श्रीगणेशाय नमः।

महाभारत — खण्ड १

नीति–व्यवहार

लोकव्यवहार, मित्रता, वाणी और राजधर्म

38 पद्य

महाभारत — खण्ड १

धन का बँटवारा

विभावसु उवाच

विभागं बहवो मोहात् कर्तुमिच्छन्ति नित्यशः ।

ततो विभक्तास्त्वन्योन्यं विक्रुध्यन्तेऽर्थमोहिताः ॥

भाई! बहुत-से मनुष्य मोहवश सदा धनका बँटवारा कर लेनेकी इच्छा रखते हैं । तदनन्तर बँटवारा हो जानेपर धनके मोहमें फँसकर वे एक-दूसरेके विरोधी हो परस्पर क्रोध करने लगते हैं ।

बड़े भाई विभावसु ने सुप्रतीक से कहा।

आदिपर्व, अध्याय 29, श्लोक 18 महाभारत — खण्ड १ पृ. 261 माया–संसार
ब्रह्मवादियों का सम्मान

न चाप्येवं त्वया भूयः क्षेप्तव्या ब्रह्मवादिनः ।

न चावमान्या दर्पात् ते वाग्वज्रा भृशकोपनाः ॥

‘एक बात ध्यान रखना-आजसे फिर कभी तुम घमंडमें आकर ब्रह्मवादी महात्माओंका उपहास और अपमान न करना; क्योंकि उनके पास वाणीरूप अमोघ वज्र है तथा वे तीक्ष्ण कोपवाले होते हैं’

कश्यपजी ने देवराज इन्द्र से कहा।

आदिपर्व, अध्याय 31, श्लोक 32 महाभारत — खण्ड १ पृ. 278 ज्ञान–विवेक
आत्म-प्रशंसा का निषेध

गरुड उवाच

कामं नैतत् प्रशंसन्ति सन्तः स्वबलसंस्तवम् ।

गुणसंकीर्तनं चापि स्वयमेव शतक्रतो ॥

शतक्रतो! साधु पुरुष स्वेच्छासे अपने बलकी स्तुति और अपने ही मुखसे अपने गुणोंका बखान अच्छा नहीं मानते ।

गरुड ने इन्द्र से कहा।

आदिपर्व, अध्याय 34, श्लोक 2 महाभारत — खण्ड १ पृ. 287 भक्ति
दण्ड और धर्म

शमीक उवाच

दण्डात् प्रतिभयं भूयः शान्तिरुत्पद्यते तदा ।

नोद्विग्नश्चरते धर्मं नोद्विग्नश्चरते क्रियाम् ॥

दण्डसे भय होता है, फिर भयसे तत्काल शान्ति स्थापित होती है । जो चोर आदिके भयसे उद्विग्न है, वह धर्मका अनुष्ठान नहीं कर सकता । वह उद्विग्न पुरुष यज्ञ, श्राद्ध आदि शास्त्रीय कर्मोंका आचरण भी नहीं कर सकता ।

शमीक मुनि ने अपने पुत्र शृंगी से कहा।

आदिपर्व, अध्याय 41, श्लोक 28 महाभारत — खण्ड १ पृ. 321
परीक्षित के सद्गुण

सौति उवाच

जितेन्द्रियश्चात्मवांश्च मेधावी धर्मसेविता ।

षड्वर्गजिन्महाबुद्धिर्नीतिशास्त्रविदुत्तमः ॥

उन्होंने अपनी इन्द्रियोंको जीतकर मनको अपने वशमें कर रखा था । वे मेधावी तथा धर्मका सेवन करनेवाले थे । उन्होंने काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद और मात्सर्य — इन छहों शत्रुओंपर विजय प्राप्त कर ली थी । उनकी बुद्धि विशाल थी । वे नीतिके विद्वानोंमें सर्वश्रेष्ठ थे ।

आदिपर्व, अध्याय 49, श्लोक 16 महाभारत — खण्ड १ पृ. 360 काम–क्रोध–लोभ–मोह
साधु और दुर्जन की प्रतिक्रिया

शकुन्तला उवाच

अन्यान् परिवदन् साधुर्यथा हि परितप्यते ।

तथा परिवदन्नन्यांस्तुष्टो भवति दुर्जनः ॥

साधु पुरुष दूसरोंकी निन्दाका अवसर आनेपर जैसे अत्यन्त संतप्त हो उठता है, ठीक उसी प्रकार दुष्ट मनुष्य दूसरोंकी निन्दाका अवसर मिलनेपर बहुत संतुष्ट होता है ।

