श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड १ — पृष्ठ 851–860

महाभारत — खण्ड १ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 851–860

पृष्ठ 851

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 851 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

B. K. Mira शतशृंग पर्वतपर पाण्डुका तप

पृष्ठ 852

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 852 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

वानप्रस्थजनस्यापि दर्शनं कुलवासिनाम् ।

नाप्रियाण्याचरिष्यामि किं पुनर्ग्रामवासिनाम् ॥ ३६ ॥

मैं वानप्रस्थ आश्रममें रहनेवालोंका तथा कुटुम्बी -जनोंका भी दर्शन और अप्रिय नहीं करूँगा; फिर ग्रामवासियोंकी तो बात ही क्या है? ॥ ३६ ॥

एवमारण्यशास्त्राणामुग्रमुग्रतरं विधिम् ।

काङ्क्षमाणोऽहमास्थास्ये देहस्यास्या समापनात् ॥ ३७ ॥

इस प्रकार मैं वानप्रस्थ आश्रमसम्बन्धी शास्त्रोंकी कठोर से कठोर विधियोंके पालनकी आकांक्षा करता हुआ तबतक वानप्रस्थ आश्रममें स्थित रहूँगा जबतक कि शरीरका अन्त न हो जाय ॥ ३७ ॥

वैशम्पायन उवाच

इत्येवमुक्त्वा भार्ये ते राजा कौरवनन्दनः ।

ततश्चूडामणिं निष्कमङ्गदे कुण्डलानि च ॥ ३८ ॥

वासांसि च महार्हाणि स्त्रीणामाभरणानि च ।

प्रदाय सर्वं विप्रेभ्यः पाण्डुः पुनरभाषत ॥ ३ ९ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - जनमेजय! कुरुकुलको आनन्दित करनेवाले राजा पाण्डुने अपनी दोनों पत्नियोंसे यों कहकर अपने सिरपेंच, निष्क ( वक्षःस्थलके आभूषण), बाजूबंद, कुण्डल और बहुमूल्य वस्त्र तथा माद्री और कुन्तीके भी शरीरके गहने उतारकर सब

ब्राह्मणोंको दे दिये । फिर सेवकोंसे इस प्रकार कहा— ॥ ३८-३९ ॥

गत्वा नागपुरं वाच्यं पाण्डुः प्रव्रजितो वनम् ।

अर्थं कामं सुखं चैव रतिं च परमात्मिकाम् ॥ ४० ॥

प्रतस्थे सर्वमुत्सृज्य सभार्यः कुरुनन्दनः । ‘ तुमलोग हस्तिनापुरमें जाकर कह देना कि कुरुनन्दन राजा पाण्डु अर्थ, काम, विषयसुख और स्त्रीविषयक रति आदि सब कुछ छोड़कर अपनी पत्नियोंके साथ वानप्रस्थ हो गये हैं ' ॥ ४० ॥

ततस्तस्यानुयातारस्ते चैव परिचारकाः ॥ ४१ ॥

श्रुत्वा भरतसिंहस्य विविधाः करुणा गिरः ।

भीममार्तस्वरं कृत्वा हाहेति परिचुक्रुशुः ॥ ४२ ॥

भरतसिंह पाण्डुकी यह करुणायुक्त चित्र - विचित्र वाणी सुनकर उनके अनुचर और सेवक सभी हाय - हाय करके भयंकर आर्तनाद करने लगे ॥ ४१-४२ ॥

उष्णमश्रु विमुञ्चन्तस्तं विहाय महीपतिम् ।

ययुर्नागपुरं तूर्णं सर्वमादाय तद् धनम् ॥ ४३ ॥

पृष्ठ 853

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 853 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

उस समय नेत्रोंसे गरम- गरम आँसुओंकी धारा बहाते हुए वे सेवक राजा पाण्डुको छोड़कर और बचा हुआ सारा धन लेकर तुरंत हस्तिनापुरको चले गये ॥ ४३ ॥

ते गत्वा नगरं राज्ञो यथावृत्तं महात्मनः ।

कथयाञ्चक्रिरे राज्ञस्तद् धनं विविधं ददुः ॥ ४४ ॥

उन्होंने हस्तिनापुरमें जाकर महात्मा राजा पाण्डुका सारा समाचार राजा धृतराष्ट्रसे ज्यों - का - त्यों कह सुनाया और वह नाना प्रकारका धन धृतराष्ट्रको ही सौंप दिया ॥ ४४ ॥

