श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड ३

ज्ञान–विवेक

आत्मबोध और विवेक

61 पद्य

महाभारत — खण्ड ३

द्रुपद उवाच

द्विजेषु वैद्याः श्रेयांसो वैद्येषु कृतबुद्धयः ।

कृतबुद्धिषु कर्तारः कर्तृषु ब्रह्मवादिनः ॥

ब्राह्मणोंमें विद्वान्, विद्वानोंमें सिद्धान्तके जानकार, सिद्धान्तके ज्ञाताओंमें भी तदनुसार आचरण करनेवाले पुरुष तथा उनमें भी ब्रह्मवेत्ता श्रेष्ठ हैं ।

उद्योगपर्व, अध्याय 6, श्लोक 2 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 48
धृतराष्ट्र का पुत्रमोह

युधिष्ठिर उवाच

मानघ्नस्यासौ मानकामस्य चेर्षोः ।

संरम्भिणश्चार्थधर्मातिगस्य ।

दुर्भाषिणो मन्युवशानुगस्य ।

कामात्मनो दौर्हृदैर्भावितस्य ।

अनेयस्याश्रेयसो दीर्घमन्योमित्रद्रुहः संजय पापबुद्धेः ।

सुतस्य राजा धृतराष्ट्रः प्रियैषी ।

प्रपश्यमानः प्राजहाद् धर्मकामौ ॥

संजय! दूसरोंका मान मिटाकर अपना मान चाहनेवाले, ईर्ष्यालु, क्रोधी, अर्थ और धर्मका उल्लंघन करनेवाले, कटुवचन बोलनेवाले, क्रोध और दीनताके वशवर्ती, कामात्मा (भोगासक्त), पापियोंसे प्रशंसित, शिक्षा देनेके अयोग्य, भाग्यहीन, अधिक क्रोधी, मित्रद्रोही तथा पापबुद्धि पुत्र दुर्योधनका प्रिय चाहनेवाले राजा धृतराष्ट्रने समझते हुए भी धर्म और कामका परित्याग किया है ।

युधिष्ठिर ने संजय से धृतराष्ट्र के विषय में कहा।

उद्योगपर्व, अध्याय 26, श्लोक 14–15 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 183 वैराग्य
कर्म का प्रधानत्व

वासुदेव उवाच

या वै विद्याः साधयन्तीह कर्म ।

तासां फलं विद्यते नेतरासाम् ।

तत्रेह वै दृष्टफलं तु कर्म ।

पीत्वोदकं शाम्यति तृष्णयाऽऽर्तः ॥

जो विद्याएँ कर्मका सम्पादन करती हैं, उन्हींका फल दृष्टिगोचर होता है, दूसरी विद्याओंका नहीं । विद्या तथा कर्ममें भी कर्मका ही फल यहाँ प्रत्यक्ष दिखायी देता है । प्याससे पीड़ित मनुष्य जल पीकर ही शान्त होता है (उसे जानकर नहीं; अतः गृहस्थाश्रममें रहकर सत्कर्म करना ही श्रेष्ठ है)

उद्योगपर्व, अध्याय 29, श्लोक 7 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 201 कर्म–प्रारब्ध
कर्म और ज्ञान का सम्बन्ध

वासुदेव उवाच

सोऽयं विधिर्विहितः कर्मणैव ।

संवर्तते संजय तत्र कर्म ।

तत्र योऽन्यत् कर्मणः साधु मन्येन्मोघं तस्यालपितं दुर्बलस्य ॥

संजय! ज्ञानका विधान भी कर्मको साथ लेकर ही है; अतः ज्ञानमें भी कर्म विद्यमान है । जो कर्मसे भिन्न कर्मोंके त्यागको श्रेष्ठ मानता है, वह दुर्बल है, उसका कथन व्यर्थ ही है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 29, श्लोक 8 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 201 कर्म–प्रारब्ध

वासुदेव उवाच

लताधर्मा धार्तराष्ट्राः शालाः संजय पाण्डवाः ।

न लता वर्धते जातु महाद्रुममनाश्रिता ॥

संजय! धृतराष्ट्रके पुत्र लताओंके समान हैं और पाण्डव शाल वृक्षोंके समान । कोई भी लता किसी महान् वृक्षका आश्रय लिये बिना कभी नहीं बढ़ती है (अतः पाण्डवोंका आश्रय लेकर ही धृतराष्ट्रपुत्र बढ़ सकते हैं)

उद्योगपर्व, अध्याय 29, श्लोक 56 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 211

विदुर उवाच

यस्य कृत्यं न जानन्ति मन्त्रं वा मन्त्रितं परे ।

कृतमेवास्य जानन्ति स वै पण्डित उच्यते ॥

दूसरे लोग जिसके कर्तव्य, सलाह और पहलेसे किये हुए विचारको नहीं जानते, बल्कि काम पूरा होनेपर ही जानते हैं, वही पण्डित कहलाता है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 33, श्लोक 18 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 244

विदुर उवाच

यस्य संसारिणी प्रज्ञा धर्मार्थावनुवर्तते ।

कामादर्थं वृणीते यः स वै पण्डित उच्यते ॥

जिसकी लौकिक बुद्धि धर्म और अर्थका ही अनुसरण करती है और जो भोगको छोड़कर पुरुषार्थका ही वरण करता है, वही पण्डित कहलाता है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 33, श्लोक 20 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 244
पण्डित की परिभाषा

विदुर उवाच

तत्त्वज्ञः सर्वभूतानां योगज्ञः सर्वकर्मणाम् ।

उपायज्ञो मनुष्याणां नरः पण्डित उच्यते ॥

जो सम्पूर्ण भौतिक पदार्थोंकी असलियतका ज्ञान रखनेवाला, सब कार्योंके करनेका ढंग जाननेवाला तथा मनुष्योंमें सबसे बढ़कर उपायका जानकार है, वह मनुष्य पण्डित कहलाता है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 33, श्लोक 27 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 245

