श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड ५ — पृष्ठ 1051–1060

महाभारत — खण्ड ५ · Gita Press, Gorakhpur · पृष्ठ 1051–1060

पृष्ठ 1051

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1051 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

द्विषष्ट्यधिकशततमोऽध्यायः सत्यके लक्षण, स्वरूप और महिमाका वर्णन युधिष्ठिर उवाच

सत्यं धर्मं प्रशंसन्ति विप्रर्षिपितृदेवताः ।

सत्यमिच्छाम्यहं श्रीतुं तन्मे ब्रूहि पितामह ॥ १ ॥

युधिष्ठिरने पूछा – पितामह! ब्राह्मण, ऋषि, पितर और देवता —ये सब सत्यभाषणरूप धर्मकी प्रशंसा करते हैं; अतः अब मैं यह सुनना चाहता हूँ कि सत्य क्या है? उसे मुझे बताइये ॥ १ ॥

सत्यं किं लक्षणं राजन् कथं वा तदवाप्यते ।

सत्यं प्राप्य भवेत् किं च कथं चैव तदुच्यताम् ॥ २ ॥

राजन्! सत्यका लक्षण क्या है? उसकी प्राप्ति कैसे होती है? सत्यका पालन करनेसे क्या लाभ होता है? और कैसे होता है? यह बताइये ॥ २ ॥

भीष्म उवाच

चातुर्वर्ण्यस्य धर्माणां संकरो न प्रशस्यस्ते ।

अविकारितमं सत्यं सर्ववर्णेषु भारत ॥ ३ ॥

भीष्मजीने कहा- भरतनन्दन! ब्राह्मण आदि चारों वर्णोंके जो धर्म हैं, उनका परस्पर सम्मिश्रण अच्छा नहीं माना जाता है । निर्विकार सत्य सभी वर्णोंमें प्रतिष्ठित है ॥ ३ ॥

सत्यं सत्सु सदा धर्मः सत्यं धर्मः सनातनः ।

सत्यमेव नमस्येत सत्यं हि परमा गतिः ॥ ४ ॥

सत्पुरुषोंमें सदा सत्यरूप धर्मका ही पालन हुआ है । सत्य ही सनातन धर्म है । सत्यको ही सदा सिर झुकाना चाहिये; क्योंकि सत्य ही जीवकी परम गति है ॥ ४ ॥

सत्यं धर्मस्तपो योगः सत्यं ब्रह्म सनातनम् ।

सत्यं यज्ञः परः प्रोक्तः सर्वं सत्ये प्रतिष्ठितम् ॥ ५ ॥

सत्य ही धर्म, तप और योग है, सत्य ही सनातन ब्रह्म है, सत्यको ही परम यज्ञ कहा गया है तथा सब कुछ सत्यपर ही टिका हुआ है ॥ ५ ॥

आचारानिह सत्यस्य यथावदनुपूर्वशः ।

लक्षणं च प्रवक्ष्यामि सत्यस्येह यथाक्रमम् ॥ ६ ॥

अब मैं तुम्हें क्रमशः सत्यके आचार और लक्षण ठीक- ठीक बताऊँगा ॥ ६ ॥

प्राप्यते च यथा सत्यं तच्च श्रोतुमिहार्हसि ।

सत्यं त्रयोदशविधं सर्वलोकेषु भारत ॥ ७ ॥

पृष्ठ 1052

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1052 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

साथ ही यह भी बता देना चाहता हूँ कि उस सत्यकी प्राप्ति कैसे होती है? तुम ध्यान देकर सुनो । भारत! सम्पूर्ण लोकोंमें सत्यके तेरह भेद माने गये हैं ॥ ७ ॥

