशासन्त राजानो धर्मपुत्रप्रियंकराः ॥

पूर्वकालमें मनु आदि राजर्षियोंने मनुष्योंमें जो मर्यादाएँ स्थापित की थीं, उन सबका तथा कुलोचित सदाचारोंका उल्लंघन न करते हुए भूमण्डलके सभी राजा अपने - अपने राज्यका शासन करते थे । इस प्रकार सभी भूपाल धर्मपुत्र युधिष्ठिरका प्रिय करनेवाले थे ॥

महाकुलानि धर्मिष्ठा वर्धयन्तो विशेषतः ।

मनुप्रणीतया कृत्या तेऽन्वशासन् वसुन्धराम् ॥

पृष्ठ 1644

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1644 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

धर्मिष्ठ राजा श्रेष्ठ कुलोंको विशेष प्रोत्साहन देते थे । वे मनुकी बनायी हुई राजनीतिके अनुसार इस वसुधाका शासन करते थे ॥

राजवृत्तिर्हि सा शश्वद् धर्मिष्ठाभून्महीतले ।

प्रायो लोकमतिस्तात राजवृत्तानुगामिनी ॥

तात! इस पृथ्वीपर राजाओंके बर्ताव सदा धर्मानुकूल होते थे । प्रायः लोगोंकी बुद्धि राजाके ही बर्तावका अनुसरण करनेवाली होती है ॥ एवं भारतवर्षं स्वं राजा स्वर्गं सुरेन्द्रवत् । शशास विष्णुना सार्धं गुप्तो गाण्डीवधन्वना ॥ ) जैसे इन्द्र स्वर्गका शासन करते हैं, उसी प्रकार गाण्डीवधारी अर्जुनसे सुरक्षित राजा युधिष्ठिर भगवान् श्रीकृष्णके सहयोगसे अपने राज्य- भारतवर्षका शासन करते थे ॥ इति श्रीमहाभारते आश्वमेधिके पर्वणि अश्वमेधपर्वणि चतुर्दशोऽध्यायः ॥ १४ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आश्वमेधिकपर्वके अन्तर्गत अश्वमेधपर्वमें चौदहवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १४ ॥

( दाक्षिणात्य अधिक पाठके ३०३ श्लोक मिलाकर कुल ४७३ श्लोक हैं )

पृष्ठ 1645

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1645 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

पञ्चदशोऽध्यायः भगवान् श्रीकृष्णका अर्जुनसे द्वारका जानेका प्रस्ताव करना जनमेजय उवाच

विजिते पाण्डवेयैस्तु प्रशान्ते च द्विजोत्तम ।

राष्ट्रे किं चक्रतुर्वीरौ वासुदेवधनंजयौ ॥ १ ॥

जनमेजयने पूछा – द्विजश्रेष्ठ! जब पाण्डवोंने अपने राष्ट्रपर विजय पा ली और राज्यमें सब ओर शान्ति स्थापित हो गयी, उसके बाद श्रीकृष्ण और अर्जुन इन दोनों वीरोंने क्या किया? ॥ १ ॥

वैशम्पायन उवाच

विजिते पाण्डवै राजन् प्रशान्ते च विशाम्पते ।

राष्ट्रे बभूवतुर्हष्टौ वासुदेवधनंजयौ ॥ २ ॥

वैशम्पायनजीने कहा - प्रजानाथ! नरेश्वर! जब पाण्डवोंने राष्ट्रपर विजय पा ली और सर्वत्र शान्ति स्थापित हो गयी, तब भगवान् श्रीकृष्ण और अर्जुनको बड़ी प्रसन्नता हुई ॥ २ ॥

विजहाते मुदा युक्तौ दिवि देवेश्वराविव ।

तौ वनेषु विचित्रेषु पर्वतेषु ससानुषु ॥ ३ ॥

स्वर्गलोकमें विहार करनेवाले दो देवेश्वरोंकी भाँति वे दोनों मित्र आनन्दमग्न हो विचित्र-विचित्र वनोंमें और पर्वतोंके सुरम्य शिखरोंपर विचरने लगे ॥ ३ ॥