श्रुत्वा तेभ्यस्ततः सर्वं यथावृत्तं महावने ।

धृतराष्ट्रो नरश्रेष्ठः पाण्डुमेवान्वशोचत ॥ ४५ ॥

फिर उन सेवकोंसे उस महान् वनमें पाण्डुके साथ घटित हुई सारी घटनाओंको यथावत् सुनकर नरश्रेष्ठ धृतराष्ट्र सदा पाण्डुकी ही चिन्तामें दुःखी रहने लगे ॥ ४५ ॥

न शय्यासनभोगेषु रतिं विन्दति कर्हिचित् ।

भ्रातृशोकसमाविष्टस्तमेवार्थं विचिन्तयन् ॥ ४६ ॥

शय्या, आसन और नाना प्रकारके भोगोंमें कभी उनकी रुचि नहीं होती थी । वे भाईके शोकमें मग्न हो सदा उन्हींकी बात सोचते रहते थे ॥ ४६ ॥

राजपुत्रस्तु कौरव्य पाण्डुर्मूलफलाशनः ।

जगाम सह पत्नीभ्यां ततो नागशतं गिरिम् ॥ ४७ ॥

जनमेजय! राजकुमार पाण्डु फल- मूलका आहार करते हुए अपनी दोनों पत्नियोंके साथ वहाँसे नागशत नामक पर्वतपर चले गये ॥ ४७ ॥

स चैत्ररथमासाद्य कालकूटमतीत्य च ।

हिमवन्तमतिक्रम्य प्रययौ गन्धमादनम् ॥ ४८ ॥

तत्पश्चात् चैत्ररथ नामक वनमें जाकर कालकूट और हिमालय पर्वतको लाँघते हुए वे गन्धमादनपर चले गये ॥ ४८ ॥

रक्ष्यमाणो महाभूतैः सिद्धैश्च परमर्षिभिः ।

उवास स महाराज समेषु विषमेषु च ॥ ४ ९ ॥

इन्द्रद्युम्नसरः प्राप्य हंसकूटमतीत्य च ।

शतशृङ्गे महाराज तापसः समतप्यत ॥ ५० ॥

महाराज! उस समय महाभूत, सिद्ध और महर्षिगण उनकी रक्षा करते थे । वे ऊँची-नीची जमीनपर सो लेते थे । इन्द्रद्युम्न सरोवरपर पहुँचकर तथा उसके बाद हंसकूटको लाँघते हुए वे शतशृंग पर्वतपर जा पहुँचे । जनमेजय! वहाँ वे तपस्वी जीवन बिताते हुए भारी तपस्यामें संलग्न हो गये ॥ ४ ९ -५० ॥ इति श्रीमहाभारते आदिपर्वणि सम्भवपर्वणि पाण्डुचरितेऽष्टादशाधिकशततमोऽध्यायः ॥ ११८ ॥

पृष्ठ 854

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 854 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

इस प्रकार श्रीमहाभारत आदिपर्वके अन्तर्गत सम्भवपर्वमें पाण्डुचरितविषयक एक सौ अठारहवाँ अध्याय पूराहुआ ॥ ११८ ॥

पृष्ठ 855

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 855 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

एकोनविंशत्यधिकशततमोऽध्यायः - पाण्डुका कुन्तीको पुत्र प्राप्तिके लिये प्रयत्न करनेका आदेश वैशम्पायन उवाच

तत्रापि तपसि श्रेष्ठे वर्तमानः स वीर्यवान् ।

सिद्धचारणसङ्घानां बभूव प्रियदर्शनः ॥ १ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - जनमेजय! वहाँ भी श्रेष्ठ तपस्यामें लगे हुए पराक्रमी राजा पाण्डु सिद्ध और चारणोंके समुदायको अत्यन्त प्रिय लगने लगे – इन्हें देखते ही वे प्रसन्न हो जाते थे ॥ १ ॥