सत्यं च समता चैव दमश्चैव न संशयः ।

अमात्सर्यं क्षमा चैव ह्रीस्तितिक्षानसूयता ॥ ८ ॥

त्यागो ध्यानमथार्यत्वं धृतिश्च सततं स्थिरा ।

अहिंसा चैव राजेन्द्र सत्याकारास्त्रयोदश ॥ ९ ॥

राजेन्द्र! सत्य, समता, दम, मत्सरताका अभाव, क्षमा, लज्जा, तितिक्षा ( सहनशीलता ), अनसूया, त्याग, परमात्माका ध्यान, आर्यता ( श्रेष्ठ आचरण ), निरन्तर स्थिर रहनेवाली धृति ( धैर्य ) तथा अहिंसा - ये तेरह सत्यके ही स्वरूप हैं, इसमें संशय नहीं है ॥ ८ -९ ॥

सत्यं नामाव्ययं नित्यमविकारि तथैव च ।

सर्वधर्माविरुद्धेन योगेनैतदवाप्यते ॥ १० ॥

नित्य एकरस, अविनाशी और अविकारी होना ही सत्यका लक्षण है । समस्त धर्मोके अनुकूल कर्तव्य - पालनरूप योगके द्वारा इस सत्यकी प्राप्ति होती है ॥ १० ॥

आत्मनीष्टे तथानिष्टे रिपौ च समता तथा ।

इच्छाद्वेषक्षयं प्राप्य कामक्रोधक्षयं तथा ॥ ११ ॥

अपने प्रिय मित्रमें तथा अप्रिय शत्रुमें भी समानभाव रखना ' समता ' है । इच्छा ( राग ), द्वेष, काम और क्रोधको मिटा देना ही समताकी प्राप्तिका उपाय है ॥ ११ ॥

दमो नान्यस्पृहा नित्यं गाम्भीर्यं धैर्यमेव च ।

अभयं रोगशमनं ज्ञानेनैतदवाप्यते ॥ १२ ॥

किसी दूसरेकी वस्तुको लेनेकी इच्छा न करना, सदा गम्भीरता और धीरता रखना, भयको त्याग देना तथा मनके रोगोंको शान्त कर देना - यह ' दम ' ( मन और इन्द्रियोंके संयम) का लक्षण है । इसकी प्राप्ति ज्ञानसे होती है ॥ १२ ॥

अमात्सर्यं बुधाः प्राहुर्दाने धर्मे च संयमः ।

अवस्थितेन नित्यं च सत्येनामत्सरी भवेत् ॥ १३ ॥

दान और धर्म करते समय मनपर संयम रखना अर्थात् इस विषयमें दूसरोंसे ईर्ष्या न करना इसे विद्वान् लोग ' मत्सरताका अभाव' कहते हैं । सदा सत्यका पालन करनेसे ही मनुष्य मत्सरतासे रहित हो सकता है ॥ १३ ॥

अक्षमायाः क्षमायाश्च प्रियाणीहाप्रियाणि च ।

क्षमते सम्मतः साधुः साध्वाप्नोति च सत्यवाक् ॥ १४ ॥

जो सहने और न सहनेयोग्य व्यवहारों तथा प्रिय एवं अप्रिय वचनोंको भी समानरूपसे सहन कर लेता है, वही सर्वसम्मत क्षमाशील श्रेष्ठ पुरुष है । सत्यवादी पुरुषको ही उत्तम रीतिसे क्षमाभावकी प्राप्ति होती है ॥ १४ ॥

पृष्ठ 1053

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1053 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

कल्याणं कुरुते बाढं धीमान् न ग्लायते क्वचित् ।

प्रशान्तवाङ्मना नित्यं ह्रीस्तु धर्मादवाप्यते ॥ १५ ॥

जो बुद्धिमान् पुरुष भलीभाँति दूसरोंका कल्याण करता है और मनमें कभी खेद नहीं मानता, जिसकी मन- वाणी सदा शान्त रहती है, वह लज्जाशील माना जाता है । यह लज्जा नामक गुण धर्मके आचरणसे प्राप्त होता है ॥ १५ ॥

धर्मार्थहेतोः क्षमते तितिक्षा क्षान्तिरुच्यते ।

लोकसंग्रहणार्थं वै सा तु धैर्येण लभ्यते ॥ १६ ॥

धर्म और अर्थके लिये मनुष्य जो कष्ट सहन करता है, उसकी वह सहनशीलता ‘ तितिक्षा' कहलाती है । लोगोंके सामने आदर्श उपस्थित करनेके लिये उसका अवश्य पालन करना चाहिये । तितिक्षाकी प्राप्ति धैर्यसे होती है । ( दूसरोंके दोष न देखना ‘ अनसूया ’ है ) ॥ १६ ॥