तीर्थेषु चैव पुण्येषु पल्वलेषु नदीषु च ।

चङ्क्रम्यमाणौ संहृष्टावश्विनाविव नन्दने ॥ ४ ॥

पवित्र तीर्थों, छोटे तालाबों और नदियोंके तटोंपर विचरण करते हुए वे दोनों नन्दन-वनमें विहार करनेवाले अश्विनीकुमारोंके समान हर्षका अनुभव करते थे ॥ ४ ॥

इन्द्रप्रस्थे महात्मानौ रेमतुः कृष्णपाण्डवौ ।

प्रविश्य तां सभां रम्यां विजहाते च भारत ॥ ५ ॥

भरतनन्दन! फिर इन्द्रप्रस्थमें लौटकर महात्मा श्रीकृष्ण और अर्जुन मयनिर्मित रमणीय सभामें प्रवेश करके आनन्दपूर्वक मनोविनोद करने लगे ॥ ५ ॥

तत्र युद्धकथाश्चित्राः परिक्लेशांश्च पार्थिव ।

कथायोगे कथायोगे कथयामासतुः सदा ॥ ६ ॥

ऋषीणां देवतानां च वंशांस्तावाहतुः सदा ।

पृष्ठ 1646

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1646 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

प्रीयमाणी महात्मानौ पुराणावृषिसत्तमौ ॥ ७ ॥

पृथ्वीनाथ! वे दोनों महात्मा पुरातन ऋषिप्रवर नर और नारायण थे तथा आपसमें बहुत प्रेम रखते थे । बातचीतके प्रसंगमें वे दोनों मित्र सदा देवताओं तथा ऋषियोंके वंशोंकी चर्चा करते थे और युद्धकी विचित्र कथाओं एवं क्लेशोंका वर्णन किया करते थे ॥ ६-७ ॥

मधुरास्तु कथाश्चित्राश्चित्रार्थपदनिश्चयाः ।

निश्चयज्ञः स पार्थाय कथयामास केशवः ॥ ८ ॥

भगवान् श्रीकृष्ण सब प्रकारके सिद्धान्तोंको जाननेवाले थे । उन्होंने अर्जुनको विचित्र पद, अर्थ एवं सिद्धान्तोंसे युक्त बड़ी विलक्षण एवं मधुर कथाएँ सुनायीं ॥

पुत्रशोकाभिसंतप्तं ज्ञातीनां च सहस्रशः ।

कथाभिः शमयामास पार्थं शौरिर्जनार्दनः ॥ ९ ॥

कुन्तीकुमार अर्जुन पुत्रशोकसे संतप्त थे । सहस्रों भाई- बन्धुओंके मारे जानेका भी उनके मनमें बड़ा दुःख था । वसुदेवनन्दन श्रीकृष्णने अनेक प्रकारकी कथाएँ सुनाकर उस समय पार्थको शान्त किया ॥ ९ ॥

स तमाश्वास्य विधिवद् विज्ञानज्ञो महातपाः ।

अपहृत्यात्मनो भारं विशश्रामेव सात्वतः ॥ १० ॥

महातपस्वी विज्ञानवेत्ता श्रीकृष्णने विधिपूर्वक अर्जुनको सान्त्वना देकर अपना भार उतार दिया और वे सुखपूर्वक विश्राम- सा करने लगे ॥ १० ॥

ततः कथान्ते गोविन्दो गुडाकेशमुवाच ह ।

सान्त्वयन् श्लक्ष्णया वाचा हेतुयुक्तमिदं वचः ॥ ११ ॥

बातचीतके अन्तमें गोविन्दने गुडाकेश अर्जुनको अपनी मधुर वाणीद्वारा सान्त्वना प्रदान करते हुए उनसे यह युक्तियुक्त बात कही ॥ ११ ॥