शुश्रूषुरनहंवादी संयतात्मा जितेन्द्रियः ।

स्वर्गं गन्तुं पराक्रान्तः स्वेन वीर्येण भारत ॥ २ ॥

भारत! वे ऋषि - मुनियोंकी सेवा करते, अहंकारसे दूर रहते और मनको वशमें रखते थे । उन्होंने सम्पूर्ण इन्द्रियोंको जीत लिया था । वे अपनी ही शक्तिसे स्वर्गलोकमें जानेके लिये सदा सचेष्ट रहने लगे ॥ २ ॥

केषांचिदभवद् भ्राता केषांचिदभवत् सखा ।

ऋषयस्त्वपरे चैनं पुत्रवत् पर्यपालयन् ॥ ३ ॥

कितने ही ऋषियोंका उनपर भाईके समान प्रेम था । कितनोंके वे मित्र हो गये थे और दूसरे बहुत - से महर्षि उन्हें अपने पुत्रके समान मानकर सदा उनकी रक्षा करते थे ॥ ३ ॥

स तु कालेन महता प्राप्य निष्कल्मषं तपः ।

ब्रह्मर्षिसदृशः पाण्डुर्बभूव भरतर्षभ ॥ ४ ॥

भरतश्रेष्ठ जनमेजय! राजा पाण्डु दीर्घकालतक पापरहित तपस्याका अनुष्ठान करके ब्रह्मर्षियोंके समान प्रभावशाली हो गये थे ॥ ४ ॥

अमावास्यां तु सहिता ऋषयः संशितव्रताः ।

ब्रह्माणं द्रष्टुकामास्ते सम्प्रतस्थुर्महर्षयः ॥ ५ ॥

एक दिन अमावास्या तिथिको कठोर व्रतका पालन करनेवाले बहुत -से ऋषि -महर्षि एकत्र हो ब्रह्माजीके दर्शनकी इच्छासे ब्रह्मलोकके लिये प्रस्थित हुए ॥ ५ ॥

सम्प्रयातानृषीन् दृष्ट्वा पाण्डुर्वचनमब्रवीत् ।

भवन्तः क्व गमिष्यन्ति ब्रूत मे वदतां वराः ॥ ६ ॥

ऋषियोंको प्रस्थान करते देख पाण्डुने उनसे पूछा — ' वक्ताओंमें श्रेष्ठ मुनीश्वरो! आपलोग कहाँ जायँगे? यह मुझे बताइये ' ॥ ६ ॥

पृष्ठ 856

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 856 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

ऋषय ऊचुः समवायो महानद्य ब्रह्मलोके महात्मनाम् ।

देवानां च ऋषीणां च पितॄणां च महात्मनाम् ।

वयं तत्र गमिष्यामो द्रष्टुकामाः स्वयम्भुवम् ॥ ७ ॥

ऋषि बोले — राजन्! आज ब्रह्मलोकमें महात्मा देवताओं, ऋषि- मुनियों तथा महामना पितरोंका बहुत बड़ा समूह एकत्र होनेवाला है । अतः हम वहीं स्वयम्भू ब्रह्माजीका दर्शन करनेके लिये जायँगे ॥ ७ ॥

वैशम्पायन उवाच

पाण्डुरुत्थाय सहसा गन्तुकामो महर्षिभिः ।

स्वर्गपारं तितीर्षुः स शतशृङ्गादुदङ्मुखः ॥ ८ ॥

प्रतस्थे सह पत्नीभ्यामब्रुवंस्तं च तापसाः ।

उपर्युपरि गच्छन्तः शैलराजमुदङ्मुखाः ॥ ९ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - राजन्! यह सुनकर महाराज पाण्डु भी महर्षियोंके साथ जानेके लिये सहसा उठ खड़े हुए । उनके मनमें स्वर्गके पार जानेकी इच्छा जाग उठी और वे उत्तरकी ओर मुँह करके अपनी दोनों पत्नियोंके साथ शतशृंग पर्वतसे चल दिये । यह देख गिरिराज हिमालयके ऊपर-ऊपर उत्तराभिमुख यात्रा करनेवाले तपस्वी मुनियोंने कहा — - ॥ ८-९ ॥