त्यागः स्नेहस्य यत् त्यागो विषयाणां तथैव च ।

रागद्वेषप्रहीणस्य त्यागो भवति नान्यथा ॥ १७ ॥

विषयोंकी आसक्तिका जो त्याग है, वही वास्तविक त्याग है । राग -द्वेषसे रहित होनेपर ही त्यागकी सिद्धि होती है, अन्यथा नहीं ( परमात्मचिन्तनका नाम ही ' ध्यान' है ) ॥ १७ ॥

आर्यता नाम भूतानां यः करोति प्रयत्नतः ।

शुभं कर्म निराकारो वीतरागस्तथैव च ॥ १८ ॥

जो मनुष्य अपनेको प्रकट न करके प्रयत्नपूर्वक प्राणियोंकी भलाईका काम करता रहता है, उसके उस श्रेष्ठ भाव और आचरणका नाम ही ' आर्यता ' है । यह आसक्तिके त्यागसे प्राप्त होता है ॥ १८ ॥

धृतिर्नाम सुखे दुःखे यथा नाप्नोति विक्रियाम् ।

ता भजेत सदा प्राज्ञो य इच्छेद् भूतिमात्मनः ॥ १ ९ ॥

सुख या दुःख प्राप्त होनेपर मनमें विकार न होना ' धृति' है । जो अपनी उन्नति चाहता हो, उस बुद्धिमान् पुरुषको सदा ही ' धृति' का सेवन करना चाहिये ॥ १ ९ ॥

सर्वथा क्षमिणा भाव्यं तथा सत्यपरेण च ।

वीतहर्षभयक्रोधो धृतिमाप्नोति पण्डितः ॥ २० ॥

मनुष्यको सदा क्षमाशील होना तथा सत्यमें तत्पर रहना चाहिये । जिसने हर्ष, भय और क्रोध तीनोंको त्याग दिया है, उस विद्वान् पुरुषको ही ' धैर्य' की प्राप्ति होती है ॥ २० ॥

अद्रोहः सर्वभूतेषु कर्मणा मनसा गिरा ।

अनुग्रहश्च दानं च सतां धर्मः सनातनः ॥ २१ ॥

मन, वाणी और क्रियाद्वारा सभी प्राणियोंके साथ कभी द्रोह न करना तथा दया और दान —यह श्रेष्ठ पुरुषोंका सनातन धर्म है ॥ २१ ॥

एते त्रयोदशाकाराः पृथक् सत्यैकलक्षणाः ।

पृष्ठ 1054

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1054 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

भजन्ते सत्यमेवेह बृंहयन्ते च भारत ॥ २२ ॥

ये पृथक् - पृथक् तेरह रूपोंमें बताये हुए धर्म एकमात्र सत्यको ही लक्षित करानेवाले हैं । ये सत्यका ही आश्रय लेते और उसीकी वृद्धि एवं पुष्टि करते हैं ॥ २२ ॥

नान्तः शक्यो गुणानां च वक्तुं सत्यस्य पार्थिव ।

अतः सत्यं प्रशंसन्ति विप्राः सपितृदेवताः ॥ २३ ॥

पृथ्वीनाथ! सत्यके गुणोंकी सीमा नहीं बतायी जा सकती । इसीलिये पितर और देवताओंके सहित ब्राह्मण सत्यकी प्रशंसा करते हैं ॥ २३ ॥

नास्ति'सत्यात् परो धर्मो नानृतात् पातकं परम् ।

स्थितिर्हि सत्यं धर्मस्य तस्मात् सत्यं न लोपयेत् ॥ २४ ॥

सत्यसे बढ़कर कोई धर्म नहीं और झूठसे बढ़कर कोई पातक नहीं है । सत्य ही धर्मकी आधारशिला है; अतः सत्यका लोप न करे ॥ २४ ॥