आदिपर्व, अध्याय 74, श्लोक 92 महाभारत — खण्ड १ पृ. 556
मूर्खों का स्वभाव

शकुन्तला उवाच

अभिवाद्य यथा वृद्धान् सन्तो गच्छन्ति निर्वृतिम् ।

एवं सज्जनमाक्रुश्य मूर्खो भवति निर्वृतः ॥

सुखं जीवन्त्यदोषज्ञा मूर्खा दोषानुदर्शिनः ।

यत्र वाच्याः परैः सन्तः परानाहुस्तथाविधान् ॥

जैसे साधु पुरुष बड़े-बूढ़ोंको प्रणाम करके बड़े प्रसन्न होते हैं, वैसे ही मूर्ख मानव साधु पुरुषोंकी निन्दा करके संतोषका अनुभव करते हैं। साधु पुरुष दूसरोंके दोष न देखते हुए सुखसे जीवन बिताते हैं, किंतु मूर्ख मनुष्य सदा दूसरोंके दोष ही देखा करते हैं । जिन दोषोंके कारण दुष्टात्मा मनुष्य साधु पुरुषोंद्वारा निन्दाके योग्य समझे जाते हैं, दुष्टलोग वैसे ही दोषोंका साधु पुरुषोंपर आरोप करके उनकी निन्दा करते हैं ।

आदिपर्व, अध्याय 74, श्लोक 93–94 महाभारत — खण्ड १ पृ. 556
ययाति का धर्मनिष्ठ भोग

वैशम्पायन उवाच

यथाकामं यथोत्साहं यथाकालं यथासुखम् ।

धर्माविरुद्धं राजेन्द्र यथार्हति स एव हि ॥

राजेन्द्र! उनकी जैसी कामना होती, जैसा उत्साह होता और जैसा समय होता, उसके अनुसार वे सुखपूर्वक धर्मानुकूल भोगोंका उपभोग करते थे । वास्तवमें उसके योग्य वे ही थे ।

वैशम्पायनजी जनमेजय को बताते हुए कहते हैं।

आदिपर्व, अध्याय 85, श्लोक 2 महाभारत — खण्ड १ पृ. 639
सच्चा विद्वान

ययाति उवाच

न मानमान्यो मुदमाददीत ।

न संतापं प्राप्नुयाच्चावमानात् ।

सन्तः सतः पूजयन्तीह लोके ।

नासाधवः साधुबुद्धिं लभन्ते ॥

विद्वान् पुरुष सम्मानित होनेपर अधिक आनन्दित न हो और अपमानित होनेपर संतप्त न हो । इस लोकमें संत पुरुष ही सत्पुरुषोंका आदर करते हैं । दुष्ट पुरुषोंको ‘यह सत्पुरुष है’ ऐसी बुद्धि प्राप्त ही नहीं होती ।

आदिपर्व, अध्याय 90, श्लोक 25 महाभारत — खण्ड १ पृ. 670
सन्तान का महत्व

वैशम्पायन उवाच

अनपत्यतैकपुत्रत्वमित्याहुर्धर्मवादिनः ।

चक्षुरेकं च पुत्रश्च अस्ति नास्ति च भारत ।

चक्षुर्नाशे तनोर्नाशः पुत्रनाशे कुलक्षयः ।

अग्निहोत्रं त्रयीविद्यासंतानमपि चाक्षयम् ।

सर्वाण्येतान्यपत्यस्य कलां नार्हन्ति षोडशीम् ॥

धर्मवादी विद्वान् कहते हैं कि एक पुत्रका होना संतानहीनताके ही तुल्य है । भारत! एक आँख अथवा एक पुत्र यदि है, तो वह भी नहींके बराबर है । नेत्रका नाश होनेपर मानो शरीरका ही नाश हो जाता है, इसी प्रकार पुत्रके नष्ट होनेपर कुलपरम्परा ही नष्ट हो जाती है । अग्निहोत्र, तीनों वेद तथा शिष्य-प्रशिष्यके क्रमसे चलनेवाले विद्याजनित वंशकी अक्षय परम्परा — ये सब मिलकर भी जन्मसे होनेवाली संतानकी सोलहवीं कलाके भी बराबर नहीं है ।