दृष्टवन्तो गिरौ रम्ये दुर्गान् देशान् बहून् वयम् ।

विमानशतसम्बाधां गीतस्वरनिनादिताम् ॥ १० ॥

आक्रीडभूमिं देवानां गन्धर्वाप्सरसां तथा ।

उद्यानानि कुबेरस्य समानि विषमाणि च ॥ ११ ॥

‘ भरतश्रेष्ठ! इस रमणीय पर्वतपर हमने बहुत से ऐसे प्रदेश देखे हैं, जहाँ जाना बहुत कठिन है । वहाँ देवताओं, गन्धर्वों तथा अप्सराओंकी क्रीड़ाभूमि है, जहाँ सैकड़ों विमान खचाखच भरे रहते हैं और मधुर गीतोंके स्वर गूँजते रहते हैं । इसी पर्वतपर कुबेरके अनेक उद्यान हैं, जहाँकी भूमि कहीं समतल है और कहीं नीची-ऊँची ॥ १०-११ ॥

महानदीनितम्बांश्च गहनान् गिरिगह्वरान् ।

सन्ति नित्यहिमा देशा निर्वृक्षमृगपक्षिणः ॥ १२ ॥

‘ इस मार्गमें हमने कई बड़ी -बड़ी नदियोंके दुर्गम तट और कितनी ही पर्वतीय घाटियाँ देखी हैं। यहाँ बहुत - से ऐसे स्थल हैं, जहाँ सदा बर्फ जमी रहती है तथा जहाँ वृक्ष, पशु और पक्षियोंका नाम भी नहीं है ॥ १२ ॥

सन्ति क्वचिन्महादर्यो दुर्गाः काश्चिद् दुरासदाः ।

नातिक्रामेत पक्षी यान् कुत एवेतरे मृगाः ॥ १३ ॥

पृष्ठ 857

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 857 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

' कहीं - कहीं बहुत बड़ी गुफाएँ हैं, जिनमें प्रवेश करना अत्यन्त कठिन है । कइयोंके तो निकट भी पहुँचना कठिन है । ऐसे स्थलोंको पक्षी भी नहीं पार कर सकता, फिर मृग आदि अन्य जीवोंकी तो बात ही क्या है? ॥ १३ ॥

वायुरेको हि यात्यत्र सिद्धाश्च परमर्षयः ।

गच्छन्त्यौ शैलराजेऽस्मिन् राजपुत्र्यौ कथं त्विमे ॥ १४ ॥

न सीदेतामदुःखार्हे मा गमो भरतर्षभ । ' इस मार्गपर केवल वायु चल सकती है तथा सिद्ध महर्षि भी जा सकते हैं । इस पर्वतराजपर चलती हुई ये दोनों राजकुमारियाँ कैसे कष्ट न पायेंगी? भरतवंशशिरोमणे! ये दोनों रानियाँ दुःख सहन करनेके योग्य नहीं हैं; अतः आप न चलिये' ॥ १४ ॥

पाण्डुरुवाच अप्रजस्य महाभागा न द्वारं परिचक्षते ॥ १५ ॥

स्वर्गे तेनाभितप्तोऽहमप्रजस्तु ब्रवीमि वः ।

पित्र्यादृणादनिर्मुक्तस्तेन तप्ये तपोधनाः ॥ १६ ॥

पाण्डुने कहा — महाभाग महर्षिगण! संतानहीनके लिये स्वर्गका दरवाजा बंद रहता है, ऐसा लोग कहते हैं । मैं भी संतानहीन हूँ, इसलिये दुःखसे संतप्त होकर आपलोगोंसे कुछ निवेदन करता हूँ । तपोधनो! मैं पितरोंके ऋणसे अबतक छूट नहीं सका हूँ, इसलिये चिन्तासे संतप्त हो रहा हूँ ॥ १५-१६ ॥

देहनाशे ध्रुवो नाशः पितृणामेष निश्चयः ।

ऋणैश्चतुर्भिः संयुक्ता जायन्ते मानवा भुवि ॥ १७ ॥

निःसंतान - अवस्थामें मेरे इस शरीरका नाश होने पर मेरे पितरोंका पतन अवश्य हो जायगा । मनुष्य इस पृथ्वीपर चार प्रकारके ऋणोंसे युक्त होकर जन्म लेते हैं ॥ १७ ॥