विदुर उवाच

अश्रुतश्च समुन्नद्धो दरिद्रश्च महामनाः ।

अर्थांश्चाकर्मणा प्रेप्सुर्मूढ इत्युच्यते बुधैः ॥

बिना पढ़े ही गर्व करनेवाले, दरिद्र होकर भी बड़े-बड़े मनोरथ करनेवाले और बिना काम किये ही धन पानेकी इच्छा रखनेवाले मनुष्यको पण्डितलोग मूर्ख कहते हैं ।

उद्योगपर्व, अध्याय 33, श्लोक 30 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 246
छह शत्रुओं पर विजय

विदुर उवाच

षण्णामात्मनि नित्यानामैश्वर्यं योऽधिगच्छति ।

न स पापैः कुतोऽनर्थैर्युज्यते विजितेन्द्रियः ॥

मनमें नित्य रहनेवाले छः शत्रु (काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद तथा मात्सर्य)-को जो वशमें कर लेता है, वह जितेन्द्रिय पुरुष पापोंसे ही लिप्त नहीं होता, फिर उनसे उत्पन्न होनेवाले अनर्थोंसे युक्त होनेकी तो बात ही क्या है?

उद्योगपर्व, अध्याय 33, श्लोक 83 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 253 काम–क्रोध–लोभ–मोह

विदुर उवाच

अनुबन्धं च सम्प्रेक्ष्य विपाकं चैव कर्मणाम् ।

उत्थानमात्मनश्चैव धीरः कुर्वीत वा न वा ॥

धीर मनुष्यको उचित है कि पहले कर्मोंका प्रयोजन, परिणाम तथा अपनी उन्नतिका विचार करके फिर काम आरम्भ करे या न करे ।

उद्योगपर्व, अध्याय 34, श्लोक 9 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 262 कर्म–प्रारब्ध

विदुर उवाच

सत्येन रक्ष्यते धर्मो विद्या योगेन रक्ष्यते ।

मृजया रक्ष्यते रूपं कुलं वृत्तेन रक्ष्यते ॥

सत्यसे धर्मकी रक्षा होती है, योगसे विद्या सुरक्षित होती है, सफाईसे (सुन्दर) रूपकी रक्षा होती है और सदाचारसे कुलकी रक्षा होती है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 34, श्लोक 39 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 266 धर्म–आचरण

विदुर उवाच

विद्यामदो धनमदस्तृतीयोऽभिजनो मदः ।

मदा एतेऽवलिप्तानामेत एव सतां दमाः ॥

विद्याका मद, धनका मद और तीसरा ऊँचे कुलका मद है । ये घमंडी पुरुषोंके लिये तो मद हैं, परंतु ये (विद्या, धन और कुलीनता) ही सज्जन पुरुषोंके लिये दमके साधन हैं ।

उद्योगपर्व, अध्याय 34, श्लोक 44 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 266 नीति–व्यवहार

विदुर उवाच

आत्मानमेव प्रथमं द्वेष्यरूपेण यो जयेत् ।

ततोऽमात्यानमित्रांश्च न मोघं विजिगीषते ॥

जो पहले इन्द्रियोंसहित मनको ही शत्रु समझकर जीत लेता है, उसके बाद यदि वह मन्त्रियों तथा शत्रुओंको जीतनेकी इच्छा करे तो उसे सफलता मिलती है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 34, श्लोक 57 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 268

हंस उवाच

न श्रद्दधाति कल्याणं परेभ्योऽप्यात्मशङ्कितः ।

निराकरोति मित्राणि यो वै सोऽधमपूरुषः ॥

जो अपने ही ऊपर संदेह होनेके कारण दूसरोंसे भी कल्याण होनेका विश्वास नहीं करता, मित्रोंको भी दूर रखता है, वह अवश्य ही अधम पुरुष है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 36, श्लोक 19 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 293
ज्ञान का क्रियान्वयन

विदुर उवाच

असम्यगुपयुक्तं हि ज्ञानं सुकुशलैरपि ।

उपलभ्यं चाविदितं विदितं चाननुष्ठितम् ॥

अत्यन्त कुशल विद्वानोंके द्वारा भी उपदेश किया हुआ ज्ञान व्यर्थ ही है, यदि उससे कर्तव्यका ज्ञान न हुआ अथवा ज्ञान होनेपर भी उसका अनुष्ठान न हुआ ।

उद्योगपर्व, अध्याय 39, श्लोक 34 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 326 धर्म–आचरण
शास्त्रज्ञान और वृद्धों की सेवा

विदुर उवाच

न वै श्रुतमविज्ञाय वृद्धाननुपसेव्य वा ।

धर्मार्थौ वेदितुं शक्यौ बृहस्पतिसमैरपि ॥

बृहस्पतिके समान मनुष्य भी शास्त्रज्ञान अथवा वृद्धोंकी सेवा किये बिना धर्म और अर्थका ज्ञान नहीं प्राप्त कर सकते ।

उद्योगपर्व, अध्याय 39, श्लोक 39 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 327 सत्सङ्ग–सन्त महिमा
धर्म का त्याग न करना