आदिपर्व, अध्याय 100, श्लोक 67 महाभारत — खण्ड १ पृ. 746 धर्म–आचरण
कुल का कल्याण

एकेन कुरु वै क्षेमं कुलस्य जगतस्तथा ।

त्यजेदेकं कुलस्यार्थे ग्रामस्यार्थे कुलं त्यजेत् ॥

ग्रामं जनपदस्यार्थे आत्मार्थे पृथिवीं त्यजेत् ।

स तथा विदुरेणोक्तस्तैश्च सर्वैर्द्विजोत्तमैः ॥

न चकार तथा राजा पुत्रस्नेहसमन्वितः ।

ततः पुत्रशतं पूर्णं धृतराष्ट्रस्य पार्थिव ॥

‘केवल एक पुत्रके त्यागद्वारा इस सम्पूर्ण कुलका तथा समस्त जगत्का कल्याण कीजिये । नीति कहती है कि समूचे कुलके हितके लिये एक व्यक्तिको त्याग दे, गाँवके हितके लिये एक कुलको छोड़ दे, देशके हितके लिये एक गाँवका परित्याग कर दे और आत्माके कल्याणके लिये सारे भूमण्डलको त्याग दे ।’ विदुर तथा उन सभी श्रेष्ठ ब्राह्मणोंके यों कहनेपर भी पुत्रस्नेहके बन्धनमें बँधे हुए राजा धृतराष्ट्रने वैसा नहीं किया । जनमेजय! इस प्रकार राजा धृतराष्ट्रके पूरे सौ पुत्र हुए ।

ब्राह्मणलोग तथा परम बुद्धिमान् विदुरजी राजा धृतराष्ट्र से इस प्रकार बोले।

आदिपर्व, अध्याय 114, श्लोक 38–40 महाभारत — खण्ड १ पृ. 831
पाप और ज्ञान का विरोध

मृग उवाच

स्त्रीभोगानां विशेषज्ञः शास्त्रधर्मार्थतत्त्ववित् ।

नार्हस्त्वं सुरसंकाश कर्तुमस्वर्ग्यमीदृशम् ॥

देवतुल्य महाराज! तुम स्त्री-भोगोंके विशेषज्ञ तथा शास्त्रीय धर्म एवं अर्थके तत्त्वको जाननेवाले हो । तुम्हें ऐसा नरकप्रद पापकार्य नहीं करना चाहिये था ।

आदिपर्व, अध्याय 117, श्लोक 23 महाभारत — खण्ड १ पृ. 842
समानता में ही मैत्री

द्रुपद उवाच

नाश्रोत्रियः श्रोत्रियस्य नारथी रथिनः सखा ।

नाराजा पार्थिवस्यापि सखिपूर्वं किमिष्यते ॥

जो श्रोत्रिय नहीं है, वह श्रोत्रिय (वेदवेत्ता)-का मित्र नहीं हो सकता । जो रथी नहीं है, वह रथीका सखा नहीं हो सकता । इसी प्रकार जो राजा नहीं है, वह किसी राजाका मित्र कदापि नहीं हो सकता । फिर तुम पुरानी मित्रताका क्यों स्मरण करते हो?

राजा द्रुपद ने प्रतापी द्रोण से कहा।

आदिपर्व, अध्याय 130, श्लोक 11 महाभारत — खण्ड १ पृ. 946
समानता पर आधारित मित्रता

द्रुपद उवाच

सौहृदं मे त्वया ह्यासीत् पूर्वं सामर्थ्यबन्धनम् ।

नाश्रोत्रियः श्रोत्रियस्य नारथी रथिनः सखा ॥

पहले तुम्हारे साथ मेरी जो मित्रता थी, वह सामर्थ्यको लेकर थी-उस समय हम दोनोंकी शक्ति समान थी (किंतु अब वैसी बात नहीं है) । जो श्रोत्रिय नहीं है, वह श्रोत्रिय (वेदवेत्ता)-का, जो रथी नहीं है, वह रथीका सखा नहीं हो सकता ।