उपैति सत्याद् दानं हि तथा यज्ञाः सदक्षिणाः ।

त्रेताग्निहोत्रं वेदाश्च ये चान्ये धर्मनिश्चयाः ॥ २५ ॥

दानका, दक्षिणाओंसहित यज्ञका, त्रिविध अग्नियोंमें हवनका, वेदोंके स्वाध्यायका तथा अन्य जो धर्मका निर्णय करनेवाले शास्त्र हैं, उनके भी अध्ययनका फल मनुष्य सत्यसे प्राप्त कर लेता है ॥ २५ ॥

अश्वमेधसहस्रं च सत्यं च तुलया धृतम् ।

अश्वमेधसहस्राद्धि सत्यमेव विशिष्यते ॥ २६ ॥

यदि एक ओर एक हजार अश्वमेध यज्ञोंको और दूसरी ओर एकमात्र सत्यको तराजूपर रखा जाय तो एक हजार अश्वमेध यज्ञोंकी अपेक्षा सत्यका ही पलड़ा भारी होगा ॥ २६ ॥

इति श्रीमहाभारते शान्तिपर्वणि आपद्धर्मपर्वणि सत्यप्रशंसायां द्विषष्ट्यधिकशततमोऽध्यायः ॥ १६२ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत शान्तिपर्वके अन्तर्गत आपद्धर्मपर्वमें सत्यकी प्रशंसाविषयक एक सौ बासठवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १६२ ॥

पृष्ठ 1055

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1055 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

त्रिषष्ट्यधिकशततमोऽध्यायः काम, क्रोध आदि तेरह दोषोंका निरूपण और उनके नाशका उपाय युधिष्ठिर उवाच

यतः प्रभवति क्रोधः कामो वा भरतर्षभ ।

शोकमोहौ विधित्सा च परासुत्वं तथा मदः ॥ १ ॥

लोभो मात्सर्यमीर्ष्या च कुत्सासूया कृपा तथा ।

एतत् सर्वं महाप्राज्ञ याथातथ्येन मे वद ॥ २ ॥

युधिष्ठिरने पूछा — भरतश्रेष्ठ! परम बुद्धिमान् पितामह! क्रोध, काम, शोक, मोह, विधित्सा ( शास्त्र - विरुद्ध काम करनेकी इच्छा), परासुता ( दूसरोंके मारनेकी इच्छा ), मद, लोभ, मात्सर्य, ईर्ष्या, निन्दा, दोषदृष्टि और कंजूसी ( दैन्यभाव ) – ये सब दोष किससे उत्पन्न होते हैं?, यह ठीक - ठीक बताइये ॥ १-२ ॥ भीष्मउवाच

त्रयोदशैतेऽतिबलाः शत्रवः प्राणिनां स्मृताः ।

उपासन्ते महाराज समन्तात् पुरुषानिह ॥ ३ ॥

भीष्मजीने कहा- महाराज युधिष्ठिर! तुम्हारे कहे हुए ये तेरह दोष प्राणियोंके अत्यन्त प्रबल शत्रु माने गये हैं, जो यहाँ मनुष्योंको सब ओरसे घेरे रहते हैं ॥ ३ ॥

एते प्रमत्तं पुरुषमप्रमत्तास्तुदन्ति च ।

वृका इव विलुम्पन्ति दृष्ट्वैव पुरुषं बलात् ॥ ४ ॥

ये सदा सावधान रहकर प्रमादमें पड़े हुए पुरुषको अत्यन्त पीड़ा देते हैं । मनुष्यको देखते ही भेड़ियोंकी तरह बलपूर्वक उसपर टूट पड़ते हैं ॥ ४ ॥

एभ्यः प्रवर्तते दुःखमेभ्यः पापं प्रवर्तते ।

इति मर्त्यो विजानीयात् सततं पुरुषर्षभ ॥ ५ ॥

नरश्रेष्ठ! इन्हींसे सबको दुःख प्राप्त होता है, इन्हींकी प्रेरणासे मनुष्यकी पापकर्मोंमें प्रवृत्ति होती है । प्रत्येक पुरुषको सदा इस बातकी जानकारी रखनी चाहिये ॥ ५ ॥