विदुर → तात

इदं च त्वां सर्वपरं ब्रवीमि ।

पुण्यं पदं तात महाविशिष्टम् ।

न जातु कामान्न भयान्न लोभाद् ।

धर्म जह्याज्जीवितस्यापि हेतोः ॥

नित्यो धर्मः सुखदुःखे त्वनित्ये ।

जीवो नित्यो हेतुरस्य त्वनित्यः ।

त्यक्त्वानित्यं प्रतितिष्ठस्व नित्ये ।

संतुष्य त्वं तोषपरो हि लाभः ॥

तात! अब मैं तुम्हें यह बहुत ही महत्त्वपूर्ण एवं सर्वोपरि पुण्यजनक बात बता रहा हूँ — कामनासे, भयसे, लोभसे तथा इस जीवनके लिये भी कभी धर्मका त्याग न करे । धर्म नित्य है, किंतु सुख-दुःख अनित्य हैं । जीव नित्य है, पर इसका कारण अनित्य है । आप अनित्यको छोड़कर नित्यमें स्थित होइये और संतोष धारण कीजिये; क्योंकि संतोष ही सबसे बड़ा लाभ है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 40, श्लोक 12–13 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 335

विदुर उवाच

आत्मा नदी भारत पुण्यतीर्था ।

सत्योदका धृतिकूला दयोर्मिः ।

तस्यां स्नातः पूयते पुण्यकर्मा ।

पुण्यो ह्यात्मा नित्यमलोभ एव ॥

भारत! यह जीवात्मा एक नदी है । इसमें पुण्य ही तीर्थ है । सत्यस्वरूप परमात्मासे इसका उद्गम हुआ है । धैर्य ही इसके किनारे हैं । दया इसकी लहरें हैं । पुण्यकर्म करनेवाला मनुष्य इसमें स्नान करके पवित्र होता है; क्योंकि लोभरहित आत्मा सदा पवित्र ही है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 40, श्लोक 21 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 337

सनत्सुजात उवाच

उभे सत्ये क्षत्रियैतस्य विद्धि ।

मोहान्मृत्युः सम्मतोऽयं कवीनाम् ।

प्रमादं वै मृत्युमहं ब्रवीमि ।

तथाप्रमादममृतत्वं ब्रवीमि ॥

क्षत्रिय! इस प्रश्नके उक्त दोनों ही पहलुओंको सत्य समझो । कुछ विद्वानोंने मोहवश इस मृत्युकी सत्ता स्वीकार की है; किंतु मेरा कहना तो यह है कि प्रमाद ही मृत्यु है और अप्रमाद ही अमृत है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 42, श्लोक 4 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 346

सनत्सुजात उवाच

अमूढवृत्तेः पुरुषस्येह कुर्यात् ।

किं वै मृत्युस्तार्ण इवास्य व्याघ्रः ।

अमन्यमानः क्षत्रिय किंचिदन्यन्नाधीयीत निर्णुदन्निवास्य चायुः ॥

जिसके चित्तकी वृत्तियाँ विषयभोगोंसे मोहित नहीं हुई हैं, उस ज्ञानी पुरुषका इस लोकमें तिनकोंके बनाये हुए व्याघ्रके समान मृत्यु क्या बिगाड़ सकती है? इसलिये राजन्! विषयभोगोंके मूल कारणरूप अज्ञानको नष्ट करनेकी इच्छासे दूसरे किसी भी सांसारिक पदार्थको कुछ भी न गिनकर उसका चिन्तन त्याग देना चाहिये ।

उद्योगपर्व, अध्याय 42, श्लोक 15 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 349

सनत्सुजात उवाच

स क्रोधलोभौ मोहवानन्तरात्मा ।

स वै मृत्युस्त्वच्छरीरे य एषः ।

एवं मृत्युं जायमानं विदित्वा ।

ज्ञाने तिष्ठन् न बिभेतीह मृत्योः ।

विनश्यते विषये तस्य मृत्युर्मृत्योर्यथा विषयं प्राप्य मर्त्यः ॥

यह जो तुम्हारे शरीरके भीतर अन्तरात्मा है, मोहके वशीभूत होकर यही क्रोध, लोभ (प्रमाद) और मृत्युरूप हो जाता है । इस प्रकार मोहसे होनेवाली मृत्युको जानकर जो ज्ञाननिष्ठ हो जाता है, वह इस लोकमें मृत्युसे कभी नहीं डरता । उसके समीप आकर मृत्यु उसी प्रकार नष्ट हो जाती है, जैसे मृत्युके अधिकारमें आया हुआ मरणधर्मा मनुष्य ।

उद्योगपर्व, अध्याय 42, श्लोक 16 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 349

सनत्सुजात उवाच

सत्यात्मा भव राजेन्द्र सत्ये लोकाः प्रतिष्ठिताः ।

तांस्तु सत्यमुखानाहुः सत्ये ह्यमृतमाहितम् ॥

राजेन्द्र! तुम सत्यस्वरूप हो जाओ, सत्यमें ही सम्पूर्ण लोक प्रतिष्ठित हैं । वे दम, त्याग और अप्रमाद आदि गुण भी सत्यस्वरूप परमात्माकी प्राप्ति करानेवाले हैं; सत्यमें ही अमृतकी प्रतिष्ठा है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 43, श्लोक 37 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 362

सनत्सुजात उवाच

ज्ञानं वै नाम प्रत्यक्षं परोक्षं जायते तपः ।

विद्याद् बहु पठन्तं तु द्विजं वै बहुपाठिनम् ॥

क्योंकि परमात्माके ज्ञानका फल प्रत्यक्ष है और तपका फल परोक्ष है (इसलिये ज्ञानका ही आश्रय लेना चाहिये) । बहुत पढ़नेवाले ब्राह्मणको केवल बहुपाठी (बहुज्ञ) समझना चाहिये ।

उद्योगपर्व, अध्याय 43, श्लोक 48 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 364