द्रुपद ने द्रोणाचार्य से कहा।

आदिपर्व, अध्याय 130, श्लोक 66 महाभारत — खण्ड १ पृ. 954
मित्रता में समानता

द्रुपद उवाच

आसीत् सख्यं द्विजश्रेष्ठ त्वया मेऽर्थनिबन्धनम् ।

न ह्यनाढ्यः सखाढ्यस्य नाविद्वान् विदुषः सखा ॥

न शूरस्य सखा क्लीबः सखिपूर्वं किमिष्यते ।

न हि राज्ञामुदीर्णानामेवम्भूतैर्नरैः क्वचित् ॥

सख्यं भवति मन्दात्मन् श्रियाहीनैर्धनच्युतैः ।

नाश्रोत्रियः श्रोत्रियस्य नारथी रथिनः सखा ॥

नाराजा पार्थिवस्यापि सखिपूर्वं किमिष्यते ।

अहं त्वया न जानामि राज्यार्थे संविदं कृताम् ॥

द्विजश्रेष्ठ! तुम्हारे साथ पहले जो मेरी मित्रता थी, वह (साथ-साथ खेलने और अध्ययन करने आदि) स्वार्थको लेकर हुई थी । सच्ची बात यह है कि दरिद्र मनुष्य धनवान्का, मूर्ख विद्वान्‌का और कायर शूरवीरका सखा नहीं हो सकता; अतः पहलेकी मित्रताका क्या भरोसा करते हो? मन्दमते! बड़े-बड़े राजाओंकी तुम्हारे-जैसे श्रीहीन और निर्धन मनुष्योंके साथ कभी मित्रता हो सकती है? जो श्रोत्रिय नहीं है, वह श्रोत्रियका; जो रथी नहीं है, वह रथीका तथा जो राजा नहीं है, वह राजाका मित्र नहीं हो सकता । फिर तुम मुझे जीर्ण-शीर्ण मित्रताका स्मरण क्यों दिलाते हो? मैंने अपने राज्यके लिये तुमसे कोई प्रतिज्ञा की थी, इसका मुझे कुछ भी स्मरण नहीं है ।

आदिपर्व, अध्याय 130, श्लोक 69–72 महाभारत — खण्ड १ पृ. 955
पुरुषार्थों का सामञ्जस्य

कणिक उवाच

त्रिवर्गे त्रिविधा पीडा ह्यनुबन्धस्तथैव च ।

अनुबन्धाः शुभा ज्ञेयाः पीडास्तु परिवर्जयेत् ॥

धर्म, अर्थ और काम — इन त्रिविध पुरुषार्थोंके सेवनमें तीन प्रकारकी बाधा — अड़चन उपस्थित होती है । उसी प्रकार उनके तीन ही प्रकारके फल होते हैं । (धर्मका फल है अर्थ एवं काम अर्थात् भोगकी प्राप्ति, अर्थका फल है धर्मका सेवन एवं भोगकी प्राप्ति और काम अर्थात् भोगका फल है — इन्द्रियतृप्ति ।) इन (तीनों प्रकारके) फलोंको शुभ (वरणीय) जानना चाहिये; परंतु (उक्त तीनों प्रकारकी) बाधाओंसे यत्नपूर्वक बचना चाहिये । (त्रिविध पुरुषार्थोंका सेवन इस प्रकार करना चाहिये कि तीनों एक-दूसरेके बाधक न हों अर्थात् जीवनमें तीनोंका सामंजस्य ही सुखदायक है ।)

आदिपर्व, अध्याय 139, श्लोक 69 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1027 ज्ञान–विवेक

कणिक उवाच

कर्मणा येन केनैव मृदुना दारुणेन च ।

उद्धरेद् दीनमात्मानं समर्थो धर्ममाचरेत् ॥

राजा यदि संकटमें हो तो कोमल या भयंकर-जिस किसी भी कर्मके द्वारा उस दुरवस्थासे अपना उद्धार करे; फिर समर्थ होनेपर धर्मका आचरण करे ।

आदिपर्व, अध्याय 139, श्लोक 72 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1028 धर्म–आचरण
देश-काल का महत्व

कणिक उवाच

उत्साहश्चापि यत्नेन कर्तव्यो भूतिमिच्छता ।

विभज्य देशकालौ च दैवं धर्मादयस्त्रयः ।

नैःश्रेयसौ तु तौ ज्ञेयौ देशकालाविति स्थितिः ॥

ऐश्वर्यकी इच्छा रखनेवाले राजाको देश और कालका विभाग करके ही यत्नपूर्वक उत्साह एवं उद्यम करना चाहिये । इसी प्रकार देश-कालके विभाग-पूर्वक ही प्रारब्धकर्म तथा धर्म, अर्थ और कामका सेवन करना चाहिये । देश और कालको ही मंगलके प्रधान हेतु समझना चाहिये । यही नीतिशास्त्रका सिद्धान्त है ।

आदिपर्व, अध्याय 139, श्लोक 85 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1030 कर्म–प्रारब्ध
योग्य पुरोहितों की नियुक्ति