एतेषामुदयं स्थानं क्षयं च पृथिवीपते ।

हन्त ते कथयिष्यामि क्रोधस्योत्पत्तिमादितः ॥ ६ ॥

यथातत्त्वं क्षितिपते तदिहैकमनाः शृणु ।

पृष्ठ 1056

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1056 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

पृथ्वीनाथ! अब मैं यह बता रहा हूँ कि इनकी उत्पत्ति किससे होती है? ये किस तरह स्थिर रहते हैं? और कैसे इनका विनाश होता है? राजन्! सबसे पहले क्रोधकी उत्पत्तिका

यथार्थरूपसे वर्णन करता हूँ । तुम यहाँ एकाग्रचित्त होकर इस विषयको सुनो ॥ ६३ ॥

लोभात् क्रोधः प्रभवति परदोषैरुदीर्यते ॥ ७ ॥

क्षमया तिष्ठते राजन् क्षमया विनिवर्तते । राजन्! क्रोध लोभसे उत्पन्न होता है, दूसरोंके दोष देखनेसे बढ़ता, क्षमा करनेसे थम जाता और क्षमासे ही निवृत्त हो जाता है ॥ ७३ ॥

संकल्पाज्जायते कामः सेव्यमानो विवर्धते ॥ ८ ॥

यदा प्राज्ञो विरमते तदा सद्यः प्रणश्यति । काम संकल्पसे उत्पन्न होता है । उसका सेवन किया जाय तो बढ़ता है और जब बुद्धिमान् पुरुष उससे विरक्त हो जाता है, तब वह ( काम) तत्काल नष्ट हो जाता है ॥ ८३ || परासुता क्रोधलोभादभ्यासाच्च प्रवर्तते ॥ ९ ॥

दयया सर्वभूतानां निर्वेदात् सा निवर्तते ।

अवद्यदर्शनादेति तत्त्वज्ञानाच्च धीमताम् ॥ १० ॥

क्रोध और लोभसे तथा अभ्याससे परासुता प्रकट होती है । संपूर्ण प्राणियोंके प्रति दयासे और वैराग्यसे वह निवृत्त होती है । परदोष- दर्शनसे इसकी उत्पत्ति होती और बुद्धिमानोंके तत्त्वज्ञानसे वह नष्ट हो जाती है ॥ ९ -१० ॥

अज्ञानप्रभवो मोहः पापाभ्यासात् प्रवर्तते ।

यदा प्राज्ञेषु रमते तदा सद्यः प्रणश्यति ॥ ११ ॥

मोह अज्ञानसे उत्पन्न होता है और पापकी आवृत्ति करनेसे बढ़ता है । जब मनुष्य विद्वानोंमें अनुराग करता है, तब उसका मोह तत्काल नष्ट हो जाता है ॥ ११ ॥

विरुद्धानीह शास्त्राणि ये पश्यन्ति कुरूद्वह ।

विधित्सा जायते तेषां तत्त्वज्ञानान्निवर्तते ॥ १२ ॥

कुरुश्रेष्ठ! जो लोग धर्मके विरोधी शास्त्रोंका अवलोकन करते हैं, उनके मनमें अनुचित कर्म करनेकी इच्छारूप विधित्सा उत्पन्न होती है । यह तत्त्वज्ञानसे निवृत्त होती है ॥ १२ ॥

प्रीत्या शोकः प्रभवति वियोगात् तस्य देहिनः ।

यदा निरर्थकं वेत्ति तदा सद्यः प्रणश्यति ॥ १३ ॥

जिसपर प्रेम हो, उस प्राणीके वियोगसे शोक प्रकट होता है । परंतु जब मनुष्य यह समझ ले कि शोक व्यर्थ है - उससे कोई लाभ नहीं है तो तुरंत ही उस शोककी शान्ति हो जाती है १३ ॥

परासुता क्रोधलोभादभ्यासाच्च प्रवर्तते ।

दयया सर्वभूतानां निर्वेदात् सा निवर्तते ॥ १४ ॥

पृष्ठ 1057

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1057 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