सनत्सुजात उवाच

तस्मात् क्षत्रिय मा मंस्था जल्पितेनैव वै द्विजम् ।

य एव सत्यान्नापैति स ज्ञेयो ब्राह्मणस्त्वया ॥

इसलिये महाराज! केवल बातें बनानेसे ही किसीको ब्राह्मण न मान लेना । जो सत्यस्वरूप परमात्मासे कभी पृथक् नहीं होता, उसीको तुम ब्राह्मण समझो ।

उद्योगपर्व, अध्याय 43, श्लोक 49 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 364

सनत्सुजात → राजन

नैतद् ब्रह्म त्वरमाणेन लभ्यं ।

यन्मां पृच्छन्नतिहृष्यतीव ।

बुद्धौ विलीने मनसि प्रचिन्त्या ।

विद्या हि सा ब्रह्मचर्येण लभ्या ॥

सनत्सुजातने कहा — राजन्! तुम जो मुझसे बारंबार प्रश्न करते समय अत्यन्त हर्षित हो उठते हो, सो इस प्रकार जल्दबाजी करनेसे ब्रह्मकी उपलब्धि नहीं होती । बुद्धिमें मनके लय हो जानेपर सब वृत्तियोंका विरोध करनेवाली जो स्थिति है, उसका नाम है ब्रह्मविद्या और वह ब्रह्मचर्यका पालन करनेसे ही उपलब्ध होती है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 44, श्लोक 2 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 368 साधना–योग
ज्ञान ही मोक्ष मार्ग

सनत्सुजात → राजन

अन्तवतः क्षत्रिय ते जयन्ति ।

लोकान् जनाः कर्मणा निर्मलेन ।

ब्रह्मैव विद्वांस्तेन चाभ्येति सर्वं ।

नान्यः पन्था अयनाय विद्यते ॥

राजन्! सकाम पुरुष अपने पुण्यकर्मोंके द्वारा नाशवान् लोकोंको ही प्राप्त करते हैं; किंतु जो ब्रह्मको जाननेवाला विद्वान् है, वही उस ज्ञानके द्वारा सर्वरूप परमात्माको प्राप्त होता है । मोक्षके लिये ज्ञानके सिवा दूसरा कोई मार्ग नहीं है ।

सनत्सुजात ने धृतराष्ट्र से कहा।

उद्योगपर्व, अध्याय 44, श्लोक 24 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 372
ब्रह्मज्ञान से अमरता

सनत्सुजात उवाच

अनामयं तन्महदुद्यतं यशो ।

वाचो विकारं कवयो वदन्ति ।

यस्मिन् जगत् सर्वमिदं प्रतिष्ठितं ।

ये तद् विदुरमृतास्ते भवन्ति ॥

विद्वान् कहते हैं, कार्यरूप जगत् वाणीका विकारमात्र है; किंतु जिसमें यह सम्पूर्ण जगत् प्रतिष्ठित है, वह ब्रह्म रोग, शोक और पापसे रहित है और उसका महान् यश सर्वत्र फैला हुआ है । उस नित्य कारण-स्वरूप ब्रह्मको जो जानते हैं, वे अमर हो जाते हैं अर्थात् मुक्त हो जाते हैं ।

उद्योगपर्व, अध्याय 44, श्लोक 31 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 374 माया–संसार

सनत्सुजात उवाच

अध्यापयेन्महदेतद् यशस्यं ।

वाचो विकाराः कवयो वदन्ति ।

अस्मिन् योगे सर्वमिदं प्रतिष्ठितं ।

ये तद् विदुरमृतास्ते भवन्ति ॥

यह महत्त्वपूर्ण शास्त्र परम यशरूप परमात्माकी प्राप्ति करानेवाला है, इसे शिष्योंको अवश्य पढ़ाना चाहिये । परमात्मासे भिन्न यह सारा दृश्य-प्रपंच वाणीका विकारमात्र है-ऐसा विद्वान् लोग कहते हैं । इस योगशास्त्रमें यह परमात्मविषयक सम्पूर्ण ज्ञान प्रतिष्ठित है; इसे जो जान लेते हैं, वे अमर हो जाते हैं अर्थात् जन्म-मरणसे मुक्त हो जाते ।

उद्योगपर्व, अध्याय 45, श्लोक 18 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 378
कर्म और यज्ञ की सीमा

सनत्सुजात → राजन

न कर्मणा सुकृतेनैव राजन् ।

सत्यं जयेज्जुहुयाद् वा यजेद् वा ।

नैतेन बालोऽमृत्युमभ्येति राजन् ।

रतिं चासौ न लभत्यन्तकाले ॥

राजन्! (निष्कामभावके बिना किये हुए) केवल पुण्यकर्मके द्वारा सत्यस्वरूप ब्रह्मको नहीं जीता जा सकता । अथवा जो हवन या यज्ञ किया जाता है, उससे भी अज्ञानी पुरुष अमरत्व — मुक्तिको नहीं पा सकता तथा अन्तकालमें उसे शान्ति भी नहीं मिलती ।

सनत्सुजात ने धृतराष्ट्र से कहा।

उद्योगपर्व, अध्याय 45, श्लोक 19 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 378 कर्म–प्रारब्ध
ब्रह्म का सर्वव्यापक स्वरूप

सनत्सुजात उवाच

असाधना वापि ससाधना वा ।

समानमेतद् दृश्यते मानुषेषु ।

समानमेतदमृतस्येतरस्य ।

मुक्तास्तत्र मध्व उत्सं समापुः ।

योगिनस्तं प्रपश्यन्ति भगवन्तं सनातनम् ॥

कोई साधनसम्पन्न हों या साधनहीन, वह ब्रह्म सब मनुष्योंमें समानरूपसे देखा जाता है । वह (अपनी ओरसे) बद्ध और मुक्त दोनोंके ही लिये समान है । अन्तर इतना ही है कि इन दोनोंमेंसे जो मुक्त पुरुष हैं, वे ही आनन्दके मूलस्रोत परमात्माको प्राप्त होते हैं (दूसरे नहीं), उसी सनातन भगवान्‌का योगीलोग साक्षात्कार करते हैं ।

