श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड ६

साधना–योग

अभ्यास, संयम और मन का निग्रह

35 पद्य

महाभारत — खण्ड ६

गृहस्थ धर्म द्वारा विजय

पञ्चभूतान्यतिक्रान्तः स्ववीर्याच्च मनोजवः ।

गृहस्थधर्मेणानेन कामक्रोधौ च ते जितौ ॥

‘अपने पराक्रमसे पञ्चभूतोंको लाँघकर तुम मनके समान वेगवान् हो गये हो । इस गृहस्थ-धर्मके आचरणसे ही तुमने काम और क्रोधपर विजय पा ली है’

अनुशासनपर्व, अध्याय 2, श्लोक 87 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 51
उत्तम ब्रह्मचर्य और धर्म

भीष्म → तात

ब्रह्मचर्यात् परं तात मधुमांसस्य वर्जनम् ।

मर्यादायां स्थितो धर्मः शमश्चैवास्य लक्षणम् ॥

भीष्मजीने कहा — तात! मांस और मदिराका त्याग ब्रह्मचर्यसे भी श्रेष्ठ है-वही उत्तम ब्रह्मचर्य है । वेदोक्त मर्यादामें स्थित रहना सबसे श्रेष्ठ धर्म है तथा मन और इन्द्रियोंको संयममें रखना ही सर्वोत्तम पवित्रता है ।

भीष्मजी ने युधिष्ठिर को उत्तम ब्रह्मचर्य, श्रेष्ठ धर्म और सर्वोत्तम पवित्रता के विषय में बताया।

अनुशासनपर्व, अध्याय 22, श्लोक 25 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 324 वैराग्य
दम की श्रेष्ठता

भीष्म उवाच

दानाद् दमो विशिष्टो हि ददत्किंचित् द्विजातये ।

दाता कुप्यति नो दान्तस्तस्माद् दानात् परं दमः ।

यस्तु दद्यादकुप्यन् हि तस्य लोकाः सनातनाः ॥

दानसे दमका स्थान ऊँचा होता है । दानी पुरुष ब्राह्मणको कुछ दान करते समय कभी क्रोध भी कर सकता है; परंतु दमनशील या जितेन्द्रिय पुरुष कभी क्रोध नहीं करता; इसलिये दम (इन्द्रिय-संयम) दानसे श्रेष्ठ है । जो दाता बिना क्रोध किये दान करता है उसे सनातन (नित्य) लोक प्राप्त होते हैं ।

भीष्मजी ने युधिष्ठिर से कहा।

अनुशासनपर्व, अध्याय 75, श्लोक 14–15 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 669
दम की श्रेष्ठता

भीष्म उवाच

क्रोधो हन्ति हि यद् दानं तस्माद् दानात् परं दमः ।

अदृश्यानि महाराज स्थानान्ययुतशो दिवि ।

ऋषीणां सर्वलोकेषु यानि ते यान्ति देवताः ।

दमेन यानि नृपते गच्छन्ति परमर्षयः ।

कामयाना महत्स्थानं तस्माद् दानात् परं दमः ॥

दान करते समय यदि क्रोध आ जाय तो वह दानके फलको नष्ट कर देता है; इसलिये उस क्रोधको दबानेवाला जो दमनामक गुण है, वह दानसे श्रेष्ठ माना गया है । महाराज! नरेश्वर! सम्पूर्ण लोकोंमें निवास करनेवाले ऋषियोंके स्वर्गमें सहस्रों अदृश्य स्थान हैं, जिनमें दमके पालनद्वारा महान् लोककी इच्छा रखनेवाले महर्षि और देवता इस लोकसे जाते हैं; अतः ‘दम’ दानसे श्रेष्ठ है ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 75, श्लोक 16–17 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 670
गोलोक प्राप्ति के मार्ग

ब्रह्मा उवाच

ब्रह्मचर्येण तपसा यत्नेन च दमेन च ।

दानैश्च विविधैः पुण्यैस्तथा तीर्थानुसेवनात् ॥

तपसा महता चैव सुकृतेन च कर्मणा ।

शक्यः समासादयितुं गोलोकः पुष्करेक्षण ॥

कमलनयन इन्द्र! ब्रह्मचर्य, तपस्या, यत्न, इन्द्रियसंयम, नाना प्रकारके दान, पुण्य, तीर्थसेवन, महान् तप और अन्यान्य शुभ कर्मोंके अनुष्ठानसे ही गोलोककी प्राप्ति हो सकती है ।