पितृदेवर्षिमनुजैर्देयं तेभ्यश्च धर्मतः ।

एतानि तु यथाकालं यो न बुध्यति मानवः ॥ १८ ॥

न तस्य लोकाः सन्तीति धर्मविद्भिः प्रतिष्ठितम् ।

यज्ञैस्तु देवान् प्रीणाति स्वाध्यायतपसा मुनीन् ॥ १ ९ ॥

(उन ऋणोंके नाम ये हैं - ) पितृ ऋण, देव ऋण, ऋषि ऋण और मनुष्य -ऋण । उन सबका ऋण धर्मतः हमें चुकाना चाहिये । जो मनुष्य यथासमय इन ऋणोंका ध्यान नहीं रखता, उसके लिये पुण्यलोक सुलभ नहीं होते । यह मर्यादा धर्मज्ञ पुरुषोंने स्थापित की है । यज्ञोंद्वारा मनुष्य देवताओंको तृप्त करता है, स्वाध्याय और तपस्याद्वारा मुनियोंको संतोष दिलाता है ॥ १८-१९ ॥

पुत्रैः श्राद्धैः पितॄंश्चापि आनृशंस्येन मानवान् ।

ऋषिदेवमनुष्याणां परिमुक्तोऽस्मि धर्मतः ॥ २० ॥

पृष्ठ 858

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 858 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

त्रयाणामितरेषां तु नाश आत्मनि नश्यति ।

पित्र्यादृणादनिर्मुक्त इदानीमस्मि तापसाः ॥ २१ ॥

पुत्रोत्पादन और श्राद्धकर्मोंद्वारा पितरोंको तथा दयापूर्ण बर्तावद्वारा वह मनुष्योंको संतुष्ट करता है । मैं धर्मकी दृष्टिसे ऋषि, देव तथा मनुष्य- इन तीनों ऋणोंसे मुक्त हो चुका

हूँ । अन्य अर्थात् पितरोंके ऋणका नाश तो इस शरीरके नाश होनेपर भी शायद ही हो सके ।

तपस्वी मुनियो! मैं अबतक पितृ-ऋणसे मुक्त न हो सका ॥ २०-२१ ॥

इह तस्मात् प्रजाहेतोः प्रजायन्ते नरोत्तमाः ।

यथैवाहं पितुः क्षेत्रे जातस्तेन महर्षिणा ॥ २२ ॥

तथैवास्मिन् मम क्षेत्रे कथं वै सम्भवेत् प्रजा । इस लोकमें श्रेष्ठ पुरुष पितृऋणसे मुक्त होनेके लिये संतानोत्पत्तिका प्रयत्न करते और स्वयं ही पुत्ररूपमें जन्म लेते हैं । जैसेमैं अपने पिताके क्षेत्रमें महर्षि व्यासद्वारा उत्पन्न हुआ हूँ, उसी प्रकार मेरे इस क्षेत्रमें भी कैसेसंतानकी उत्पत्ति हो सकती है? ॥ २२ ॥

ऋषय ऊचुः अस्ति वै तव धर्मात्मन् विद्मो देवोपमं शुभम् ॥ २३ ॥

अपत्यमनघं राजन् वयं दिव्येन चक्षुषा ।

दैवोद्दिष्टं नरव्याघ्र कर्मणेहोपपादय ॥ २४ ॥

ऋषि बोले — धर्मात्मा नरेश! तुम्हें पापरहित देवोपम शुभ संतान होनेका योग है, यह हम दिव्यदृष्टिसे जानते हैं । नरव्याघ्र! भाग्यने जिसे दे रखा है, उस फलको प्रयत्नद्वारा प्राप्त कीजिये ॥ २३-२४ ॥

अक्लिष्टं फलमव्यग्रो विन्दते बुद्धिमान् नरः ।

तस्मिन् दृष्टे फले राजन् प्रयत्नं कर्तुमर्हसि ॥ २५ ॥

अपत्यं गुणसम्पन्नं लब्धा प्रीतिकरं ह्यसि । बुद्धिमान् मनुष्य व्यग्रता छड़कर बिना क्लेशके ही अभीष्ट फलको प्राप्त कर लेता है । राजन्! आपको उस दृष्ट फलके लिये प्रयत्न करना चाहिये । आप निश्चय ही गुणवान् और हर्षोत्पादक संतान प्राप्त करेंगे ॥ २५३ ॥