उद्योगपर्व, अध्याय 46, श्लोक 16 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 382
ब्रह्मविद्या का महत्व

सनत्सुजात उवाच

उभौ लोकौ विद्यया व्याप्य याति ।

तदा हुतं चाहुतमग्निहोत्रम् ।

मा ते ब्राह्मी लघुतामादधीत ।

प्रज्ञानं स्यान्नाम धीरा लभन्ते ।

योगिनस्तं प्रपश्यन्ति भगवन्तं सनातनम् ॥

ज्ञानी पुरुष ब्रह्मविद्याके द्वारा इस लोक और परलोक दोनोंके तत्त्वको जानकर ब्रह्मभावको प्राप्त होता है । उस समय उसके द्वारा यदि अग्निहोत्र आदि कर्म न भी हुए हों तो भी वे पूर्ण हुए समझे जाते हैं । राजन्! यह ब्रह्मविद्या तुममें लघुता न आने दे तथा इसके द्वारा तुम्हें वह ब्रह्मज्ञान प्राप्त हो, जिसे धीर पुरुष ही प्राप्त करते हैं । उसी ब्रह्मविद्याके द्वारा योगीलोग उस सनातन परमात्माका साक्षात्कार करते हैं ।

उद्योगपर्व, अध्याय 46, श्लोक 17 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 383 लीला–रहस्य
सनातन ब्रह्म का स्वरूप

सनत्सुजात → राजन

नाहं सदासत्कृतः स्यां न मृत्युर्न चामृत्युरमृतं मे कुतः स्यात् ।

सत्यानृते सत्यसमानबन्धे ।

सतश्च योनिरसतश्चैक एव ।

योगिनस्तं प्रपश्यन्ति भगवन्तं सनातनम् ॥

राजन्! मैं कभी किसीके असत्कारका पात्र नहीं होता । न मेरी मृत्यु होती है न जन्म, फिर मोक्ष किसका और कैसे हो [क्योंकि मैं नित्यमुक्त ब्रह्म हूँ] । सत्य और असत्य सब कुछ मुझ सनातन समब्रह्ममें स्थित हैं । एकमात्र मैं ही सत् और असत्की उत्पत्तिका स्थान हूँ। मेरे स्वरूपभूत उस सनातन परमात्माका योगीजन साक्षात्कार करते हैं ।

उद्योगपर्व, अध्याय 46, श्लोक 22 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 384 लीला–रहस्य
देवत्व की प्राप्ति

वैशम्पायन उवाच

अकामद्वेषसंयोगलोभद्रोहाच्च भारत ।

उपेक्षया च भावानां देवा देवत्वमाप्नुवन् ॥

भरतनन्दन! काम (राग), द्वेष, संयोग (ममता), लोभ और द्रोह (क्रोध)-रूपी दोषोंसे रहित होनेके कारण तथा दूषित भावोंकी उपेक्षा कर देनेके कारण ही देवताओंने देवत्व प्राप्त किया है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 61, श्लोक 3 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 498 काम–क्रोध–लोभ–मोह
ज्ञान और ब्रह्मभाव

विदुर उवाच

नैष्कर्म्यं वा समास्थाय ज्ञानतृप्तो जितेन्द्रियः ।

कालाकाङ्क्षी चरँल्लोके ब्रह्मभूयाय कल्पते ॥

अथवा जो ज्ञानसे तृप्त जितेन्द्रिय पुरुष नैष्कर्म्यका आश्रय लेकर कालकी प्रतीक्षा करता हुआ अनासक्तभावसे लोकमें विचरता रहता है, वह ब्रह्मभावको प्राप्त होनेमें समर्थ होता है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 63, श्लोक 22 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 513 वैराग्य
इन्द्रिय निग्रह का महत्व

संजय उवाच

नाकृतात्मा कृतात्मानं जातु विद्याज्जनार्दनम् ।

आत्मनस्तु क्रियोपायो नान्यत्रेन्द्रियनिग्रहात् ॥

संजयने कहा — महाराज! जिसने अपने मनको वशमें नहीं किया है, वह कभी नित्यसिद्ध परमात्मा भगवान् श्रीकृष्णको नहीं पा सकता । अपनी सम्पूर्ण इन्द्रियोंको वशमें किये बिना दूसरा कोई कर्म उन परमात्माकी प्राप्तिका उपाय नहीं हो सकता ।

सञ्जय ने धृतराष्ट्र को परममोक्ष प्राप्त करने के मार्ग के विषय में बताते हुए कहा।

उद्योगपर्व, अध्याय 69, श्लोक 17 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 533 साधना–योग
तत्त्वज्ञान के तीन आधार

संजय उवाच

इन्द्रियाणामुदीर्णानां कामत्यागोऽप्रमादतः ।

अप्रमादोऽविहिंसा च ज्ञानयोनिरसंशयम् ॥

विषयोंकी ओर दौड़नेवाली इन्द्रियोंकी भोग-कामनाओंका पूर्ण सावधानीके साथ त्याग कर देना, प्रमादसे दूर रहना तथा किसी भी प्राणीकी हिंसा न करना — ये तीन निश्चय ही तत्त्वज्ञानकी उत्पत्तिमें कारण हैं ।

सञ्जय ने धृतराष्ट्र को परममोक्ष प्राप्त करने के मार्ग बताते हुए कहा।

उद्योगपर्व, अध्याय 69, श्लोक 18 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 534 साधना–योग