गन्धर्व उवाच

तस्मात् तापत्य यत्किंचिन्नॄणां श्रेय इहेप्सितम् ।

तस्मिन् कर्मणि योक्तव्या दान्तात्मानः पुरोहिताः ॥

अतः तपतीनन्दन! मनुष्योंको इस लोकमें जो भी कल्याणकारी कार्य करना अभीष्ट हो, उसमें वह मन और इन्द्रियोंको वशमें रखनेवाले पुरोहितोंको नियुक्त करे ।

चित्ररथ गन्धर्व ने अर्जुन से कहा।

आदिपर्व, अध्याय 169, श्लोक 74 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1210 धर्म–आचरण
वसिष्ठ का आत्मसंयम

गन्धर्व उवाच

पुत्रव्यसनसंतप्तः शक्तिमानप्यशक्तवत् ।

विश्वामित्रविनाशाय न चक्रे कर्म दारुणम् ॥

विश्वामित्रके द्वारा अपने सौ पुत्रोंके मारे जानेसे वे संतप्त थे, उनमें बदला लेनेकी शक्ति भी थी, तो भी उन्होंने असमर्थकी भाँति सब कुछ सह लिया एवं विश्वामित्रका विनाश करनेके लिये कोई दारुण कर्म नहीं किया ।

गन्धर्व ने अर्जुन को बताया कि पुत्रशोक में भी वसिष्ठजी ने बदला नहीं लिया।

आदिपर्व, अध्याय 173, श्लोक 8 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1234 धर्म–आचरण
योग्य पुरोहित का चयन

गन्धर्व उवाच

महीं जिगीषता राज्ञा ब्रह्मकार्यं पुरस्सरम् ।

तस्मात् पुरोहितः कश्चिद् गुणवान् विजितेन्द्रियः ।

विद्वान् भवतु वो विप्रो धर्मकामार्थतत्त्ववित् ॥

पृथ्वीको जीतनेकी इच्छावाले राजाको उचित है कि वह ब्राह्मणको अपने आगे रखे; अतः कोई गुणवान्, जितेन्द्रिय, वेदाभ्यासी, विद्वान् तथा धर्म, काम और अर्थका तत्त्वज्ञ ब्राह्मण आपका पुरोहित हो ।

गन्धर्व ने अर्जुन से कहा।

आदिपर्व, अध्याय 173, श्लोक 15 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1235 धर्म–आचरण
ब्राह्मण का अधिकार

मम पन्था महाराज धर्म एष सनातनः ।

राज्ञा सर्वेषु धर्मेषु देयः पन्था द्विजातये ॥

‘महाराज! मार्ग तो मुझे ही मिलना चाहिये । यही सनातन धर्म है । सभी धर्मोंमें राजाके लिये यही उचित है कि ब्राह्मणको मार्ग दे’

शक्ति मुनि ने राजा से रास्ते के लिए कहा।

आदिपर्व, अध्याय 175, श्लोक 8 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1249 धर्म–आचरण
क्रोध का उचित प्रयोग

और्व उवाच

अशिष्टानां नियन्ता हि शिष्टानां परिरक्षिता ।

स्थाने रोषः प्रयुक्तः स्यान्नृपैः सर्वजिगीषुभिः ॥

सबको जीतनेकी इच्छा रखनेवाले राजाओंद्वारा उचित अवसरपर प्रयोगमें लाया हुआ रोष दुष्टोंका दमन और साधु पुरुषोंकी रक्षा करनेवाला हो ।

आदिपर्व, अध्याय 179, श्लोक 4 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1273 धर्म–आचरण

अर्जुन उवाच

मा मां नरेन्द्र त्वमधर्मभाजं ।

कृथा न धर्मोऽयमशिष्टदृष्टः ।

भवान् निवेश्यः प्रथमं ततोऽयं ।

भीमो महाबाहुरचिन्त्यकर्मा ।

अहं ततो नकुलोऽनन्तरं मे ।

पश्चादयं सहदेवस्तरस्वी ।

वृकोदरोऽहं च यमौ च राजनियं च कन्या भवतो नियोज्याः ॥

अर्जुन बोले — नरेन्द्र! आप मुझे अधर्मका भागी न बनाइये । (बड़े भाईके अविवाहित रहते छोटे भाईका विवाह हो जाय,) यह धर्म नहीं है; ऐसा व्यवहार तो अनार्योंमें देखा गया है । पहले आपका विवाह होना चाहिये; तत्पश्चात् अचिन्त्यकर्मा महाबाहु भीमसेनका और फिर मेरा । तत्पश्चात् नकुल फिर वेगवान् सहदेव विवाह कर सकते हैं । राजन्! भैया भीमसेन, मैं नकुल-सहदेव तथा यह राजकन्या — सभी आपकी आज्ञाके अधीन हैं ।