वासुदेव उवाच

विजितेयं धरा कृत्स्ना सव्यसाचिन् परंतप ।

त्वद्बाहुबलमाश्रित्य राज्ञा धर्मसुतेन ह ॥ १२ ॥

भगवान् श्रीकृष्ण बोले- शत्रुओंको संताप देनेवाले सव्यसाची अर्जुन! धर्मपुत्र युधिष्ठिरने तुम्हारे बाहुबलका सहारा लेकर इस समूची पृथ्वीपर विजय प्राप्त कर ली ॥

असपत्नां महीं भुङ्क्ते धर्मराजो युधिष्ठिरः ।

भीमसेनानुभावेन यमयोश्च नरोत्तम ॥ १३ ॥

नरश्रेष्ठ! भीमसेन तथा नकुल सहदेवके प्रभावसे धर्मराज युधिष्ठिर इस पृथ्वीका निष्कण्टक राज्य भोग रहे हैं ॥ १३ ॥

धर्मेण राज्ञा धर्मज्ञ प्राप्तं राज्यमकण्टकम् ।

धर्मेण निहतः संख्ये स च राजा सुयोधनः ॥ १४ ॥

पृष्ठ 1647

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1647 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

धर्मज्ञ! राजा युधिष्ठिरने यह निष्कण्टक राज्य धर्मके बलसे ही प्राप्त किया है । धर्मसे ही राजा दुर्योधन युद्धमें मारा गया है ॥ १४ ॥

अधर्मरुचयो लुब्धाः सदा चाप्रियवादिनः ।

धार्तराष्ट्रा दुरात्मानः सानुबन्धा निपातिताः ॥ १५ ॥

धृतराष्ट्रके पुत्र अधर्ममें रुचि रखनेवाले, लोभी, कटुवादी और दुरात्मा थे । इसलिये अपने सगे - सम्बन्धियोंसहित मार गिराये गये ॥ १५ ॥

प्रशान्तामखिलां पार्थ पृथिवीं पृथिवीपतिः ।

भुङ्क्ते धर्मसुतो राजा त्वया गुप्तः कुरूद्वह ॥ १६ ॥

कुरुकुलतिलक कुन्तीकुमार! धर्मपुत्र पृथ्वीपति राजा युधिष्ठिर आज तुमसे सुरक्षित होकर सर्वथा शान्त हुई समूची पृथ्वीका राज्य भोगते हैं ॥ १६ ॥

रमे चाहं त्वया सार्धमरण्येष्वपि पाण्डव ।

किमु यत्र जनोऽयं वै पृथा चामित्रकर्षण ॥ १७ ॥

शत्रुसूदन पाण्डुकुमार! तुम्हारे साथ रहनेपर निर्जन वनमें भी मुझे सुख और आनन्द मिल सकता है । फिर जहाँ इतने लोग और मेरी बुआ कुन्ती हों, वहाँकी तो बात ही क्या है? ॥ १७ ॥

यत्र धर्मसुतो राजा यत्र भीमो महाबलः ।

यत्र माद्रवतीपुत्रौ रतिस्तत्र परा मम ॥ १८ ॥

जहाँ धर्मपुत्र राजा युधिष्ठिर हों, महाबली भीमसेन और माद्रीकुमार नकुल सहदेव हों, वहाँ मुझे परम आनन्द प्राप्त हो सकता है ॥ १८ ॥

तथैव स्वर्गकल्पेषु सभोद्देशेषु कौरव ।

रमणीयेषु पुण्येषु सहितस्य त्वयानघ ॥ १ ९ ॥

कालो महांस्त्वतीतो मे शूरसूनुमपश्यतः ।

बलदेवं च कौरव्य तथान्यान् वृष्णिपुङ्गवान् ॥ २० ॥

सोऽहं गन्तुमभीप्सामि पुरीं द्वारावतीं प्रति ।

रोचतां गमनं मह्यं तवापि पुरुषर्षभ ॥ २१ ॥

निष्पाप कुरुनन्दन! इस सभाभवनके रमणीय एवं पवित्र स्थान स्वर्गके समान सुखद हैं। यहाँ तुम्हारे साथ रहते हुए बहुत दिन बीत गये । इतने दिनोंतक मैं अपने पिता शूरसेनकुमार वसुदेवजीका दर्शन न कर सका । भैया बलदेव तथा अन्यान्य वृष्णिवंशके श्रेष्ठ पुरुषोंके भी दर्शनसे वंचित रहा । अतः अब मैं द्वारकापुरीको जाना चाहता हूँ । पुरुषप्रवर! तुम्हें भी मेरे इस यात्रासम्बन्धी प्रस्तावको सहर्ष स्वीकार करना चाहिये ॥ १ ९ –२१ ॥