संजय → राजन

अप्राप्यः केशवो राजन्निन्द्रियैरजितैर्नृभिः ।

आगमाधिगमाद् योगाद् वशी तत्त्वे प्रसीदति ॥

राजन्! मनुष्य अपनी इन्द्रियोंपर विजय प्राप्त किये बिना भगवान् श्रीकृष्णको नहीं पा सकते । जिसने शास्त्रज्ञान और योगके प्रभावसे अपने मन और इन्द्रियोंको वशमें कर रखा है, वही तत्त्वज्ञान पाकर प्रसन्न होता है ।

उद्योगपर्व, अध्याय 69, श्लोक 21 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 534 साधना–योग
परमेश्वर के गुण

वैशम्पायन उवाच

यो वै न कामान्न भयान्न लोभान्नार्थकारणात् ।

अन्यायमनुवर्तेत स्थिरबुद्धिरलोलुपः ॥

धर्मज्ञो धृतिमान् प्राज्ञः सर्वभूतेषु केशवः ।

ईश्वरः सर्वभूतानां देवदेवः सनातनः ॥

जो कभी कामनासे, भयसे, लोभसे अथवा अन्य किसी प्रयोजनके कारण भी अन्यायका अनुसरण नहीं कर सकते, जिनकी बुद्धि स्थिर है, जो लोभ-रहित, धर्मज्ञ, धैर्यवान्, विद्वान् तथा सम्पूर्ण भूतोंके भीतर विराजमान हैं, वे भगवान् केशव देवताओंके भी देवता, सनातन परमेश्वर तथा समस्त प्राणियोंके ईश्वर हैं ।

उद्योगपर्व, अध्याय 83, श्लोक 34–35 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 603 भक्ति
क्रोध और मोह का परिणाम

श्रीकृष्ण उवाच

यः कल्याणगुणान् ज्ञातीन् मोहाल्लोभाद् दिदृक्षते ।

सोऽजितात्माजितक्रोधो न चिरं तिष्ठति श्रियम् ॥

जो कल्याणमय गुणोंसे युक्त अपने कुटुम्बीजनोंको मोह और लोभ की दृष्टिसे देखना चाहता है, वह अपने मन और क्रोधको न जीतनेवाला पुरुष दीर्घकालतक राजलक्ष्मीका उपभोग नहीं कर सकता ।

श्रीकृष्ण ने अमर्षशील दुर्योधन से कहा।

उद्योगपर्व, अध्याय 91, श्लोक 30 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 658 काम–क्रोध–लोभ–मोह
उपदेशों की उपेक्षा का परिणाम

श्रीकृष्ण उवाच

श्रुत्वा यः सुहृदां शास्त्रं मर्त्यो न प्रतिपद्यते ।

विपाकान्ते दहत्येनं किम्पाकमिव भक्षितम् ॥

जो मनुष्य सुहृदोंके मुखसे शास्त्रसम्मत उपदेश सुनकर भी उसे स्वीकार नहीं करता है, उसका यह अस्वीकार उसे परिणाममें उसी प्रकार शोकदग्ध करता है, जैसे खाया हुआ इन्द्रायण फल पाचनके अन्तमें दाह उत्पन्न करनेवाला होता है ।

श्रीकृष्ण ने दुर्योधन से कहा।

उद्योगपर्व, अध्याय 124, श्लोक 22 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 812 नीति–व्यवहार

संजय उवाच

महाबला महासत्त्वाः प्रज्ञागुणसमन्विताः ।

प्रजायन्ते च जाताश्च शतशोऽथ सहस्रशः ॥

जाताः कृतयुगे राजन् धनिनः प्रियदर्शनाः ।

प्रजायन्ते च जाताश्च मुनयो वै तपोधनाः ॥

सत्ययुगमें महाबली, महान् सत्त्वगुणसम्पन्न, बुद्धिमान्, धनवान् और प्रियदर्शन मनुष्य उत्पन्न होते हैं और सैकड़ों तथा हजारों संतानोंको जन्म देते हैं, उस समय प्रायः तपस्याके धनी महर्षिगण जन्म लेते हैं ।

भीष्मपर्व, अध्याय 10, श्लोक 8–9 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1287
आत्मा की अविनाशिता

श्रीभगवान् → अर्जुन

अव्यक्तोऽयमचिन्त्योऽयमविकार्योऽयमुच्यते ।

तस्मादेवं विदित्वैनं नानुशोचितुमर्हसि ॥

यह आत्मा अव्यक्त है, यह आत्मा अचिन्त्य है और यह आत्मा विकाररहित कहा जाता है । इससे हे अर्जुन! इस आत्माको उपर्युक्त प्रकारसे जानकर तू शोक करनेको योग्य नहीं है अर्थात् तुझे शोक करना उचित नहीं है ।

श्रीकृष्ण ने अर्जुन को आत्मज्ञान के माध्यम से शोक न करने का उपदेश दिया।

भीष्मपर्व, अध्याय 26, श्लोक 25 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1375

श्रीभगवान् → अर्जुन

त्रैगुण्यविषया वेदा निस्त्रैगुण्यो भवार्जुन ।

निर्द्वन्द्वो नित्यसत्त्वस्थो निर्योगक्षेम आत्मवान् ॥

हे अर्जुन! वेद उपर्युक्त प्रकारसे तीनों गुणोंके कार्यरूप समस्त भोगों एवं उनके साधनोंका प्रतिपादन करनेवाले हैं; इसलिये तू उन भोगों एवं उनके साधनोंमें आसक्तिहीन, हर्ष-शोकादि द्वन्द्वोंसे रहित, नित्यवस्तु परमात्मामें स्थित, योगक्षेमको न चाहनेवाला और स्वाधीन अन्तःकरणवाला हो ।