ब्रह्माजी ने इन्द्र से कहा।

अनुशासनपर्व, अध्याय 83, श्लोक 42–43 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 718 ज्ञान–विवेक

भीष्म → राजन

मासार्धमासोपवासाद् यत् तपो मन्यते जनः ।

आत्मतन्त्रोपघाती यो न तपस्वी न धर्मवित् ॥

भीष्मजीने कहा — राजन्! जो लोग पंद्रह दिन या एक महीनेतक उपवास करके उसे तपस्या मानते हैं, वे व्यर्थ ही अपने शरीरको कष्ट देते हैं । वास्तवमें केवल उपवास करनेवाले न तपस्वी हैं, न धर्मज्ञ ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 93, श्लोक 4 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 789 ज्ञान–विवेक

भीष्म उवाच

एवमेते महात्मानो भोगैर्बहुविधैरपि ।

क्षुधा परमया युक्ताश्छन्द्यमाना महात्मभिः ।

नैव लोभं तदा चक्रुस्ततः स्वर्गमवाप्नुवन् ॥

इस प्रकार उन महात्माओंने अत्यन्त भूखे होनेपर और बड़े-बड़े लोगोंके अनेक प्रकारके भोगोंद्वारा लालच देनेपर भी उस समय लोभ नहीं किया । इसीसे उन्हें स्वर्गलोककी प्राप्ति हुई ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 93, श्लोक 141–142 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 813 वैराग्य

युधिष्ठिर उवाच

तपसा ब्रह्मचर्येण जपहोमैस्तथौषधैः ।

कर्मणा मनसा वाचा तन्मे ब्रूहि पितामह ॥

पितामह! मनुष्य मन, वाणी अथवा शरीरके द्वारा तप, ब्रह्मचर्य, जप, होम तथा औषध आदिमेंसे किसका आश्रय ले, जिससे वह श्रेयका भागी हो, वह मुझे बताइये ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 104, श्लोक 3 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 912

अंगिरा उवाच

पञ्चम्यां वापि षष्ठ्यां च पौर्णमास्यां च भारत ।

उपोष्य एकभक्तेन नियतात्मा जितेन्द्रियः ॥

क्षमावान् रूपसम्पन्नः श्रुतवांश्चैव जायते ।

नानपत्यो भवेत् प्राज्ञो दरिद्रो वा कदाचन ॥

भारत! यदि मनुष्य पंचमी, षष्ठी और पूर्णिमाके दिन अपने मन और इन्द्रियोंको काबूमें रखकर एक वक्त भोजन करके दूसरे वक्त उपवास करे तो वह क्षमावान्, रूपवान् और विद्वान् होता है । वह बुद्धिमान् पुरुष कभी संतानहीन या दरिद्र नहीं होता ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 106, श्लोक 14–15 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 941
सिद्धि का मार्ग

बृहस्पति उवाच

हन्त निःश्रेयसं जन्तोरहं वक्ष्याम्यनुत्तमम् ।

अहिंसापाश्रयं धर्मं यः साधयति वै नरः ॥

त्रीन् दोषान् सर्वभूतेषु निधाय पुरुषः सदा ।

कामक्रोधौ च संयम्य ततः सिद्धिमवाप्नुते ॥

अब मैं मनुष्यके लिये कल्याणके सर्वश्रेष्ठ उपायका वर्णन करता हूँ । जो मनुष्य अहिंसायुक्त धर्मका पालन करता है, वह मोह, मद और मत्सरतारूप तीनों दोषोंको अन्य समस्त प्राणियोंमेंस्थापित करके एवं सदा काम-क्रोधका संयम करके सिद्धिको प्राप्त हो जाता है ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 113, श्लोक 3–4 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1000 काम–क्रोध–लोभ–मोह