उक्तो बहुविधं राजा तत्र तत्र युधिष्ठिरः ।

सह भीष्मेण यद् युक्तमस्माभिः शोककारिते ॥ २२ ॥

पृष्ठ 1648

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1648 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

शोकावस्थामें मनुष्यका दुःख दूर करनेके लिये उसे जो कुछ उपदेश देना उचित है, वह भीष्मसहित हमलोगोंने विभिन्न स्थानोंमें राजा युधिष्ठिरको दिया है । उन्हें अनेक प्रकारसे समझाया है ॥ २२ ॥

शिष्टो युधिष्ठिरोऽस्माभिः शास्ता सन्नपि पाण्डवः ।

तेन तत् तु वचः सम्यग् गृहीतं सुमहात्मना ॥ २३ ॥

यद्यपि पाण्डुपुत्र युधिष्ठिर हमारे शासक और शिक्षक हैं तो भी हमलोगोंने शिक्षा दी है और उन श्रेष्ठ महात्माने हमारी उन सभी बातोंको भलीभाँति स्वीकार किया है ॥

धर्मपुत्रे हि धर्मज्ञे कृतज्ञे सत्यवादिनि ।

सत्यं धर्मो मतिश्चाग्रया स्थितिश्च सततं स्थिरा ॥ २४ ॥

धर्मपुत्र राजा युधिष्ठिर धर्मज्ञ, कृतज्ञ और सत्यवादी हैं । उनमें सत्य, धर्म, उत्तम बुद्धि तथा ऊँची स्थिति आदि गुण सदा स्थिरभावसे रहते हैं ॥ २४ ॥

तत्र गत्वा महात्मानं यदि ते रोचतेऽर्जुन ।

अस्मद्गमनसंयुक्तं वचो ब्रूहि जनाधिपम् ॥ २५ ॥

अर्जुन! यदि तुम उचित समझो तो महात्मा राजा युधिष्ठिरके पास चलकर उनके समक्ष मेरे द्वारका जानेका प्रस्ताव उपस्थित करो ॥ २५ ॥

न हि तस्याप्रियं कुर्यां प्राणत्यागेऽप्युपस्थिते ।

कुतो गन्तुं महाबाहो पुरीं द्वारावतीं प्रति ॥ २६ ॥

महाबाहो! मेरे प्राणोंपर संकट आ जाय तब भी मैं धर्मराजका अप्रिय नहीं कर सकता; फिर द्वारका जानेके लिये उनका दिल दुखाऊँ, यह तो हो ही कैसे सकता है? ॥

सर्वं त्विदमहं पार्थ त्वत्प्रीतिहितकाम्यया ।

ब्रवीमि सत्यं कौरव्य न मिथ्यैतत् कथंचन ॥ २७ ॥

कुरुनन्दन! कुन्तीकुमार! मैं सच्ची बात बता रहा हूँ, मैंने जो कुछ किया या कहा है, वह सब तुम्हारी प्रसन्नताके लिये और तुम्हारे ही हितकी दृष्टिसे किया है । यह किसी तरह मिथ्या नहीं है ॥ २७ ॥

प्रयोजनं च निर्वृत्तमिह वासे ममार्जुन ।

धार्तराष्ट्रो हतो राजा सबलः सपदानुगः ॥ २८ ॥

अर्जुन! यहाँ मेरे रहनेका जो प्रयोजन था, वह पूरा हो गया है । धृतराष्ट्रका पुत्र राजा दुर्योधन अपनी सेना और सेवकोंके साथ मारा गया ॥ २८ ॥