भीष्मपर्व, अध्याय 26, श्लोक 45 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1379

श्रीभगवान् उवाच

यस्त्वात्मरतिरेव स्यादात्मतृप्तश्च मानवः ।

आत्मन्येव च संतुष्टस्तस्य कार्यं न विद्यते ॥

परंतु जो मनुष्य आत्मामें ही रमण करनेवाला और आत्मामें ही तृप्त तथा आत्मामें ही संतुष्ट हो, उसके लिये कोई कर्तव्य नहीं है ।

भीष्मपर्व, अध्याय 27, श्लोक 17 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1397 वैराग्य
अहङ्कार और कर्ता भाव

श्रीभगवान् उवाच

प्रकृतेः क्रियमाणानि गुणैः कर्माणि सर्वशः ।

अहंकारविमूढात्मा कर्ताहमिति मन्यते ॥

वास्तवमें सम्पूर्ण कर्म सब प्रकारसे प्रकृतिके गुणोंद्वारा किये जाते हैं, तो भी जिसका अन्तःकरण अहंकारसे मोहित हो रहा है, ऐसा अज्ञानी ‘मैं कर्ता हूँ’ ऐसा मानता है ।

भीष्मपर्व, अध्याय 27, श्लोक 27 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1399 माया–संसार

श्रीभगवान् उवाच

तत्त्ववित् तु महाबाहो गुणकर्मविभागयोः ।

गुणा गुणेषु वर्तन्त इति मत्वा न सज्जते ॥

परंतु हे महाबाहो! गुणविभाग और कर्मविभागके तत्त्वको जाननेवाला ज्ञानयोगी सम्पूर्ण गुण ही गुणोंमें बरत रहे हैं, ऐसा समझकर उनमें आसक्त नहीं होता ।

भीष्मपर्व, अध्याय 27, श्लोक 28 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1399 साधना–योग

श्रीभगवान् उवाच

गतसङ्गस्य मुक्तस्य ज्ञानावस्थितचेतसः ।

यज्ञायाचरतः कर्म समग्रं प्रविलीयते ॥

जिसकी आसक्ति सर्वथा नष्ट हो गयी है, जो देहाभिमान और ममतासे रहित हो गया है, जिसका चित्त निरन्तर परमात्माके ज्ञानमें स्थित रहता है — ऐसे केवल यज्ञसम्पादनके लिये कर्म करनेवाले मनुष्यके सम्पूर्ण कर्म भलीभाँति विलीन हो जाते हैं ।

भीष्मपर्व, अध्याय 28, श्लोक 23 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1414 साधना–योग
ज्ञान की अग्नि

श्रीभगवान् → अर्जुन

यथैधांसि समिद्धोऽग्निर्भस्मसात्कुरुतेऽर्जुन ।

ज्ञानाग्निः सर्वकर्माणि भस्मसात्कुरुते तथा ॥

क्योंकि हे अर्जुन! जैसे प्रज्वलित अग्नि ईंधनोंको भस्ममय कर देता है, वैसे ही ज्ञानरूप अग्नि सम्पूर्ण कर्मोंको भस्ममय कर देता है ।

भीष्मपर्व, अध्याय 28, श्लोक 37 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1417 वैराग्य

श्रीभगवान् उवाच

योगसंन्यस्तकर्माणं ज्ञानसंछिन्नसंशयम् ।

आत्मवन्तं न कर्माणि निबध्नन्ति धनंजय ॥

किंतु हे धनंजय! जिसने कर्मयोगकी विधिसे समस्त कर्मोंका परमात्मामें अर्पण कर दिया है और जिसने विवेकद्वारा समस्त संशयोंका नाश कर दिया है, ऐसे वशमें किये हुए अन्तःकरणवाले पुरुषको कर्म नहीं बाँधते ।

भीष्मपर्व, अध्याय 28, श्लोक 41 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1418 साधना–योग

श्रीभगवान् उवाच

योगयुक्तो विशुद्धात्मा विजितात्मा जितेन्द्रियः ।

सर्वभूतात्मभूतात्मा कुर्वन्नपि न लिप्यते ॥

जिसका मन अपने वशमें है, जो जितेन्द्रिय एवं विशुद्ध अन्तःकरणवाला है और सम्पूर्ण प्राणियोंका आत्मरूप परमात्मा ही जिसका आत्मा है, ऐसा कर्मयोगी कर्म करता हुआ भी लिप्त नहीं होता ।

भीष्मपर्व, अध्याय 29, श्लोक 7 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1430 साधना–योग

श्रीभगवान् उवाच

इहैव तैर्जितः सर्गो येषां साम्ये स्थितं मनः ।

निर्दोषं हि समं ब्रह्म तस्माद् ब्रह्मणि ते स्थिताः ॥

जिनका मन समभावमें स्थित है, उनके द्वारा इस जीवित अवस्थामें ही सम्पूर्ण संसार जीत लिया गया अर्थात् वे सदाके लिये जन्म-मरणसे छूटकर जीवन्मुक्त हो गये; क्योंकि सच्चिदानन्दघन परमात्मा निर्दोष और सम है, इससे वे सच्चिदानन्दघन परमात्मामें ही स्थित हैं?