भीष्म उवाच

कर्मणा लिप्यते जन्तुर्वाचा च मनसापि च ।

पूर्वं तु मनसा त्यक्त्वा तथा वाचाथ कर्मणा ।

न भक्षयति यो मांसं त्रिविधं स विमुच्यते ॥

जीव मन, वाणी और क्रियाके द्वारा हिंसाके दोषसे लिप्त होता है, किंतु जो क्रमशः पहले मनसे, फिर वाणीसे और फिर क्रियाद्वारा हिंसाका त्याग करके कभी मांस नहीं खाता, वह पूर्वोक्त तीनों प्रकारकी हिंसाके दोषसे भी मुक्त हो जाता है ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 114, श्लोक 7–8 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1004

व्यास उवाच

पाहि सर्वाः प्रजाः सम्यक् शुभाशुभविदात्मवान् ।

शुभैः संविभजन् कामैरशुभानां च पावनैः ॥

आत्मवान् भव सुप्रीतः स्वधर्माचरणे रतः ।

क्षात्रीं तनुं समुत्सृज्य ततो विप्रत्वमेष्यसि ॥

तुम शुभ और अशुभका ज्ञान प्राप्त करो तथा अपने मन और इन्द्रियोंको वशमें करके भलीभाँति प्रजाका पालन करो । उत्तम भोगोंका दान करते हुए अशुभ दोषोंका मार्जन करके प्रजाको पावन बनाकर आत्मज्ञानी एवं सुप्रसन्न हो जाओ तथा सदा स्वधर्मके आचरणमें तत्पर रहो । तदनन्तर क्षत्रिय-शरीरका त्याग करके ब्राह्मणत्वको प्राप्त करोगे ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 119, श्लोक 4–5 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1031 धर्म–आचरण

विष्णु उवाच

ये च धर्माः शुभाः पुण्याः सरहस्या उदाहृताः ।

तेषां धर्मफलं तस्य यः पठेत जितेन्द्रियः ॥

यहाँ जिन-जिन पवित्र एवं कल्याणकारी धर्मोंका रहस्योंसहित वर्णन किया गया है, उन सबका जो इन्द्रियसंयमपूर्वक पाठ करेगा, उसे उन धर्मोंका पूरा-पूरा फल प्राप्त होगा ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 134, श्लोक 10 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1110 ज्ञान–विवेक

श्रीमहेश्वर → देवि

इदं चैवापरं देवि ब्रह्मणा समुदाहृतम् ।

अध्यात्मं नैष्ठिकं सद्भिर्धर्मकामैर्निषेव्यते ॥

देवि! ब्रह्माजीने यह एक बात और बतायी है-धर्मकी इच्छा रखनेवाले सत्पुरुषोंको आजीवन अध्यात्म-तत्त्वका ही सेवन करना चाहिये ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 143, श्लोक 16 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1192

श्रीमहेश्वर उवाच

अध्ययनको जीविकाका साधन न बनावे ।

एवंभूतो हि यो विप्रः सत्पथं सत्यथे स्थितः ।

आहिताग्निरधीयानो ब्रह्मभूयाय कल्पते ॥

इस प्रकार जो ब्राह्मण सन्मार्गपर स्थित हो सत्पथका ही अनुसरण करता है तथा अग्निहोत्र एवं स्वाध्यायपूर्वक जीवन बिताता है, वह ब्रह्मभावको प्राप्त होता है ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 143, श्लोक 56–57 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1197

ईश्वर उवाच

कर्मणा मनसा वाचा स नमस्यो द्विजैः सदा ।

यत्नवद्भिरुपस्थाय द्रष्टव्यो देवकीसुतः ॥

द्विजोंको चाहिये कि वे मन, वाणी और कर्मसे सदा उन भगवान्‌को प्रणाम करें और यत्नपूर्वक उपासना करके उन देवकीनन्दनका दर्शन करें ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 147, श्लोक 50 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1406

भीष्म उवाच

इदमाह्निकमव्यग्रं कुर्वद्भिर्नियतैः सदा ।

नृपैर्भरतशार्दूल प्राप्यते श्रीरनुत्तमा ॥

भरतसिंह! जो राजा मन और इन्द्रियोंको वशमें करके शान्तिपूर्वक प्रतिदिन इस मन्त्रका जप करते हैं, उन्हें सर्वोत्तम सम्पत्ति प्राप्त होती है ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 150, श्लोक 9 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1453