वैशम्पायन उवाच नच्छ्रुत्वा तापसवचः पाण्डुश्चिन्तापरोऽभवत् ॥ २६ ॥

वैशम्पायनजी कहते हैं - जनमेजय! तपस्वी मुनियोंका यह वचन सुनकर राजा पाण्डु बड़े सोच-विचारमें पड़ गये ॥ २६ ॥

आत्मनो मृगशापेन जानन्नुपहतां क्रियाम् ।

सोऽब्रवीद् विजने कुन्तीं धर्मपत्नीं यशस्विनीम् ।

अपत्योत्पादने यत्नमापदि त्वं समर्थय ॥ २७ ॥

पृष्ठ 859

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 859 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

वे जानते थे कि मृगरूपधारी मुनिके शापसे मेरा संतानोत्पादन विषयक पुरुषार्थ नष्ट हो चुका है। एक दिन वे अपनी यशस्विनी धर्मपत्नी कुन्तीसे एकान्तमें इस प्रकार बोले —‘देवि! यह हमारे लिये आपत्तिकाल है, इस समय संतानोत्पादनके लिये जो आवश्यक प्रयत्न हो, उसका तुम समर्थन करो ॥ २७ ॥

अपत्यं नाम लोकेषु प्रतिष्ठा धर्मसंहिता ।

इति कुन्ति विदुर्धीराः शाश्वतं धर्मवादिनः ॥ २८ ॥

इष्टं दत्तं तपस्तप्तं नियमश्च स्वनुष्ठितः ।

सर्वमेवानपत्यस्य न पावनमिहोच्यते ॥ २ ९ ॥

' सम्पूर्ण लोकोंमें संतान ही धर्ममयी प्रतिष्ठा है–कुन्ती! सदा धर्मका प्रतिपादन करनेवाले धीर पुरुष ऐसा ही मानते हैं। संतानहीन मनुष्य इस लोकमें यज्ञ, दान, तप और नियमोंका भलीभाँति अनुष्ठान कर ले, तो भी उसके किये हुए सब कर्म पवित्र नहीं कहे जाते ॥ २८-२९ ॥

सोऽहमेवं विदित्वैतत् प्रपश्यामि शुचिस्मिते ।

अनपत्यः शुभाँल्लोकान् न प्राप्स्यामीति चिन्तयन् ॥ ३० ॥

‘ पवित्र मुसकानवाली कुन्तिभोजकुमारी! इस प्रकार सोच- समझकर मैं तो यही देख रहा हूँ कि संतानहीन होनेके कारण मुझे शुभ लोकोंकी प्राप्ति नहीं हो सकती । मैं निरन्तर इसी चिन्तामें डूबा रहता हूँ ॥ ३० ॥

मृगाभिशापान्नष्टं मे जननं ह्यकृतात्मनः ।

नृशंसकारिणो भीरु यथैवोपहतं पुरा ॥ ३१ ॥

' मेरा मन अपने वशमें नहीं, मैं क्रूरतापूर्ण कर्म करनेवाला हूँ । भीरु! इसीलिये मृगके शापसे मेरी संतानोत्पादन- शक्ति उसी प्रकार नष्ट हो गयी है, जिस प्रकार मैंने उस मृगका वध करके उसके मैथुनमें बाधा डाली थी ॥ ३१ ॥

इमे वै बन्धुदायादाः षट् पुत्रा धर्मदर्शने ।

षडेवाबन्धुदायादाः पुत्रास्ताञ्छृणु मे पृथे ॥ ३२ ॥

‘ पृथे! धर्मशास्त्रमें ये आगे बताये जानेवाले छः पुत्र ' बन्धुदायाद' कहे गये हैं, जो कुटुम्बी होनेसे सम्पत्तिके उत्तराधिकारी होते हैं और छः प्रकारके पुत्र ' अबन्धुदायाद' हैं, जो कुटुम्बी न होनेपर भी उत्तराधिकारी बताये गये हैं । इन सबका वर्णन मुझसे सुनो ॥ ३२ ॥

स्वयंजातः प्रणीतश्च तत्समः पुत्रिकासुतः ।

पौनर्भवश्च कानीनः भगिन्यां यश्च जायते ॥ ३३ ॥

'पहला पुत्र वह है, जो विवाहिता पत्नीसे अपने द्वारा उत्पन्न किया गया हो; उसे ' स्वयंजात' कहते हैं । दूसरा प्रणीत कहलाता है, जो अपनी ही पत्नीके गर्भसे किसी उत्तम पुरुषके अनुग्रहसे उत्पन्न होता है । तीसरा जो अपनी पुत्रीका पुत्र हो, वह भी उसके ही