पृथिवी च वशे तात धर्मपुत्रस्य धीमतः ।

स्थिता समुद्रवलया सशैलवनकानना ॥ २ ९ ॥

चिता रत्नैर्बहुविधैः कुरुराजस्य पाण्डव ।

पृष्ठ 1649

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1649 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

तात! पाण्डुनन्दन! नाना प्रकारके रत्नोंके संचयसे सम्पन्न, समुद्रसे घिरी हुई, पर्वत, वन और काननोंसहित यह सारी पृथ्वी भी बुद्धिमान् धर्मपुत्र कुरुराज युधिष्ठिरके अधीन हो गयी ॥ २ ९ ३ ॥ धर्मेण राजा धर्मज्ञः पातु सर्वां वसुन्धराम् ॥ ३० ॥

उपास्यमानो बहुभिः सिद्धैश्चापि महात्मभिः ।

स्तूयमानश्च सततं वन्दिभिर्भरतर्षभ ॥ ३१ ॥

भरतश्रेष्ठ! बहुत- से सिद्ध महात्माओंके संगसे सुशोभित तथा वन्दीजनोंके द्वारा सदा ही प्रशंसित होते हुए धर्मज्ञ राजा युधिष्ठिर अब धर्मपूर्वक सारी पृथ्वीका पालन करें ॥ ३०-३१ ॥

तं मया सह गत्वाद्य राजानं कुरु वर्धनम् ।

आपृच्छ कुरुशार्दूल गमनं द्वारकां प्रति ॥ ३२ ॥

कुरुश्रेष्ठ! अब तुम मेरे साथ चलकर राजाको बधाई दो और मेरे द्वारका जानेके विषयमें उनसे पूछकर आज्ञा दिला दो ॥ ३२ ॥

इदं शरीरं वसु यच्च मे गृहे निवेदितं पार्थ सदा युधिष्ठिरे । प्रियश्च मान्यश्च हि मे युधिष्ठिरः सदा कुरूणामधिपो महामतिः ॥ ३३ ॥

पार्थ! मेरे घरमें जो कुछ धन- सम्पत्ति है, वह और मेरा यह शरीर सदा धर्मराज युधिष्ठिरकी सेवामें समर्पित है। परम बुद्धिमान् कुरुराज युधिष्ठिर सर्वदा मेरे प्रिय और माननीय हैं ॥ ३३ ॥

प्रयोजनं चापि निवासकारणे न विद्यते मे त्वदृते नृपात्मज । स्थिता हि पृथ्वी तव पार्थ शासने गुरोः सुवृत्तस्य युधिष्ठिरस्य च ॥ ३४ ॥

राजकुमार! अब तुम्हारे साथ मन बहलानेके सिवा यहाँ मेरे रहनेका और कोई प्रयोजन नहीं रह गया है । पार्थ! यह सारी पृथ्वी तुम्हारे और सदाचारी गुरु युधिष्ठिरके शासनमें पूर्णतः स्थित है ॥ ३४ ॥

इतीदमुक्तः स तदा महात्मना

जनार्दनेनामितविक्रमोऽर्जुनः ।

तथेति दुःखादिव वाक्यमैरय- ज्जनार्दनं सम्प्रतिपूज्य पार्थिव ॥ ३५ ॥

पृथ्वीनाथ! उस समय महात्मा भगवान् श्रीकृष्णके ऐसा कहनेपर अमित पराक्रमी अर्जुनने उनकी बातका आदर करते हुए बड़े दुःखके साथ ' तथास्तु' कहकर उनके जानेका

पृष्ठ 1650

महाभारत — खण्ड ६, पृष्ठ 1650 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

प्रस्ताव स्वीकार किया ॥ ३५ ॥

इति श्रीमहाभारते आश्वमेधिके पर्वणि अश्वमेधपर्वणि पञ्चदशोऽध्यायः ॥ १५ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत आश्वमेधिकपर्वके अन्तर्गत अश्वमेधपर्वमें पंद्रहवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १५ ॥