भीष्म उवाच

स्वाध्याये भोजने चैव दक्षिणं पाणिमुद्धरेत् ।

यच्छेद्वाङ्मनसी नित्यमिन्द्रियाणि तथैव च ॥

स्वाध्याय और भोजनके समय दाहिना हाथ उठाना चाहिये तथा मन, वाणी और इन्द्रियोंको सदा अपने अधीन रखना चहिये ।

अनुशासनपर्व, अध्याय 162, श्लोक 49 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1532

ब्राह्मण उवाच

सर्वमित्रः सर्वंसहः शमे रक्तो जितेन्द्रियः ।

व्यपेतभयमन्युश्च आत्मवान् मुच्यते नरः ॥

जो सबका मित्र, सब कुछ सहनेवाला, मनोनिग्रहमें तत्पर, जितेन्द्रिय, भय और क्रोधसे रहित तथा आत्मवान् है, वह मनुष्य बन्धनसे मुक्त हो जाता है ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 19, श्लोक 2 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1670

ब्राह्मण उवाच

यथा स्वकोष्ठे प्रक्षिप्य भाण्डं भाण्डमना भवेत् ।

तथा स्वकाये प्रक्षिप्य मनो द्वारैरनिश्चलैः ।

आत्मानं तत्र मार्गेत प्रमादं परिवर्जयेत् ॥

जैसे घरका सामान अपने कोटेमें डालकर भी मनुष्य उन्हींके चिन्तनमें मन लगाये रहता है, उसी प्रकार इन्द्रियरूपी चंचल द्वारोंसे विचरनेवाले मनको अपनी कायामें ही स्थापित करके वहीं आत्माका अनुसंधान करे और प्रमादको त्याग दे ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 19, श्लोक 45–46 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1676

वासुदेव → पार्थ

एतावदेव वक्तव्यं नातो भूयोऽस्ति किंचन ।

षण्मासान् नित्ययुक्तस्य योगः पार्थ प्रवर्तते ॥

पार्थ! इतना ही कहनेयोग्य विषय है । इससे बढ़कर कुछ भी नहीं है । जो छः महीनेतक निरन्तर योगका अभ्यास करता है, उसका योग अवश्य सिद्ध हो जाता है ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 19, श्लोक 66 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1678

ब्राह्मण उवाच

मनसा गम्यते यच्च यच्च वाचा निगद्यते ।

श्रोत्रेण श्रूयते यच्च चक्षुषा यच्च दृश्यते ।

स्पर्शेन स्पृश्यते यच्च घ्राणेन घ्रायते च यत् ।

मनःषष्ठानि संयम्य हवींष्येतानि सर्वशः ।

गुणवत्पावको मह्यं दीव्यतेऽन्तःशरीरगः ॥

जो मनसे अवगत होता है, वाणीद्वारा जिसका कथन होता है, जिसे कानसे सुना और आँखसे देखा जाता है, जिसको त्वचासे छूआ और नासिकासे सूँघा जाता है । इन मन्तव्य आदि छहों विषयरूपी हविष्योंका मन आदि छहों इन्द्रियोंके संयमपूर्वक अपने-आपमें होम करना चाहिये । उस होमके अधिष्ठानभूत गुणवान् पावकरूप परमात्मा मेरे तन-मनके भीतर प्रकाशित हो रहे हैं ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 25, श्लोक 12–13 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1704 ज्ञान–विवेक

ब्राह्मण उवाच

कृशाशाः सुव्रताशाश्च तपसा दग्धकिल्बिषाः ।

आत्मन्यात्मानमाविश्य ब्रह्माणं समुपासते ॥

जिनकी आशा क्षीण हो गयी है, जो उत्तम व्रतके पालनकी इच्छा रखते हैं । तपस्यासे जिनके सारे पाप दग्ध हो गये हैं । वे ही पुरुष अपनी बुद्धिको आत्मनिष्ठ करके परब्रह्मकी उपासना करते हैं ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 27, श्लोक 22 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1713 भक्ति