क्रोध, लोभ और अभ्यासके कारण परासुता अर्थात् दूसरोंको मारनेकी इच्छा होती है ।

समस्त प्राणियोंके प्रति दया और वैराग्य होनेसे उसकी निवृत्ति हो जाती है ॥ १४ ॥

सत्यत्यागात् तु मात्सर्यमहितानां च सेवया ।

एतत् तु क्षीयते तात साधूनामुपसेवनात् ॥ १५ ॥

सत्यका त्याग और दुष्टोंका साथ करनेसे मात्सर्य- दोषकी उत्पत्ति होती है । तात! श्रेष्ठ पुरुषोंकी सेवा और संगति करनेसे उसका नाश हो जाता है ॥ १५ ॥

कुलाज्ज्ञानात् तथैश्वर्यान्मदो भवति देहिनाम् ।

एभिरेव तु विज्ञातैः स च सद्यः प्रणश्यति ॥ १६ ॥

अपने उत्तम कुल, उत्कृष्ट ज्ञान तथा ऐश्वर्यका अभिमान होनेसे देहाभिमानी मनुष्योंपर मद सवार हो जाता है; परंतु इनके यथार्थ स्वरूपका ज्ञान हो जानेपर वह मद तत्काल उतर जाता है ॥ १६ ॥

ईर्ष्या कामात् प्रभवति संहर्षाच्चैव जायते ।

इतरेषां तु सत्त्वानां प्रज्ञया सा प्रणश्यति ॥ १७ ॥

मनमें कामना होनेसे तथा दूसरे प्राणियोंकी हँसी - खुशी देखनेसे ईर्ष्याकी उत्पत्ति होती है तथा विवेकशील बुद्धिके द्वारा उसका नाश होता है ॥ १७ ॥

विभ्रमाल्लोकबाह्यानां द्वेष्यैर्वाक्यैरसम्मतैः ।

कुत्सा संजायते राजँल्लोकान् प्रेक्ष्याभिशाम्यति ॥ १८ ॥

राजन्! समाजसे बहिष्कृत हुए नीच मनुष्योंके द्वेषपूर्ण तथा अप्रामाणिक वचनोंको सुनकर भ्रममें पड़ जानेसे निन्दा करनेकी आदत होती है; परंतु श्रेष्ठ पुरुषोंको देखनेसे वह शान्त हो जाती है ॥ १८ ॥

प्रतिकर्तुं न शक्ता ये बलस्थायापकारिणे ।

असूया जायते तीव्रा कारुण्याद् विनिवर्तते ॥ १ ९ ॥

जो लोग अपनी बुराई करनेवाले बलवान् मनुष्यसे बदला लेनेमें असमर्थ होते हैं, उनके हृदयमें तीव्र असूया ( दोषदर्शनकी प्रवृत्ति ) पैदा होती है, परंतु दयाका भाव जाग्रत् होनेसे उसकी निवृत्ति हो जाती है ॥ १ ९ ॥

कृपणान् सततं दृष्ट्वा ततः संजायते कृपा ।

धर्मनिष्ठां यदा वेत्ति तदा शाम्यति सा कृपा ॥ २० ॥

सदा कृपण मनुष्योंको देखनेसे अपनेमें भी दैन्यभाव - कंजूसीका भाव पैदा होता है; धर्मनिष्ठ पुरुषोंके उदार भावको जान लेनेपर वह कंजूसीका भाव नष्ट हो जाता है ॥ २० ॥

अज्ञानप्रभवो लोभो भूतानां दृश्यते सदा ।

अस्थिरत्वं च भोगानां दृष्ट्वा ज्ञात्वा निवर्तते ॥ २१ ॥

प्राणियोंका भोगोंके प्रति जो लोभ देखा जाता है, वह अज्ञानके ही कारण है । भोगोंकी क्षणभङ्गुरताको देखने और जाननेसे उसकी निवृत्ति हो जाती है ॥ २१ ॥

पृष्ठ 1058

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1058 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