आदिपर्व, अध्याय 190, श्लोक 8–9 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1331
पाण्डवों का आदर्श शासन

वैशम्पायन उवाच

परिग्रहान्नरेन्द्रस्य भीमस्य परिपालनात् ।

शत्रूणां क्षपणाच्चैव बीभत्सोः सव्यसाचिनः ॥

धीमतः सहदेवस्य धर्माणामनुशासनात् ।

वैनत्यात् सर्वतश्चैव नकुलस्य स्वभावतः ॥

अविग्रहा वीतभयाः स्वधर्मनिरताः सदा ।

निकामवर्षाः स्फीताश्च आसञ्जनपदास्तथा ॥

महाराज युधिष्ठिर सबको आत्मीयजनोंकी भाँति अपनाते, भीमसेन सबकी रक्षा करते, सव्यसाची अर्जुन शत्रुओंके संहारमें लगे रहते, बुद्धिमान् सहदेव सबको धर्मका उपदेश दिया करते और नकुल स्वभावसे ही सबके साथ विनयपूर्ण बर्ताव करते थे । इससे उनके राज्यके सभी जनपद कलहशून्य, निर्भय, स्वधर्मपरायण तथा उन्नतिशील थे । वहाँ उनकी इच्छाके अनुसार समयपर वर्षा होती थी ।

सभापर्व, अध्याय 13, श्लोक 10–11 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1690 धर्म–आचरण
सार्थक योजना का महत्व

वैशम्पायन उवाच

स तु राजा महाप्राज्ञः पुनरेवात्मनाऽऽत्मवान् ।

भूयो विममृशे पार्थो लोकानां हितकाम्यया ।

सामर्थ्ययोगं सम्प्रेक्ष्य देशकालौ व्ययागमौ ।

विमृश्य सम्यक् च धिया कुर्वन् प्राज्ञो न सीदति ।

न हि यज्ञसमारम्भः केवलात्मविनिश्चयात् ।

भवतीति समाज्ञाय यत्नतः कार्यमुद्वहन् ।

स निश्चयार्थं कार्यस्य कृष्णमेव जनार्दनम् ।

सर्वलोकात् परं मत्वा जगाम मनसा हरिम् ।

अप्रमेयं महाबाहुं कामाज्जातमजं नृषु ॥

तदनन्तर मनको वशमें रखनेवाले महाबुद्धिमान् राजा युधिष्ठिरने सम्पूर्ण लोकोंके हितकी इच्छासे पुनः इस विषयपर मन-ही-मन विचार किया- ‘जो बुद्धिमान् अपनी शक्ति और साधनोंको देखकर तथा देश, काल, आय और व्ययको बुद्धिके द्वारा भलीभाँति समझ करके कार्य आरम्भ करता है, वह कष्टमें नहीं पड़ता । केवल अपने ही निश्चयसे यज्ञका आरम्भ नहीं किया जाता ।’ ऐसा समझकर यत्नपूर्वक कार्यभार वहन करनेवाले युधिष्ठिरने उस कार्यके विषयमें पूर्ण निश्चय करनेके लिये जनार्दन भगवान् श्रीकृष्णको ही सब लोगोंसे उत्तम माना और वे मन-ही-मन उन अप्रमेय महाबाहु श्रीहरिकी शरणमें गये, जो अजन्मा होते हुए भी धर्म एवं साधु पुरुषोंकी रक्षा आदिकी इच्छासे मनुष्यलोकमें अवतीर्ण हुए थे ।

राजा युधिष्ठिर ने मन-ही-मन विचार किया।

सभापर्व, अध्याय 13, श्लोक 33–37 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1694
सफल नीति और साम्य

वासुदेव उवाच

सुनयस्यानपायस्य संयोगे परमः क्रमः ।

संगत्या जायतेऽसाम्यं साम्यं च न भवेद् द्वयोः ॥

दैव आदिकी प्रतिकूलतासे रहित अच्छी नीति एवं सलाह प्राप्त होनेपर आरम्भ किया हुआ कार्य पूर्णरूपसे सफल होता है । शत्रुके साथ भिड़नेपर ही दोनों पक्षोंका अन्तर ज्ञात होता है । दोनों दल सभी बातोंमें समान ही हों, ऐसा सम्भव नहीं ।

सभापर्व, अध्याय 17, श्लोक 4 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1717