ब्राह्मण उवाच

शममप्यत्र शंसन्ति विद्यारण्यविदो जनाः ।

तदारण्यमभिप्रेत्य यथाधीरभिजायत ॥

विद्या (ज्ञान)-के ही प्रभावसे ब्रह्मरूपी वनका स्वरूप समझमें आता है । इस बातको जाननेवाले मनुष्य इस वनमें प्रवेश करनेके उद्देश्यसे शम (मनोनिग्रह)-की ही प्रशंसा करते हैं, जिससे बुद्धि स्थिर होती है ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 27, श्लोक 23 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1713 ज्ञान–विवेक

अलर्क उवाच

यदिदं चापलात् कर्म सर्वान् मर्त्यांश्चिकीर्षति ।

मनः प्रति सुतीक्ष्णाग्रानहं मोक्ष्यामि सायकान् ॥

यह मन चंचलताके कारण सभी मनुष्योंसे तरह-तरहके कर्म कराता है, अतः अब मैं मनपर ही तीखे बाणोंका प्रहार करूँगा ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 30, श्लोक 6 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1724 ज्ञान–विवेक

ब्राह्मण उवाच

विस्मितश्चापि राजर्षिरिमां गाथां जगाद ह ।

अहो कष्टं यदस्माभिः सर्वं बाह्यमनुष्ठितम् ॥

भोगतृष्णासमायुक्तैः पूर्वं राज्यमुपासितम् ।

इति पश्चान्मया ज्ञातं योगान्नास्ति परं सुखम् ॥

इस सफलतासे राजर्षि अलर्कको बड़ा आश्चर्य हुआ और उन्होंने इस गाथाका गान किया — ‘अहो! बड़े कष्टकी बात है कि अबतक मैं बाहरी कामोंमें ही लगा रहा और भोगोंकी तृष्णासे आबद्ध होकर राज्यकी ही उपासना करता रहा । ध्यानयोगसे बढ़कर दूसरा कोई उत्तम सुखका साधन नहीं है, यह बात तो मुझे बहुत पीछे मालूम हुई है’

अनुगीतापर्व, अध्याय 30, श्लोक 30–31 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1728 वैराग्य

ब्रह्मा उवाच

त्वग्घ्राणश्रोत्रचक्षूंषि रसना वाक् च संयताः ।

विशुद्धं च मनो यस्य बुद्धिश्चाव्यभिचारिणी ॥

अष्टौ यस्याग्नयो ह्येते न दहने मनः सदा ।

स तद् ब्रह्म शुभं याति तस्माद् भूयो न विद्यते ॥

जिसकी त्वचा, नासिका, कान, आँख, रसना और वाक् — ये इन्द्रियाँ वशमें हों, मन शुद्ध हो और बुद्धि एक निश्चयपर स्थिर रहनेवाली हो तथा जिसके मनको उपर्युक्त इन्द्रियादिरूप आठ अग्नियाँ संतप्त न करती हों, वह पुरुष उस कल्याणमय ब्रह्मको प्राप्त होता है, जिससे बढ़कर दूसरा कोई नहीं है ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 42, श्लोक 10–11 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1774 ज्ञान–विवेक

ब्रह्मा उवाच

श्रोत्रं त्वक् चक्षुषी जिह्वा नासिका चैव पञ्चमी ।

पादौ पायुरुपस्थश्च हस्तौ वाग् दशमी भवेत् ॥

इन्द्रियग्राम इत्येष मन एकादशं भवेत् ।

एतं ग्रामं जयेत् पूर्वं ततो ब्रह्म प्रकाशते ॥

कान, त्वचा, आँख, रसना, पाँचवीं नासिका तथा हाथ, पैर, गुदा, उपस्थ और वाक् — यह दस इन्द्रियोंका समूह है । मन ग्यारहवाँ है । मनुष्यको पहले इस समुदायपर विजय प्राप्त करना चाहिये । तत्पश्चात् उसे ब्रह्मका साक्षात्कार होता है ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 42, श्लोक 13–14 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1774