भीष्मपर्व, अध्याय 29, श्लोक 19 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1432 वैराग्य

श्रीभगवान् उवाच

लभन्ते ब्रह्मनिर्वाणमृषयः क्षीणकल्मषाः ।

छिन्नद्वैधा यतात्मानः सर्वभूतहिते रता ॥

जिनके सब पाप नष्ट हो गये हैं, जिनके सब संशय ज्ञानके द्वारा निवृत्त हो गये हैं, जो सम्पूर्ण प्राणियोंके हितमें रत हैं और जिनका जीता हुआ मन निश्चलभावसे परमात्मामें स्थित है, वे ब्रह्मवेत्ता पुरुष शान्त ब्रह्मको प्राप्त होते हैं ।

भीष्मपर्व, अध्याय 29, श्लोक 25 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1433 वैराग्य
समभाव की श्रेष्ठता

श्रीभगवान् उवाच

सुहृन्मित्रार्युदासीनमध्यस्थद्वेष्यबन्धुषु ।

साधुष्वपि च पापेषु समबुद्धिर्विशिष्यते ॥

सुहृद्, मित्र, वैरी, उदासीन, मध्यस्थ, द्वेष्य और बन्धुगणोंमें, धर्मात्माओंमें और पापियों में भी समानभाव रखनेवाला अत्यन्त श्रेष्ठ है ।

भीष्मपर्व, अध्याय 30, श्लोक 9 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1443 नीति–व्यवहार

श्रीभगवान् उवाच

मनसैवेन्द्रियग्रामं विनियम्य समन्ततः ।

शनैः शनैरुपरमेद् बुद्ध्या धृतिगृहीतया ।

आत्मसंस्थं मनःकृत्वा न किंचिदपि चिन्तयेत् ॥

संकल्पसे उत्पन्न होनेवाली सम्पूर्ण कामनाओंको निःशेषरूपसे त्यागकर और मनके द्वारा इन्द्रियोंके समुदायको सभी ओरसे भलीभाँति रोककर । क्रम-क्रमसे अभ्यास करता हुआ उपरतिको प्राप्त हो तथा धैर्ययुक्त बुद्धिके द्वारा मनको परमात्मामें स्थित करके परमात्माके सिवा और कुछ भी चिन्तन न करे ।

भीष्मपर्व, अध्याय 30, श्लोक 24–25 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1446 साधना–योग
परम तत्त्वज्ञान

श्रीभगवान् उवाच

ज्ञानं तेऽहं सविज्ञानमिदं वक्ष्याम्यशेषतः ।

यज्ज्ञात्वा नेह भूयोऽन्यज्ज्ञातव्यमवशिष्यते ॥

मैं तेरे लिये इस विज्ञानसहित तत्त्वज्ञानको सम्पूर्णतया कहूँगा, जिसको जानकर संसारमें फिर और कुछ भी जाननेयोग्य शेष नहीं रह जाता ।

श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा।

भीष्मपर्व, अध्याय 31, श्लोक 2 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1461 भक्ति

श्रीभगवान् उवाच

अक्षरं ब्रह्म परमं स्वभावोऽध्यात्ममुच्यते ।

भूतभावोद्भवकरो विसर्गः कर्मसंज्ञितः ॥

श्रीभगवान्‌ने कहा — परम अक्षर ‘ब्रह्म’ है, अपना स्वरूप अर्थात् जीवात्मा ‘अध्यात्म’ नामसे कहा जाता है तथा भूतोंके भावको उत्पन्न करनेवाला जो त्याग है, वह ‘कर्म’ नामसे कहा गया है ।

भीष्मपर्व, अध्याय 32, श्लोक 3 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1471 कर्म–प्रारब्ध

श्रीभगवान् उवाच

राजविद्याराजगुह्यं पवित्रमिदमुत्तमम् ।

प्रत्यक्षावगमं धर्म्यं सुसुखं कर्तुमव्ययम् ॥

यह विज्ञानसहित ज्ञान सब विद्याओंका राजा, सब गोपनीयोंका राजा, अति पवित्र, अति उत्तम, प्रत्यक्ष फलवाला, धर्मयुक्त, साधन करनेमें बड़ा सुगम और अविनाशी है ।

भीष्मपर्व, अध्याय 33, श्लोक 2 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1485

श्रीभगवान् उवाच

भवन्ति भावा भूतानां मत्त एव पृथग्विधाः ॥

निश्चय करनेकी शक्ति यथार्थ ज्ञान, असम्मूढता, क्षमा, सत्य, इन्द्रियोंका वशमें करना, मनका निग्रह तथा सुख-दुःख, उत्पत्ति-प्रलय और भय-अभयँ तथा अहिंसा, समता, संतोष तप, दान, - कीर्ति और अपकीर्ति — ऐसे ये प्राणियोंके नाना प्रकारके भाव मुझसे ही होते हैं ।

भीष्मपर्व, अध्याय 34, श्लोक 5 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1505

श्रीभगवान् उवाच

दण्डो दमयतामस्मि नीतिरस्मि जिगीषताम् ।

मौनं चैवास्मि गुह्यानां ज्ञानं ज्ञानवतामहम् ॥

मैं दमन करनेवालोंका दण्ड अर्थात् दमन करनेकी शक्ति हूँ, जीतनेकी इच्छावालोंकी नीति हूँ, गुप्त रखनेयोग्य भावोंका रक्षक मौन हूँ और ज्ञानवानोंका तत्त्वज्ञान मैं ही हूँ ।

भीष्मपर्व, अध्याय 34, श्लोक 38 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 1511 नीति–व्यवहार

संजय उवाच

इदं तत् समनुप्राप्तं क्षत्तुर्वचनमुत्तमम् ।

न बुद्धवानसि विभो प्रोच्यमानं हितं तदा ॥

संजयने कहा — प्रभो! उस समय आपने जो विदुरजीके कहे हुए उत्तम एवं हितकारक वचनको नहीं सुना (सुनकर भी उसपर ध्यान नहीं दिया), उसीका यह फल प्राप्त हुआ है ।

भीष्मपर्व, अध्याय 89, श्लोक 9 महाभारत — खण्ड ३ पृ. 2057