एतान्येव जितान्याहुः प्रशमाच्च त्रयोदश ।

एते हि धार्तराष्ट्राणां सर्वे दोषास्त्रयोदश ॥ २२ ॥

त्वया सत्यार्थिना नित्यं विजिता ज्येष्ठसेवनात् ॥ २३ ॥

कहते हैं, ये तेरहों दोष शान्ति धारण करनेसे जीत लिये जाते हैं । धृतराष्ट्रके पुत्रोंमें ये सभी दोष मौजूद थे और तुम सत्यको ग्रहण करना चाहते हो; इसलिये तुमने श्रेष्ठ पुरुषोंके सेवनसे इन सबपर विजय प्राप्त कर ली ॥ २२-२३ ॥ इति श्रीमहाभारते शान्तिपर्वणि आपद्धर्मपर्वणि लोभनिरूपणे त्रिषष्ट्यधिकशततमोऽध्यायः ॥ १६३ ॥

इस प्रकार श्रीमहाभारत शान्तिपर्वके अन्तर्गत आपद्धर्मपर्वमें लोभनिरूपणविषयक एक सौ तिरसठवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १६३ ॥

पृष्ठ 1059

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1059 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

चतुःषष्ट्यधिकशततमोऽध्यायः नृशंस अर्थात् अत्यन्त नीच पुरुषके लक्षण युधिष्ठिर उवाच

आनृशंस्यं विजानामि दर्शनेन सतां सदा ।

नृशंसान्न विजानामि तेषां कर्म च भारत ॥ १ ॥

युधिष्ठिरने पूछा — भरतनन्दन! सदा श्रेष्ठ पुरुषोंके सेवन और दर्शनसे मैं इस बातको तो जानता हूँ कि कोमलतापूर्ण बर्ताव कैसे किया जाता है? परंतु नृशंस मनुष्यों और उनके कर्मोंका मुझे विशेष ज्ञान नहीं है ॥ १ ॥

कण्टकान् कूपमग्निं च वर्जयन्ति यथा नराः ।

तथा नृशंसकर्माणं वर्जयन्ति नरा नरम् ॥ २ ॥

जैसे मनुष्य रास्तेमें मिले हुए काँटों, कुओं और आगको बचाकर चलते हैं, उसी प्रकार मनुष्य नृशंस कर्म करनेवाले पुरुषको भी दूरसे ही त्याग देते हैं ॥ २ ॥

नृशंसो दह्यते नित्यं प्रेत्य चेह च भारत ।

तस्मात् त्वं ब्रूहि कौरव्य तस्य धर्मविनिश्चयम् ॥ ३ ॥

भारत! कुरुनन्दन! नृशंस मनुष्य इसलोक और परलोकमें भी सदा ही शोककी आगसे जलता रहता है; अतः आप मुझे नृशंस मनुष्य और उसके धर्म- कर्मका यथार्थ परिचय दीजिये ॥ ३ ॥

भीष्म उवाच

स्पृहा स्याद् गर्हिता चैव विधित्सा चैव कर्मणाम् ।

आक्रोष्टा क्रुश्यते चैव वञ्चितो बुद्धयते स च ॥ ४ ॥

दत्तानुकीर्तिर्विषमः क्षुद्रो नैकृतिकः शठः ।

असंविभागी मानी च तथा सङ्गी विकत्थनः ॥ ५ ॥

सर्वातिशङ्की पुरुषो बलीशः कृपणोऽथवा ।

वर्गप्रशंसी सततमाश्रमद्वेषसंकरी ॥ ६ ॥

हिंसाविहारः सततमविशेषगुणागुणः ।

बह्वलीकोऽमनस्वी च लुब्धोऽत्यर्थं नृशंसकृत् ॥ ७ ॥

भीष्मजीने कहा- राजन्! जिसके मनमें बड़ी घृणित इच्छाएँ रहती हैं, जो हिंसाप्रधान कुत्सित कर्मोंको आरम्भ करना चाहता है, स्वयं दूसरोंकी निन्दा करता है और दूसरे उसकी निन्दा करते हैं, जो अपनेको दैवसे वञ्चित समझता और पापमें प्रवृत्त होता है, दिये हुए दानका बारंबार बखान करता है, जिसके मनमें विषमता भरी रहती है, जो नीच कर्म