पृष्ठ 860

महाभारत — खण्ड १, पृष्ठ 860 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

समान माना गया है । चौथे प्रकारके पुत्रकी पौनर्भव संज्ञा है, जो दूसरी बार ब्याही हुई स्त्रीसे उत्पन्न हुआ हो । पाँचवें प्रकारके पुत्रकी कानीन संज्ञा है ( विवाहसे पहले ही जिस कन्याको इस शर्तके साथ दिया जाता है कि इसके गर्भसे उत्पन्न होनेवाला पुत्र मेरा पुत्र समझा जायगा उस कन्याके पुत्रको ' कानीन' कहते हैं ) । जो बहनका पुत्र ( भानजा ) है, वह छठा कहा गया है ॥ ३३ ॥

दत्तः क्रीतः कृत्रिमश्च उपगच्छेत् स्वयं च यः ।

सहोढो ज्ञातिरेताश्च हीनयोनिधृतश्च यः ॥ ३४ ॥

‘ अब छः प्रकारके अबन्धुदायाद पुत्र कहे जाते हैं -दत्त (जिसे माता- पिताने स्वयं समर्पित कर दिया हो ), क्रीत ( जिसे धन आदि देकर खरीद लिया गया हो ), कृत्रिम — जो स्वयं मैं आपका पुत्र हूँ, यों कहकर समीप आया हो, सहोढ ( जो कन्यावस्थामें ही गर्भवती होकर ब्याही गयी हो, उसके गर्भसे उत्पन्न पुत्र सहोढ कहलाता है ), ज्ञातिरेता ( अपने कुलका पुत्र ) तथा अपनेसे हीन जातिकी स्त्रीके गर्भसे उत्पन्न हुआ पुत्र । ये सभी अबन्धुदायाद हैं ॥ ३४ ॥

पूर्वपूर्वतमाभावं मत्वा लिप्सेत वै सुतम् ।

उत्तमादवराः पुंसः काङ्क्षन्ते पुत्रमापदि ॥ ३५ ॥

'इनमेंसे पूर्व - पूर्वके अभावमें ही दूसरे दूसरे पुत्रकी अभिलाषा करे । आपत्तिकालमें नीची जातिके पुरुष श्रेष्ठ पुरुषसे भी पुत्रोत्पत्तिकी इच्छा कर सकते हैं ॥ ३५ ॥

अपत्यं धर्मफलदं श्रेष्ठं विन्दन्ति मानवाः ।

आत्मशुक्रादपि पृथे मनुः स्वायम्भुवोऽब्रवीत् ॥ ३६ ॥

‘ पृथे! अपने वीर्यके बिना भी मनुष्य किसी श्रेष्ठ पुरुषके सम्बन्धसे श्रेष्ठ पुत्र प्राप्त कर लेते हैं और वह धर्मका फल देनेवाला होता है, यह बात स्वायम्भुव मनुने कही है ॥ ३६ ॥

तस्मात् प्रहेष्याम्यद्य त्वां हीनः प्रजननात् स्वयम् ।

सदृशाच्छ्रेयसो वा त्वं विद्ध्यपत्यं यशस्विनि ॥ ३७ ॥

‘ अतः यशस्विनी कुन्ती! मैं स्वयं संतानोत्पादनकी शक्तिसे रहित होनेके कारण तुम्हें आज दूसरेके पास भेजूँगा । तुम मेरे सदृश अथवा मेरी अपेक्षा भी श्रेष्ठ पुरुषसे संतान प्राप्त करो ' ॥ ३७ ॥

इति श्रीमहाभारते आदिपर्वणि सम्भवपर्वणि पाण्डुपृथासंवादे ऊनविंशत्यधिकशततमोऽध्यायः ॥ ११ ९ ॥ इस प्रकार श्रीमहाभारत आदिपर्वके अन्तर्गत सम्भवपर्वमें पाण्डु-पृथा- संवादविषयक एक सौ उन्नीसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ११९ ॥