वासुदेव उवाच

अनयस्यानुपायस्य संयुगे परमः क्षयः ।

संशयो जायते साम्याज्जयश्च न भवेद् द्वयोः ॥

जिसने अच्छी नीति नहीं अपनायी है और उत्तम उपायसे काम नहीं लिया है, उसका युद्धमें सर्वथा विनाश होता है । यदि दोनों पक्षोंमें समानता हो तो संशय ही रहता है तथा दोनोंमेंसे किसीकी भी जय अथवा पराजय नहीं होती ।

सभापर्व, अध्याय 17, श्लोक 5 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1717
कृष्ण का अनुसरण

युधिष्ठिर उवाच

एवं प्रज्ञानयबलं क्रियोपायसमन्वितम् ।

पुरस्कुर्वीत कार्येषु कृष्णं कार्यार्थसिद्धये ॥

इसी प्रकार सबके लिये यह उचित है कि कार्य और प्रयोजनकी सिद्धिके लिये सभी कार्योंमें बुद्धि, नीति, बल, प्रयत्न और उपायसे युक्त श्रीकृष्णको ही आगे रखे ।

युधिष्ठिर ने श्रीकृष्ण की प्रशंसा करते हुए कहा।

सभापर्व, अध्याय 20, श्लोक 19 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1737 साधना–योग
कृष्ण का अनुसरण

युधिष्ठिर उवाच

एवमेव यदुश्रेष्ठ यावत्कार्यार्थसिद्धये ।

अर्जुनः कृष्णमन्वेतु भीमोऽन्वेतु धनंजयम् ।

नयो जयो बलं चैव विक्रमे सिद्धिमेष्यति ॥

यदुश्रेष्ठ! इसी प्रकार समस्त कार्योंकी सिद्धिके लिये आपका आश्रय लेना परम आवश्यक है । अर्जुन आप श्रीकृष्णका अनुसरण करें और भीमसेन अर्जुनका । नीति, विजय और बल तीनों मिलकर पराक्रम करें तो उन्हें अवश्य सिद्धि प्राप्त होगी ।

युधिष्ठिर ने श्रीकृष्ण से कहा।

सभापर्व, अध्याय 20, श्लोक 20 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1737 साधना–योग

शिशुपाल उवाच

त्वादृशो धर्मयुक्तो हि कुर्वाणः प्रियकाम्यया ।

भवत्यभ्यधिकं भीष्म लोकेष्ववमतः सताम् ॥

भीष्म तुम्हारे-जैसा धर्मात्मा पुरुष भी जब मनमाना अथवा किसीका प्रिय करनेके लिये मुँहदेखी करने लगता है, तब वह साधु पुरुषोंके समाजमें अधिक अपमानका पात्र बन जाता है ।

सभापर्व, अध्याय 37, श्लोक 4 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1862

वैशम्पायन → राजन

नेदं युक्तं महीपाल यादृशं वै त्वमुक्तवान् ।

अधर्मश्च परो राजन् पारुष्यं च निरर्थकम् ॥

राजन्! तुमने जैसी बात कह डाली है, वह कदापि उचित नहीं है । किसीके प्रति इस प्रकार व्यर्थ कठोर बातें कहना महान् अधर्म है ।

सभापर्व, अध्याय 38, श्लोक 2 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1868

शिशुपाल उवाच

वृद्धः किल समुद्रान्ते कश्चिद्धंसोऽभवत् पुरा ।

धर्मवागन्यथावृत्तः पक्षिणः सोऽनुशास्ति च ॥

धर्मं चरत माधर्ममिति तस्य वचः किल ।

पक्षिणः शुश्रुवुर्भीष्म सततं सत्यवादिनः ॥

पूर्वकालकी बात है, समुद्रके निकट कोई बूढ़ा हंस रहता था । वह धर्मकी बातें करता; परंतु उसका आचरण ठीक उसके विपरीत होता था । वह पक्षियोंको सदा यह उपदेश किया करता कि धर्म करो, अधर्मसे दूर रहो । सदा सत्य बोलनेवाले उस हंसके मुखसे दूसरे-दूसरे पक्षी यही उपदेश सुना करते थे ।

समापर्व, अध्याय 41, श्लोक 31–32 महाभारत — खण्ड १ पृ. 1987
कर्म का महत्व

दुर्योधन उवाच

भयं परिहरन् मन्द आत्मानं परिपालयन् ।

वर्षासु क्लिन्नकटवत् तिष्ठन्नेवावसीदति ॥

मूर्ख मनुष्य भयका त्याग और आत्मरक्षा करते हुए भी यदि चुपचाप बैठा रहे, उद्योग न करे, तो वह वर्षाकालमें भींगी हुई चटाईके समान नष्ट हो जाता है ।