पृष्ठ 1060

महाभारत — खण्ड ५, पृष्ठ 1060 का मूल पृष्ठ
पूरे पर्दे पर देखने के लिये चित्र दबाएँ
पाठ पढ़ें पाठ छिपाएँ

करनेवाला, दूसरोंकी जीविकाका नाश करनेवाला और शठ है, भोग्य वस्तुओंको दूसरोंको दिये बिना ही अकेले भोगता है, जिसके भीतर अभिमान भरा हुआ है, जो विषयोंमें आसक्त और अपनी प्रशंसाके लिये व्यर्थ ही बढ़ -बढ़कर बातें बनानेवाला है, जिसके मनमें सबके प्रति संदेह बना रहता है, जो कौएकी तरह वंचक दृष्टि रखनेवाला है, जिसमें कृपणता कूट-कूटकर भरी है, जो अपने ही वर्गके लोगोंकी प्रशंसा करता, सदा आश्रमोंसे द्वेष रखता और वर्णसंकरता फैलाता है, सदा हिंसाके लिये ही जिसका घूमना- फिरना होता है, जो गुणको भी अवगुणके समान समझता और बहुत झूठ बोलता है, जिसके मनमें उदारता नहीं है और जो अत्यन्त लोभी है, ऐसा मनुष्य ही नृशंस कर्म करनेवाला कहा गया है ॥ ४–७ ॥

धर्मशीलं गुणोपेतं पापमित्यवगच्छति ।

आत्मशीलप्रमाणेन न विश्वसिति कस्यचित् ॥ ८ ॥

वह धर्मात्मा और गुणवान् पुरुषको ही पापी मानता है और अपने स्वभावको आदर्श मानकर किसीपर विश्वास नहीं करता है ॥ ८ ॥

परेषां यत्र दोषः स्यात् तद् गुह्यं सम्प्रकाशयेत् ।

समानेष्वेव दोषेषु वृत्त्यर्थमुपघातयेत् ॥ ९ ॥

जहाँ दूसरोंकी बदनामी होती हो, वहाँ उनके गुप्त दोषोंको भी प्रकट कर देता है और अपने तथा दूसरेके अपराध बारबर होनेपर भी वह आजीविकाके लिये दूसरेका ही सर्वनाश करता है ॥ ९ ॥

तथोपकारिणं चैव मन्यते वञ्चितं परम् ।

दत्त्वापि च धनं काले संतपत्युपकारिणे ॥ १० ॥

जो उसका उपकार करता है, उसको वह अपने जालमें फँसा हुआ समझता है और उपकारीको भी यदि कभी धन देता है तो उसके लिये बहुत समयतक पश्चात्ताप करता रहता है ॥ १० ॥

भक्ष्यं पेयमथालेह्यं यच्चान्यत् साधु भोजनम् ।

प्रेक्षमाणेषु योऽश्नीयान्नृशंसमिति तं वदेत् ॥ ११ ॥

जो मनुष्य दूसरोंके देखते रहनेपर भी उत्तम भक्ष्य, पेय, लेह्य तथा दूसरे - दूसरे भोज्य पदार्थोंको अकेला ही खा जाता है, उसको भी नृशंस ही कहना चाहिये ॥ ११ ॥

ब्राह्मणेभ्यः प्रदायाग्रं यः सुहृद्भिः सहाश्नुते ।

स प्रेत्य लभते स्वर्गमिह चानन्त्यमश्नुते ॥ १२ ॥

जो पहले ब्राह्मणको देकर पीछे अपने सुहृदोंके साथ स्वयं भोजन करता है, वह इस लोकमें अनन्त सुख भोगता है और मृत्युके पश्चात् स्वर्गलोकमें जाता है ॥ १२ ॥

एष ते भरतश्रेष्ठ नृशंसः परिकीर्तितः ।

सदा विवर्जनीयो हि पुरुषेण विजानता ॥ १३ ॥