ब्रह्मा उवाच

कामानात्मनि संयम्य क्षीणतृष्णः समाहितः ।

सर्वभूतसुहृन्मित्रो ब्रह्मभूयाय कल्पते ॥

जो कामनाओंको अपने भीतर लीन करके तृष्णासे रहित, एकाग्रचित तथा सम्पूर्ण प्राणियोंका सुहृद् और मित्र होता है, वह ब्रह्मप्राप्तिका पात्र हो जाता है ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 42, श्लोक 47 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1779 ज्ञान–विवेक
इन्द्रिय निरोध का महत्त्व

ब्रह्मा उवाच

कामं क्रोधं भयं लोभमभिद्रोहमथानृतम् ।

इन्द्रियाणां निरोधेन सदा त्यजति दुस्त्यजान् ॥

सदा इन्द्रियोंके निरोधसे मनुष्य काम, क्रोध, भय, लोभ, द्रोह और असत्य — इन सब दुस्तयज अवगुणोंको त्याग देता है ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 42, श्लोक 56 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1780 काम–क्रोध–लोभ–मोह
आठ व्रतों का पालन

ब्रह्मा उवाच

अहिंसा ब्रह्मचर्यं च सत्यमार्जवमेव च ।

अक्रोधश्चानसूया च दमो नित्यमपैशुनम् ।

अष्टस्वेतेषु युक्तः स्याद् व्रतेषु नियतेन्द्रियः ॥

अहिंसा, ब्रह्मचर्य, सत्य, सरलता, क्रोधका अभाव, दोष-दृष्टिका त्याग, इन्द्रियसंयम और चुगली न खाना — इन आठ व्रतोंका सदा सावधानीके साथ पालन करे । इन्द्रियोंको वशमें रखे ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 46, श्लोक 29–30 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1800 धर्म–आचरण

ब्रह्मा उवाच

इन्द्रियाण्युपसंहृत्य कूर्मोऽङ्गानीव सर्वशः ।

क्षीणेन्द्रियमनोबुद्धिर्निरीहः सर्वतत्त्ववित् ॥

जैसे कछुआ अपने अंगोंको सब ओरसे समेट लेता है, उसी प्रकर इन्द्रियोंको विषयोंकी ओरसे हटा ले । इन्द्रिय, मन और बुद्धिको दुर्बल करके निश्चेष्ट हो जाय । सम्पूर्ण तत्त्वोंका ज्ञान प्राप्त करे ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 46, श्लोक 44 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1802 ज्ञान–विवेक

ब्रह्मा उवाच

कुर्वते ये तु कर्माणि श्रद्दधाना विपश्चितः ।

अनाशीर्योगसंयुक्तास्ते धीराः साधुदर्शिनः ॥

जो विद्वान् समत्वयोगमें स्थित हो श्रद्धाके साथ कर्तव्य-कर्मोंका अनुष्ठान करते हैं और उनके फलमें आसक्त नहीं होते, वे धीर और उत्तम दृष्टिवाले माने गये हैं ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 50, श्लोक 6 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1814 कर्म–प्रारब्ध

ब्रह्मा उवाच

यद्दुरापं दुराम्नायं दुराधर्षं दुरन्वयम् ।

तत् सर्वं तपसा साध्यं तपो हि दुरतिक्रमम् ॥

जिसको पाना, जिसका अभ्यास करना, जिसे दबाना और जिसकी संगति लगाना नितान्त कठिन है, वह तपस्याके द्वारा साध्य हो जाता है; क्योंकि तपका प्रभाव दुर्लङ्घ्य है ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 51, श्लोक 17 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 1825
क्षुधा का प्रभाव

श्वशुर उवाच

क्षुधा निर्णुदति प्रज्ञां धर्मबुद्धिं व्यपोहति ।

क्षुधापरिगतज्ञानो धृतिं त्यजति चैव ह ।

बुभुक्षां जयते यस्तु स स्वर्गं जयते ध्रुवम् ॥

भूख मनुष्यकी बुद्धिको चौपट कर देती है । धार्मिक विचारको मिटा देती है । क्षुधासे ज्ञान लुप्त हो जानेके कारण मनुष्य धीरज खो देता है । जो भूखको जीत लेता है, वह निश्चय ही स्वर्गपर विजय पाता है ।

अनुगीतापर्व, अध्याय 90, श्लोक 90–91 महाभारत — खण्ड ६ पृ. 2050 ज्ञान–विवेक