दुर्योधन ने पिता धृतराष्ट्र से कहा।

सभापर्व, अध्याय 56, श्लोक 9 महाभारत — खण्ड १ पृ. 2082 कर्म–प्रारब्ध
जुए का दुष्परिणाम

विदुर उवाच

द्यूतं मूलं कलहस्याभ्युपैति ।

मिथो भेदं महते दारुणाय ।

यदास्थितोऽयं धृतराष्ट्रस्य पुत्रो ।

दुर्योधनः सृजते वैरमुग्रम् ॥

विदुरजी बोले — महाराज! जूआ खेलना झगड़ेकी जड़ है । इससे आपसमें फूट पैदा होती है, जो बड़े भयंकर संकटकी सृष्टि करती है । यह धृतराष्ट्रपुत्र दुर्योधन उसीका आश्रय लेकर इस समय भयानक वैरकी सृष्टि कर रहा है ।

विदुरजी ने धृतराष्ट्र को जुए के दुष्प्रभावों के विषय में बताया।

सभापर्व, अध्याय 63, श्लोक 1 महाभारत — खण्ड १ पृ. 2116
अहितकारी मित्रता का त्याग

दुर्योधन उवाच

मित्रतामनुवृत्तं तु समुपेक्षेत पण्डितः ।

प्रदीप्य यः प्रदीप्ताग्निं प्राक् चिरं नाभिधावति ।

भस्मापि न स विन्देत शिष्टं क्वचन भारत ॥

इस प्रकार मित्रताका अनुसरण करनेवाले मनुष्यको विद्वान् पुरुष त्याग दे । भारत! जो पहले कपूरमें आग लगाकर उसके प्रज्वलित हो जानेपर देरतक उसे बुझानेके लिये नहीं दौड़ता, वह कहीं उसकी बची हुई राख भी नहीं पाता ।

दुर्योधन ने विदुर से कहा।

सभापर्व, अध्याय 64, श्लोक 10 महाभारत — खण्ड १ पृ. 2121
दमनकारी उपदेश का विरोध

दुर्योधन उवाच

भिनत्ति शिरसा शैलमहिं भोजयते च यः ।

धीरेव कुरुते तस्य कार्याणामनुशासनम् ।

यो बलादनुशास्तीह सोऽमित्रं तेन विन्दति ॥

जिनसे प्रेरित होकर मनुष्य अपने सिरसे पर्वतको विदीर्ण करना चाहता है — अर्थात् पत्थरपर सिर पटककर स्वयं ही अपनेको पीड़ा देता है तथा जिनकी प्रेरणासे मनुष्य सर्पको भी दूध पिलाकर पालता है, उसी सर्वनियन्ताकी बुद्धि समस्त जगत्के कार्योंका अनुशासन करती है । जो बलपूर्वक किसीपर अपना उपदेश लादता है, वह अपने उस व्यवहारके द्वारा उसे अपना शत्रु बना लेता है ।

सभापर्व, अध्याय 64, श्लोक 9 महाभारत — खण्ड १ पृ. 2121 धर्म–आचरण
उत्तम पुरुष के लक्षण

धृतराष्ट्र उवाच

न वैराण्यभिजानन्ति गुणान् पश्यन्ति नागुणान् ।

विरोधं नाधिगच्छन्ति ये त उत्तमपूरुषाः ॥

स्मरन्ति सुकृतान्येव न वैराणि कृतान्यपि ।

सन्तः परार्थं कुर्वाणा नावेक्षन्ते प्रतिक्रियाम् ॥

जो पुरुष वैरको याद नहीं रखते, गुणोंको ही देखते हैं, अवगुणोंको नहीं तथा किसीसे विरोध नहीं रखते, वे ही उत्तम पुरुष कहे गये हैं । साधु पुरुष दूसरोंके सत्कर्मों (उपकारादि)-को ही याद रखते हैं, उनके किये हुए वैरको नहीं । वे दूसरोंकी भलाई तो करते हैं; परंतु उनसे बदला लेनेकी भावना नहीं रखते ।

धृतराष्ट्र ने युधिष्ठिर से कहा।

सभापर्व, अध्याय 73, श्लोक 6–7 महाभारत — खण्ड १ पृ. 2188 धर्म–आचरण